City Media - Page 755 of 1864 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 755

विधायक जैन ने तीन पंचायतों को दिया टैंकर

0
  • कोलेंग, कांदानार व मुंडागढ़ पंचायत को प्रदान किए गए टैंकर – कांग्रेस का गमछा ग्रामीणों को पहनाया गय

जगदलपुर बुधवार को संसदीय सचिव व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन ने धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र कोलेंग में बूथ कमेटियों की बैठक ली। तत्पश्चात आयोजित कार्यक्रम में तीन पंचायतों को टैंकर प्रदान किए गए। विधायक ने टैंकर प्रदान करते लोगों से जल संग्रहण व बचाने की अपील की। दोपहर बाद आयोजित कार्यक्रम में विधायक जैन ने कोलेंग, कान्दानार व मुंडागढ़ के पंचायत प्रतिनिधियों को लोगों की मौजूदगी में टैंकर सौंपा।

ग्रामीणों में दिखा उत्साह

गांव के लिए टैंकर पाकर लोगों में काफी उत्साह दिखा। उत्साहित ग्रामीणों ने कहा कि कांग्रेस सरकार व विधायक रेखचंद जैन ने सच्चे अर्थों में सुध ली। ग्रामीणों का कहना था कि छत्तीसगढ़ में 15 साल भाजपा का शासन था लेकिन उनके इलाके को यह सुविधा नहीं मिली। विधायक रेखचंद जैन ने ग्रामीणों को कांग्रेस का गमछा पहनाया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान राजीव युवा मितान क्लब, गोठान पदाधिकारियों समेत शहर कांग्रेस महामंत्री हेमू उपाध्याय, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष व जनपद सदस्य नीलू राम बघेल, जनपद सदस्य धनसिंग बघेल, संतोष सिंह, अवधेश झा, जोन अध्यक्ष मानूराम नाग, कोलेंग सरपंच सोनादेई नाग, सोनारू मरकाम तथा सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

शिक्षा सत्र शुरू होते ही डीईओ पहुंचीं बीहड़ के स्कूलों की ओर

0
  • शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने घाटी के नीचे व जंगलों के बीच बसे गांवों की शालाओं का निरीक्षण

लोहंडीगुड़ा शासन – प्रशासन के निर्देशों का त्वरित पालन करने और जिले के बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए सदैव तत्पर रहने वाली बस्तर की जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान नए शिक्षा सत्र के आगाज के साथ ही एक्टिव मोड में आ गई हैं। सुश्री प्रधान ने नए शिक्षा सत्र के दूसरे दिन ही संवेदनशील माने जाने वाले लोहंडीगुड़ा विकासखंड के बीहड़ और घनघोर जंगलों तथा घाटियों के तल पर बसे गांवों की शालाओं का निरीक्षण करने पहुंच गईं। इस दौरान कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले दो प्राचार्यों पर कार्रवाई की गाज गिरी। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान अनुशासन प्रिय एवं कर्तव्य परायण अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। वे कार्यालयीन कार्यों को जितनी शिद्दत से निपटाती हैं, उनकी उतनी ही कर्मठता जमीन पर भी नजर आती है। जिले की शालाओं का वे गाहे बगाहे जायजा लेने पहुंच जाती हैं। अपनी इस फितरत के मुताबिक सुश्री प्रधान नया शिक्षा सत्र के आरंभ होते ही विकासखंड लोहंडीगुड़ा की शालाओं के निरीक्षण दौरे पर पहुंच गईं। लोहंडीगुड़ा विकासखंड के प्रवेश द्वार से निरीक्षण अभियान की शुरुआत कर वे विकासखंड के अंतिम छोर की शालाओं में भी पहुंचीं। सर्वप्रथम उन्होंने प्राथमिक शाला झिटकापारा का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों व शिक्षकों की उपस्थिति, स्कूल में साफ-सफाई व पंजियों के संधारण का अवलोकन किया। डीईओ भारती प्रधान ने लोहंडीगुड़ा विकासखंड की मैदानी शालाओं के साथ ही क्षेत्र में घाटी के नीचे संचालित शैक्षणिक संस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, खंड स्रोत समन्वयक रोमांचल ठाकुर, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कश्यप के साथ प्राथमिक शाला करेकोट, माध्यमिक शाला बिंता, प्राथमिक शाला बिंता, हाई स्कूल बिंता का अवलोकन किया।

दो प्राचार्यों पर गिरी कार्रवाई की गाज

हाई स्कूल बिंता के प्रभारी प्राचार्य सीपी पाणिग्रही शाला से अनुपस्थित थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थिति के लिए प्राचार्य व अन्य कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। भ्रमण कार्यक्रम के तहत निरीक्षण दल मारडूम हाई स्कूल भी पहुंचा। इस स्कूल के प्राचार्य अपरान्ह 3 बजे ही स्कूल छोड़कर चले गए थे। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया गया।भारती प्रधान ने शालाओं में बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष प्रयास के निर्देश दिए तथा सभी बच्चों को मौसमी बीमारियों व उससे बचाव की जानकारी देने को कहा। माध्यमिक शाला बिंता के बच्चों ने जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री प्रधान को 20 तक पहाड़ा सुनाया एवं कविता वाचन किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बच्चों के त्वरित प्रत्युत्तर एवं सामाजिक ज्ञान के लिए बच्चों की प्रशंसा की। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी नवप्रवेशी बच्चों के जाति प्रमाण पत्र हेतु आवश्यक दस्तावेज संकलित कर सभी पात्र बच्चों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का प्रयास करने के निर्देश दिए।

बच्चों संग ग्रहण किया मध्यान्ह भोजन

जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री प्रधान तथा निरीक्षण दल में शामिल अन्य अधिकारियों ने संकुल केंद्र बिंता में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया एवं मध्यान भोजन के गुणवत्ता की सराहना भी की। उच्चाधिकारियों के निर्देश एवं मार्गदर्शन में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विकासखंड लोहंडीगुड़ा के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों की टीम गठित कर अंतर संकुल निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। बीईओ चंद्रशेखर यादव ने सभी संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के मद्दे नजर विद्युती व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें, बिजली के तार खुले न रहें, संस्था बंद करते समय प्रतिदिन मेन स्विच ऑफ कर दें और समय रहते सभी मरम्मत कार्य पूर्ण कराकर बीईओ कार्यालय को अवगत कराएं।

नंद कुमार साय औद्योगिक विकास निगम अध्यक्ष नियुक्त

0

रायपुर भाजपा से कन्नी काटकर हाल ही में कांग्रेस में आए आदिवासी नेता नंदकुमार साय को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नंद छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें सरकार ने कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साय को नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

देर लगी आने में उनको शुक्र है फिर भी आये तो

0
  • बस्तर की खातिर बाबा बने डिप्टी सीएम

(अर्जुन झा)

जगदलपुर छत्तीसगढ़ में चुनाव के चार महीने पहले टीएस सिंहदेव की पदोन्नति हो गई। वे डिप्टी सीएम बना दिये गए। बाबा के आत्मीय संबोधन से राजनीति में विशिष्ट पहचान रखने वाले सरगुजा महाराज बस्तर की कांग्रेस राजनीति में खास दखल रखते हैं। उन्होंने 2018 के चुनाव में बहुत अधिक मेहनत यहां की थी। वनांचल ने कांग्रेस की झोली भर दी तो इसमें तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और तब नेता प्रतिपक्ष रहे सिंहदेव की अहम भूमिका थी। सत्ता में आने पर कांग्रेस नेतृत्व के भूपेश बघेल को नेतृत्व सौंपा। तब सिंहदेव भी टक्कर के दावेदार थे। दोनों में सुलह आसान थी लेकिन आगे चलकर जो नजारे सामने आये, वे राजनीति में अचरज का विषय नहीं है। ढाई ढाई साल के फार्मूले का खूब शोर सुनाई दिया लेकिन ढाई साल के बाद 3 साल, साढ़े 3 साल, 4 साल, साढ़े 4 साल का वक्त गुजर गया। कोई फॉर्मूला फिट नहीं हुआ।

अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली से बुलावा आया। पार्टी अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, टीएस सिंहदेव सहित अन्य नेताओं के साथ विचार विमर्श हुआ और उस बैठक के बाद खड़गे – राहुल ने फैसला कर लिया कि सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाया जाए। छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों को दिल्ली में रोका गया और उसके बाद खड़गे के बंगले में भूपेश बघेल और सिंहदेव को फैसला सुना दिया गया। वेणुगोपाल ने बाकायदा इसका ऐलान कर दिया। मुख्यमंत्री ने तत्काल उपमुख्यमंत्री सिंहदेव को शुभकामनाएं दे दीं। दोनों ने चुनाव के लिए तैयार होने का ऐलान कर दिया है। अब यहां देखने वाली बात यह है कि दिल्ली बैठक के पहले सिंहदेव बस्तर में थे। सूत्र बताते हैं कि उनके समर्थक विधायकों के साथ उनकी गंभीर चर्चा हुई थी। सिंहदेव समर्थक विधायकों के मन में यह भय समा रहा था कि यदि सिंहदेव अलग-थलग रहे तो उन्हें टिकट के लाले पड़ जाएंगे सिंहदेव भी यह बात अच्छी तरह समझ रहे थे कि उनकी वजह से उनके समर्थक मझधार में हैं और यदि उन्होंने कोई बड़ा फैसला नहीं किया तो इन समर्थकों को निराश होना पड़ेगा। मुख्यमंत्री पद के लिए अब तक आस लगाए बैठे टीएस सिंहदेव डिप्टी सीएम बनने यूं ही राजी नहीं हुए हैं। इस फैसले में सबका भला है। झटका लगा है तो केवल भाजपा को। भाजपा कह सकती है कि कांग्रेस ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। वह अपनी जगह सही हो सकती है लेकिन असली डैमेज तो भाजपा का हुआ है। वह उम्मीद लगाए बैठी थी कि चुनाव आते आते सिंहदेव का मन डोल जाएगा। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा होने से रोक दिया। सिंहदेव के सामने मजबूरी है कि उन्हें अपने समर्थक विधायकों के भविष्य की चिंता है। कांग्रेस को यह चिंता थी कि सिंहदेव कहीं भाजपा के झांसे में न आ जाएं। वैसे सिंहदेव लगातार यह स्पष्ट करते रहे हैं कि वह कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। लेकिन राजनीति में हालात बदलने की उम्मीद रहती है। लिहाजा कांग्रेस ने सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बनाकर उन्हें बांध दिया है। अब कांग्रेस नए कलेवर के साथ नए तेवर दिखाएगी। अब न कोई गिला है और न शिकवा है। सिंहदेव की दुविधा दूर हो गई है। अब वे पहले जैसे उत्साह के साथ मैदान में उतरेंगे तो उनके बस्तरिया समर्थकों को भी राहत का अहसास हो रहा है।

चित्रकोट क्षेत्र की जनता को शुद्ध पानी उपलब्ध करा रहे हैं बेंजाम

0
  • अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से मुक्ति दिलाने में कामयाब रहे विधायक राजमन

लोहंडीगुड़ा सालों से पेयजल संकट का सामना करते आ रहे चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के गांवों के लोगों को इस त्रासदी से उबारने में विधायक राजमन बेंजाम कामयाब रहे हैं। उनके प्रयासों से हर गांव के ग्रामीणों को अब शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। इसी कड़ी में बुधवार को विधायक राजमन बेंजाम ने ग्राम पंचायत परलमेटा में जल जीवन मिशन के तहत 1 करोड़ 19 लाख रु. की लागत वाले सिंगल विलेज नलजल प्रदाय कार्य का भूमिपूजन किया।इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक राजमन बेंजाम ने कहा कि हमारी सरकार आने के पूर्व चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र पेयजल की विकट समस्या से जूझ रहा था।

पूर्व की भाजपा सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। हम लोगों ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के साथ ही गढ़बो नवा चित्रकोट के सूत्र वाक्य और संकल्प के साथ चुनाव लड़ा ओर यहां की जनता ने हमारे मुख्यमंत्री पर विश्वास किया। आज उस विश्वास पर हम खरा उतरने के लिए काम कर रहे हैं। बेंजाम ने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामवासियों को शुद्ध पेयजल पिलाने की बीड़ा उठाया है। और आज चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र हर मामले में उन्नति की ओर अग्रसर है। जहां सड़क, पुल-पुलिया की जरूरत होती है हमने तत्काल निर्माण कराया है। इस दौरान विधायक राजमन बेंजाम, जिला महामंत्री सुंदर सोढ़ी, सरपंच संघ अध्यक्ष बास्तानार सोमडू मंडावी, सांसद प्रतिनिधि दिनेश ठाकुर एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

भालू के हमले से पालतू कुत्ते ने बचा लिया या अपने मालिक को

0
  • तुरुसमेटा जंगल में मवेशी ढूंढने गए ग्रामीण पर भालू ने किया था हमला
  • कुत्ते ने मादा भालू पर जोरदार हमला कर खदेड़ दिया जंगलों में

जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में मवेशी ढूंढने जंगल गए एक ग्रामीण पर मादा भालू ने हमला कर दिया। भालू ग्रामीण को नोंचने खसोटने लगा था। तभी अपने मालिक को मुसीबत में फंसे देख पालतू कुत्ता उस भालू पर टूट पड़ा। कुत्ते के हमले से पस्त पड़ चुका भालू जंगलों की ओर भाग निकला। कुत्ते ने अपने मालिक की जान बचा ली। घायल ग्रामीण को जिला चिकित्सालय नारायणपुर में भर्ती कराया गया है।

घटना रविवार की बताई गई है। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर और तहसील छोटेडोंगर से आठ किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे ग्राम तुरुसमेटा निवासी 40 वर्षीय घसिया राम का मवेशी खो गया था। मवेशी को ढूंढने घसिया राम अपने दो भाइयों और पालतू कुत्ते के साथ जंगल में गया हुआ था। उसी दौरान अपने तीन शावकों के साथ जंगल में विचरण कर रही मादा भालू ने घसियाराम पर अचानक हमला कर दिया। भालू बेहद आक्रामक हो उठी थी और वह घसिया राम को बुरी तरह नोंचने खसोटने लगी थी। अपने मालिक को मुसीबत में फंसे देख कुत्ते ने वफादारी का परिचय देते हुए अपने मालिक पर हमला कर रही मादा भालू पर धावा बोल दिया। कुत्ता भालू पर हावी हो गया। इससे घबराकर भालू अपने शावकों के साथ घने जंगलों की तरफ भाग खड़ी हुई। भालू के हमले में घसिया राम के चेहरे, पेट और घुटनों पर गंभीर चोटें आई है। साथ गए दोनों भाइयों ने घायल घसिया राम को अपने गांव लाया फिर तहसील छोटेडोंगर से निको जायसवाल की एंबुलेस बुलाकर घसिया राम को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए घसिया राम को जिला अस्पताल नारायणपुर रेफर कर दिया गया। घसिया राम का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

अखिल भारतीय बढ़ई महासभा का अब बनेगा सामाजिक भवन

0
  • संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने किया भवन का भूमिपूजन
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप मिली है भवन हेतु भूमि

जगदलपुर अखिल भारतीय बढ़ई महासभा का अपना सामाजिक भवन जल्द ही तैयार हो जाएगा। भवन के लिए जमीन का आवंटन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के तहत हुआ है। भवन निर्माण के भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जगदलपुर तथा नगरीय प्रशासन एवं श्रम विभाग के संसदीय रेखचंद जैन शामिल हुए।


सामाजिक भवन के लिए भूमि मिल जाने से बढ़ई समाज के लोगों में खुशी की लहर फैल गई है। समाज के पदाधिकारियों ने भूमि आवंटन के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक रेखचंद जैन के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर उपस्थित समाज के लोगों को संबोधित करते हुए संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि हमारे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप सभी समाजों को को भूमि आवंटित की गई है तथा जिन समाजों के पास भूमि थी उन्हें सामाजिक भवन निर्माण हेतु राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बस्तर के विकास में बढ़ई विश्वकर्मा समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि 1985 में दो परिवारों से आरंभ हुए समाज में आज बस्तर जिले में 100 से भी अधिक परिवारों का कारवां जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि जगदलपुर एक ऐसा शहर है, जहां हर जाति, धर्म और प्रांत के लोग निवास करते हैं तथा आपसी सामंजस्य स्थापित कर रहते हैं। सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए प्रायः सभी समाज भवन की आवश्यकता महसूस कर रहे थे। प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद सभी सभी समाजों को भूमि आवंटन की प्रक्रिया आरंभ की गई। इसके तहत आज छोटे बड़े सभी समाजों को भूमि आवंटित कर दी गई है।

इसके अलावा समाजों को भवन निर्माण के लिए राशि भी उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम में विधायक जगदलपुर एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन के साथ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एमआर निषाद, अखिल भारतीय बढ़ई महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल विश्वकर्मा, सचिव अर्जुन शर्मा, जिला अध्यक्ष मनोरंजन शर्मा, संरक्षक विजय विश्वकर्मा, बंशीलाल विश्वकर्मा, धर्मचंद शर्मा, राम अवतार शर्मा, सितारा शर्मा, राजू शर्मा, केदारनाथ शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, शीतल शर्मा, महेंद्र शर्मा, संजय शर्मा, विकास शर्मा, वार्ड पार्षद मानिकराम नाग, वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हेमू उपाध्याय, विधि विभाग के जिलाध्यक्ष अवधेश झा, शहर जिला कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री धर्मेंद्र चौहान समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग का अभियान

0
  • पाटन ब्लॉक में घर घर जाकर लोगों को किया जा रहा जागरूक

पाटन बारिश के समय मौसमी बीमारियों से बचाव एवं नियंत्रण हेतु शासन द्वारा गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग के मार्गदर्शन में जिले के पाटन विकासखंड के भी ग्रामों एवं नगरीय निकायों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, मितानिनों के दल स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चला रहे हैं। पाटन बीएमओ डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि टीमें स्कूलों, आगनबाड़ी केंद्रों में जाकर बच्चों को हाथ धोने के 6 तरीके एवं भोजन के पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धुलाई की जानकारी दे रहे हैं। स्कूलो आंगनबाड़ी केंद्रों, कार्यालयों, ग्रामों की पानी टंकियों की सफाई करने की अपील कर रहे हैं।ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने प्रेरित कर रहे हैं। मितानिनें घर -घर जाकर 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए ओआरएस पैकेट्स वितरित कर रही हैं। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट पाटन से ग्रामों में सर्विलांस से निगरानी की जा रही है। बीईटीओ बीएल वर्मा, चंद्रकांता साहू, सैय्यद असलम के पर्यवेक्षण में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं। एसडीएम विपुल गुप्ता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुकेश कोठारी के निर्देशन में पेयजल स्रोतों के जल का शुद्धिकरण ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अमलों द्वारा किया जा रहा है। ग्राम पचपेड़ी की प्राथमिक शाला में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक वेणु गवेल एवं मितानिनों द्वारा बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। यह जानकारी हेल्थ सुपरवाईजर सैयद असलम ने दी।*बॉक्स**उल्टी दस्त की सूचना तुरंत दें : डॉ. शर्मा*बीएमओ डॉ. शर्मा ने अपील की है कि किसी क्षेत्र, ग्राम, वार्ड में किसी को उल्टी दस्त की शिकायत शुरू होती है, तो तत्काल ओआरएस का घोल बनाकर पीएं एवं स्थानीय मितानिन अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को अतिशीघ्र सूचित करें जिससे तत्काल स्वास्थ्य प्रबंधन किया जा सके।

पत्रकार विमल चंद जैन आईरा के प्रदेश महासचिव नियुक्त

0
  • पत्रकारों का महत्वपूर्ण अंतर राष्ट्रीय संगठन है इंटरनेशनल रिपोर्टर एसो.

रायपुर दुनिया के दस देशों और भारत के 22 राज्यों में पत्रकारों के हितों एवं कल्याण के लिए काम करने वाले अग्रणी संगठन इंटर नेशनल रिपोर्टर एसोसिशन (आईरा )की छत्तीसगढ़ इकाई का गठन किया गया है। आईरा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वर्मा एवं प्रदेश महासचिव विमलचंद जैन खुज्जी राजनांदगांव नियुक्त किए गए हैं।आईरा के राष्ट्रीय चेयरमैन तारिक जकी बेंगलुरु ने प्रदेश इकाई की घोषणा की और नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। हेमंत वर्मा ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए दिलीप शुक्ला राजनांदगांव को प्रदेश उपाध्यक्ष, बादल टंडन बिलासपुर को प्रदेश संगठन सचिव एवं विमल अग्रवाल डोंगरगढ़ को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वर्मा एवं प्रदेश महासचिव विमलचंद जैन ने बताया कि जल्द ही छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में आईरा की जिला ईकाइयां गठित की जाएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि पत्रकारों का दमन और उनकी आवाज को दबाने की हर कोशिश का उनका संगठन पुरजोर तरीके से विरोध करेगा और पत्रकारों के कल्याण के लिए हर संभव कदम उठाएगा। विमलचंद जैन अंचल के जाने माने प्रखर वक्ता हैं। उनके मंच संचालन की शैली और उनकी वाक पटुता अभूतपूर्व है। विमलचंद जैन विभिन्न संगठनों द्वारा अनेक बार सम्मानित किए जा चुके हैं। वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ के अनेक प्रतिष्ठित अखबारों से जुड़े हुए हैं। विमलचंद जैन के अनुज इंदरचंद जैन भी छत्तीसगढ़ के जाने माने वरिष्ठ पत्रकार हैं और दैनिक हरिभूमि, दैनिक भास्कर, नव भारत, सबेरा संकेत आदि प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में सेवाएं दे चुके हैं।

अब कृषि विभाग के सुपुर्द होगा रेडी टू ईट पोषण आहार का काम

0
  • मौजूदा पोषण आहार वितरण व्यवस्था में हैं अनगिनत खामियां
  • आंगनबाड़ी केंद्रों में न पहुंचा कर कार्यकर्त्ताओं को घसीटा जा रहा

बकावंड रेडी टू ईट पोषण आहार की गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए नई व्यवस्था बनाई जा रही है। पूरक पोषण आहार व्यवस्था के अंतर्गत टेक होम राशन में रेडी टू ईट फूड निर्माण और वितरण का कार्य अब कृषि विकास एवं कृषक कल्याण एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राज्य बीज एवं कृषक विकास निगम द्वारा स्थापित इकायों के माध्यम से किया जाएगा।रेडी टू ईट पोषण आहार का मामला इन दिनों ज्यादा सुर्खियों में है। बता दें बकावंड और बस्तर विकासखंडों में रेडी टू ईट पोषण आहार का वितरण हर केंद्र में पहुंचाकर करने का प्रावधान है, किंतु बस्तर जिले और बकावंड विकासखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं को महिला एवं बाल विकास विभाग के विकासखंड मुख्यालयों में स्थित कार्यालयों में प्रतिदिन बुलाकर पोषण आहार एकमुश्त दिया जाता है। यहां से लेजाकर कार्यकर्त्ता अपने अपने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को यह पोषण आहार वितरित करती हैं।जबकि नियमतः पोषण आहार आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचा कर देने का प्रावधान है। यहां इस नियम का मजाक बनाया जा रहा है। जब भी केंद्र संचालन के समय में कभी भी पोषण आहार नहीं नहीं पहुंचता है। आंगनबाड़ी केंद्रों के बंद हो जाने और बच्चों के घर चले जाने के बाद रेडी टू ईट पहुंचाया जाता है। शायद विभाग के परियोजना अधिकारियों को यह ज्ञात नहीं होगा। वही बस्तर के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में देखा गया है कि दर्ज के अनुसार आज तक रेडी टू ईट केंद्रों पर नहीं मिला है। विभागीय अधिकारियों की घोर लापरवाही देखने को मिल रही है। बस्तर के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की महिला कार्यकर्ताओं को अपने साधन के जरिए परियोजना कार्यालय से रेडी टू ईट पोषण आहार ले जाना पड़ता है। भाड़ा व्यय इन कार्यकर्त्ताओं को स्वयं वहन करना पड़ता है।

MOST POPULAR

HOT NEWS