रायपुर अहमदाबाद स्थित सिंधी समुदाय के प्रसिद्ध धार्मिक आस्था केंद्र निज बैकुंठधाम के पीठाधीश साईं संजयदेव मसंद एवं उनकी धर्मपत्नी विख्यात प्रवचनकार माता अनुपमा देवी मसंद का रायपुर आगमन पर 29 मार्च को शाम 5 बजे शंकरनगर स्थित सिंधु पैलेस में हो रहा है।सिंधी समुदाय की समस्त पंचायतों एवं समाजसेवी संगठनों द्वारा उनका सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय मसंद सेवाश्रम के तत्वावधान में किया गया है। सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसंद साहिब ने बताया कि गुजरात, सौराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड व मध्यप्रदेश के 24 नगरों में निज बैकुंठधाम की शाखाएं स्थापित हैं। साईं संजयदेव मसंद साहिब पूर्व में भारतीय जल सेना में कैप्टन थे तथा उनकी धर्मपत्नी अनुपमा देवी दिल्ली दूरदर्शन की विख्यात अभिनेत्री रही हैं। पूज्य शदाणी दरबार के पीठाधीश साईं युधिष्ठिर लाल साहिब, पूज्य गोधरीधाम की महंत अम्मा मीरादेवी एवं श्रीदुर्गा मंदिर, लिली चौक के महंत अनंतपुरी गोस्वामी साहिब इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि रहेंगे।कार्यक्रम में पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत एवं उसकी युवा शाखा के नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा। पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदराणी कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष रहेंगे। नगर के दो विख्यात समाजसेवी संगठन सेवा पथ तथा एक पहल और के स्वयंसेवक कार्यक्रम की व्यवस्था संभालेंगे।उल्लेखनीय है कि साईं संजय देव मसंद साहिब अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान हर बार बड़ी संख्या में अपने शिष्यों के साथ मसंद सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसंद साहिब से भेंट करने शांतिनगर स्थित उनके सेवाश्रम अवश्य आते हैं। यह जानकारी मसंद सेवा आश्रम रायपुर के प्रवक्ता मयंक मसंद ने दी।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की लड़ाई भाजपा से नही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से है: केदार कश्यप
- कांग्रेसी ही कह रहे हैं कि लखमा दागदार है : कश्यप
- कांग्रेस के लेटर बम पर बोले मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेता शिवनारायण द्विवेदी द्वारा बस्तर संसदीय क्षेत्र से पूर्व मंत्री व विधायक कवासी लखमा को कांग्रेस उम्मीदवार घोषित नहीं करने संबंधी उठाई गई मांग के मद्देनजर कहा है कि कांग्रेस में अंतर्कलह चरमसीमा को लांघ चुकी है। कश्यप ने कहा कि एक तो ले-देकर कांग्रेस ने बस्तर में प्रत्याशी घोषित किया है, उसे लेकर भी कांग्रेस के लोग ही विरोध में उतर आए हैं।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस अब कितनी लाचार और दयनीय दशा की शिकार हो चुकी है, इसका जीवंत प्रमाण यही है कि कांग्रेस पार्टी अब तक छत्तीसगढ़ में अपने पूरे प्रत्याशियों की घोषणा तक नहीं कर पाई है। कांग्रेस के जितने तथाकथित दिग्गज नेता थे, उनके खिलाफ कार्यकर्ता मुखर हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उम्मीदवारी को लेकर सामने आए विरोध के बाद अब लखमा के खिलाफ मोर्चा खोलकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिख रहे हैं। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता खुद ही कह रहे हैं कि उनके दिग्गज नेताओं ने बड़ा भ्रष्टाचार किया है। प्रभारी मंत्री रहते हुए बस्तर में कांग्रेस को सभी सीटों पर हराने और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लखमा के विरुद्ध ईओडब्ल्यू जांच लंबित होने समेत कई गंभीर आरोपों का जिक्र कर कहा गया है कि लखमा ने बस्तर की जनता का हक लूटा है, बस्तर की गरीब जनता का हक उन्होंने मारा है, बस्तर को बदनाम करने का काम किया है। बस्तरिया लोगों का हक मार कर अपना घर भरने का काम किया है। कश्यप ने दावा किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में घिरी और अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी जमानत तक बचाने के लाले पड़ जाएंगे।
बस्तर में कांग्रेस की लंका जलाएंगे भाजपा के बजरंगी महेश कश्यप
- कट्टर हिंदूवादी छवि वाले नेता हैं भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप
- बजरंग दल से जुड़कर की थी राजनीति की शुरुआत
अर्जुन झा
जगदलपुर बस्तर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेश कश्यप, मूलरूप से विहिप और बजरंग दल से जुड़े आदिवासी नेता हैं। सरपंची से लेकर बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी बनने तक के सफर में उन्होंने केवल हिंदू और आदिवासी हितार्थ जन जागरण मंच के माध्यम से अम लोगों के बीच हिंदुत्व का अलख जगाने का शानदार कार्य किया है। इसके पहले बलिराम कश्यप जैसे धाकड़ बीजेपी के नेता ने बस्तर लोकसभा सीट से सांसद रहते हुए अपनी अलग छाप छोड़ी थी। अब महेश कश्यप बस्तर में हिंदुत्व की धार को और भी प्रखर करने में लगे हुए हैं। कहा जा रहा है कि भाजपा का यह बजरंगी इस बार बस्तर में कांग्रेस की लंका जलाकर ही रहेगा।

पहली बार बीजेपी ने बस्तर लोकसभा सीट से प्रखर हिंदूवादी छवि वाली शख्सियत के रूप में महेश कश्यप को अपना प्रत्याशी बनाया है। भतरा आदिवासी समुदाय के महेश कश्यप आज जननेता बन चुके हैं। आदिवासी समाज में रसूख बनाकर चलने वाले नेता हैं महेश कश्यप। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान बस्तर महाराज कमलचंद्र भंजदेव के विश्वस्त सहयोगी के रूप में भी उभर कर सामने आए। हालांकि तब
कमलचंद्र भंजदेव ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। अपने महल में पीएम मोदी के प्रवास के दौरान महेश कश्यप की छवि को बेहतर सांसद प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत कर दी गई थी। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा इस बार कोई बड़ा दांव खेल सकती है। अंततः इस बार बस्तर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी चयन के दौरान फौरन ही इनके नाम पर नरेंद्र मोदी की मुहर लग गई। अपनी विशिष्ट कार्यशैली से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र और बस्तर विधानसभा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान महेश कश्यप ने स्थापित कर ली है। हर पंचायत में टैंकर से पानी पहुंचना और हर घर तक स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना महेश कश्यप का उद्देश्य रहा है। पूरे बस्तर में नारा लगता था कि हाथ नहीं तो भात नहीं। इस मिथक को तोड़ते हुए मोदी जी की गारंटी को लागू करवाने अथक परिश्रम कर रहे हैं। महेश कश्यप एक अच्छे
कबड्डी खिलाड़ी भी हैं। वे राज्य स्तर के खिलाड़ी हैं। अब यह कबड्डी खिलाड़ी राजनीति के मैदान पर दांवपेंच दिखाएगा। पिछले विधानसभा चुनाव में बस्तर विधानसभा से महेश कश्यप की प्रबल दावेदारी थी, लेकिन उनके नसीब में तो लोकसभा का सफर लिखा है।
दसवीं तक पढ़े हैं महेश
बस्तर जिले के माड़पाल पोस्ट ऑफिस अंतर्गत ग्राम कुम्हरावंड कलचा निवासी महेश कश्यप ने दसवीं तक की पढ़ाई की है। भतरा आदिवासी समुदाय से आने वाले महेश कश्यप के पिता सुकरू राम, माता सुदरी बाई और धर्मपत्नी चंपा कश्यप सामान्य किसान हैं। वे बजरंग दल के जिला संयोजक, विश्व हिंदू परिषद के जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री, बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक, विहिप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य,पतंजलि योग समिति युवा भारत के बस्तर जिला अध्यक्ष, 2014 से 2019 तक सरपंच, छ्ग सरपंच महासंघ के जिला अध्यक्ष, बस्तर सांस्कृतिक सुरक्षा मंच के संभागीय संयोजक, जिला कबड्डी संघ के सह सचिव, गौ सेवक, विहिप के प्रांतीय उपाध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज के सदस्य समेत कई अहम पदों पर रहे हैं। बस्तर में धर्मान्तरण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर महेश कश्यप ने अपनी अलग छाप छोड़ी है।
मोदीजी के मिशन को बढ़ा रहे आगे
भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली के दीवाने हैं। वे कहते हैं – मोदी जी तो देश के लिए जी रहे हैं। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। मैं उनके मिशन को आगे बढ़ा रहा हूं। कांग्रेस ने देश को बेहाल कर दिया था। मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से तरक्की कर रहा है। पूरे विश्व में भारत का गौरव गान हो रहा है।
भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने किया नामांकन दाखिल
- प्रदेश भाजपा किरण देव, दिनेश कश्यप और कमलचंद्र भंजदेव भी रहे मौजूद
जगदलपुर भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया।अधिष्ठात्री देवी माई दंतेश्वरी का दर्शन पूजन करने और नागरिकों से आशीर्वाद लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने बस्तर लोकसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, बस्तर महाराजा कमल चंद्र भंजदेव विशेष रूप से उपस्थित थे। भाजपा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार महेश कश्यप मतदाताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने 27 मार्च को सुबह 11 बजे रैली निकालेंगे।

केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर महिला को मिलेगा सालाना एक लाख रूपए: दीपक बैज
- भाजपा सरकार महिलाओं को देती है 1000 रू., कांग्रेस देगी 8333 रू. प्रतिमाह
- कार्यकर्ता हर महिला तक जाएंगे यह घोषणा
जगदलपुर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस देश के हर वंचित वर्ग के विकास की गारंटी देती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा महिलाओं को 1000 रू. देने की बात करती है। कांग्रेस हर महिला को 8333 रू. महीना देगी। कांग्रेस ने महिलाओं के लिये महालक्ष्मी योजना लागू करने का वादा किया है। जिससे हर महिला को एक लाख रू. हर साल देने की गारंटी है।
दीपक बैज के मुताबिक कांग्रेस का मानना है कि देश की उन्नति तभी संभव है जब आधी आबादी आत्मनिर्भर बन जाएगी। इसलिए कांग्रेस ने मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का बीड़ा उठाया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि महिलाओं को एक लाख रू सालाना देने के कांग्रेस के निर्णय को कांग्रेस के कार्यकर्ता 11 लोकसभा क्षेत्रों में हर महिला मतदाता तक पहुंचाएंगे इस हेतु पार्टी बैनर, पाम्पलेट एवं प्रचार फार्म का सहारा लेगी। जिसके माध्यम से महिलाओं को बताया जाएगा कि कांग्रेस की सरकार उनकी आर्थिक उन्नति के लिए कितना बड़ा क्रांतिकारी कदम उठाएगी। श्री बैज ने भरोसा जताया है कि लोकसभा चुनाव में महिलाओं का समर्थन कांग्रेस को मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की केंद्र सरकार महिलाओं को सालाना 1 लाख देने के अलावा उन्हे आत्मनिर्भर बनाने के लिए और भी अनेक कदम उठाएगी। कांग्रेस की सरकार केंद्रीय नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं की करेगी। आशा वर्कर, आंगनबांड़ी तथा मिड डे मील कार्यकताओं को केंद्रीय सहायता कांग्रेस की सरकार बनने पर दोगुनी की जाएगी। महिलओं के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रत्येक पंचायत में कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी। देश के सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए हास्टल बनाए जाएंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा की रुपए बांटते फोटो वायरल, आयोग ने पुलिस में दर्ज कराई एफआईआर
- शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के खिलाफ भी दर्ज हुईं एफआईआर
जगदलपुर बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन प्रकरण में निर्वाचन आयोग की ओर से कोतवाली थाना जगदलपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दो दिन पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित एक फोटो के आधार पर आयोग ने यह कारवाई की है। प्रसारित फोटो में जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर के सामने होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान कवासी लखमा अपने हाथों से आयोजन समिति के लोगो को पैसे देते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पास में ही खड़े कुछ लोगों ने तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर इसे सोशल मीडिया में प्रसारित कर दिया। भाजपा ने इस मामले को मुद्दा बना लिया है। यह प्रकरण चुनाव आयोग के पास पहुंचा। जिसके बाद 25 मार्च की देर शाम जगदलपुर सिटी कोतवाली में कवासी लखमा, बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के विरुद्ध लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123, इंडियन पेनल कोड की धारा 171 बी, 171 ग और 171 ई, एवं 188 के तहत अपराध घटित करते पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अपर कलेक्टर बस्तर सीपी बघेल ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी कवासी लखमा को खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन करते पाए जाने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
होलिका दहन के लिए दान
इस मामले में सह आरोपित शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बस्तर सुशील मौर्य ने कहा है की सोशल मीडिया में प्रसारित फोटो के आधार पर निर्वाचन आयोग ने भाजपा के बी टीम की तरह काम करते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जबकि सच्चाई यह है की कवासी लखमा दंतेश्वरी मंदिर गए हुए थे, जहां होलिका दहन समिति के कहने पर भगवान के नाम पर उन्होंने दान किया था। वे वहां वोट मांगने नहीं गए थे। मामले को अनावश्यक तूल दिया गया है।
कांग्रेस को धन बल का सहारा
वहीं बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा है कि कांग्रेस धन बल से चुनाव जीतना चाहती है। कांग्रेस प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है, इसमें आयोग ने विधि सम्मत कारवाई की है।
लखमा कल भरेंगे पर्चा
बुधवार को नामांकन पत्र जमा करने का अंतिम दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के नामांकन पत्र जमा करने के अवसर पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के लिए बस्तर पहुंच रहे हैं।
यहां बता दें कि कवासी लखमा कोंटा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार के विधायक हैं। साल 2023 के चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की। अब पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है। उनके सामने भाजपा के महेश कश्यप प्रत्याशी हैं।
भूपेश आज जगदलपुर में
जगदलपुर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 26 मार्च की शाम को जगदलपुर पहुंचेंगे। वे 27 मार्च को बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। भूपेश बघेल सड़क मार्ग से जगदलपुर आएंगे।
अपहरण मामले में 6 बाद 3 आरोपी को पकड़कर भेजा जेल
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग श्री राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक बालोद श्री एस आर भगत के कुशल निर्देशन में बालोद पुलिस को निखिल देहारी अपहरण के मामले में 3 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में मिली सफलता।
थाना डोंडी लोहारा क्षेत्र के ग्राम खैरीडीह नाहर नाली के पास नागपुर निवासी निखिल देहारी का हुआ था फिरौती के लिए अपहरण ।
थाना डोंडी लोहारा एवम साइबर सेल बालोद से बनी विशेष टीम ने घटना के 24 घंटे बाद के भीतर अपहृत को सकुशल लाकर 06 आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार उक्त प्रकरण में फरार 3 अन्य आरोपी को पकड़ने में सफल हुए अब तक कुल 09 आरोपी गिरफतार ।
ट्रक के जीपीआरएस से हुई आरोपी सुमेश और राहुल की गिरफ्तारी ।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक महोदय एस आर भगत के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी एंव उप पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर के परवेक्षण में थाना प्रभारी डोंडी लोहारा निरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल व साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में थाना एवम साइबर सेल से स्मॉल टीम जिसमे प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक पूरन देवांगन, आरक्षक विपिन गुप्ता शामिल थे जो फरार 3 आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है विवरण इस प्रकार है की निखिल देहारी नागपुर निवासी का अपहरण में उसे सकुशल बरामद कर प्रकरण में पूर्व में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है टीम द्वारा शेष फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आरोपी सुमेश और राहुल को जो पेशे से ड्राइवर है ट्रक लेकर मोहला गए थे बाद अपना मोबाइल बंद कर चिचोला राइस मिल गए थे और पुराने राइस मिल से काम छोड़ चुके थे किसी नए ट्रक मालिक से काम मांग कर पहली बार उस ट्रक को लेकर मोहला से चिचोला जाकर वहा छिपे थे जिसे उनके ट्रक के जीपीआरएस को ट्रैक कर आरोपी सुमेश और राहुल को घेराबंदी कर पकडे उसके बाद आशीष उफ अनूप को मोतीपुर राजनांदगांव से पकड़ कर थाना डोंडी लोहारा लाया गया तीन आरोपियों से 02 नग मोबाइल सेट , 01 नग निखिल पीड़ित का आईफोन मोबाइल जप्त किया गया है गिरफ्तार आरोपियों के नाम व पता
1. सुमेश कुमार पिता लालजी पता गांधी चौक गब्दी थाना Arjunda जिला बालोद
2. राहुल कुमार साहू पिता कमलेश्वर दास साहू पता भेड़ी कला राजनांदगांव
3. आशीष दीप उफ अनूप पिता संतोष पता मोतीपुर राजनांदगांव
अपहरण के मामले में फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी डोंडी लोहारा निरीक्षक श्री लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल , सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक श्री जोगेन्द्रर साहू,सउनि अनित राम यादव , प्रधान आरक्षक यज्ञदत ठाकुर,विवेक शाही, विपिन गुप्ता,पूरन देवांगन , मिथलेश यादव का महत्तवपूर्ण योगदान रहा।
वनमंत्री केदार कश्यप ने दी प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई
- इस होली में पूरे देश को भगवामय करने का लें संकल्प: केदार कश्यप
जगदलपुर छत्तीसगढ़ के वनमंत्री केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं एवं बधाई दी है और स्वस्थ जीवन की कामना की है। केदार कश्यप ने कहा है कि इस बार की होली पूरे देश सहित विश्व के लिए महत्वपूर्ण है। हमें यह त्यौहार समाज के लिए कुछ बेहतर करने की देती है। सामाजिक एकता को बढ़ाने वाले इस पर्व की प्रदेशवासियों को बहुत -बहुत बधाई। कश्यप ने कहा कि राष्ट्रहित में पूरे देश को भगवामय करने का संकल्प लें। वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हमें स्मरण है कि होली का पर्व राष्ट्रीय आंदोलन का माध्यम बनता रहा है। इसलिए हम सभी प्रदेशवासी होली पर्व के अवसर पर पूरा देश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भगवा मय करने का संकल्प लें। मंत्री कश्यप ने कहा कि पूरा देश 4 जून को फिर से होली के रंग में रंगेगा, लेकिन इस बार का रंग केवल भगवा होगा।
नक्सलियों ने बीजापुर में डीआरजी जवान को मारी गोली, जवान को रायपुर ले जाने की तैयारी
- बीजापुर शहर के अटल आवास की है घटना
- रात करीब 9 बजे पीछे से पीठ पर मारी गई गोली
जगदलपुर होलिका दहन की रात नक्सलियों ने डीआरजी के एक जवान पर फायरिंग कर दी। गोली जवान की पीठ पर लगी है। उसका बीजापुर के जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है और बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
बस्तर संभाग के बीजापुर जिला मुख्यालय के अटल आवास में रहने वाले डीआरजी जवान दीपक दुर्गम को नक्सलियों ने गोली मारी है। जवान की पीठ में गोली लगी है। बासागुड़ा निवासी दीपक अटल आवास में रहता है। दीपक बालक छात्रावास के पीछे स्थित अपने घर से बाहर निकला था। तभी उसे गोली मारी गई। घायल जवान को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ लगी है। कोतवाली थाने से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर यह वारदात हुई है।होली जलने के पहले रात 9 बजे के लगभग नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम द्वारा घटना को अंजाम दिया गया।
बीजापुर बस्ती के बीच में जवान को गोली मारने से दहशत का माहौल है। बीजापुर पुलिस इस घटना की जांच में जुटी है। जवान की बहन ने बताया कि कुछ लोगों ने घर के बाहर भाई दीपक को गोली मारी है। यह नक्सलियों द्वारा की गई घटना है। एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने कहा कि घटना हुई। अभी हम इसकी पड़ताल कर रहे हैं।


