नवनियुक्त कर्मचारी अधिकारी कल्याण संघ नगरीय निकाय छत्तीसगढ़ के आहवान पर नगर पालिका दल्ली राजहरा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 13 जुलाई से रायपुर के तूता में शुरू होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल होने की घोषणा कर दी है lइस संबंध में कर्मचारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी को ज्ञापन सूचना पत्र सौंपते हुए आंदोलन में शामिल होने की जानकारी दीl नगरीय निकाय कर्मचारियों की पांच लंबित मांग प्रति माह 1तारीख को ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, ओल्ड पेंशन लागू करने के संबंध में, पदोन्नति तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के लिए नया सेटअप स्वीकृत हो,सातवां वेतनमान का एरियस लंबित राशि का तुरंत भुगतान हो एवं एनपीएस जीएफ की कटौती राशि खातों में तुरंत जमा हो आदि मांगों को लेकर प्रदेश में प्रस्तावित आंदोलन को नगर पालिका दल्ली राजहरा नगरीय निकाय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष गोविंद साहू, स्थानीय अध्यक्ष पंकज चंद्राकर एवं महामंत्री सुनील ताराम के नेतृत्व में बड़ा समर्थन मिला हैl जिला अध्यक्ष गोविंद साहू ने बताया कि कर्मचारीयों की पांच सूत्रीय मांग लंबे समय से लंबित है लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है इसके विरोध में प्रदेश भर के नगरीय निकाय कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हुए हैंl संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी,प्रदेश सचिव ऋषभ ठाकुर के नेतृत्व में संचालित इस आंदोलन में जिले के सभी नगरीय निकाय अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगेl कर्मचारियों ने प्रशासन से आंदोलन में शामिल होने के लिए मुख्यालय छोड़ने की अनुमति देने का भी अनुरोध किया हैl कर्मचारी संगठनों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा ऐसे में हड़ताल का सीधा असर नगरीय निकायों की दैनिक कार्य प्रणाली और नागरिक सुविधाओं पर पड़ सकता है सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, राजस्व कार्य और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित होगीl मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी को ज्ञापन देने गोविंद राम साहू, पंकज चंद्राकर, सुनील तारम रामगोपाल चंद्राकर, मनोज साहू, इंद्र यादव, धनसाय ठाकुर, निर्भय राम नरेटी, सुशील टंडन, अब्दुल कलीम, धरमू बक्शी, चित कुमार कुर्रे, परदेसी राम, नारायण सिंह मौजूद रहेl
योग दिवस पर जनजातीय गौरव वाटिका में किया योग, रोपे पौधे
विधायक किरण देव और महापौर संजय पांडे नेरोपे स्टेडियम में पौधे
जगदलपुर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बस्तर वन मंडल जगदलपुर द्वारा जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट जगदलपुर में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।योग शिविर का शुभारंभ नारी शक्ति द्वारा मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026 की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त तथा भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

योग प्रशिक्षिका अंजलि अवस्थी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। सुश्री अवस्थी ने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि योग तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव तथा महापौर संजय पांडे द्वारा इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष, जामुन, आम एवं मौलश्री के पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार योग मानव जीवन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाता है, उसी प्रकार वृक्ष पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।साथ ही उन्होंने योग के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति के शरीर, मन एवं आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करती है। नियमित योगाभ्यास से तनाव एवं चिंता में कमी आती है, एकाग्रता बढ़ती है तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। बस्तर वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अनुपम देन है, जिसे आज संपूर्ण विश्व ने अपनाया है। यह शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।इस अवसर पर उप वनमंडलाधिकारी योगेश रात्रे, इंद्र प्रसाद बंजारे, बस्तर वनमंडल जगदलपुर के समस्त परिक्षेत्र अधिकारी, परिक्षेत्र सहायक, परिसर रक्षक एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। बस्तर वन मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण सिद्ध हुआ।
करपावंड में भाजपाई सरपंच ने कराया फसाद
सरपंच के उकसावे में आकर ग्रामीणों ने किया राजस्व टीम पर हमला
अर्जुन झा
बकावंड बस्तर जिले के करपावंड में शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर निजी भूमि का सीमांकन कर शेरा चौधरी को कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर हुए हमले के लिए करपावंड के भाजपाई सरपंच को जिम्मेदार माना जा रहा है। आरोप है कि सरपंच के उकसाने पर ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम पर हमला किया था। पुलिस ने सरपंच सहित आधा दर्जन ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
करपावंड में एसडीएम, एसडीओपी एवं थानेदार और पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन का सीमांकन किया जा रहा था। इसी दौरान गांव के भाजपाई सरपंच के उकसावे में आकर दर्जनों ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की टीम पर अचानक हमला कर दिया। हमले में राजस्व निरीक्षक देवेन्द्र श्रीवास को गंभीर चोटें आई हैं। तहसीलदार रूपेश मरकाम के साथ भी ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की की। बीच बचाव करते समय एसडीओपी भानपुरी को भी सामान्य चोट आई है। करपावंड थाना प्रभारी और उनकी टीम ने मोर्चा सम्हाला तथा हालात को काबू में किया। लगभग एक दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर हवालात पहुंचा दिया गया। इस घटना के बाद करपावंड में तनाव का माहौल है और वहां भारी पुलिस बल किया गया है। इस हमले में जमीन मालिक शेराराम चौधरी को भी गंभीर चोट आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। शेरा चौधरी ने कुछ वर्ष पूर्व मदन निषाद के 5 एकड़ जमीन में से डेढ़ एकड़ जमीन खरीदी थी। शेरा राम चौधरी द्वारा खरीदी गई जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। जमीन मालिक चौधरी ने तहसीलदार न्यायालय में कब्जा दिलाने को लेकर वाद दायर किया था।

न्यायालय ने चौधरी के पक्ष में फैसला सुनाया था। इस निर्णय के विरूद्ध कब्जाधारियों ने एसडीएम न्यायालय में अपील की थी।वहां भी कब्जाधारियों को हार का सामना करना पड़ा। राजस्व मंडल और कोर्ट में भी मामला पहुंचा, मगर वहां भी कब्जाधारियों को राहत नहीं मिली। जानकारी के अनुसार कोर्ट के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम जमीन शेरा चौधरी को कब्जा दिलाने के लिए करपावंड पहुंची थी। जमीन की नाप जोख के दौरान करपावंड सरपंच के इशारे पर ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। हमले में आरआई और तहसीलदार घायल हो गए। खबर है कि विगत 6 माह से जमीन मालिक का सरपंच और ग्रामीणों से विवाद चल रहा था।
प्रशासनिक कार्रवाई में विलंब
बताते हैं कि करपावंड सरपंच, कुछ पंचों एवं ग्रामीणों द्वारा गांव में विवाद उत्पन्न किए जाने को लेकर पूर्व में बस्तर कलेक्टर एवं एसपी के समक्ष शिकायत भी की गई थी। जिसमें एक विधवा का आवास सरपंच द्वारा तोड़े जाने एवं शासकीय जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत भी शामिल थी। मगर प्रशासनिक कार्रवाई में लेटलतीफी के कारण सरपंच का मनोबल बढ़ता गया। इसका खामियाजा प्रशासनिक अधिकारियों को भुगतना पड़ा। समय रहते प्रशासनिक अफसरों ने सरपंच के खिलाफ एक्शन ले लिया होता तो यह घटना नहीं होती। कहीं न कही प्रशासनिक कार्रवाई में लेट लतीफी के चलते सरपंच ने घटना को अंजाम दिया है।
सरपंच और ग्रामीणों पर केस
भानपुरी एसडीओपी ने बताया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने एवं शासकीय कर्मचारी पर जानलेवा हमले करने के आरोप में करपावंड सरपंच एवं आधा दर्जन ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। खबर है कि पुलिस को देख सरपंच महिलाओं को आगे कर छुपता फिर रहा है।
किसान क्षेत्र दिवस में कोसा उत्पादन बढ़ाने पर जोर, आधुनिक तकनीकों से रेशम किसानों को मिली नई दिशा
जगदलपुर. धरमपुरा, कालीपुर स्थित केंद्रीय शिल्क बोर्ड एवं रिजनल तसर अनुसन्धान केंद्र (आरएसआरएस,जगदलपुर ) द्वारा बस्तर एवं राज्य रेशम विभाग के समन्वय से ग्राम बड़ागांव स्थित कृमिपालन केंद्र में किसान क्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेशम किसानों को कोया (ककून) उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना और उनकी आजीविका को अधिक सशक्त बनाना था।कार्यक्रम में ग्राम सरपंच दयाराम कश्यप, उपसरपंच बलराम गोपल, पंच रामचंद बघेल, वैज्ञानिक-बी डॉ. प्रवीण रेड्डी, उप निदेशक रेशम एवं एडीएस आर. चंद्रकर तथा एन. मार्सकोले (एडीएस) मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर किसानों को कोया उत्पादन बढ़ाने के लिए चौकी गार्डन, जीवन सुधा, एलएसएम (LSM) सहित अन्य उन्नत तकनीकों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर रेशम उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।उप निदेशक रेशम आर. चंद्रकर ने किसानों से सीएसबी-आरएसआरएस द्वारा विकसित एवं अनुशंसित तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। वहीं, सरपंच दयाराम कश्यप ने कहा कि आधुनिक कृषि एवं रेशम तकनीकों को अपनाकर ही तसर कृषकों की आय में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रवीण रेड्डी ने बीज कोया (Seed Cocoon) और ग्रेनेज (Grainage) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार परिछा, वरिष्ठ तकनीकी सहायक (STA), आरएसआरएस, जगदलपुर ने किया। इस दौरान ताहिर सिद्दीकी, दाकेश्वर, नेखूराम साहू, फूल दास, बलराम कश्यप, कांति पुजारी सहित राज्य रेशम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में तसर कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने किसानों में आधुनिक तकनीकों को अपनाने और रेशम उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का उत्साह भर दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजहरा क्लब में योग कार्यक्रम का सफल आयोजन
दल्लीराजहरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी दल्ली राजहरा मंडल द्वारा राजहरा क्लब में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग गुरु अनूप दास मानकपुरी जी एवं श्री राजेंद्र उपाध्याय जी के मार्गदर्शन में उपस्थित नागरिकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा योग के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगरपालिका अध्यक्ष तोरणलाल साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, मंडल महामंत्री रमेश गुजर एवं श्री प्रकाश ठाकुर, मंडल पदाधिकारीगण, जिला पदाधिकारीगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता, पार्षदगण तथा नगरपालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की जिला संयोजिका श्रीमती नंदा पसीने एवं मंडल योग संयोजक राकेश देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने नागरिकों को संबोधित करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनता है।कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने के संकल्प के साथ किया गया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल लाई रंग —
दल्लीराजहरा–रायपुर डेमू ट्रेन में जुड़ीं चार अतिरिक्त बोगियां, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
दल्ली राजहरा से रायपुर के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग और जनभावनाओं को देखते हुए अंततः रेलवे प्रशासन ने अंतागढ़–रायपुर डेमू ट्रेन में चार अतिरिक्त बोगियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय चैंबर ऑफ कॉमर्स दल्ली राजहरा इकाई, नगर पालिका प्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघ तथा जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों को जाता है। इस मुद्दों को लेकर नवभारत समाचार पत्र में भी मुख्य रूप से उठाया गया था।गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व दल्ली राजहरा से रायपुर जाने वाली डेमू ट्रेन में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों के गेट पर लटककर यात्रा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो ने रेलवे की यात्री सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। आम जनता ने भी इस व्यवस्था पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यात्रियों की सुरक्षा और अतिरिक्त कोचों की मांग जोर-शोर से उठाई थी।इस गंभीर समस्या को देखते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स दल्ली राजहरा ने पहल करते हुए रेलवे प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखी। विगत माह दल्ली राजहरा में आयोजित रेलवे संबंधी कार्यक्रम के दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री राजा डहरवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रेलवे अधिकारियों के समक्ष अतिरिक्त बोगियों की मांग को प्रमुखता से उठाया था। इस दौरान रेलवे डीआरएम दयानंद एवं सीनियर डीसीएम अवदेश द्विवेदी ने मांग पर सकारात्मक सहमति जताई थी।इसके बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष अमित कुकरेजा, महामंत्री राजा डहरवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे, जिला मंत्री स्वाधीन जैन, राजू सोनी, झूमरलाल जैन, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से रेलवे अधिकारियों को मांग पत्र सौंपकर इस विषय को लगातार उठाया।इन सभी प्रयासों का परिणाम अब सामने आया है। रेलवे प्रशासन द्वारा अंतागढ़–रायपुर डेमू ट्रेन में चार अतिरिक्त बोगियां जोड़ने का निर्णय लिया गया है, जिससे दल्ली राजहरा, बालोद एवं आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन रायपुर आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों तथा आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। भीड़ कम होगी, यात्रियों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गेट पर लटककर यात्रा जैसी खतरनाक स्थिति से काफी हद तक बचाव हो सकेगा।चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रेलवे प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी दल्ली राजहरा क्षेत्र की अन्य रेल सुविधाओं एवं यात्री हितों से जुड़े मुद्दों पर रेलवे प्रशासन सकारात्मक निर्णय लेगा।क्षेत्रवासियों ने भी इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स, नगर पालिका प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से अतिरिक्त बोगियों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और अब यह मांग पूरी होने से हजारों यात्रियों को प्रतिदिन सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन के लिए योग जरूरी : गहरवार
दल्लीराजहरा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीएवी विद्यालय परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीएसपी आईओसी के सीजीएम एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन आर.बी. गहरवार ने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए।विद्यालय के प्राचार्य जी.वी. राजशेखर राव ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। विद्यालय परिसर के लॉन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योगाभ्यास के दौरान वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, पश्चिमोत्तानासन, पादहस्तासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, शशांकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, अर्ध हलासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन के साथ अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति का अभ्यास कराया गया।कार्यक्रम में बीएसपी के अधिकारियों में सीएस प्लांट राजहरा के महाप्रबंधक एस. बास्के, उप महाप्रबंधक व्ही.के. सिंह, जियोलॉजी विभाग के उप महाप्रबंधक सौरभ कुमार, मानव संसाधन विभाग के सहायक प्रबंधक शैलेष पटनायक, सुश्री शेख सिरिन तथा अतिरिक्त सहायक श्रम कल्याण अधिकारी मुरलीधर चंद्राकर सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों में सीटू के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिमैया, बीएमएस के संतोष देवांगन, छत्तीसगढ़ राज्य खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा तथा इंटक के अध्यक्ष तिलक मानकर ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास किया।योग का प्रदर्शन शिक्षक निमाई आर्या एवं अजय चौबे ने किया। कार्यक्रम का संचालन पीटीआई पूर्णिमा दुबे ने किया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में प्राचार्य जी.वी. राजशेखर राव द्वारा आभार व्यक्त करने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
विधायक किरण देव ने किया CCSH का दौराअस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सराहा
जगदलपुर। कांटीनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशयलिटी हॉस्पिटल (CCSH) के बदले स्वरूप और वहां मिल रही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को नजदीक से देखने रविवार को जगदलपुर विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।विधायक किरण देव ने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का सघन दौरा किया, जिसमें ब्लड बैंक, अत्याधुनिक आईसीयू (ICU) वार्ड और इकॉनमी वार्ड शामिल रहे। उन्होंने वहां मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और संतुष्टि जताई। मरीजों को किया फल वितरण दौरे के दौरान विधायक देव ने वार्डों में भर्ती मरीजों के पास जाकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।

इसके साथ ही उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं और डॉक्टरों के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान विधायक किरण देव और भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने मरीजों को फल भी वितरित किए।ब्रेन ट्यूमर के सफल ऑपरेशन पर डॉक्टरों की पीठ थपथपाईदौरे के समय एक बेहद सुखद और गौरवान्वित करने वाला पल तब आया जब विधायक देव वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से मिलने पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि इस महिला के जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन इसी अस्पताल (CCSH) के डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया है और अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ है।इस बड़ी कामयाबी पर खुशी जताते हुए विधायक किरण देव ने डॉक्टरों की पूरी टीम की पीठ थपथपाई और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि पहले ऐसे जटिल और गंभीर ऑपरेशनों के लिए मरीजों को विशाखापत्तनम, रायपुर या हैदराबाद जैसे बड़े महानगरों की ओर रुख करना पड़ता था, जिससे उनका काफी समय और पैसा खर्च होता था। अब जगदलपुर में ही ऐसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलना स्थानीय लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
ग्रामीणों पर एफआईआर से माहौल गर्म, लखेश्वर कश्यप ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
तीन पीढ़ियों से निवासरत लोगों की जमीन की नाप से बिगड़ गए हालात
बकावंड अनुभाग बकावंड के करपावंड की शासकीय भूमि की नापजोख के दौरान हुए विवाद के बाद एफआईआर दर्ज किए जाने से मामले पर अब राजनीतिक और सामाजिक रंग चढ़ गया है। आदिवासी युवा संगठन ने इसे लेकर मोर्चा खोल दिया है। संगठन के अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने पीड़ितों से मुलाकात के बाद इसे आदिवासी अस्मिता का मुद्दा बताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दे दी है। करपावंड में प्रशासन द्वारा सीमांकन कार्रवाई के दौरान हुई धक्का-मुक्की की घटना के बाद 21 ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसे लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन लगभग 10 एकड़ भूमि की नपाई कर रहा था। इस प्रक्रिया के दौरान ग्रामीण शांतिपूर्वक मौजूद रहे और उन्होंने किसी प्रकार का विरोध नहीं किया। विवाद उस समय उत्पन्न हुआ जब उन भूमि क्षेत्रों की भी नपाई की जाने लगी, जहां करीब 21 परिवार पिछले तीन पीढ़ियों से मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका हुई कि सीमांकन के बाद उनके घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेदखल किया जा सकता है। इसी भय और तनावपूर्ण स्थिति के बीच कुछ लोगों और अधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की की घटना हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने 21 ग्रामीणों के खिलाफ एफआiआर दर्ज कर ली, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बस्तर आदिवासी युवा संगठन के अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप करपावंड पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों को हौसला देते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।लखेश्वर कश्यप ने कहा कि यदि बस्तर के आदिवासी और वर्षों से बसे ग्रामीण ही अपने अधिकारों और आशियाने को लेकर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो यह सरकार और प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त संवाद और समाधान के इस प्रकार की कार्रवाई लोगों में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का न्यायपूर्ण समाधान नहीं किया गया, निर्दोष लोगों पर दर्ज कार्रवाई की समीक्षा नहीं हुई और वर्षों से बसे परिवारों के भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया, तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।इधर पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीण प्रशासन से निष्पक्ष जांच, एफआईआर की समीक्षा तथा वर्षों से बसे लगभग 21 परिवारों के पुनर्वास और अधिकारों को लेकर स्पष्ट नीति बनाने की मांग कर रहे हैं। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन और सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
विश्व योग दिवस पर व्यवहार न्यायालय दल्ली राजहरा में हुआ योगाभ्यास
दल्लीराजहरा 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय दल्ली राजहरा परिसर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीश श्रीमती श्रद्धा सिंह श्रीवास्तव ने न्यायालय के अधीनस्थ कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व को रेखांकित किया।

योग प्रशिक्षक श्रीमती अनीता उपाध्याय एवं उनके सहयोगियों सुमन सिंह, कुमारी गिलानी कोषमा, इस अवसर पर अधिवक्ता इसराइल शाह तथा राकेश द्विवेदी न्यायालय कर्मचारी मनीष दर्रो, राजपाल साहू, , संजय चंद्राकर,उपम, विजय तुरकाने, भूपेंद्र कुमेटी,कमलेश्वरी, पंकज राणा, पुरुषोत्तम ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया गया।न्यायाधीश श्रीमती श्रद्धा सिंह श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने सभी से दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में न्यायालय के समस्त कर्मचारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे तथा सभी ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।



