City Media - Page 399 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 399

मानव जीवन का जरुरी हिस्सा है स्वच्छता : सांसद महेश कश्यप

0
  • सांसद कश्यप ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का किया शुभारंभ, दिलाई स्वच्छता की शपथ 
  • बड़े बड़ों ने शहीद पार्क में झाड़ू लगाकर की सफाई 

जगदलपुर सांसद महेश कश्यप ने मंगलवार को जगदलपुर शहर के शहीद पार्क परिसर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और शहीद पार्क परिसर में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ झाड़ू लगाकर सफाई की।

कार्यक्रम में महापौर शसफीरा साहू, पार्षदगण, कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर हरिस एस., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी और गणमान्य नागरिक, अधिकारी, युवोदय की टीम, नगर निगम की टीम, पत्रकार भी कार्यक्रम में शामिल हुए। जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ करते हुए सांसद श्री कश्यप ने कहा कि स्वच्छता मानव जीवन का जरुरी हिस्सा है, हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाना चाहिए। शहरों, गांवों एवं प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए स्वच्छता को सामाजिक आंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और जगदलपुर विधायक किरणदेव को आज उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामना दी। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को विश्वकर्मा जयंती की भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वच्छ भारत मिशन की शुरूआत की थी। महापौर सफीरा साहू ने कहा कि ‘

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में शहर के नागरिक अपने घरों के आसपास साफ- सफाई रखें। साथ ही जागरूकता के माध्यम से जगदलपुर शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने पार्क में सफाई की। ज्ञात हो कि 17 सितंबर से 02 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता की थीम पर आज से राज्य के सभी 184 नगरीय निकायों में विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मनाया किरण देव का जन्मदिन

0

जगदलपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण देव के जन्मदिन पर नगर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। किरण देव के निवास में पहुंच कर उन्हें बधाई देने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था, जो देर रात तक चला। महापौर सफीरा साहू, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पार्षद संजय पाण्डेयऔर भाजपा पार्षदों ने किरण देव सिंह को जन्मदिवसकी शुभकामनाएं दी और उनका अभिनंदन किया। संजय पाण्डेय ने किरण देव का मुंह भी मीठा कराया। इस दौरान किरण देव को भगवान गणेश जी की आकर्षक प्रतिमा भेंट की गई। बस्तर के सांसद महेश कश्यप ने भी किरण देव सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की है

ओड़िशा के वड्डे ने ठहराया मौतों का जिम्मेदार, तो मार डाले गए इतकल गांव के वड्डे परिवार के पांच लोग

0
  •  18 माह में 14 मासूमों और 4 साल में 30 पुरुषों की मौत से आशंकित थे ग्रामीण
  • इतकल गांव में एक परिवार के 5 लोगों की हत्या में प्रशासन भी भागीदार

अर्जुन झा

जगदलपुर झाड़ फूंक और तंत्र मंत्र की गहरी पैठ आज भी बस्तर संभाग के गांवों में बनी हुई है। संभाग के सुकमा जिले में दो दिन पहले दिल दहलाने वाली जो घटना हुई है, उसके पीछे भी यही कारण रहा है। सुकमा के कोंटा विकासखंड की ग्राम पंचायत मुरलीगुड़ा के इतकल गांव में रविवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या के मामले में जितना अंधविश्वास जिम्मेदार है, उससे कहीं ज्यादा जिम्मेदार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हैं। मृतक परिवार का एक सदस्य वड्डे का काम करता था। वड्डे झाड़ फूंक से उपचार करने वाले को कहते हैं। इतकल गांव के लोग बीमार पड़ने पर इसी वड्डे के पास झाड़ फूंक कराने जाया करते थे। उसकी झाड़ फूंक के बाद भी जब बीमारी दूर नहीं हुई और मौतों का क्रम जारी रहा, तो कुछ ग्रामीणों ने पड़ोसी राज्य ओड़िशा के एक गांव में जाकर वहां के वड्डे से संपर्क किया तो उस वड्डे ने मौतों के लिए इतकल के वड्डे को जिम्मेदार ठहरा दिया। इसके बाद गांव लौटकर ग्रामीणों ने आम बैठक बुलाई और गांव के वड्डे परिवार की हत्या की योजना बना ली गई। इस निर्मम हत्याकांड के लिए हमारा सिस्टम भी पूरी तरह जवाबदेह है।

इतकल गांव में पिछले चार वर्ष में 30 पुरुषों और पिछले 18 माह में 14 मासूम बच्चों की मृत्यु हुई है। इतनी बड़ी संख्या में गांव में होने वाली मौतों से गांव के लोग हताश- परेशान थे और गांव में ही झाड़-फूंक कर अपनी समस्या का उपचार ढूंढते रहे। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। आखिरकार गांव में हो रही लगातार मृत्यु से उपजी ग्रामीणों की हताशा ने इस जघन्य हत्याकांड को जन्म दे दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगातार लोगों के मरने से गांव वाले परेशान थे। वे सभी अपना उपचार गांव के ही झाड़–फूंक करने वाले वड्डे से करवाते थे। इसके बाद भी गांव मौत का सिलसिला थम नहीं रहा था। दस दिन पहले इस गांव के कुछ लोग ओडिशा के एक वड्डे के पास इस परेशानी का उपाय ढूंढने गए थे। उस वड्डे ने ग्रामीणों को झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र करने के बाद बताया कि गांव में लगातार हो रही मृत्यु के पीछे तुम्हारे गांव का ही वड्डे जिम्मेदार है। इस बात ने हताश-परेशान ग्रामीणों के बीच चिंगारी भड़काने का काम किया। गांव के लोग भड़क उठे और एक सप्ताह पूर्व ही वड्डे के परिवार को गांव से बहिष्कृत कर दिया गया। इस बीच जब फिर से मंगलवार आने वाला था तो ग्रामीणों में गांव में हो रही मृत्यु को रोकने के लिए रविवार को वड्डे परिवार को बुलाकर बैठक की। इस बैठक में एक आपराधिक निर्णय लेते हुए वड्डे परिवार को मृत्युदंड की सजा सुना दी गई। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर परिवार के पांच सदस्यों को बेरहमी से मार डाला।

 

एक घर से उठती थीं कई आर्थियां

ग्रामीणों ने बताया कि चार साल के भीतर इतकल गांव में 30 लोग मृत्यु का ग्रास बन गए। एक ही घर से 3-4 लाशें उठने के बाद कुछ दिन तक मृत्यु का दौर रुक जरूर जाता था, लेकिन कुछ अरसा गुजरने के बाद फिर किसी न किसी की मौत हो जाती थी। गांव के सलवम परिवार के लोगों की ज्यादातर मौत हुईं है। सलवम जोगा, सलवम सुब्बा, सलवम रामा और सलवम लच्छी एक ही घर के थे, जिनकी मृत्यु अज्ञात कारणों से हुई। वहीं सलवम कन्ना, सलवम रत्तो और सलवम लच्छा एक ही घर के थे। मौसम रामा, मौसम सिंगा एक घर के थे, सलवम सुब्बा, कुंजा वीरा जैसे दर्जनों लोगों की मौत बिना किसी करण के हुई है। वहीं पोडियम सिलको ने बताया उनके घर के तीन बच्चे पोडियम रियांसी 2 महीने की थी, पोडियम सीको 6 महीने और पोडियम संतोष के 2 महीने के बेटे की भी किसी वजह से मौत हो गईहै।

गांव में महिला आबादी ज्यादा

लगातार कई लोगों की मौत के बाद अब गांव में 30 महिलाएं विधवा हो चुकी हैं। गांव में युवा पीढ़ी भी कम है। जब हमने पड़ताल की तो

पाया कि गांव में 63 प्रतिशत महिलाएं हैं। गांव की खेती से लेकर गाय चराने और महुआ बीनने से लेकर बाजार जाने तक का काम महिलाएं ही करती हैं। गांव में दोरला आदिवासी जनजाति के लोग निवासरत हैं।

हर मंगलवार को मौत..

पिछले तीन सप्ताह तक गांव में शोक का माहौल था। तीनों हफ्ते मगलवार के दिन ही लोगों की मौत की भी अजब कहानी सामने आई है। पहले मंगलवार को सलवम मुत्ता की शरीर दर्द के चलते मौत हों गई। उसके बाद वाले मंगलवार को पांडरूम नरैया की मौत पैर और घुटने दर्द के चलते हुई। उसके बाद के मंगलवार को कुंजाम मुकेश की 3 महिने की बेटी की मौत अज्ञात कारणों से हो गई। जिसके बाद आने वाले मंगलवार से पहले इतवार को ही गांव के लोगों ने शक और अंधविश्वास के चलते एक परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी। लेकिन महिने भर में हुई तीन मौतों के बाद भी स्वास्थ विभाग के कर्मियों ने इतकल गांव की ओर रुख नहीं किया। जबकि गांव से महज 4 किलोमीटर दूर ही बंढा गांव में अस्पताल है, जहां नर्स और डॉक्टर तैनात हैं।

जेनेटिकल प्रॉब्लम संभव

पड़ताल में एक बड़ी बात समाने आई है कि दोरला जनजाति में पारिवार के भीतर ही विवाह करने का चलन है। यानि परिवार के भीतर से ही वर वधु का चयन होता है और शादी कर दी जाती है। इससे वैज्ञानिक तौर पर यह भी कहा जा सकता है कि गांव में हो रही बच्चों की मौतों के पीछे जेनेटिकल प्रॉब्लम कारक हो सकती है।

गांव के लोगों ने पारिवारिक विवाह की बात बताई। गांव में ज्यादातर युवकों की शादी उनके रिश्तेदार यानि बहन की बेटी, मामा की बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों से हुई है। इसके मद्देनजर गांव में स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर प्राइमरी हेल्थ केयर सेवा प्रदाताओं को उचित शिक्षा और प्रशिक्षण देकर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों में अमूमन होने वाली सिज़ोफ्रेनिया, सिकालिन, निमोनिया जैसी बीमारियों से उन्हें बचा जा सके।

कुसुमकसा के पास चलती ट्रक में लगी आग

0

ब्रेकिंग न्यूज :- आज सुबह कुसुमकसा से लगी घ्रुवाटोला के पास चलती ट्रक में लगी आग । सूत्रों से मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक भानुप्रतापपुर की गाड़ी बताई जा रही हैं।ट्रक ओवरस्पिट के चलते ट्रक 2 बार पलटी होने के कारण ट्रक में आग लग गई । आग इतनी हैं की ट्रक की आगे का  हिस्सा पूरी तरह से जल कर राख हो रही हैं ।इसके चलते ट्रक ड्रावर अपनी जान बचाकर भागने में कामयाब हो गया । घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई ।

बस्तर दशहरा के लिए सिरहासार भवन में सम्पन्न हुआ डेरी गड़ाई पूजा विधान

0
  •  सांसद महेश कश्यप और अधिकारी रहे मौजूद =

जगदलपुर ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के लिए डेरी गड़ाई पूजा विधान सोमवार को सिरहासार भवन में आस्था और श्रद्धा के साथ पूरे उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। बाजे-गाजे के साथ पारम्परिक विधि-विधान से डेरी गड़ाई रस्म अदा की गई।

इस मौके पर बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष लक्ष्मण मांझी और कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर हरिस एस,अपर कलेक्टर सीपी बघेल, तहसीलदार एवं सचिव बस्तर दशहरा समिति रुपेश मरकाम तथा मांझी, चालकी, मेम्बर मेम्बरीन, पुजारी, सेवादार एवं बस्तर दशहरा समिति के सदस्यों के साथ ही बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने डेरी गड़ाई पूजा विधान में श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मीठ लबरा हावे जिला के एक झन बड़े अधिकारी बच के रहु नवा कलेक्टर साहब

0
  • गलती थी जिला पंचायत सीईओ की नप गए बेचारे बेकसूर कलेक्टर
  • सरकार के इस फैसले से हर कोई है हतप्रभ

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. के तबादले से हर कोई हैरान है। सरकार के फैसले पर लोग सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिस कथित गलती के लिए विजय दयाराम के. को बस्तर से हटाया गया है, उसके लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पूरी तरह जिम्मेदार हैं। हटाना सीईओ को था, लेकिन हटा दिए गए कलेक्टर। अब तो यहां लोग नए कलेक्टर को नसीहत दे रहे हैं कि ‘बड़ मिठलबरा हे जिला के बड़े अधिकारी, बचके रहू नवा कलेक्टर साहब।’

इस बात में कोई दो राय नहीं है कि कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बदलने का अधिकार सरकार को है, लेकिन बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. को जिस प्रकार मनरेगा में मानव दिवस सृजित नहीं करने का आरोप लगाते हुए हटाया गया वह किसी के गले नहीं उतर रहा है। जबकि इसके लिए सीधे- सीधे जिम्मेदार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सर्वे हैं। तत्कालीन कलेक्टरों को अपने मकड़जाल में फंसाने में माहिर इस अधिकारी से नए कलेक्टर हरीश एस. को बचने की जरूरत है।छत्तीसगढ़ में एक वाक्य है मीठ लबरा जिसका मतलब स्वीट पाईजन या चिकनी चुपड़ी और मीठी -मीठी बातें करने वाला। नए कलेक्टर को स्थानीय अधिकारी कर्मचारी भी कह रहें हैं कि अब्बड़ मिठलबरा हावे जिला के बड़े अधिकारी बच के रहु नवा कलेक्टर साहब। नगरीय निकाय की तरह जिला पंचायत भी स्वतंत्र निकाय मानी जाती है। जिले की ग्राम व जनपद पंचायतों से जुड़े सारे काम सीधे तौर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित होते हैं। राष्ट्रीय रोजगार गारंटी के कार्य भी जिला पंचायत सीईओ की ही निगहबानी में संपादित होते हैं। यानि रोजगार मानव दिवस सृजित करने की जवाबदेही भी पूरी तरह जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की होती है। ऐसे में इसके लिए कलेक्टर को जिम्मेदार कैसे ठहराया जा सकता है। पंचायतों, रोजगार गारंटी, गांवों में कराए जाने वाले कार्यों की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति के सारे अधिकार जिला पंचायत सीईओ के पास ही होते हैं। स्व सहायता समूह की बात करें या प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण, मनरेगा जैसे काम कराने की जिम्मेदारी उनकी होती है लेकिन मनरेगा व प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य में बस्तर जिला फिसड्डी रहा है। यह हम नहीं कह रहे ब्लकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कलेक्टर कांफ्रेंस में यह गड़बड़ी पकड़ी और इसके नाम पर बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. को हटा दिया गया जबकि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सर्वे इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। ज्ञात हो कि तत्कालीन कांग्रेस पार्टी की सरकार में स्व सहायता समूह को फंड आबंटित करने के दौरान यह अफसर नेताओं में झगड़ा करा बैठे तथा स्थानीय नेताओं ने कलेक्टर विजय दयाराम को कोप भाजन बनाया था। तो अब इसी जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के चक्रव्यूह में फंसे कलेक्टर विजय दयाराम का राज्य सरकार ने बलि का बकरा बना दिया। इसीलिए नागरिक और अधिकारी कर्मचारी नवागत कलेक्टर हरिस एस. को मिठलबरा यानि स्वीट पॉयजन इस अधिकारी से सचेत रहने के लिए आगाह कर रहे हैं।

बस्तर के नए कलेक्टर हरिस एस ने किया पदभार ग्रहण

0

जगदलपुर बस्तर ज़िले के नव पदस्थ कलेक्टर हरीस एस ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर हरिस एस 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे सुकमा कलेक्टर के रूप में पदस्थ रहें है।

पदभार ग्रहण करने के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। नए कलेक्टर ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी, संयुक्त कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर हीरा, उप संचालक जनसंपर्क कमल बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मेडिकल कॉलेज डिमरापाल प्रबंधन ब्लैक लिस्टेड कंपनी बीएसईएस पर मेहरबान

0
  • चित्रकोट विधायक गोयल ने आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को लिखा पत्र

मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में फिर ब्लैक लिस्टेड कंपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है जिसके खिलाफ विधायक चित्रकोट विनायक गोयल ने आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग जनक पाठक को पत्र प्रेषित कर बाहरी कंपनी को दूर करने की मांग किया है।

आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को लिखे पत्र में विधायक विनायक गोयल ने कहा है कि आपके विभाग के अधीन मेरे विधानसभा क्षेत्रांतर्गत संचालित मेडिकल कॉलेज / अस्पताल डिमरापाल में सुरक्षा कार्य संचालन हेतु अधिष्ठाता कार्यालय द्वारा टेण्डर प्रक्रिया 02/07/2024 को पूर्ण किया जाकर बीआईएस कम्पनी, बम्बई (महाराष्ट्र) को कार्य दिया गया है घोषित किया गया है उक्त कंपनी पूर्व में ब्लैक लिस्टेड है जिसकी जानकारी विगत 10 वर्षों से कार्यरत सुरक्षा कर्मियों (महिला/पुरुष) द्वारा मेरे निवास कार्यालय में समक्ष भेंट कर सूचित किया गया है।

 

वर्तमान में कार्यरत समस्त पुराने सुरक्षा कर्मियों द्वारा सरकारी धनराशि गबन दोषी एवं ब्लैकलिस्ट घोषित रही बीआईएस कम्पनी, बम्बई (महाराष्ट्र) के संचालक डीजीएम हर्षलाल द्विवेद्वी जो कि हमारे मेडिकल कॉलेज / अस्पताल डिमरापाल, जगदलपुर में विगत 5 माह (दिनांक 01/06/2023 से 25/10/2023 तक) सुरक्षा कार्य का टेण्डर लिया जाकर कार्यरत सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र, अश्लील व्यवहार एवं सुरक्षा गार्ड नौकरी हेतु राशि वसूली जैसे भयाक्रांत होकर समुचित न्याय दिलाने हेतु निवेदन किया है।

गोयल ने कहा है कि आपके अवलोकन हेतु हर्षलाल द्विवेद्वी डीजीएम बाबत् बालाजी सुरक्षा कंपनी इन्दौर (म.प्र.) के मा० उच्च न्यायालय बिलासपुर पारित तिथि 20/10/2023 एवं गृह मंत्रालय रायपुर परिपत्र 27/09/2023 तथा संबंधित के पूर्व एवं वर्तमान में बीआईएस कम्पनी, बम्बई (महाराष्ट्र) के बतौर डीजीएम को माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर (म.प्र.) द्वारा पारित तिथि 12/09/2019 में शासकीय धनराशि गबन के प्रकरण में अपराधिक क्रमांक 256/2019 में अग्रीम जमानत खारिज किया गया है। उक्त कंपनी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल डिमरापाल में कार्यादेश दिया गया है जिसको रोका जाए।

इस्पात मंत्री स्पष्ट करें प्लांट नीलामी का जायजा लेने या मोदी की गारंटी पूरी करने आए हैं बस्तर :जावेद खान

0
  •  विनिवेशीकरण की सूची में अब भी नगरनार इस्पात संयंत्र का है नाम

जगदलपुर केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी के बस्तर प्रवास और नगरनार इस्पात संयंत्र के निरीक्षण को लेकर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने सवाल दागते हुए पूछा है कि बस्तर की जनता इस्पात मंत्री के बस्तर दौरे को लेकर चिंतित है और बड़ी उम्मीद भी लगाए बैठी है। बस्तर की जनता चिंतित इसलिए है कि क्या विनिवेशीकरण की तैयारियों का जायजा लेने इस्पात मंत्री बस्तर आए हैं? या फिर जो उम्मीद और वादा करके चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह गए थे कि नगरनार इस्पात संयंत्र बस्तर के लोगों का है और इसका निजीकरण नहीं किया जाएगा उस वादे को पूरा करने विनिवेशीकरण की सूची से नगरनार इस्पात संयंत्र का नाम हटाने वे बस्तर आए हैं? आज उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए क्योंकि बस्तर की जनता यह जानना चाहती है।

जावेद ने कहा कि बस्तर की जनता के अंदर भय और भ्रम का माहौल है। कुछ दिन पूर्व मीडिया के माध्यम से यह बात निकल कर आई थी कि इस्पात मंत्रालय नगरनार इस्पात संयंत्र के निजीकरण की तैयारी पूरी कर चुका है और प्लांट की 50.79 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में है। इसके लिए वह पीएमओ की हरी झंडी का इंतजार कर रहा है। जावेद ने कहा भाजपा मोदी की गारंटी देकर चुनाव में वोट बटोरती है और वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में बस्तर की जनता ने मोदी की गारंटी पर भरोसा करके दोबारा केंद्र तथा छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। ऐसे में यदि मोदी की गारंटी जो नगरनार इस्पात संयंत्र को लेकर है उसे पूरा नहीं किया गया तो यह कृत्य बस्तर की जनता के साथ भाजपा का सबसे बड़ा छल होगा। जावेद खान ने बस्तर सांसद महेश कश्यप से भी मांग करते हुए कहा है कि जब-जब कांग्रेस कहती है कि मोदी सरकार नगरनार इस्पात संयंत्र को बेचना चाहती है तो सांसद कहते हैं कांग्रेस भ्रम फैला रही है। आज सांसद बस्तर के पास एक सुनहरा अवसर है कि वे इस भ्रम को हमेशा के लिए खत्म करवाएं, केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमार स्वामी से लिखित में नगरनार इस्पात संयंत्र के विनिवेशीकरण पर रोक लगाने का आदेश जारी करवाएं, विनिवेशीकरण की सूची से नगरनार स्टील प्लांट का नाम हटवाएं। जैसे विनिवेशीकरण की सूची से दुर्गापुर के एलाॅय प्लांट का नाम हटाया गया, इसी प्रकार नगरनार इस्पात संयंत्र का भी नाम उक्त सूची से पृथक करने का आदेश जारी करवाएं और इसे सार्वजनिक कर बस्तर की जनता के सामने लगातार खोते हुए विश्वास को दोबारा कायम करें। जावेद ने कहा कि बस्तर की जनता अब नगरनार इस्पात संयंत्र को लेकर किसी भी तरह के मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं होने वाली। बस्तर की जनता अब किए हुए चुनावी वादे को पूरा करने की मांग कर रही है। यदि बस्तर सांसद इस्पात मंत्री से लिखित में आदेश लेने असमर्थ होते हैं तो नगरनार इस्पात संयंत्र को लेकर कांग्रेस और बस्तर की जनता से माफी मांगते हुए इस मामले में अपनी व्यक्तिगत स्थिति स्पष्ट करें कि वो नगरनार संयंत्र को बेचने वालों की तरफ हैं या बचाने वाले बस्तरवासियों के साथ खड़े होंगे।

कांग्रेस परिवार ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस का किया भव्य स्वागत

0
  •  प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है ईद मिलादुन्नबी का पर्व: सुशील मौर्य
  • पैगंबर मोहम्मद साहब ने समानता और सद्भाव पर दिया जोर: रेखचंद जैन 

जगदलपुर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के पर्व ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा निकाले गए जुलूस का बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन और कांग्रेस परिवार द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य व पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने परचम कुशाई में शामिल होकर शहर काजी, इमामों एवं सदर को ईद मिलादुन्नबी की बधाई दी एवं शहर में अमन चैन व समृद्ध की कामना की।

इस दौरान शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने मुस्लिम समाज को ईद मिलाद उन नबी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि ईश्वर ने हजरत मोहम्मद साहब को समाज में व्याप्त बुराई को खत्म करने के लिए धरती पर भेजा था, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में फैले अंधकार और बुराइयों को खत्म करना था। हजरत मोहम्मद साहब ने मानवता को एक नई दिशा दिखाई और समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने हमें सिखाया कि कैसे जीवन को सही तरीके से जीना है, कैसे दूसरों के साथ प्रेम और करुणा का व्यवहार करना है, और कैसे ईश्वर की इबादत करनी है।आज के दिन हमें उनके संदेश को याद करना चाहिए और उनके बताए हुए रास्ते पर अमल कर चलना चाहिए। हमें हजरत मोहम्मद साहब को याद कर उनके संदेश को सदैव अपने जीवन में उतारना चाहिए। परचम कुशाई के दौरान पूर्व विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन ने पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन पर मैं समाज प्रमुखों सहित समस्त मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। पैगंबर मोहम्मद साहब ने हमें प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों को दूसरों के प्रति दयालु होने और मानवता की सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मतभेदों को भूलकर एक दूसरे के साथ मिलकर रहें।पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाएं आपकी जिंदगी में रोशनी फैलाएं हम पवित्र कुरान की पवित्र शिक्षाओं को पूरी पवित्रता से आत्मसात करें और एक शांतिपूर्ण समाज बनाने का संकल्प लेते हुए पैगम्बर मोहम्मद साहब के बताए हुए रास्ते पर अमल कर उनके संदेश को अपने जीवन में उतारने का कार्य करें। पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाएं हमें हमेशा इंसानियत का पाठ पढ़ाती रहें। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमजीत जसवाल, रविशंकर तिवारी, गौरनाथ नाग, राजकुमार दंडवानी, पार्षद राजेश राय, सूर्यपानी, अमरनाथ सिंह, ज़ाहिद हुसैन, निकेत झा, शादाब अहमद सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

MOST POPULAR

HOT NEWS