City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

यादगार बन गया दल्ली राजहरा का इस बार का दशहरा उत्सव

0

नेहरू स्टेडियम में उमड़ी हजारों की भीड़

सर्वोत्तम आयोजन का गवाह बनी लौह नगरी

दल्ली राजहरा लौह नगरी दल्ली राजहरा में विजयादशमी का पर्व इस वर्ष बेहद भव्यता के साथ बड़े ही धूमधाम से पं. जवाहरलाल नेहरू फुटबॉल स्टेडियम में मनाया गया। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष दर्शकों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ रही, वहीं दुकानदारों की संख्या भी दोगुनी नजर आई। पूरे स्टेडियम में मेले जैसा माहौल था। आयोजन समिति द्वारा विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम और सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। उद्घोषक एवं कलाकार मार्तंड सिंह ने माता के गीतों से समां बांध दिया।

इस आयोजन को अब तक का सर्वोत्तम आयोजन बताया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद कुमार सिंह (मुख्य महाप्रबंधक दल्ली राजहरा) विशेष अतिथि देवलाल ठाकुर (भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ) बालमुकुंद सिंह (संरक्षक अंर्तराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं सचिव एथलेटिक्स संघ जिला बालोद) थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने की।अतिथि मनोज दुबे नपा उपाध्यक्ष, सीएसपी सुनील तिर्की और समाज सेवी आशुतोष माथुर थे।

राजहरा की एकता से हूं अभिभूत: आनंद कुमार सिंह

मुख्य महाप्रबंधक आनंद कुमार सिंह ने कहा कि मुझे भिलाई में रहते 30-40 वर्ष हो गए। वहां भी मैं गरबा और दशहरा उत्सवों में जाता रहा हूं, लेकिन जैसा समर्पण और दीवानगी मैंने राजहरा में देखी, वैसी भिलाई में भी नहीं देखी। गरबा में महिला, पुरुष और छोटे-छोटे बच्चों की दीवानगी देखकर मैं अभिभूत हूं, इसके सामने तो गुजरात भी फेल है। पहलवान बालमुकुंद जी के सीने में कवि की मौजूदगी देखकर मैं हैरान हूं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष तोरण साहू ने जो विकास की अपेक्षाएं रखी हैं, वो उनकी मांग नहीं, बल्कि यह हमारा फर्ज है और हम इसे पूरी तरह निभाएंगे।

विनाश का कारण है अहंकार: देवलाल ठाकुर

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि जब हम छोटे थे तो हमारे माता-पिता हमें दशहरा दिखाने लाते थे ताकि धर्म के प्रति आस्था बनी रहे। आप सभी अपने परिवार के साथ सनातन धर्म को जीवित रखने आए हैं, इसके लिए आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि किसी ने पूछा था रावण की मूर्ति इतनी ऊंची क्यों होती जा रही है? तो मित्रों, अहंकार हमेशा ऊंचा ही दिखता है, लेकिन उसका अंत निश्चित है। घर में अहंकार है तो घर टूटेगा, समाज में है तो समाज टूटेगा। इसी अहंकार से बचने के लिए हम यहाँ एकत्र हुए हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने महाकालेश्वर, काशी विश्वनाथ और अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण कर सनातन धर्म को गौरव दिलाया है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के साथ मिलकर केंद्रीय विद्यालय के लिए उनका प्रयास अतिशीघ्र सार्थक होने वाला है, पट्टा की मांग पूरी हो चुकी है और रावघाट रेलवे लाइन भी चालू हो गई है।

बचाना है राजहरा को: तोरण लाल साहू

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत दिलाई थी। उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक से आग्रह किया कि टाउनशिप क्षेत्र में बची हुई सड़कों का डामरीकरण जल्द कराया जाए। साथ ही वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 5 और 9 में 50-60 वर्षों से बसे खदान मजदूरों के लिए 400 एकड़ जमीन के सीमांकन में से बची हुई 130 एकड़ अनुपयोगी जमीन भी नगर पालिका को सौंप दी जाए, ताकि उन्हें शासन के नियमानुसार पट्टा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि एक समय राजहरा की आबादी डेढ़ लाख थी जो घटकर 45 हजार रह गई है। शहर को फिर से बसाने और बचाने के लिए बीएसपी प्रबंधन के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 5797 लोगों को पट्टे मिल चुके हैं और जल आवर्धन योजना से एक साल के अंदर सभी वार्डों में साफ पीने का पानी मिलेगा।

नारी शक्ति सबसे बड़ी शक्ति: बालमुकुंद सिंह

समिति के पूर्व अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने मंगलाचरण और ओजस्वी कविता से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश की जान है और नारी शक्ति से बढ़कर इस संसार में कोई शक्ति नहीं है। नारी का समर्पण, सौंदर्य, त्याग और विश्वास पाकर मनुष्य अक्षय शक्ति वाला बन जाता है।

साइबर ठगी से बचें: टीआई तिर्की

थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी को भी अपना ओटीपी और बैंक डिटेल शेयर न करें। डिजीटल अरेस्ट कानून की किताब में नहीं होता। यदि ठगी हो जाए तो तुरंत देरी न करते हुए 1930 डायल कर सूचित करें, शासन आपकी रकम वापस कराने का पूरा प्रयास करेगी। अंत में मार्तंड सिंह ने मुख्य महाप्रबंधक से अनुरोध किया कि पहले बीएसपी प्रबंधन द्वारा राष्ट्रीय पर्व एवं विश्वकर्मा पूजा पर जो कार्यक्रम आयोजित होते थे, उन्हें फिर से चालू किया जाए। अतिथि उद्बोधन के पश्चात भगवान श्रीराम की सेना की पूजा-अर्चना कर रावण दहन किया गया।

दशहरा उत्सव का इतिहास

दल्ली राजहरा में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति सन् 1993 से लगातार जनता के सहयोग से कार्य कर रही है। समिति ने बंद होने जा रहे दशहरा उत्सव को पुनः जीवित कर उसे उच्च शिखर पर पहुंचाया। सन 2000 में फुटबॉल मैदान पर 36 फीट का रावण बनवाया। जनता से प्राप्त चंदे के बाद बची राशि को बैंक में जमा किया जाता था और वर्ष 2006 से चंदा लेना बंद कर बैंक के ब्याज से ही उत्सव मनाया जा रहा है। समिति द्वारा कई वर्षों तक 6 नंबर विद्यालय के मंच पर रामलीला मंचन और रामानंद सागर कृत रामायण धारावाहिक का प्रदर्शन भी कराया गया। समिति के बचे पैसों से ही मकराना संगमरमर से बनी हनुमान जी की मूर्ति, जो जयपुर से लाई गई, की स्थापना और मंदिर का निर्माण किया गया।

इनका रहा सहयोग

आयोजन में मयंक उपाध्याय (उपाध्याय कंस्ट्रक्शन), दिलीप जायसवाल( जायसवाल ट्रांसपोर्ट), पिंकू माथुर प्रो. माथुर सिनेप्लेक्स, वरिष्ठ पत्रकार अजयन पिल्ले, कार्यकारिणी सदस्य रजीत सिंह, राजकुमार गुप्ता, सौरभ जैन, जगप्रीत सिंह संधु,हरीश कन्नौजिया, इमरान खान, संजीव सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, चेतन लाल साहू, जे गुरूवुल्लू, आरती राम, और आरपी पांडेय का विशेष सहयोग रहा।

विभागीय टीईटी परीक्षा स्वागतेय, ओएमआर आधारित ऑफलाइन हो परीक्षा: टीए

0

छग टीचर्स एसोसिएशन का शासन से आग्रह

जगदलपुर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने के छत्तीसगढ़ शासन के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघर्ष मोर्चा एवं छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले लगातार विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग की जा रही थी, जिस पर शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों ने चर्चा पश्चात सकारात्मक आश्वासन दिया था।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार सेवारत गैर-टीईटी शिक्षकों के लिए निजी तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) द्वारा टीईटी परीक्षा आयोजित करने का आदेश जारी किया गया है। छग टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने शासन से मांग की है कि कंप्यूटर बेस्ड (सीबीटी) परीक्षा के स्थान पर पारंपरिक ओएमआर शीट के माध्यम से ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जाए। उन्होंने कहा है कि दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में कार्यरत कई सेवारत शिक्षकों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा में तकनीकी कठिनाइयां और असुविधा हो सकती है, इसलिए ओएमआर पद्धति ही अधिक उपयुक्त और व्यावहारिक होगी।

निर्णय का स्वागत- शिक्षक संघों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विभागीय परीक्षा कराने का निर्णय का स्वागत किया गया है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेंद्र यदु, संजय उपाध्याय, मुकेश मुदलियार, डॉक्टर कोमल वैष्णव, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक ने शासन से आग्रह किया है कि शिक्षकों के हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीबीटी के स्थान पर ओएमआर आधारित ऑफलाइन मोड में ही विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने का आदेश जारी किया जाए।

सड़क दुर्घटना में शिक्षक की मौत, स्कूल से घर लौटते समय कार ने मारी टक्कर

0

कुसुमकसा के जानकी पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा, मारुति विक्टोरिस कार होने की चर्चा; सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावित

दल्ली राजहरा बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में कुसुमकसा निवासी शिक्षक लिपेश खरे की मौत हो गई। स्कूल से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे शिक्षक को कुसुमकसा स्थित जानकी पेट्रोल पंप के सामने एक कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिपेश खरे भैंसबोड़ हाईस्कूल में कॉमर्स विषय के व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे वे स्कूल से छुट्टी होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जानकी पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी।

टक्कर के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।मारुति विक्टोरिस कार होने की चर्चाहादसे में टक्कर मारने वाली कार मारुति विक्टोरिस होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि कार भिलाई की हो सकती है, हालांकि वाहन की पहचान और उसके भिलाई से संबंधित होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक के संबंध में स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।भारी वाहनों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावितजानकी पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावित होने की समस्या भी सामने आती रही है।

सड़क किनारे भारी वाहनों की मौजूदगी के कारण अन्य वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी होती है। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि संबंधित विभाग इस स्थान पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करें और भारी वाहनों के सड़क पर खड़े रहने की समस्या पर ध्यान दें, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।शिक्षा जगत में शोकलिपेश खरे भैंसबोड़ हाईस्कूल में कई वर्षों से कॉमर्स विषय के व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने क्षेत्र के अनेक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की थी। उनके असामयिक निधन से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और परिचितों में शोक व्याप्त है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बस्तर दशहरा रथ परिक्रमा के दौरान युवक की मौत और एक घायल

0

जवाबदेही, मुआवजे को लेकर उठे सवाल

पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग

जगदलपुर बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत और एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। इस घटना ने रथ परिक्रमा में सुरक्षा व्यवस्था, जिम्मेदारी और प्रशासनिक निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सर्व अनुसूचित जाति समाज के जिला अध्यक्ष विक्रम लहरे ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शासन, प्रशासन, बस्तर दशहरा समिति एवं सुरक्षा समिति से सवाल किया है कि आखिर इस हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या किसी परिवार के बेटे की जान चले जाने के बाद केवल शोक व्यक्त करना ही पर्याप्त है? एक युवक की जान चली गई।

परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। क्या कोई मुआवजा उस मां-बाप को उनका बेटा वापस लौटा सकता है? क्या किसी आर्थिक सहायता से उस परिवार के दुख की भरपाई संभव है? इसी तरह गंभीर रूप से घायल व्यक्ति और उसके परिवार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? विक्रम लहरे ने सवाल उठाया है कि हादसे की जिम्मेदारी किसकी है? रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दशहरा समिति, सुरक्षा समिति, शासन या प्रशासन में से किसकी थी? इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई या नहीं? हादसे से पहले सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे? भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती एवं आपातकालीन व्यवस्था की जांच सार्वजनिक की जाए। विक्रम लहरे ने यह भी जानना चाहा है कि मृतक के परिवार को कितना मुआवजा मिलेगा? शासन तत्काल पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करे तथा नियमानुसार मिलने वाले मुआवजे की जानकारी सार्वजनिक करे। घायल व्यक्ति के इलाज की जिम्मेदारी कौन लेगा? घायल व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उसके इलाज और आगे की सहायता के संबंध में शासन-प्रशासन स्पष्ट जवाब दे। भविष्य में ऐसी घटना रोकने की क्या व्यवस्था होगी? बस्तर दशहरा जैसे ऐतिहासिक एवं जनआस्था से जुड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

दोषियों पर हो कार्रवाई

विक्रम लहरे ने मांग की है कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी अधिकारी, आयोजन समिति या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और घायल व्यक्ति को समुचित उपचार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा है कि बस्तर की संस्कृति, परंपरा और आस्था का सम्मान तभी सार्थक है, जब यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित हो। आखिर कब तक हादसों के बाद जांच और मुआवजे की बातें होती रहेंगी? अब समय है कि जिम्मेदारी तय हो, जवाबदेही सुनिश्चित हो और पीड़ित परिवारों को न्याय मिले।

दो अलग-अलग जुआ रेड में 10 जुआरी आरोपी गिरफ्तार, ₹13,350 नगद एवं 52-52 पत्ती ताश जब्त

0

ग्राम खुटेरी एवं ग्राम मोगरी खार में जुआ खेलते जुआरियो को पकड़ा।

पहली रेड में 06 एवं दूसरी रेड में 04, कुल 10 आरोपी गिरफ्तार

दोनों कार्रवाई में कुल ₹13,350 नगद एवं दोनों जगह से 52-52 पत्ती ताश जब्त

छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध।

घटना का विवरणथाना गुण्डरदेही पुलिस द्वारा जुआ एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर रेड की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 10 आरोपियों को जुआ खेलते पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹13,350 नगद एवं 52-52 पत्ती ताश जब्त की गई।1\. ग्राम खुटेरी में जुआ रेडदिनांक 21 अक्टूबर 2026 की रात्रि में ग्राम खुटेरी में एनीकट के पास बिजली पोल के नीचे ताश पत्ती से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 06 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से ₹2,550 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इस संबंध में अपराध क्रमांक 357/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।2\. ग्राम मोगरी खार में जुआ रेडदिनांक 22 अक्टूबर 2026 को रात्रि लगभग 00:20 बजे ग्राम मोगरी खार में जुआ खेल रहे 04 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से ₹10,800 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इस संबंध में अपराध क्रमांक 358/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं पताप्रकरण क्रमांक 357/2026 — ग्राम खुटेरी (06 आरोपी) वासुदेव साहू, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)।चुरामणि साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)। यादराम, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)। उमेश साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)। गोपाल निषाद, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)। बेनीराम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)।प्रकरण क्रमांक 358/2026 — ग्राम मोगरी खार (04 आरोपी) रतन लाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम लाटाबोड़, थाना बालोद, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)। सोमन्द्र साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम पैरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)।डोमन सेन, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम सांकरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)। तामेश्वर साहू, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सांकरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)।

जब्त सामग्री का विवरन ग्राम खुटेरी | ग्राम मोगरी खार | कुल नगद राशि | ₹2,550 | ₹10,800 | ₹13,350 || ताश पत्ती | 52 | 52 | 104 || गिरफ्तार आरोपी | 06 | 04 | 10 वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाईयह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।बालोद पुलिस की अपीलजुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा अपराध मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। थाना गुण्डरदेही | जिला बालोद पुलिस (छत्तीसगढ़)

पुलिस स्मृति दिवस पर अमर वाटिका, बस्तर में वीर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि, अतिथियों ने शहीद परिवारों से की मुलाकात

0

जगदलपुर,जिला बस्तर, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:30 बजे अमर वाटिका, बस्तर में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।समारोह के दौरान पुलिस महानिरीक्षक बस्तर बी.एन. मीणा द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके पश्चात प्रशिक्षु सूबेदार श्री ओम कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों द्वारा शहीदों को सलामी दी गई। उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।समारोह में उपस्थित अतिथियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से भेंट कर उनसे आत्मीय चर्चा की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। अतिथियों ने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्रियजनों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की।

शहीद परिवारों का त्याग, धैर्य और समर्पण समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर बी.एन. मीणा, पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर सुखनंदन राठौर तथा सीएसपी जगदलपुर सुमित कुमार सहित जिले के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारीगण तथा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। पुलिस विभाग, बस्तर

रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से बस्तर के विकास को मिलेगी नई गति: डॉ. देवेंद्र माहला

0

अंधकार से मुक्त बस्तर अब नए उजाले की ओर अग्रसर: डॉ. माहला

जगदलपुर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. देवेंद्र माहला ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता और बस्तर के नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ने के संकल्प के साथ अब क्षेत्र में विकास के नए द्वार खुल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार के सुशासन, जनकल्याण और विकास के संकल्प के तहत बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना के विस्तार और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

डॉ. देवेंद्र माहला ने कहा है कि रायपुर से रावघाट, रावघाट से जगदलपुर और आगे कोरापुट होते हुए विशाखापट्टनम तक रेलवे कनेक्टिविटी के विस्तार की पहल छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे नागरिकों को आवागमन के बेहतर विकल्प मिलेंगे, क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और बस्तर के दूरस्थ अंचलों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. देवेंद्र माहला ने कहा कि हमारी सरकार बस्तर में विकास के एक नए युग की शुरुआत कर रही है। नक्सलवाद मुक्त होने के बाद यहां अब गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंच रही है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार, उद्योग, रोजगार और स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। साथ ही, क्षेत्र के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को विकास, सुशासन और जनविश्वास का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बस्तर में शांति की स्थापना के साथ सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों का विस्तार इस बात का प्रतीक है l

कि अब क्षेत्र में विकास की गति निरंतर आगे बढ़ रही है। डॉ. माहला ने कहा कि नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजाले की ओर बढ़ता बस्तर आज नए छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। रेलवे कनेक्टिविटी का विस्तार इस परिवर्तन को और गति देने, बस्तर को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर ढंग से जोड़ने और क्षेत्र के नागरिकों के लिए समृद्धि के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भाजपा सरकार का संकल्प है, सुरक्षित बस्तर, विकसित बस्तर और समृद्ध छत्तीसगढ़। सुशासन के साथ विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हम आभार व्यक्त करते।

नक्सल मुक्त बीजापुर अब जुए के चंगुल में: विधायक विक्रम मंडावी

0

मंडावी ने सरकार से पूछा- क्या आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य से ज्यादा जरूरी हो गया है जुआ?

तीमेड़ में कथित जुआ घर पर मांगा जवाब

बीजापुर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने कहा है कि बीजापुर जिले के ग्राम तीमेड़ में कुछ लोगों द्वारा मिनी कैसिनो यानि जुआ घर खोलने की सूचना मिली है, जहां बड़े पैमाने पर जुआ खेलाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह सूचना सही है तो यह अत्यंत दुर्भाग्यजनक और चिंताजनक है।

मंडावी ने कहा, “बस्तर का बीजापुर पहले नक्सलवाद के दंश को झेल चुका है। अब जब क्षेत्र नक्सल मुक्त हो गया है, तब यहां जुए के कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है। आखिर यह सब किसके इशारे और किसके संरक्षण में हो रहा है? इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं? इसका खुलासा किया जाना अत्यंत आवश्यक है।”उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश का युवा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है। रोजगार के अभाव में युवा पड़ोसी राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। ऐसे में बीजापुर जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में जुआ घरों का निर्माण किया जाना और शासन-प्रशासन का इस पर मौन रहना गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।

विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार से सवाल करते हुए पूछा है कि आखिर इस निर्माण की अनुमति किसने दी?, इस निर्माण का ठेकदार कौन था?, कैसिनो, जुआ घर चलाने का लाइसेंस किस विभाग ने जारी किया?, क्या इसके लिए विधिवत मंजूरी ली गई है?, यदि अनुमति मिली है, तो किस नियम के तहत? और यदि अनुमति नहीं है, तो यह निर्माण किसके संरक्षण में हो रहा है? विधायक विक्रम मंडावी ने सरकार से मांग की है कि ग्राम तीमेड़ में हो रहे मिनी कैसिनो जुआ घर को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए तथा इसमें लिप्त सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे आदिवासी क्षेत्र में जुए को बढ़ावा देना क्षेत्र के आदिवासी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नारायणपुर पुलिस लाइन में हुआ शस्त्र पूजन, वाहन शाखा कार्यालय का उद्घाटन

0

नारायणपुर दशहरा पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन नारायणपुर में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिले में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीओपी अजय सिंह, एसडीओपी छोटेडोंगर मनोज मांडवी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के डीआरजी परिसर और सभी थानों में भी परंपरानुसार शस्त्र पूजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित वाहन शाखा कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इससे वाहन शाखा के कार्यों के बेहतर एवं सुव्यवस्थित संचालन में सहायता मिलेगी।

विदेशी पर्यटक पर चढ़ा बस्तर की लोककला का जादू

0

कला गुड़ी एक्सपीरियंस जोन’ में हस्तशिल्प देख हुए मुग्ध अनुवेद’ ब्रांड की खरीदारी कर दिया थम्स-अप

जगदलपुर, 20 अक्टूबर 2026/ बस्तर की समृद्ध जनजातीय शिल्पकला और अनूठी सांस्कृतिक विरासत अब सात समंदर पार के सैलानियों को भी अपना मुरीद बना रही है। ‘आमचो बस्तर टूरिज्म’ पहल के तहत संचालित ‘बस्तर कला एवं हस्तशिल्प – बस्तर कला गुड़ी एक्सपीरियंस जोन’ में आज एक विदेशी पर्यटक ने भ्रमण कर स्थानीय शिल्पकारों की अद्भुत प्रतिभा का दीदार किया। भ्रमण के दौरान विदेशी मेहमान ने बस्तर की विश्वप्रसिद्ध प्राचीन ढोकरा आर्ट (बेलमेटल), काष्ठ शिल्प, बांस कला और रॉट आयरन से सजी आकर्षक कृतियों का बेहद बारीकी से अवलोकन किया।

इन हस्तनिर्मित कलाकृतियों में रची-बसी पारंपरिक कारीगरी को देखकर वे खासे प्रभावित हुए और उन्होंने इस कला की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए ‘थम्स-अप’ के साथ अपनी खुशी और संतुष्टि जाहिर की।कला की सुंदरता से प्रभावित होकर विदेशी पर्यटक ने न केवल स्थानीय शिल्पकला की बारीकियों को समझा, बल्कि बस्तर के हुनर को स्मृति-चिह्न के तौर पर साथ ले जाने के लिए अनुवेद ब्रांड के तहत तैयार बस्तर आर्ट उत्पादों की जमकर खरीदारी भी की। उल्लेखनीय है कि बस्तर कला गुड़ी परिसर का विकास राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी शिल्पकारों के उत्कृष्ट उत्पादों को एक व्यवस्थित मंच और सीधा बाजार उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो रही है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सीधे शिल्पकारों से जुड़ पा रहे हैं, जिससे ग्रामीण महिला कलाकारों को उनकी मेहनत का उचित और सीधा पारिश्रमिक मिल रहा है। भ्रमण के समापन पर विदेशी मेहमान ने कला गुड़ी की टीम और स्व-सहायता समूह की दीदियों के साथ यादगार ग्रुप फोटो भी खिंचवाई, जिससे पूरा परिसर उत्साह और गर्व के माहौल से सराबोर रहा।

MOST POPULAR

HOT NEWS