City Media - Page 209 of 1847 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 209

नक्सल प्रभावित गांव जुड़े शेष दुनिया से, गूंजेपर्ती में लगा मोबाइल टॉवर

0
  • करीब आधा दर्जन गांवों को मिली संचार सुविधा

जगदलपुर अब तक शेष दुनिया से कटे रहे बस्तर संभाग के बीजापुर जिले केआधा दर्जन नक्सल प्रभावित गांव अब देश दुनिया से जुड़ गए हैं। इन गांवों के लोगों को बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गूंजेपर्ती गांव में सुरक्षा बलों की मदद से मोबइल टावर स्थापित किया गया है।

बीजापुर जिले का उसूर क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित है। उसूर के ग्राम गूंजेपर्ती में मोबाइल टॉवर ने काम भी शुरू कर दिया है।यह गूंजेपर्ती के ग्रामीणों के लिए ही नहीं बल्कि आसपास के 5-6 अन्य गांवों के लिए भी बड़ी सौगात है। यहां जिओ का मोबाइल टॉवर प्रारंभ हो जाने से ग्रामीणों को बेहतर संचार सुविधा का लाभ मिलने लगा है। जिला बीजापुर के सुदूर ग्राम गूंजेपर्ती, पुजारी कांकेर, चिंगनपल्ली, नेला कांकेर, कमलापुर के ग्रामीणों को संचार सुविधा का लाभ मिल रहा है।

 

छग शासन की नियद नेल्ला नार योजना एवं केंद्र की यूएसओएफ योजना के तहत 28 अप्रैल को ग्राम पुजारीकांकेर में मोबाइल टावर की सुविधा शुरू की गई है। मोबाइल टावर की स्थापना से ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क का लाभ मिलना संभव हो गया है। साथ ही मजबूत नेटवर्क एवं इंटरनेट की सुविधा से ग्रामीण अंचल के पढ़ने वाले छात्रों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को इससे लाभ मिलेगा। क्षेत्र में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन की सुविधा के साथ पुलिस एवं प्रशासन द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम से क्षेत्र में अब संचार की सुविधा बहाल हो चुकी है। स्थानीय निवासियों को अब अपने परिवार के सदस्यों और अन्य व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करने में आसानी होगी।वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट की जरूरत और सुविधा को देखते हुए क्षेत्र में संचार के सुदृढ़ीकरण के लिए मोबाइल टावर स्थापित किए जा रहे हैं। यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी और वे देश-विदेश से जुड़ सकेंगे। इसके अलावा यह कदम क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अब नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व ने रखी शांति वार्ता की पेशकश, ये है सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का नतीजा

0
  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा ने दिखाई अपनी ताकत
  • सुरक्षा बलों ने कर दिया नक्सलियों को निढाल

अर्जुन झा-

जगदलपुर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर बता दिया है कि सरकार की ताकत कैसी होती है। सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के मजबूत हौसले का ही नतीजा है कि अब नक्सलियों का शीर्ष नेतृत्व भी शांति वार्ता के लिए चिरौरी करने लगा है। देश के इतिहास में पहली बार नक्सलियों के केंद्रीय नेतृत्व ने शांति वार्ता की पेशकश की है।

दरअसल केंद्र और राज्य की सरकारों के कड़े तेवर और सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे प्रहार ने अब नक्सलियों को नाक रगड़ने के लिए मजबूर कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के बार बार बस्तर संभाग के दौरे पर आने, नक्सल प्रभावित गांवों में जाकर वहां के लोगों से मेल मुलाकात करने और एंटी नक्सल मिशन पर लगे विभिन्न सुरक्षा बलों के जवानों की हौसला अफजाई करने के शानदार परिणाम बस्तर की जमीन पर दिखने लगे हैं। ये परिणाम बताते हैं कि अमित शाह बस्तर को बेचने के लिए नहीं, बल्कि बचाने के लिए बार बार यहां आते हैं। सुरक्षा बलों को फ्री हैंड कर दिया गया है और जवानों का जोश हाई नहीं बल्कि हाईएस्ट है। हमारे जवान और अधिकारी नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए जी जान लगाकर जुटे हुए हैं। वे रोज बड़ी संख्या में नक्सलियों को मिट्टी में मिला रहे हैं। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के करेगुट्टा पहाड़ी पर जारी एंटी नक्सल ऑपरेशन सबसे बड़ा ऑपरेशन है। इसके तहत नक्सली ठिकानों पर धरती और आकाश से गोले बरसाए जा रहे हैं। इस आपरेशन में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। यही वजह है कि इस ऑपरेशन के बीच नक्सलियों के केंद्रीय नेतृत्व ने एक पत्र सरकार के नाम जारी किया है। सात दिनों के भीतर नक्सल संगठन की तरफ से शांति वार्ता के लिए भेजा गया यह दूसरा पत्र है। अबकी बार सीधे केंद्रीय नक्सली नेतृत्व ने पत्र भेजा है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी की ओर से प्रवक्ता अभय ने यह पत्र जारी किया है। पत्र में सरकारों को नक्सलियों की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया गया है। साथ ही कहा गया है कि समस्या का हल बंदूक से नहीं बल्कि बातचीत से ही हो सकता है। करेगुट्टा आपरेशन के बीच नक्सलियों की तरफ से दूसरी दफा शांति वार्ता के लिए जारी किए गए इस पत्र में आगे कहा गया है कि हमारे संगठन की तरफ से सरकारों से बारंबार शांति वार्ता का प्रस्ताव रखने तथा शांति वार्ता हेतु अनुकूल वातावरण तैयार करने की अपील हम करते आए हैं। पत्र में स्वीकार किया गया है कि करेगुट्टा मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। वहीं सरकार से बिना शर्त छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र आदि राज्यों में एक समय सीमा में युद्ध विराम कर शांति वार्ता करने की मांग रखी गई है। केंद्रीय कमेटी के इस पत्र से जाहिर होता है कि नक्सलियों की कमर बुरी तरह टूट चुकी है और उनके सामने शांति वार्ता के सिवाय और कोई विकल्प नहीं बचा है।

24 लाख की ईनामी तीन महिला नक्सली ढेर

बीजापुर जिले की कोरागुटटा पहाड़ी एरिया में जारी ऑपरेशन में 24 लाख की ईनामी तीन महिला नक्सली मारी गई हैं। तीनों महिला नक्सलियों की शिनाख्त हो गई है। माना जा रहा है कि मारी गई तीनों माओवादी पीएलजीए बटालियन नंबर 1 की सदस्य रही हैं। मृतकाओं में हुंगी पीएलजीए बटालियन नम्बर 1 की सदस्या, इ्नाम 8 लाख रूपये, सिंटू पीएलजीए बटालियन नम्बर 1 की सदस्या इनाम 8 लाख रूपए और शांति पीएलजीए बटालियन नम्बर 1 की सदस्या इ्नाम 8 लाख रूपए शामिल हैं। तीनों के शव मरच्युरी में रखे गए हैं।परिजनों के आने पर शव उनके हवाले कर दिए जाएंगे।

अवैध विज्ञापन होंडिंग्स के खिलाफ एक्शन मोड पर महापौर संजय पांडे और राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा

0
  • नगर निगम की अनुमति से ही शहर में लगाए जा सकेंगे विज्ञापन होर्डिंग्स
  • चांदनी चौक, एयरपोर्ट चौक, पनामा चौक, सिटी कोतवाली चौक, संपूर्ण डिवाईडर एवं पेड़ पर फ्लेक्स लगाने पर बैन
  • विज्ञापन ट्रॉली हटाने 24 घंटे की दी गई मोहलत

जगदलपुर नगर पालिक निगम जगदलपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न चौक चौराहों पर विज्ञापन ट्राली खड़ा किया जाता है। विगत दिनों आंधी तूफान आने से ट्रॉली सड़क पर गिरा पाया गया साथ ही यातायात बाधित भी हो रहा है। कभी भी दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। निकाय क्षेत्र के अंतर्गत समस्त विज्ञापन ट्रॉली बंद करने का निर्णय निगम ने लिया है। निगम ने 24 घंटे के अंदर निकाय क्षेत्र से विज्ञापन ट्रॉली हटाने का निर्देश दिया है अन्यथा निगम द्वारा ट्राली जप्ती एवं जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।

निगम क्षेत्र में बिना अनुमति विज्ञापन होर्डिंग लगाना अवैधानिक है। निगम ने विज्ञापन होर्डिंग लगाने के पूर्व इन शर्तो का पालन करने कहा है। विज्ञापन होर्डिंग्स को निगम से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही लगाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक होर्डिंग्स में प्रकाशक एवं मुद्रक का नाम अंकित करना अनिवार्य है तथा विज्ञापन होर्डिंग्स लगाने की तिथि तथा कब से कब तक लगाना है वह भी निगम ने अंकित करने कहा है। राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक, जन्मदिवस एवं अन्य विज्ञापनों को बिना अनुमति के न लगाने का निर्देश निगम में दिया है। नगर निगम ने चांदनी चौक, एयरपोर्ट चौक, पनामा चौक, सिटी कोतवाली चौक एवं संपूर्ण डिवाइडर तथा विद्युत पोल, पेड़ में फ्लेक्स विज्ञापन लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। निगम ने इन शर्तों का पालन सुनिश्चित करने कहा है। अन्यथा निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नियम का करें पालन

महापौर संजय पांडे एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने नागरिकों से अपील की है कि शहर अव्यवस्थित हो रहा है। गंदगी भी फैल रही है जिसके कारण स्वच्छता रैंकिंग हमारा गिरता है। सभी जिम्मेदार नागरिक इस बात को जरूर अमल करें। सभी नागरिक बिना अनुमति के फ्लेक्स न लगाएं, नगर निगम द्वारा बनाए गए नियम के अनुसार ही हम सब मिलकर शहर विकास पर ध्यान देंगे।

किसानों के हक की खातिर सड़क पर उतरे सैकड़ों कांग्रेसी

0
  • देशभक्ति गीतों के बीच नापने निकले 40 किलोमीटर की दूरी
  • इंद्रावती नदी को बचाने सड़क की लड़ाई शुरू

जगदलपुर बस्तर की प्राणदायिनी इंद्रावती नदी के किनारे बसे सैकड़ों गांवों के किसान दो माह से आंदोलनरत हैं और अब किसानों को कांग्रेसियों का समर्थन मिला है। बस्तर जिले के चित्रकोट जलप्रपात के मुहाने से किसानों ने तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली इसके पूर्व किसानों ने अपनी मांगों को फिर दोहराया। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर के किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को बस्तर के सभी संघ संगठनों का समर्थन मिल रहा है।

बैज ने आगे कहा कि किसानों के साथ कांग्रेसी गांवों में रात गुजारेंगे और गांधीवादी तरीके से किसानों की मांगों को पूरजोर तरीके से उठाएंगे। बैज ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ओड़िशा व छत्तीसगढ़ तथा केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस पदयात्रा में बीजापुर विधायक विक्रम सिंह मंडावी, इंद्रावती बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक द्वय चंदन कश्यप व राजमन बेंजाम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश रायके अलावा कांग्रेस पार्टी के विभिन्न हिस्सों से आए नेता कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए। पदयात्रा में महिलाओं की उपस्थिति उत्साहजनक है। इंद्रावती नदी बचाओ आंदोलन के संयोजक लखेश्वर बघेल सहित अन्य लोग पदयात्रा की कमान संभालें हुए हैं। यात्रा के दौरान साउंड सिस्टम से देशभक्ति गीत बजाए जा रहे हैं और महिला पुरुष तुमड़ी बर्तन, ढोल मांदल लेकर चल रहे हैं।

प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में प्रतिभा सम्मान और वार्षिक उत्सव का आयोजन

0
  • स्कूल के बच्चों को कराया गया न्योता भोज भी

जगदलपुर बस्तर ब्लाक की ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा की प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में प्रतिभा सम्मान समारोह सह वार्षिकोत्सव एवं न्यौता भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप ने अपने संबोधन में प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के शिक्षकों और बच्चों को नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। श्रीमती कश्यप ने आगे कहा कि शिक्षकों और बच्चों को इसी तरह मेहनत और लगन से काम कर अधिक से अधिक बच्चों का चयन कराने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सभी स्कूलों में होने चाहिए ताकि बच्चों को प्रोत्साहन और प्रेरणा मिल सके। श्रीमती कश्यप ने शिक्षकों, बच्चों और उनके पालकों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विकास खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने शिक्षकों और बच्चों को नवोदय विद्यालय में चयन पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस संस्था के बच्चे, शिक्षक और पालक जागरूक हैं और इसी का परिणाम है कि बच्चे नवोदय विद्यालय और एकलव्य जैसे प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयनित होकर प्रवेश ले रहे हैं। श्रीमती देवांगन ने शाला संग्रहालय की भी प्रशंसा की, जहां विलुप्त होती पारंपरिक वस्तुओं और संस्कृति को संजोया गया है। सरपंच ईस्पर मंडावी ने प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के शिक्षकों और बच्चों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। सरपंच श्री मंडावी ने ग्राम पंचायत की ओर से शिक्षकों को सम्मानित भी किया। सीएसी कृष्णा सिंह ठाकुर ने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीण जनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, सरपंच ईस्पर मंडावी, उपसरपंच सामबती ठाकुर, जनपद सदस्य समली कश्यप,

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन, एबीईओ सुशील तिवारी, बीआरसी अजंबर कोर्राम, सीएसी कृष्णा सिंह ठाकुर, प्रधान अध्यापक छन्नूराम मंडावी, इंदुमती, रामनिवास देहारी, राजेंद्र सिंह, हिरेंद्र देवांगन, मनोज कुमार ठाकुर संजय ठाकुर,नरेश ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, लखेश्वर ठाकुर, जंयती ठाकुर, कुसुमलता, बालमती, उर्मिला, सुदनी, जगरू कश्यप, बलदेव ठाकुर, उर्धश्वर ठाकुर, त्रिनाथ गिरी, बोगलू, पारो, गोमती ठाकुर, मोहनबती, भूषण बघेल और अन्य गणमान्य नागरिक व छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

हेल्थ केयर के स्टूडेंट्स ने सिखाए गए इलाज के गुर

0
  •  बकावंड स्कूल के विद्यार्थियों का इंटर्नशिप 

बकावंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकावंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकावंड के हेल्थ केयर के 11वीं और 12वीं के छात्र छात्राओं का इंटर्नशिप कार्यकम संपन्न हुआ।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकावंड में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत हेल्थ केयर पाठयक्रम में अध्ययनरत 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकावंड में 10 दिवसीय इंटर्नशिप आयोजित किया गया।इंटर्नशिप के अंतर्गत हेल्थ केयर के विद्यार्थियों को हॉस्पिटल से संबंधित प्रायोगिक प्रशिक्षण जैसे ब्लड प्रेशर टेम्प्रेचर मापना, प्लस रेट जांचना, श्वसन परखना, ब्लड सैंपल लेना, ओपीडी पर्ची बनाना, इंजेक्शन के प्रकार एवम डिग्री इत्यादि लेना सिखाया गया। यह 10 दिवसीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक छात्रों द्वारा पूर्ण किया गया। इस दौरान हॉस्पिटल स्टाफ एवं विद्यायल के व्यावसायिक प्रशिक्षक अक्षय बंजारे उपस्थित थे।

केशलूर चौक में खुला पुलिस सहायता केंद्र

0
  •  सुलभ शौचालय की मांग पर अड़े रहे सैकड़ों ग्रामीण

तोकापाल तीन राज्यों को जोड़ने वाले केशलूर चौक पर आम लोगों की मदद के लिए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। पहले तो ग्रामीणों ने पुलिस सहायता केंद्र का विरोध किया मगर प्रशासन की समझाईश पर वे राजी हो गए।

एसडीएम के निर्देश पर केशलूर के सरपंच से चर्चा कर केशलूर चौक नेशनल हाईवे 63 के किनारे पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया। इसके लिए पुलिस और राजस्व के कर्मचारियों को भारी मशक्कत करना पड़ी। क्योंकि ग्रामवासियों ने इसका जमकर विरोध किया। हालांकि केशलूर चौक के व्यापारी तथा ग्रामीण पुलिस सहायता केंद्र का विरोध नहीं कर रहे थे उनकी मांग थी कि केशलूर चौक बहुत व्यस्तम चौक है और यहां अन्य राज्यों से लोग रोजाना आते जाते हैं और उन्हें सार्वजनिक शौचालय की कमी खलती है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है। चौक के व्यापारी एसडीएम तोकापाल को पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक शौचालय चौक पर बनाने जगह निर्धारित करने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। जब 27 अप्रैल को पुलिस सहायता केंद्र बनाने पुलिस और राजस्व के अधिकारी पहुंचकर अतिक्रमण हटाने लगे तो सरपंच सहित ग्रामीण स्थल पहुंच कर अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। उनकी मांग थी कि पहले सार्वजनिक शौचालय बनाया जाए फिर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जाए। जिसके लिए चौक में व्यापारी और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। एसडीएम तोकापाल, तहसीलदार और परपा थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही चौक पर सुलभ शौचालय बनाने जगह निर्धारित कर सुलभ शौचालय बनाया जाएगा। इसके बाद ही चौक के लोग शांत हुए और प्रशासन ने पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया। वहीं चौक के हाईवे किनारे लगाए जा रही साग सब्जी दुकानों को भी हटाकर सड़क से दूर लगाने को कहा गया।

वर्सन:

सबको होगा लाभ

केशलूर चौक अति व्यस्तम चौक है जहां अन्य राज्यों से रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। इनकी सहायता तथा अव्यवस्थित वाहनों को व्यवस्थित करने पुलिस के जवान तपती धूप और बारिश में ड्यूटी करते हैं। इसलिए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इससे सभी को लाभ मिलेगा।

 

विशेष अभियान के तहत् 749 लापरवाह वाहन चालकों पर किया गया 1,88,500 रू. की चालानी कार्यवाही

0
  • बालोद पुलिस द्वारा दिनांक 22.04.2025 से 28.04.2025 तक सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने चलाया गया मोटर वाहन चेकिंग अभियान।
  • विशेष तौर पर मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने वाले 08 प्रकरणों में 42,400रू. एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 04 शराबी वाहन चालकों पर 41,000 रू. अर्थदण्ड की कार्यवाही किया गया।
  • परिवहन विभाग को पत्र भेजकर शराबी वाहन चालको एवं मालवाहक में सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों का लायसेंस भी निलंबन कराया जा रहा है।
  • शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन नहीं करने बालोद पुलिस की अपील।

पुलिस अधीक्षक बालोद  योगेश कुमार पटेल के निर्देशन पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी के मार्गदर्शन में, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री देवांश सिंह राठौर एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक  राकेश ठाकुर के नेतृत्व में यातायात बालोद द्वारा विगत सप्ताह विशेष मोटर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस वाहन चेकिंग अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आम जनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारीयों, यातायात बालोद द्वारा दिनांक 22.04.2025 से 28.04.2025 तक मोटर वाहन चेकिंग में 749 वाहन चालकों पर कार्यवाही कर 1,88,500रू. राशि वसूल किया गया है। विशेष तौर पर मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने वाले 08 वाहन चालकों पर कार्यवाही कर 42,400रू. समन शुल्क वसूल किया गया एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 04 प्रकरणों में कार्यवाही कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां माननीय न्यायालय द्वारा 41,000रू. अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है। शराब सेवन कर वाहन चलाने एवं मालवाहक में सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों का लायसेंस निलंबन के लिए संबंधित परिवहन विभाग को पत्र जारी कर उनका लायसेंस भी निलंबन कराया जा रहा है।

यातायात पुलिस बालोद के द्वारा लगातार वाहन चालको से यातायात नियमों का पालन करने अपील की जा रही है। आम जनो एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए बालोद पुलिस सदैव तत्पर है। यातायात पुलिस बालोद आम नागरिकों से अपील करता है कि मालवाहक वाहन में सवारी भरकर परिवहन न करे, यातायात नियमों का पालन करे, रात्रि में वाहन चलाते समय अपर डिपर का प्रयोग करे, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग न करे, नाबालिक बच्चों को वाहन चलाने न देवे, संयमित गति से वाहन चलाएं एवं वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट अवश्य लगावें व वाहन चलाते समय वाहन के दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखे।

सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन

0
  • अपर कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश

बालोद, 28 अपै्रल 2025  जिले में सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने हेतु आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विभागवार प्राप्त आवेदनों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सुशासन तिहार के अंतर्गत कुल प्राप्त आवेदन, निराकृत आवेदन और लंबित आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक विभाग द्वारा आवेदनों पर किए गए निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का निराकरण नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। श्री कौशिक ने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का समाधान उनकी संतुष्टि को ध्यान में रखकर किया जाए ताकि सुशासन तिहार का उद्देश्य सार्थक हो सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन आवेदनों का निराकरण जिला स्तर पर संभव नहीं है उन्हें वर्गीकृत कर शासन स्तर पर भेजा जाए और इसकी जानकारी आवेदकों को दी जाए। इसके अतिरिक्त सभी आवेदनों के निराकरण की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देेश दिए।

बैठक में राजस्व, पंचायत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, जल संसाधन, आदिवासी विकास, कृषि, शिक्षा आदि विभागों से संबंधित आवेदनों की प्रगति पर चर्चा हुई। अपर कलेक्टर श्री कौशिक ने लंबित आवेदनों के कारणों का विश्लेषण कर उसका समय पर कार्रवाई करते हेतु निराकरण करने की बात कही। श्री कौशिक ने कहा कि ’सुशासन तिहार 2025’ शासन की जनता के प्रति जवाबदेही को दर्शाता है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक आवेदन का निराकरण न केवल समयबद्ध हो बल्कि यह आवेदकों के लिए संतोषजनक भी हो। सभी विभाग इस दिशा में समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आगामी समाधान शिविरों में अधिक से अधिक आवेदनों के निराकरण की जानकारी लोगों को प्रदान की जाए। उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार 2025 का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी समीक्षाएं और जनसंवाद को सशक्त करना है। इस अभियान के पहले चरण में 08 से 11 अप्रैल 2025 तक ग्राम पंचायतों नगरीय निकायों और जिला मुख्यालयों में समाधान पेटियों के माध्यम से नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए। दूसरे चरण में इन आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है जबकि तीसरे चरण में 05 मई से 31 मई 2025 तक समाधान शिविरों का आयोजन होगा।

 

सुशासन तिहार 2025: प्रणिता साहू को एक आवेदन पर मिला मनरेगा जॉब कार्ड,

0
  • आवेदन पर त्वरित कार्रवाई होेने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

बालोद, 28 अपै्रल 2025  सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत बालोद जिले के ग्राम कुरदी की ग्रामीण महिला प्रणिता साहू ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत जॉब कार्ड के लिए आवेदन किया था। उनके आवेदन पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे जॉब कार्ड बनाकर प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के लिए श्रीमती प्रणिता साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार 2025, राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इस अभियान के तहत ग्राम कुरदी में आयोजित शिविर में प्रणिता साहू ने मनरेगा जॉब कार्ड के लिए आवेदन किया था। मनरेगा के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को रोजगार प्रदान किया जाता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। प्रणिता साहू ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, और मनरेगा जॉब कार्ड उनके लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण साधन बनेगा। उन्होंने कहा कि ’सुशासन तिहार’ के माध्यम से मेरा आवेदन तुरंत स्वीकार किया गया और मुझे जॉब कार्ड प्रदान किया गया। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और प्रशासन की आभारी हूँ। यह जॉब कार्ड मेरे परिवार की आजीविका को बेहतर बनाने में मदद करेगा।

सुशासन तिहार 2025 के तहत बालोद जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक पात्र व्यक्तियों को मनरेगा जॉब कार्ड, अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ, और आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए जा रहे हैं। ग्राम कुरदी में आयोजित शिविर में भी सैकड़ों ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किए। आवेदन पश्चात् निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर सुशासन तिहार के के माध्यम से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से प्रदान करने कार्य किया जा रहा है। प्रणिता साहू जैसे अनेक ग्रामीणों के लिए मनरेगा जॉब कार्ड न केवल रोजगार का एक साधन है बल्कि यह उनकी आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। सुशासन तिहार 2025 के तहत इस तरह की पहल से छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और समृद्धि की नई उम्मीद जाग रही है।

MOST POPULAR

HOT NEWS