City Media - Page 16 of 1840 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 16

बस्तर की विकास का रास्ता बनेगा एनएच 130 डी: मंत्री केदार कश्यप

0

गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण पर सरकार का फोकस

बस्तर की कनेक्टिविटी को नई गति देगा राजमार्ग

नारायणपुर वन मंत्री केदार कश्यप ने आज गढ़बेंगाल चौक से कोंडागांव तक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-डी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह मार्ग बस्तर क्षेत्र की जीवनरेखा है, जो कोंडागांव सहित आसपास के क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधा, व्यापारिक गतिविधियों और विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करना प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण की वर्तमान प्रगति, पुल-पुलियों और अन्य अधोसंरचना कार्यों की जानकारी दी।

मंत्री केदार कश्यप ने निर्देश दिए कि बरसात के पूर्व अधिकतम कार्य पूर्ण किया जाए ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी के पूर्ण होने से बस्तर क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी।वनमंत्री श्री कश्यप ने कहा कि सुशासन की सरकार प्रदेश में मजबूत और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सड़कें आवागमन का माध्यम के साथ विकास और समृद्धि का आधार हैं।

बस्तर में परिवहन व्यवस्था की की कमर तोड़ देगा मोदी का फरमान: रेखचंद जैन

0

बढ़ती मंहगाई को लेकर अभी से सशंकित हैं लोग

पूर्व विधायक जैन ने बताया तुगलकी फरमान

जगदलपुर पूर्व विधायक व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने प्रधानमंत्री मोदी के फरमान को तुगलकी फरमान की संज्ञा देते कहा है कि इसमें बस्तर जैसे क्षेत्र की पूरी तरह से अनदेखी की गई है। जैन के अनुसार भाजपा 2017 – 18 में बस्तर की लाइफ लाइन माने जाने वाले परिवहन संघ के कार्यालय पर ताला जड़ चुका है। इसके पदाधिकारियों को घरों से उठाकर जिस प्रकार प्रताड़ित किया गया था, उसे न तो पदाधिकारी, न ही उनके परिजन और न ही संघ के सदस्य भूल पाए हैं।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा- बस्तर परिवहन संघ को बस्तर की लाइफ लाइन इसलिए कहा जाता है कि यहां का पूरा कारोबार इसी पर निर्भर है। अब प्रधानमंत्री मोदी के फरमान ने परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की नींद उड़ा दी है। ट्रकों के लिए डीजल की अधिकतम सीमा के निर्धारण ने मुसीबतों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। लोगों में यह भय भी व्याप्त हो गया है कि प्रधानमंत्री की घोषणाओं से आगामी दिनों में मंहगाई बढ़ जाएगी क्योंकि बस्तर संभाग के सातों जिलों में माल की ढुलाई मुख्य रूप से ट्रकों के माध्यम से होती है। श्री जैन ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रयास से 2018-19 में परिवहन संघ कार्यालय का ताला खोला गया था, तब जाकर इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत मिली थी।

फ्यूल दरों ने तोड़ी कमर

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा है कि महंगाई की मार पहले से ही जनता पर पड़ रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फरमान भी जनता को रुला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में पेट्रोल -डीजल के रेट में बढ़ोतरी का असर दिख रहा है। परिवहन यहां घाटे का व्यवसाय बन रहा है। आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से जनता कराह रही है, तो मोदी मंत्रिपरिषद के सदस्य ढोंग में जुटे हैं और प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा पर जनता को ठेंगा दिखाते निकल पड़े हैं।

मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा है कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी हर मोर्चे पर फेल साबित हो रहे हैं। प्रत्येक फेल के लिए खाड़ी युद्ध को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। बात चाहे मोदी के हाल के फरमान हों, या नीट परीक्षा पेपर लीक का मामला हो। लोगों को यह बताया जाना चाहिए कि आखिर रुपये डॉलर के मुकाबले ठहर क्यों नहीं रहा है? इसके संकेत खाड़ी युद्ध के पहले ही मिल गए थे। लोगों को यह बताया जाना चाहिए कि प्रधानमंत्री ने मंहगाई रोकने कौन से उपाय किए हैं ? जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी वैसे भी फेल हो गई है। राज्य में विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा ने अपने संकल्प पत्र को मोदी की गारंटी के नाम से प्रचारित किया था। इसके कई प्रावधान अब भी लागू होने की बाट जोह रहे हैं।

वट सावित्री व्रत पर उमड़ी आस्था, सुहागिन महिलाओं ने मांगा अखंड सौभाग्य

0

धर्ममय रहा पूरे बस्तर जिले का वातावरण

जगदलपुर

बस्तर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वट सावित्री व्रत श्रद्धा, विश्वास और भारतीय संस्कृति के उत्सव के रूप में मनाया गया। पल्लीभाटा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में सुहागिन महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ वट वृक्ष की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।

सुबह से ही वट वृक्षों और मंदिर परिसरों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने पूजा की थालियों के साथ वट वृक्ष की परिक्रमा की तथा रक्षा और सौभाग्य के प्रतीक धागे बांधे। इस दौरान महिलाओं ने सावित्री और सत्यवान की कथा का श्रवण कर वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पूजा स्थलों पर भजन, कीर्तन, मंत्रोच्चार और सामूहिक आराधना से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

महिलाओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ व्रत रखकर परिवार की खुशहाली और वैवाहिक जीवन में सुख शांति की मंगल कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प, तप और प्रेम के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। इसी विश्वास और परंपरा के तहत सुहागिन महिलाएं हर वर्ष वट सावित्री व्रत रखती हैं। इस पर्व ने बस्तर अंचल में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और पारिवारिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

तीन मजदूरों की मौत के मामले में ठेकेदार और बीएसपी प्रबंधन पर केस दर्ज

0

बीएसपी के एजीम और डीजीएम किए गए सस्पेंड

दल्लीराजहरा नगर के फुटबॉल ग्राउंड चौक स्थित दास पान ठेला के पास तीन दिन पूर्व सीवरेज खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से हुई तीन मजदूरों की मौत के मामले में राजहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले निर्माणकर्ता ठेकेदार और बीएसपी प्रबंधन राजहरा के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वही घटना के दूसरे दिन ही बीएसपी प्रबंधन ने अपने दो अधिकारी डीजीएम नगर प्रशासक मंगेश सेलकर एवं एजीएम रमेश हेड़उ को कार्य मे लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया है।

12 मई को फुटबॉल ग्राउंड के पास सीवरेज लाइन निर्माण के लिए करीब 10 से 12 फीट गहरी खुदाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और काम कर रहे तीन मजदूर बैसाखीन बाई 50 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 2 , किशुन सोरी 54 वर्ष निवासी वार्ड 7 टीचर कालोनी और राकेश दास मानिकपुरी ग्राम भैसबोड़ दब गए। समय पर रेस्क्यू न होने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगभग 5 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात करीब 11 बजे तीनों शवों को बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू के दौरान सांसद भोजराज नाग, एसपी योगेश पटेल, फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस, समाजसेवी जुटे रहे। घटना के बाद परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर अस्पताल के सामने धरना दिया था।

सामने आई घोर लापरवाही

उच्च अधिकारियों के निर्देश की गई जांच में सामने आया कि ठेकेदार ने बिना साइड वॉल सपोर्ट और शोरिंग के गहरी खुदाई कराई थी। मौके पर न तो सेफ्टी ऑफिसर था, न मजदूरों को हेलमेट, जैकेट या सेफ्टी बेल्ट दिए गए थे। बीएसपी प्रबंधन पर आरोप है कि काम शुरू कराने से पहले सुरक्षा मानकों की जांच नहीं की गई और ठेकेदार को मनमानी करने दी गई। राजहरा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माणकर्ता ठेकेदार और बीएसपी प्रबंधन राजहरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) , धारा 289 एवं 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

परिजनों को मिलेगी मदद

मृतकों के परिजनों द्वारा शवों को लेने से इंकार करने के बाद प्रशासन ने त्रिपक्षीय बैठक आहूत की थी। बैठक में ठेकेदार द्वारा पीड़ितों को साढे पांच पांच लाख रुपए मुआवजा, प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को ठेका श्रमिक रूप में नौकरी तथा बीएसपी द्वारा पचास पचास हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था। तब जाकर उनके द्वारा हड़ताल समाप्त किया गया। मजदूरों से बिजनू राम भारद्वाज द्वारा ठेके पर कार्य कराया जा रहा थ।

वर्सन

बढ़ सकती हैं धाराएं

अभी मममले की जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर धाराएं और बढ़ाई जा सकती हैं।

खबर छपते ही जाग उठा बस्तर का खनिज विभाग

0

खनिज माफिया पर कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जप्त

जगदलपुर हमारे समाचार पत्र ने खबर प्रकाशित की और बस्तर जिले का खनिज महकमा जाग उठा। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के हौसले पस्त करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशों के बाद जिला खनिज जांच दल ने ग्राम बड़े आमाबाल के हल्दीमारी एवं पालबहार क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में शनिवार को की गई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस छापामार कार्रवाई के दौरान खनिज अमले ने मौके से गौण खनिज रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा। इसके साथ ही उत्खनन स्थल से भारी मात्रा में अवैध खनन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्रियां भी बरामद की गईं, जिसमें 15 नग रापा और 13 नग तगाड़ी शामिल हैं। जांच दल द्वारा पकड़े गए वाहनों में दो ट्रैक्टर शामिल हैं, जो बिना किसी वैध दस्तावेज के रेत का परिवहन कर रहे थे। खनिज अमले ने रेत से लदे इन दोनों वाहनों को सामग्री सहित जब्त कर तुरंत पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया है और वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई को जिला खनिज जांच दल के प्रभारी व खनिज निरीक्षक अंकित पुरी तथा खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे ने मौके पर रहकर अंजाम दिया। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इन पकड़े गए मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। खनिज अधिकारी ने इस संबंध में सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जिले के खनिज ठेकेदारों और खनिज परिवहनकर्ताओं को पूर्व में भी सचेत किया गया था कि बिना अभिवहन पास के खनिजों का परिवहन करना दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले अवैध परिवहनकर्ताओं एवं उत्खननकर्ताओं के विरूद्ध पुनः इसी प्रकार का कृत्य करने पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री छिकारा के निर्देशानुसार बस्तर जिले में प्राकृतिक संपदा की चोरी रोकने और अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए खनिज अमले द्वारा विशेष अभियान चलाकर आगे भी इसी तरह निरंतर जांच की जाती रहेगी।

पति की लंबी आयु के लिए सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत

0

दंतेवाड़ा चितालूर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया वट सावित्री पर्व

जगदलपुर बस्तर संभाग में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पति की दीर्घायु, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर सुहागिनों ने निर्जला उपवास रखा और सुबह से ही बरगद के पेड़ की पूजा-अर्चना की।दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में महिलाओं ने सुबह स्नान कर पारंपरिक वेशभूषा में वट वृक्ष के नीचे इकट्ठा होकर विधि-विधान से पूजा की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ज्येष्ठ मास की अमावस्या के दिन माता सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प और तर्क से यमराज को प्रसन्न कर पति सत्यवान के प्राण वापस पाए थे। उसी परंपरा को निभाते हुए महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी।पूजा के दौरान महिलाओं ने बरगद की जड़ में जल, सिंदूर, अक्षत और फल-फूल अर्पित किए। मान्यता है कि बरगद के पेड़ में ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवों का वास होता है। इसकी लंबी उम्र और गहरी जड़ें पति-पत्नी के अटूट रिश्ते का प्रतीक मानी जाती हैं।स्थानीय मंदिरों और घरों में भी सावित्री-सत्यवान की कथा का आयोजन हुआ। शाम को पूजा संपन्न होने के बाद महिलाओं ने जल ग्रहण कर व्रत खोला। दंतेवाड़ा के चितालूर में हर साल की तरह इस बार भी वट सावित्री व्रत को लेकर सुहागिनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

घोटालों से ध्यान भटकाने समय -समय पर करते रहते हैं प्रोपोगेंडा: जहीरुद्दीन

0

तथाकथित पैरोकारों की बातें मनगढ़ंत, बेबुनियाद

जगदलपुर अंजुमन ईस्लामिया एडहॉक कमेटी के सदर व अध्यक्ष डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने कहा है कि हाल ही में कुछ व्यक्तियों द्वारा स्वयं को आम मुस्लिम समाज का प्रतिनिधि बताते हुए आयोजित प्रेस वार्ता एवं विभिन्न माध्यमों से प्रसारित बयानों में अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी, जगदलपुर तथा छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के संबंध में अनेक भ्रामक, तथ्यहीन एवं विधिक रूप से असत्य आरोप लगाए गए हैं। उक्त परिस्थितियों में वास्तविक तथ्यों को समाज एवं जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत करना आवश्यक हो गया है। डॉ. जहीरूद्दीन ने कहा कि पत्रकार वार्ता हेतु समाज की ओर से प्रतिनिधित्व करने हेतु समाज द्वारा तथाकथित आम मुस्लिम जमात के पैरोकारों को अधिकृत नहीं किया गया था। इनमें से एक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अनुषांगिक संगठन भारतीय युवा कांग्रेस का तत्कालीन राष्ट्रीय प्रवक्ता है और दुसरा आप पार्टी के सदस्य हैं और तीसरा एनएसयूआई के तत्कालीन सदस्य हैं। एक किरदार और हैं, जो तीन दुकानें किराये पर लिए हुए हैं। इन लोगों ने अपने निजी स्वार्थ वश प्रेस वार्ता की है। ऐसा प्रतीत होता है कि ये लोग राजनीतिक मंशा से यह कार्य कर रहें हैं। डॉ. जहीरुद्दीन के मुताबिक उक्त पैरोकारों के एक -एक दावे दिग्भ्रमित करने वाले हैं अतः वास्तविक बातों को सामने रखना अंजुमन इस्लामिया कमेटी की जिम्मेदारी व जवाबदेही है। जहीरूद्दीन ने आगे कहा कि तथाकथित पैरोकारों की बातों के दावे तर्कसंगत नहीं हैं। कमेटी पैरोकारों की बातों का खंडन करती है। एडहॉक कमेटी का गठन पूर्णतः वैधानिक एवं विधिसम्मत है। कमेटी का गठन राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा अपने वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए विधि सम्मत ढंग से किया गया है। अतः कमेटी द्वारा किया जा रहा समस्त प्रशासनिक एवं संस्थागत कार्य पूर्णतः वैध एवं अधिकृत है। किसी वैधानिक रूप से गठित समिति को बंधक समिति कहना न केवल भ्रामक एवं गैर-जिम्मेदाराना वक्तव्य है, बल्कि यह वक्फ बोर्ड जैसी संवैधानिक संस्था की गरिमा एवं अधिकार क्षेत्र पर भी अनावश्यक प्रश्नचिन्ह लगाने का प्रयास है। डॉ जहीरूद्दीन ने आगे बताया कि एडहॉक कमेटी को प्रारंभिक रूप से सीमित अवधि हेतु दायित्व सौंपा गया था, किंतु कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत यह पाया गया कि पूर्व कमेटियों द्वारा आवश्यक अभिलेख एवं वित्तीय दस्तावेज विधिवत हस्तांतरित नहीं किए गए। विशेष रूप से कैश बुक, बिल-वाउचर रसीद बुक लेखा विवरण, बैंकिंग अभिलेख, वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

ऐसी स्थिति में बिना अभिलेखों के किसी भी चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संस्था के हित, विधिक प्रक्रिया एवं पारदर्शिता तीनों के प्रतिकूल होता। इसी कारण जांच एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। आज भी दस्तावेज नहीं दिये गये जिससे कमेटी का कार्य प्रभावित हो रहा है। राज्य वक्फ बार्ड द्वारा दस्तावेज प्राप्त करने हेतु कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर द्वारा पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच लंबित रहते हुए एवं अभिलेख अधूरे होने की स्थिति में चुनाव प्रक्रिया को तत्काल संपन्न करना विधिक दृष्टि से उचित नहीं माना गया। दस्तावेज जांच में नहीं देने पर अभी जांच प्रभावित है। तत्कालीन जांच कमेटी द्वारा 3 साल 8 महीने में करोड़ों का लेन-देन नगद में किया गया है जो कि वितिय अनियमितता की श्रेणी में आता है। पूर्व कमेटी के सदर सलीम रजा द्वारा अंजुमन कमेटी की राशि 3 करोड़ 58 लाख गबन करने के फलस्वरूप एफआईआर दर्ज हुई थी और प्रकरण न्यायालय में लंबित है। यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व कमेटियों से संबंधित कुछ गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक शिकायतें वर्तमान में न्यायालयीन एवं जांच स्तर पर विचाराधीन हैं। ऐसे समय केवल चुनाव का मुद्दा उठाकर मूल शिकायतों एवं जवाबदेही के प्रश्नों से ध्यान हटाने का प्रयास किया जाना संदेह उत्पन्न करता है। यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि पूर्व कमेटियों से जुड़े कुछ मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया प्रचलित है तथा संबंधित विषयों पर जांच एवं कानूनी कार्यवाही जारी है। ऐसी स्थिति में लगातार प्रेसवार्ता, जनभावनाओं को प्रभावित करने वाले बयान एवं अपूर्ण तथ्यों का सार्वजनिक प्रसारण न्यायिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास माना जा सकता है। डॉ. जहीरुद्दीन ने कहा है कि छग राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज से संबंधित जो वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित किया जा रहा है, उसके संबंध में यह जानकारी प्राप्त हुई है कि उक्त वीडियो को कथित रूप से कांट-छांट कर अधूरा एवं भ्रामक रूप में प्रस्तुत किया गया। यदि किसी व्यक्ति के बयान को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत कर समाज में तनाव, भ्रम अथवा वैमनस्य उत्पन्न करने का प्रयास किया जाता है तो यह गंभीर विधिक विषय है।उन्होंने कहा कि वर्तमान एडहॉक कमेटी का उद्देश्य किसी पद पर बने रहना नहीं है बल्कि संस्था की प्रशासनिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना, वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करना, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा करना, लंबित अभिलेख प्राप्त करना, संस्थागत जवाबदेही स्थापित करना तथा विधिसम्मत प्रक्रिया के अंतर्गत चुनाव सुनिश्चित करना है। वर्तमान परिस्थितियों में जबकि वित्तीय अभिलेखों का सत्यापन लंबित है, जांच समिति कार्यरत है, पूर्व वित्तीय मामलों की समीक्षा जारी है, तथा वक्फ संपत्तियों से जुड़े विषय परीक्षणाधीन हैं, ऐसे समय संस्था में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी उ‌द्देश्य से एडहॉक कमेटी वर्तमान में व्यवस्था संचालन कर रही है, ताकि संस्था की संपत्तियों, दस्तावेजों एवं प्रशासनिक संरचना को सुरक्षित रखा जा सके। संस्था की संपत्तियों एवं अभिलेखों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, तथा समाजहित एवं पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है।

समाज से कमेटी की अपील

अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी ने मुस्लिम समाज से अपील की है कि वे अपुष्ट आरोपों, भ्रामक बयानों एवं अफवाहों पर विश्वास न करें तथा सामाजिक सौहार्द, भाईचारा, शांति एवं संस्थागत मर्यादा बनाए रखें। समाज एवं संस्था दोनों के हित में यह आवश्यक है कि जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूर्ण होने दिया जाए तथा विधिसम्मत प्रक्रिया का सम्मान किया जाए। डॉ. सलीम राज ने भी अंजुमन एडहॉक कमेटी कि तारीफ की है कि इनके द्वारा खाता खुलवा कर केशलेस अंजुमन बनाया गया जो कि छत्तीसगढ़ का पहला अंजुमन है। मुस्लिम समाज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डॉ. सलीम राज एवं विधायक किरण देव सिंह का आभार प्रकट करता है और सहयोग की अपेक्षा करता है।

बस्तर के बकावंड ब्लॉक ग्राम पंचायत बनिया गाँव आश्रित ग्राम बेलगाँव धड़ले हो रही हैं अवैध रेत खनन जारी, रेत माफिया दे रहे प्रशासन को खुली चुनौती

0

जगदलपुर बकावंड ब्लॉक के ग्राम पंचायत बानिया गांव के आश्रित ग्राम बेलगांव में रेत माफिया द्वारा अवैध रेत खनन,का सिलसिला जारी है। आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के नदी-नालों से रेत का उत्खन कर ट्रैक्टरों बड़ी मात्रा से परिवहन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास भारी भरकम रेत माफिया ले रहें राशि बिना फिट पास रायल्टी 700 रूपये, लेवरो को दिया जा रहा हैं रेत भरने के लिए 300 रूपये स्थानीय लोगों के अनुसार, रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर चालकों और ग्रामीणों से ₹1000 प्रति ट्रैक्टर की दर से जबरन वसूली की जा रही है।

प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रैक्टर अवैध तरीके से रेत ले जाते हैं, जिससे शासन को रॉयल्टी के रूप में लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर द्वारा अवैध खनन वाले स्थानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर अवैध खन पर रोक लगाए जाऐ दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करें,

बकावंड में फिर सक्रिय हो गए रेत माफिया, रोज सौ ट्रिप रेत की निकासी

0

प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं रेत तस्कर, लाखों के राजस्व की क्षति

अर्जुन झा

बकावंड बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनियागांव आश्रित ग्राम बेलगांव में फिर धड़ल्ले से रेत खनन और परिवहन का खेल खुलेआम शुरू हो गया है। प्रशासन को रेत माफिया खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बानियागांव के आश्रित ग्राम बेलगांव में रेत माफिया द्वारा अवैध रेत खनन का सिलसिला जारी है। आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के नदी-नालों से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए बड़ी मात्रा से परिवहन किया जा रहा है।प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से ये रेत माफिया भारी भरकम राशि लेकर रेत उपलब्ध करा रहे हैं। बिना पिट पास और रायल्टी अदा किए 700 रूपए में एक ट्रॉली रेत बेच रहे हैं। वहीं मजदूरों को एक ट्रॉली रेत भराई की मजदूरी 300 रूपए ये लोग देते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेत माफियाओं द्वारा ट्रैक्टर चालकों और ग्रामीणों से 1 हजार रुपए प्रति ट्रिप की दर से जबरन वसूली की जा रही है। प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉली रेत की अवैध निकासी इन दोनों गांवों की नदियों से की जा रही है। इससे शासन को रॉयल्टी के रूप में लाखों रुपयों के राजस्व का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर द्वारा अवैध खनन वाले स्थानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा ने कसी कमर

0

बैठकें कर भाजपा बना रही है ठोस रणनीति

प्रत्याशी चयन व चुनाव की रुपरेखा पर चर्चा

नगर निगम में 1 पार्षद पद और ग्रामीण क्षेत्रों में 25 पंच पदों हेतु उप चुनाव

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी जिले के नगर निगम क्षेत्र व पंचायत क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव में प्रत्याशी चयन सहित चुनावी तैयारियों को लेकर जुटी हुई है। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घोषित उप चुनाव की रुपरेखा व प्रत्याशियों के चेहरे तय करने को लेकर पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद हेतु और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 25 पंच पद हेतु उपचुनाव होना है।

ग्रामीण क्षेत्र बकावणड में 11, बस्तर में 6, जगदलपुर में 2, लोहंडीगुड़ा में 2, तोकापाल में 2 व दरभा में 02 रिक्त पंच पदों के लिए उपचुनाव होने हैं। भाजपा जिला कार्यालय में संपन्न हुई बैठक में शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्याशी चयन पर विचार विमर्श किया गया और भाजपा के पक्ष में चुनाव परिणाम लाने के लिए रणनीति बनाकर परिश्रम करने कहा गया। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से उपचुनाव को बड़ी गंभीरता से लेने कहा व भाजपा की विजय सुनिश्चित करने समवेत प्रयास करने कहा। बैठक में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, परिस बेसरा, सफीरा साहू, ललिता बघेल, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, संतोष बघेल, सोनबारी भद्रे, बसंत कश्यप, मनीराम कश्यप, अतुल सिम्हा आदि मौजूद रहे।

MOST POPULAR

HOT NEWS