City Media - Page 412 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 412

24 लाख के ईनामी नक्सली लीडर विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी को बीजापुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
  • गिरफ्तार नक्सली तीन राज्यों में रहा है वांटेड
  • गढ़चिरोली डिवीजन के अहेरी दलम का कमांडर है विकास जेट्टी

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग की बीजापुर जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र के मोस्ट वांटेड 24 लाख रुपए के ईनामी नक्सली विकास उर्फ सैनू मुंशी जेट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। विकास को इलाज के लिए कुछ लोग लादकर ले जा रहे थे। इसी दौरान उसे दबोच लिया गया।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदर राज पी. के निर्देशन एवं बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तारतम्य में महाराष्ट्र गढ़चिरोली अहेरी दलम के नक्सली लीडर डीवीसीएम विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी को पकड़ने में बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विकास महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के पिड़ीमाला गांव का निवासी है। नक्सली लीडर विकास छग, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना के लगभग 35 से अधिक नक्सली वारदातों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 25 से अधिक और छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 8 से ज्यादा संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। विकास महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के नक्सली कमांडरों के साथ वारदातें करता रहा है। एक राज्य में घटना कर सुनियोजित तरीके से प्लानिंग कर वह अपनी टीम के साथ दूसरे राज्य में नक्सली वारदातो को बखूबी अंजाम देता था। तीनों राज्यों की सरहदी इलाकों का फायदा उठाकर सुरक्षा बलों को चकमा देते हुए वह बड़ी नक्सल घटनाओं में भी सुरक्षित बच निकलने में सफल होता रहा है। नक्सली लीडर विकास महाराष्ट्र के गढ़चिरौली अहेरी दलम में डीव्हीसीएम के पद पर रहकर वहां नक्सली वारदातों को लगातार अंजाम देता रहा है। नक्सली वारदात को अंजाम देने के लिए सरहदी राज्य छग के नेशनल पार्क एरिया का उपयोग करता था। जिस वजह से नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डीव्हीसीएम दिलीप बेंड़जा एवं उनके साथियों के साथ विकास की बड़ी घनिष्ठता एवं मित्रता रही है। जब नक्सली विकास का स्वास्थ्य ज्यादा खराब हुआ तो दिलीप बेंड़जा ने उसके इलाज हेतु उसे अपने पास बुलाकर उसे पैसा एवं सहयोगी व्यक्ति देकर जगदलपुर अस्पताल भेजा। माओवादी विकास को नेशनल पार्क एरिया के बहुत ही अंदरूनी ग्राम से 6-7 व्यक्त्यिों द्वारा लादकर जंगल के रास्ते ग्राम भटपल्ली लाया जा रहा था। जहां से उसे चारपहिया वाहन से जगदलपुर स्थित किसी निजी अस्पताल ले जाने की तैयारी थी‌। परंतु पुलिस को प्राप्त सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में थाना फरसेगढ़ पुलिस एवं छसबल 13 ई वाहिनी की संयुक्त टीम ने ग्राम भटपल्ली जंगल में नाला के पास एक पगडंडी रास्ते में कुछ व्यक्ति आते दिखने पर उन्हे रूकने हेतु आवाज दी। आवाज सुनते ही एक बीमार व्यक्ति को छोड़कर वहां से सभी भाग गए। बीमार व्यक्ति गंभीर हालत में था। उसका समुचित इलाज करा कर पूछताछ करने पर वह नक्सली लीडर डीव्हीसीएम विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी के रूप में चिन्हित हुआ। जिसे थाना फरसेगढ़ के अपराध क्रमांक 6/2022 धारा 307, 353, 143, 147, 148, 149, 120बी भादवि 3, 4 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 5, 28, 7, 27 विधि विरूद्ध क्रिया कलाप निवारण अधिनियम में वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायाधीश व एनआईए कोर्ट दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया गया। महाराष्ट्र गढ़चिरोली अहेरी दलम के नक्सली लीडर डीवीसीएम विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी पिड़ीमाला थाना कोटी जिला गढ़चिरौली राज्य महाराष्ट्र से नगद 80 हजार रूपए, नक्सली वर्दी, नक्सली साहित्य, पाम्पलेट, नोटबुक एवं दवाईया जप्त की गई।

खेलों से बस्तर को अलग पहचान दिलवाएं युवा: सांसद महेश कश्यप

0
  •  खेल दिवस पर पंडरीपानी में कार्यक्रम का आयोजन
  • संभाग स्तरीय हाकी खिलाड़ियों के लिए हुई चयन प्रतियोगिता

जगदलपुर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल दिवस के अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बस्तर के युवा बस्तर को खेल के माध्यम से अलग पहचान दिलवाएं। सांसद श्री कश्यप ने बस्तर के खिलाड़ियों द्वारा राजनांदगांव में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हाकी प्रतियोगिता में बालक-बालिका वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर खेलने दिल्ली जा रहे खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि जिसने खेलना नहीं जाना, उसने जीना नहीं जाना। खेल गतिविधि में शामिल होने के लिए उम्र की एक सीमा होती है। इस समय-सीमा का खेलकूद गतिविधियों में व्यापक उपयोग करें। खेलों विस्तार और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण खिलाड़ियों को समुचित अवसर प्राप्त हो रहे हैं। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को बेहतर कर अपनी रूचि के खेल में प्रदर्शन बेहतर करें। श्री कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा खेलो इंडिया जैसे योजना के द्वारा खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही खेल के माध्यम से रोजगार का अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा बस्तर सांसद बनने से पहले वे एक कबड्डी खिलाड़ी के रूप में पहचाने जाते थे।बस्तर सांसद महेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य में खेल दिवस पर पंडरीपानी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें संभाग स्तरीय हाकी खिलाड़ियों का चयन प्रतियोगिता भी हुई। कार्यक्रम में पद्मश्री धर्मपाल सैनी ने कहा कि खेलों में नियमित रूप से खिलाड़ी शामिल हों, खेल को ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए खिलाड़ियों को खेल के जज्बा को कायम रखते हुए मेहनत करने की जरूरत है। कम उम्र में खिलाड़ी के रूप में खेलते हुए स्कूल स्तर, विकासखंड स्तर, जिला स्तर, संभाग स्तर, राज्य स्तर, राष्ट्रीय स्तर और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए आवश्यक संसाधन के साथ- साथ खिलाड़ियों को अपनी मेहनत बरकरार रखनी होगी। बस्तर के खिलाड़ियों में खेल प्रतिभा की असीम संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामाग्रियों का वितरण किया गया। संभाग स्तरीय हाकी खिलाड़ियों की चयन प्रतियोगिता के तहत मैच का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंडरीपानी के सरपंच, उप सरपंच, संयुक्त कलेक्टर प्रवीण वर्मा, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित थे।

गृहमंत्री विजय शर्मा के `सारथी’ रहे एएसआई की सड़क दुघर्टना में मौत

0
  •  डिप्टी सीएम को बाईक पर बिठाकर कैंप तक ले गए थे एएसआई चमरू राम
  • एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान हुए हादसे का शिकार

अर्जुन झा-

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के सारथी की भूमिका निभा चुके पुलिस के सहायक उप निरीक्षक चमरू राम तेलम का बीजापुर जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।

जानकारी अनुसार बीजापुर डीआरजी का एक दल बुधवार रात नक्सलियों की मांद तिमेनार, बेचापाल क्षेत्र में सर्चिंग के लिए निकला था। रात्रि में बेचापाल के समीप पहाड़ी रास्ते व खाई में बाईक दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इस हादसे में सहायक उप निरीक्षक चमरू राम को सिर व अन्य अंगों में गंभीर चोंट पहुंचीं। समीप के नेलसनार अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दंतेवाड़ा रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। उल्लेखनीय है 16 अगस्त को पालनार प्रवास पर आए प्रदेश के गृहमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बाईक पर बिठाकर चमरू राम तेलम शिविर स्थल तक ले गए थे। एएसआई चमरु राम तेलम बीजापुर तहसील के ग्राम मोरमेड के निवासी थे। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि बीजापुर में दिवंगत डीआरजी एएसआई चमरू राम तेलम को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि व गार्ड आफ आनर दिया जाएगा। इसके बाद गृहग्राम मोरमेड में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पुलिस -नक्सली मुठभेड़ में तीन वर्दीधारी महिला नक्सली ढेर, शव बरामद

0
  • मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सल सामग्री बरामद

जगदलपुर बस्तर संभाग में नक्सलियों के सफाये का सिलसिला जारी है। संभाग के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में आज हुई पुलिस -नक्सली मुठभेड़ में वर्दीधारी और हथियारबंद तीन महिला नक्सली मारी गई हैं। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल और आसपास से भारी मात्रा में हथियार एवं नक्सल सामग्री बरामद की है।

बस्तर संभाग के नारायणपुर एवं कांकेर जिलों की सीमा पर अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर डीआरजी, स्पेशल टास्क फोर्स और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान पर रवाना हुई थी।सर्चिंग के दौरान आज 29 अगस्त को सुबह 8 बजे से लगातार पुलिस पार्टी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ दो बजे तक लगातार जारी रही। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम ने अभी तक वर्दीधारी और हथियारबंद तीन महिला नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सल सामग्री बरामद की गई है। सभी जवान सुरक्षित हैं और इलाके में सर्च अभियान जारी है। इस मुठभेड़ में और भी कई नक्सलियों के हताहत होने की पूरी संभावना है।

जिला स्तरीय राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

0
  •  मेयर सफीरा साहू ने किया कार्यक्रम का आगाज

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सार्वे के मार्गदर्शन में 29 अगस्त को जिला स्तरीय राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ जगदलपुर के भगत सिंग स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का आगाज शहर की माहपौर सफीरा साहू ने एक बच्चे को एलबेंडाजॉन की गोली खिलाकर किया।

बच्चों को संबोधित करते हुए महापौर सफीरा साहू ने कहा स्वस्थ तन में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और जब मस्तिष्क स्वस्थ रहता है, तभी पढ़ाई और शिक्षा ग्रहण बेहतर ढंग से संभव है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का सफलतापूर्वक संचालन करने हेतु जिले में पूर्ण तैयारी कर ली गई है। जिले के समस्त स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा का वितरण कर प्रशिक्षण दिया गया है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 29 अगस्त के दिन गोली खिलाई जा रही है। जो बच्चे छूट जाएंगे उन्हें मॉप अप दिवस 4 सितंबर को दवा दी जाएगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने जानकारी देते हुए कहा 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बालका- बालिकाओं को कृमि मुक्ति की दवा अवश्य खिलाएं। वर्ष में 2 बार प्रत्येक 6 माह में एलबेंडाजॉन की गोली खिलाई जाती है। यह कुपोषण और रक्त अल्पता को दूर करने में भी मदद करती है तथा बच्चों के शारीरिक विकास में भी सहायक होती है। इस मौके पर मुख्य रूप से स्कूल की प्रिंसिपल, डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी, व्याख्याता अनिल शुक्ला, सीएसी श्री पाण्डे, नरेश मरकाम, प्रशांत श्रीवास्तव, मोहन कश्यप, यशोद्रा, कमलबती के अलावा वार्ड की मितानिन एवं शिक्षक व बच्चे मौजूद रहे।

होटलों में घरेलू रसोई गैस का इस्तेमाल, गंदगी के बीच बनते हैं खाद्य पदार्थ

0
  •  खाद्य विभाग के अधिकारी कैसे बने हुए हैं बेखबर
  • खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, गंदगी पर कार्रवाई नहीं

अमरेश झा

कोंडागांव जिला मुख्यालय कोंडागांव में संचालित होटलो में घरेलू गैस सिलेंडर का खुलेआम बेधड़क उपयोग किया जा रहा है। होटलों में गंदगी पसरी है, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता भी ठीक नहीं रहती। लोगों की सेहत के साथ खुलकर खिलवाड़ होने के बावजूद खाद्य विभाग के अधिकारी आंख बंद किए बैठे हैं।

घरों में उपयोग होने वाली रसोई गैस से होटलों में खाद्य सामग्री बनाई जा रही है। वहीं गरीबों को वितरित किया जाने वाला पीडीएस का चावल भी बेखौफ़ होकर होटल संचालक अपने होटल में खपा रहे हैं। इस चावल से इडली डोसा, सांभर बड़ा, भात बनाकर ग्राहकों को परोसा जा रहा है। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों की नजर होटल में पसरी गंदगी व होटलों में परोसी जा रही अमानक खाद्य सामग्रियों पर कभी नहीं पड़ती है। अधिकारियों का सारा ध्यान केवल वसूली पर रहता है।

शहर के होटलो में घरेलू गैस का दुरुपयोग व होटल में खप रहे पीडीएस का चावल सम्बंधित विभाग नहीं रोक पा रहा है। मिली शिकायत अनुसार शहर के रायपुर नाके पर मेन रोड पर स्थित चौधरी स्वीट्स में घरेलू गैस सिलिंडर उपयोग किया जा रहा है जिसकी जानकारी होने के बावजूद भी घरेलू गैस का दुरुपयोग रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वही सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि इन होटलो में घरेलू गैस सिलिंडरों से खाली कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग कर उनका उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। भले ही खाद्य विभाग की ओर से कार्रवाई के नाम पर अपनी पीठ थपथपाई जा रही हो, लेकिन स्थिति यह है कि छह माह में खाद्य विभाग ने किसी होटल और ढाबे पर कार्रवाई नहीं कीे। ऐसे में होटल संचालक खुलेआम घरेलू गैस का स्तेमाल कर रहे हैं। आपको बता दें कि इन होटलों में घरेलू सिलेंडर का उपयोग तो हो ही रहा है साथ ही होटल में पसरी गंदगी और अमानक खाद्य सामग्रियों पर भी जिम्मेदार अधिकारियों की नजर नही पड़ रही है। शिकायत मिलने पर जब इस संवाददाता संबंधित होटल का जायजा लिया। होटल में गंदगी पसरी थी, वहां न हाथ धोने की व्यवस्था थी और ना ही खाद्य सामग्री बनाने के बर्तनों की सफाई की। होटल में रखी खाद्य सामग्री व मिठाइयों की निर्माण तिथि एवं उपयोग की मान्य समय सीमा तक लिखना होटल संचालक ने जरूरी नहीं समझा था। होटल स्वामी से बात करने पर उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी ने उन्हें ऐसा करने से मना कर रखा है। अब इसे क्या विभाग की संलिप्तता कहें या उनकी अनदेखी का आलम।

खेल दिवस पर मैदान छीनने आमादा हुआ नगर निगम

0
  •  शहर की शान को बचाना छोड़ मिटाने की कोशिश
  • अस्तित्व के लिए लड़ रहा है विवेकानंद स्कूल

अर्जुन झा

जगदलपुर आज खेल दिवस है और चारों और खिलाड़ियों की जय जयकार हो रही है। वहीं नगर निगम जगदलपुर शहर के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित स्कूल में विवेकानंद स्कूल के बच्चों से उनका खेल मैदान छीनने पर आमादा हो गया है। विद्या के इस पवित्र मंदिर के मैदान पर टॉयलेट बनवाकर नगर निगम न जाने क्या संदेश देना चाहता है?

विवेकानंद स्कूल ने देश और राज्य को कई प्रतिभाएं दी है। यह स्कूल पर वैसे भी अतिक्रमणकारियों की नजर पहले से लगी हुई है। स्कूल की जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हो गए हैं। स्कूल के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। स्कूल को संकट से उबारना छोड़कर नगर निगम ने स्कूल के मैदान पर सार्वजनिक शौचालय बनवाने का फैसला ले लिया है। इससे पालकों और विद्यार्थियों की भावना आहत हो रही है। स्कूल की प्रिंसिपल मनीषा खत्री ने नगर निगम के इस फैसले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि इससे पहले स्कूल के पार्क पर अतिक्रमण हो गया था और बच्चों को अपने मनोरंजन की जगह से वंचित होना पड़ा है। अब नगर निगम खेल मैदान को भी छीनने जा रहा है। प्राचार्य ने कहा है कि टॉयलेट निर्माण से खेल मैदान का एक बड़ा हिस्सा छिन जाएगा। वहीं अभिभावक एवं जागरूक नागरिक आनंद झा ने भी स्कूल के मैदान पर टॉयलेट निर्माण का कड़ा विरोध किया है।

आनंद झा ने कहा कि टॉयलेट निर्माण से कैंपस में बाहरी लोगों की आमदरफ्त बढ़ेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और उनके खेलने का मैदान भी छिन जाएगा। आनंद झा ने कहा है कि पहले से ही विवेकानंद स्कूल अस्तित्व के लिए संघर्षरत है। उसे संरक्षित करना छोड़ नगर निगम उसे पूरी तरह नष्ट करने जा रहा है। यह चिंतनीय है। वर्तमान में इस स्कूल में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के तहत हिंदी व अंग्रेजी माध्यम की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इस स्कूल के मैदान पर अब सार्वजनिक मूत्रालय का निर्माण उचित नहीं होगा।

मिट्ठू मियां को मिल गई फिलहाल राहत, आदेश को स्थगित किया वन विभाग ने

0
  •  पालतू पक्षियों को लेकर जारी निर्देश स्थगित
  • जगदलपुर में कांग्रेस ने किया था तोता सत्याग्रह
  • वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय नई दिल्ली से लिया जाएगा तकनीकी मार्गदर्शन

अर्जुन झा

जगदलपुर तोतों और अन्य घरेलू पक्षियों को आजाद करने संबंधी अपने निर्देश को लेकर वन विभाग उलझन में पड़ गया है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ शासन के वन विभाग ने अब केंद्र सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से तकनीकी मार्गदर्शन मांगा है।तब तक के लिए वन विभाग ने अपने पुराने आदेश को स्थगित कर दिया है। इससे फिलहाल मिट्ठू मियां को राहत मिल गई है। ज्ञात हो कि जगदलपुर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोता सत्याग्रह भी किया था।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसले का हवाला देते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में एक फरमान जारी किया था। राज्य के सभी वन मंडल अधिकारियों को जारी इस फरमान में निर्देशित किया गया था कि पक्षियों के बाजारों में विक्रय पर पाबंदी लगाई जाए और घरों में पालकर रखे गए तोतों एवं अन्य पक्षियों को आजाद कराया जाए। इसके परिपालन में बस्तर के डीएफओ ने भी तोतों को आजाद कर लामनी पार्क पक्षी विहार जगदलपुर के हवाले करने का निर्देश जारी किया था। वन विभाग के इस फरमान ने यहां खासा कोहराम मचा दिया था। इसे लेकर कांग्रेसियों ने जमकर बयानबाजी और आंदोलन का सिलसिला शुरू कर दिया था। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने इस मसले पर सीधे विष्णु देव साय सरकार पर कटाक्ष करते हुए इसे तुगलकी फरमान करार दिया था। जावेद खान ने लामनी पार्क की बदहाली पर भी गंभीर सवाल उठाए थे। उधर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने तो तोता सत्याग्रह का ही शंखनाद कर दिया था। सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए बस्तर के वन संरक्षक को ज्ञापन सौंपकर आदेश रद्द करने की मांग की थी। बता दें कि सनातन धर्म में तोते को शुभ पक्षी माना जाता है। यह वाचाल पक्षी बहुत जल्दी मनुष्य की भाषा सीख जाता है और मनुष्य की भाषा में ही बोलने लगता है। मानव और तोते के बीच आत्मीय रिश्ता पुरातन काल से चला आ रहा है। मनुष्य शुरू से तोते पालने का शौकीन रहा है। वन विभाग के आदेश से आम नागरिक आहत हो उठे थे। चौतरफा विरोध के बाद अब वन विभाग इस आदेश को लेकर उलझन में पड़ गया है।अब प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख छत्तीसगढ़ द्वारा पूर्व में 23 अगस्त को प्रदेश में कानूनन संरक्षण प्राप्त तोतों एवं अन्य पक्षियों की बिक्री और पालन के संबंध में कार्यवाही के निर्देश जारी किए गए थे। जिसमें संशोधन करते हुए अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (संरक्षण) छत्तीसगढ़ अटल नगर, रायपुर द्वारा सभी मुख्य वन संरक्षक एवं वन मंडल अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर कहा गया है कि तोतों एवं अन्य पक्षी जो घरों में पाले गए हैं उनके संबंध में 23 अगस्त के जारी निर्देशों पर भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय नई दिल्ली एवं वन्यप्राणी प्रभाग से आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन मांगा गया है। तब तक कार्रवाई स्थगित कर दी गई है।

वासुदेव श्री कृष्ण की श्रीमद् भागवत गीता उपदेश को अपने जीवन में उतार ले तो हम हर क्षेत्र में सफल होंगे

0
  • गगन पंड्या ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बंग समाज के द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी में कालीबाड़ी में कहा
  • कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कालीबाड़ी दल्ली राजहरा में बंगाली समाज (बंग समाज ) के द्वारा सह परिवार एकत्र होकर कृष्ण जन्माष्टमी मनाया गया l कृष्ण जन्माष्टमी की आयोजन जी,एस मदन माइती पूजा सेक्रेटरी सजल राय की देखरेख में हुआ lजहां भगवान श्रीकृष्ण की आरती , तिलक चंदन के बाद फूल आदि से उनका अभिनंदन किया गया और समाज के लोगों साथ उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया l

इस अवसर पर बंगाली समाज के वरिष्ठ गगन पंड्या ने अपना विचार रखते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान कृष्ण जग के पालनहार विष्णु के एक ऐसे अवतार के रूप में धरती पर अवतरित हुए जिन्होंने अपने पद और कर्तव्य परायणता का अद्भुत उदाहरण दिया है l उन्होंने जिस रूप में अवतरित हुए उसके साथ पूरा विश्वास और जिम्मेदारी के साथ निभाया l बालकपन में मां यशोदा के साथ हरि का अवतार होते हुए वात्सल्य से ओतप्रोत अपना कर्तव्य निभाया l नटखट बालक बनकर गोपियों के साथ छेड़छाड़ तो सखा सहेलियों के साथ बाल्यापन के साथ भी पूरी तरह से न्याय किया l पशु प्रेम होने के कारण उन्होंने ग्वाल बनकर गाय चराने जंगल भी गए l पशुओं की रक्षा देखभाल सेवा में भी अपना कर्तव्य निभाया l कंस के साथ युद्ध करने गोकुल भी गए जहां अपने पुत्र धर्म का पालन करते हुए जन्म देने वाले माता-पिता को कंस को मार कर उनके कैद से मुक्त कराया l महाभारत युद्ध के समय अपने वचन के अनुसार हमेशा सत्य का साथ देते हुए हर परिस्थिति में पांडव का साथ देकर उन्हें विजय दिलवाया l वह शांति के भी पुजारी थे इसलिए शिशुपाल को 100 अपराध माफ करने का वचन दिया था l महाभारत युद्ध को रोकने के लिए उन्होंने भी पांडव की ओर से शांतिदूत बनकर कौरव के साथ युद्ध को रोकने का प्रयास किया l भाई धर्म का पालन करते हुए द्रोपदी की रक्षा की तो वहीं युद्ध के समय जीवन में अनमोल मानव जीवन को सार्थक करने वाली सर्व उपयोगी श्रीमद् भागवत गीता ज्ञान दिया l जो आज भी पूरे विश्व में मानव जीवन के लिए सबसे बेहतरीन मोटिवेशन का पुस्तक बनकर रह गया है l चाहे कोई भी धर्म संस्कृति के ज्ञाता हो सबका यही कहना है कि श्रीमद् भागवत गीता से बेहतर आज तक ना कोई पुस्तक है ना होगा l

अपनी मानव जीवन को सार्थक करना है तो भगवान श्री कृष्णा के लीला को अपने जीवन में उतारना होगा l कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव पर गौतम बेरा , गगन पंड्या, मदन माइती टुलु साहा,पुरोबी वर्मा नीता साहा, मुनमुन सिन्हा, रीता बैनर्जी ,ज्योति बैनर्जी, जयन्ती बोस, रुना दास, अदिति आईच, दीपिका मायती , सुशांतो मण्डल अशोक शाहा , सजल राय , बापी आईज , रिंकू सिन्हा , पारस, गौतम बोस, बबलू दास गौतम मायती अभिजीत मण्डल बादल तिवारी रविन्द्र , रेड्डी मण्डल , बंग समाज के श्रद्धालुओं की उपस्थिति थीं l

भानपुरी वन परिक्षेत्र की जंगल भूमि पर अतिक्रमण, 11 आदिवासी भेजे गए जेल

0
  • वन अधिकार पत्र के लिए हो रहा है कुठाराघात

जगदलपुर बस्तर सामान्य वन मंडल के बस्तर व भानपुरी वन परिक्षेत्र के मध्य पिपलावंड के कोमा गांव में वन भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार ग्राम कोटेकामा डोंगरी गुड़ापारा के 11 अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध वन अधिनियम 1927 की धारा 26 एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 (1) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया।वन परिक्षेत्र भानपुरी के अंतर्गत उप परिक्षेत्र बनियागांव के पिपलावंड बीट क्रमांक आरएफ 1107 में ग्राम कोटेकामा के ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण के उद्देश्य से लगभग 6 हेक्टेयर वनक्षेत्र में कटाई व सफाई की जा रही थी। परिसर रक्षक पिपलावंड देवेश मौर्य वनपाल एवं बुधरूराम कश्यप उप वन क्षेत्रपाल द्वारा वन प्रबंधन समिति पिपलावंड के सहयोग से सभी को पकड़कर उनके विरूद्ध वन अपराध दर्ज किया गया। भागीरथी पिता बोजा जाति माड़िया ग्राम कोटेकामा डोंगरी गुड़ापारा एवं अन्य 2 व्यक्ति, पदम पिता छेंडी जाति माड़िया ग्राम कोटेकामा डोंगरी गुड़ापारा एवं अन्य 2 व्यक्ति, नंदलाल पिता लच्छू ग्राम कोटेकामा डोंगरी गुड़ापारा एवं अन्य 4 व्यक्ति के विरूद्ध वन अपराध प्रकरण कायम कर समस्त वनोपज को जप्त कर निस्तार डिपो परिवहन कराया गया। इन सभी को 27अगस्त को बजे गिरफ्तार कर महारानी अस्पताल जगदलपुर में चिकित्सीय परीक्षण उपरान्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जगदलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने आरोपियों को 9 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया।यह कार्रवाई आरसी दुग्गा मुख्य वनसंरक्षक जगदलपुर वृत्त जगदलपुर के मार्गदर्शन एवं उत्तम कुमार गुप्ता वन मंडलाधिकारी बस्तर के निर्देशन में की गई। जिसमें सभी अधिकारी, कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्रवाई में आईपी बंजारे उप वन मंडलाधिकारी बस्तर, योगेश कुमार रात्रे उप वन मंडलाधिकारी चित्रकोट, पदम लाल पांडे वन परिक्षेत्र अधिकारी भानपुरी, बीडी मानिकपुरी वन परिक्षेत्र अधिकारी बकावंड, बीएल सुरोजिया वन परिक्षेत्र अधिकारी बस्तर, सौरभ रजक वन परिक्षेत्र अधिकारी करपावंड, सूर्यप्रकाश ध्रुव वन परिक्षेत्र अधिकारी जगदलपुर (उत्पादन), लाल नेताम वन क्षेत्रपाल, पावेल पी. कार्फ उप वन क्षेत्रपाल, डोमूराम नेताम वनपाल, बुधरूराम कश्यप उप वन क्षेत्रपाल, जयदेव मौर्य वनपाल, हिरामन मंडावी वनपाल के साथ वन रक्षकगण देवेश मौर्य, अरूण कुमार नाग, हेमंत मौर्य वनरक्षक, नृपेंद्र गौतम, सोनाघर बघेल, कमलोचन बघेल, तोलेश बघेल एवं वाहन चालकों का योगदान रहा।

MOST POPULAR

HOT NEWS