मुंडागांव, सिवनी सहित कई गांवों में सार्वजनिक स्थलों, वनभूमि, राजस्व भूमि पर किया अतिक्रमण
जगदलपुर जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने आरोप लगाया है कि नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने अपने कार्यकाल में पद का दुरुपयोग करते हुए भानपुरी क्षेत्र के मुंडागांव, सिवनी सहित कई गांवों में सार्वजनिक जमीन, राजस्व भूमि व वन भूमि पर अतिक्रमण करने के लिए अपने चहेते कांग्रेसियों को संरक्षण दिया। यही वजह है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हुए हैं।
जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस के तत्कालीन सरकार व पूर्व विधायक चंदन कश्यप पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा क्षेत्र में पूर्ववर्ती सरकार के संरक्षण में किए गए अवैध कब्जों को चिन्हाकित कर कानूनी रूप से अतिक्रमण हटाने का कार्य भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है, तो पूर्व विधायक को तकलीफ होने लगी है।
दीवान ने आगे कहा क्षेत्रीय प्रवास के दौरान ग्रामीणों द्वारा लगातार विभिन्न गांवों में अवैध कब्जा व वन भूमि के अतिक्रमण की शिकायत मिल रही है जिसकी जांच हेतु प्रशासन को भेजा गया है और विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है। इससे चंदन कश्यप के पेट में मरोड़ उठने लगा है।
दल्लीराजहरा :- जिले के रेत घाटों में नदी का सीना छलनी करते हुए रेत माफिया दिन रात अवैध उत्खनन कर रहे है ।बिना ठेका हुए वर्षों से खुलेआम रेत का खनन किया जा रहा है।इसके बावजूद जिले के भैंसमुंडी रेत खदान में गुरुवार देर शाम चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आया है ।
बताया जा रहा है कि टोनी सरदार नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ खदान में पहुंचा और वहां चाकू से हमला कर मौके पर फरार होने में भी कामयाब भी हो गया ।इस दौरान जब लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो दुर्ग जिले के उतई गांव का एक ग्रामीण गोपेन्द्र साहू चाकूबाजी की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका MLC किया गया।
देखा जाए तो रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हो रहे है । नदियों का सीना चीरकर सालभर तक रेत बिना रॉयल्टी के रेत खनन कर सरकार को करोड़ों का चुना लगा चुका हैं । यह खेल लगातार जारी हैं रेत माफिया जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भारी पड़ रहे हैं। अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्यवाही केवल दिखावे के लिए की जा रही है।
शिक्षकों ने गिरफ्तारी देकर भाजपा नेता से सार्वजनिक माफी की मांग उठाई
जगदलपुर शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण मामले को लेकर सोशल मीडिया में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री खूबलाल ध्रुव द्वारा शिक्षकों को कथित रूप से अर्बन नक्सली कहे जाने की सर्व शैक्षिक संगठन जिला ने कड़ी से कड़ी निंदा की है।आज 6 जून को प्रातः 11 बजे सर्व शैक्षिक संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सिटी कोतवाली जगदलपुर में गिरफ्तारी देकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के नाम पुलिस निरीक्षक राजपूत को सौंपा। संगठन ने मांग की है कि भाजपा नेता खूबलाल ध्रुव शिक्षकों पर दिए गए अर्बन नक्सली वाले बयान को वापस लें और शिक्षक समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
प्रदेश मंत्री खूबलाल ध्रुव के इस बयान से पूरा शिक्षक समाज आक्रोशित है। प्रदेश के हर घर परिवार में एक शिक्षक है। जो राष्ट्र निर्माण में सहयोग दे रहे हैं। भाजपा नेता ध्रुव के हिसाब से हर घर परिवार में एक अर्बन नक्सली है। शिक्षक समाज ऐसे बयान की घोर निंदा करता है और बयान वापस लेने एवं सार्वजनिक माफी की मांग करता है। गिरफ्तारी देने पहुंचे लोगों में संघ के प्रदेश महामंत्री गजेंद्र श्रीवास्तव, आरडी तिवारी, सतपाल शर्मा, अध्यक्ष भूपेश पाणिग्रही, अजय श्रीवास्तव, रमाकांत द्विवेदी, देवराज खूंटे, जेआर केसरिया, लूदर्शन कश्यप, गणेश्वर नायक, श्री पाणिग्रही, नीरज दास, मनीष ठाकुर, तेजपाल सिंह, आरती मिश्रा, संजय चौहान, मनोज महापात्र, एसएस जान, शेख ताहिर, रेखा चौबे, कौशल्या भास्कर, प्रेमवती नेताम तथा अन्य शिक्षक, शिक्षिकाएं शामिल थे। यह जानकारी बस्तर जिला अध्यक्ष भूपेश पाणिग्रही ने दी।
शिक्षकों की वरिष्ठता और स्कूल की श्रेणी की दी थी गलत जानकारी
जगदलपुर प्रदेश में विरोध और विवादों के बीच जारी स्कूलों तथा शिक्षक शिक्षिकाओं प्रक्रिया एक खंड शिक्षा अधिकारी के लिए भारी पड़ गई। गलत जानकारी देने पर शासन ने जगदलपुर के बीईओ मानसिंह भारद्वाज को निलंबित कर दिया है।
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय एवं विभागीय समसंख्यक निर्देश के तहत बस्तर जिलेbमें युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इस प्रक्रिया में जगदलपुर के खंड शिक्षा अधिकारी मानसिंह भारद्वाज द्वारा युक्तियुक्तकरण हेत विकासखंड से विसंगतिपूर्ण जानकारी जिला स्तरीय समिति को प्रस्तुत की थी। बीईओ कार्यालय द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरनार में कनिष्ठ शिक्षक का वरिष्ठ एवं वरिष्ठ शिक्षक को कनिष्ठ दर्शाते नते हुए जानकारी प्रस्तुत की गई थी। इसी तरह ई केटेगरी वाले सेजेस हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विवेकानंद वार्ड जगदलपुर को टी संवर्ग एवं ई संवर्ग दोनों में रिक्त पद की जानकारी दी गई है।युक्तियुक्तकरण से संबंधित विकासखंड स्तरीय जानकारी में वरिष्ठता निर्धारण में अत्यधिक त्रुटिपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की गई। युक्तियुक्तकरण हेतु स्वीकृत व रिक्त पदों की विसंगति पूर्ण जानकारी जिला स्तरीय समिति को प्रस्तुत की गई थी। शासन ने इस कृत्य को निर्धारित दिशा निर्देशों एवं छग सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम के विपरीत माना है। इसी आधार पर संभाग आयुक्त के अनुमोदन के बाद बस्तर कलेक्टर हरिस एस ने मानसिंह भारद्वाज बीईओ जगदलपुर (मूल पद प्राचार्य) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में भारद्वाज का मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जगदलपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल कलेक्टर हरिस एस एवं जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में बस्तर जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के साथ ही युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटि रहित बनाने में भी पूरी शिद्दत से जुटे हुए हैं।
प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से गरीबों के घर तोड़ने की प्रदेश में चल रही शाजिस
जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिवनी में आज गरीब परिवार के लोगों के घरों को तोड़ने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। खबर मिलते ही नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप भी वहां पहुंच गए। कश्यप ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया।
पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि वे स्वयं तथा कांग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ता हर गरीब के साथ न्याय की लड़ाई में पूरी ताकत के साथ लड़ने को संकल्पित हैं। कश्यप ने कहा कि 18 लाख आवास का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार अब उसी ताकत के नशे में ग्रामीणों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रही हैl
भानपुरी के सिवनी गांव में तहसीलदार द्वारा गरीबों का घरों को जबरन तोड़ने के आदेश से ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं, अब इन घरों को दो दिनों में खाली करने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया गया है। घर बनाने में ग्रामीणों की जीवन भर की कमाई लगी हुई है।नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिवनी गांव में तहसीलदार द्वारा 10 से अधिक घरों को तोड़ने के आदेश से ग्रामीण परेशान हैं। इनमें से सभी गरीब परिवार से हैं और कई घर ग्रामीणों की जीवन भर की कमाई लगी हुई है। पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने सवाल उठाया है कि गरीबों का घर उजाड़ने में क्या भाजपा को आनंद आता है?
चंदन कश्यप ने कहा है कि क्या भाजपा का बुलडोजर केवल गरीबों के घरों पर चलाने के लिए है।
नगरनार एनएसएल स्टील प्लांट,नगरनार और एनएमडीसी टाउनशिप धनपूंजी में 30 मई से 5 जून तक मनाए गए पर्यावरण सप्ताह की धूम रही। कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाने के लिए आयोजित कई गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
उद्घाटन के दिन एनएसएल स्टील प्लांट नगरनार के कार्यकारी निदेशक और प्रमुख एम एनवीएस प्रभाकर द्वा पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण की शपथ दिलाने के बाद उत्साही पर्यावरण मित्रों ने सप्ताह भर में फैले विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाग लिया। इनमें पर्यावरण रैली, नेचर वॉक, पर्यावरण प्रदर्शनी एवं प्रस्तुति, ड्राइंग प्रतियोगिता, पर्यावरण और इको-फ्रेंडली कला और डिजाइन प्रतियोगिता, वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण क्विज, स्किट और नारा लेखन और पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता शामिल थी। सभी गतिविधियां विश्व स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना की थीम पर केंद्रित थीं। आज समापन दिवस पर प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में विभिन्न मापदंडों पर चुना गया और पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
एसएमएस बना ट्रॉफी विजेता
हर साल विश्व पर्यावरण सप्ताह संग आयोजित पर्यावरण सप्ताह एनएसएल की प्रत्येक इकाई के लिए कुछ बुनियादी पर्यावरणीय मुद्दों पर दूसरे यूनिट्स के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर भी होता है. विजेता टीम को एक वर्ष के लिए रोलिंग ट्रॉफी मिलती है। इस साल एनएसएल की स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) स्पष्ट विजेता बनकर उभरी। सभी इकाइयों से एक यूनिट को चुनना जजों के लिए एक कठिन विकल्प या क्योंकि प्रत्येक इकाई का प्रदर्शन किसी न किसी पहल के लिए अलग था और उनका समग्र प्रदर्शन भी एक दूसरे के बराबर था, फिर भी एसएमएस ने बाजी मारी।
कठिन परिश्रम, निरंतर ज्ञानार्जन एवं कौशल उन्नयन करते हुए अपने फील्ड में उपलब्धि हासिल करने की दी सीख
बालोद, 05 जून 2025 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित अपने कक्ष में धमतरी जिले के कुरूद में संचालित प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात् राज्य व देश के विभिन्न शहरों के निजी संस्थानों में जाॅब प्राप्त करने वाले जिले के नवयुवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले के नवयुवकों को निजी संस्थानों में जाॅब प्राप्त होनेे पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने निजी संस्थानों में जाॅब प्राप्त करने वाले सभी नवयुवकों को अपने कार्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम, निरंतर ज्ञानार्जन एवं कौशल उन्नयन करते हुए अपने फील्ड में उपलब्धि हासिल करने की सीख दी। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के कलस्टर हेड श्री मोतीलाल देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन कुरूद में 45 दिनों का प्रशिक्षण प्राप्त करने पश्चात् जिले के 13 युवा-युवतियों को प्रीमियम सोलर कंपनी हैदराबाद, ईडीएमसी सोलर रायपुर, दुर्गेश प्लम्बिंग रायपुर, अशोक प्लंबिंग वर्क भिलाई, महेश्वरी सैनिटरी बालोद, सेलिब्रेटी रिसॉर्ट हैदराबाद, बरदिहा रिसॉर्ट धमतरी, अविनाश इंटरनेशनल जगदलपुर में जाॅब प्रदान किया गया है। इन सभी युवा-युवतियों का निःशुल्क 01 लाख रूपये राशि की प्री एक्सेडेंशियल बीमा भी किया गया है।
कलेक्टर, अपर कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने ’एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत किया पौध रोपण
बालोद, 05 जून 2025 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज वन विभाग जिला बालोद के द्वारा कलेक्टोरेट मार्ग सिवनी के रिजर्व फाॅरेस्ट क्रमांक 248 के वन भूमि में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ’एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर उप वनमण्डलाधिकारी सुश्री डिम्पी बैस, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने पौध रोपण किया। इस अवसर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने उपस्थित लोगों को संपूर्ण जीव-जगत के लिए पेड़-पौधों की महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौध रोपण करने तथा रोपे गए पौधे की सुरक्षा हेतु समुचित उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जगदलपुर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण प्रेमियों ने पौधे लगाए। पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखरेख की जवाबदारी भी ली गई। आवारा पशु, पौधों को नुकसान न पहुंचा सकें इसके लिए तत्काल ट्री गार्ड भी लगाए गए। पर्यावरण से संबंधित नारे भी पर्यावरण दिवस पर लगाए गए।
महापौर संजय पाण्डे सुबह लालबाग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित भूतहा तालाब पहुंचे। उनके साथ नगर निगम की टीम, स्वच्छता एंबेसडर, कॉलोनीवासियों, एमआईसी सदस्यों व पार्षदों ने फलदार व छायादार पौधे लगाए। सभी ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। वार्डवासियों को जागरूक करने स्वच्छता रैली भी निकाली गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, निगम स्पीकर खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, राणा घोष, पार्षद कुबेर देवांगन, लोकेश चौधरी, किशोर पारख, विमलेंद्र शेखर झा, एचवाय कुकड़े, अजय पाल सिंह जसवाल, डीके पाराशर, संजय चंद्राकर, धर्मेंद्र महापात्र, ममता सिंह राणा, शिव मिश्रा, रतन व्यास, संपत झा, निशा मौर्य, राजीव निगम, अतुल सिम्हा, सुप्रीयो मुखर्जी, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
कॉलेज में भी प्लांटेशन
क्रांतिकारी डेबरीधुर महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में पौधारोपण किया गया। मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप, विशिष्ट अतिथि महापौर संजय पाण्डे, निगम स्पीकर खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा उपस्थित रहे। संस्था प्रमुख डीन डॉ. जीपी नाग व स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत तिलक लगाकर व आरती उतार कर किया। इसके बाद पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधे लगाकर उनको विकसित व संरक्षित करने का संकल्प भी लिया गया। अतिथियों को कार्यक्रम के अंत में शाल व पौधे देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्रांतिकारी डेबरीधूर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के स्टॉफ आरके देवांगन, भागवत कुमार, ईशु साहू, आशीष अनंत, राजश्री शुक्ला, अमित पैकरा, डॉ. सुमीत, डॉ अमित, डॉ. नेहा, डॉ. संजय सिंह, डॉ. त्रिशला साहू, डॉ. ममता भगत, ज्योति ठाकुर सहित कॉलेज के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतापदेव वार्ड में वन विभाग द्वारा पौधा रोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डे, निगम स्पीकर खेमसिंह देवांगन, निर्मल पाणिग्रही, संग्राम सिंह राणा, नरसिंह राव, उमा मिश्रा, प्रकाश झा, लाल महावर, संपत झा किशोर पारख, एचवाय कुकड़े, विमलेन्दु शेखर झा, वीरेंद्र जोशी, अतुल सिम्हा, विवेक जैन, शिरीष मिश्रा, ममता राणा, लक्ष्मी कश्यप, ज्योति गर्ग, रानू शुक्ला, अंजू झा, उत्तम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
जगदलपुर दलपत सागर में अतिक्रमण को रोकने के लिए महापौर संजय पाण्डे के नेतृत्व में स्पीकर, एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों ने दलपत सागर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आरआई, पटवारी सहित तहसील के अधिकारी उपस्थित रहे। मालूम हो कि अवैध कब्जों के कारण दलपत सागर का आकार छोटा होता जा रहा है। इसे रोकने के लिए नगर निगम की टीम महापौर के नेतृत्व में जांच करने पहुंची। नगर निगम द्वारा दलपत सागर में अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। दलपत सागर जगदलपुर का एक ऐतिहासिक तालाब है जो पिछले कुछ सालों से उपेक्षा का शिकार रहा है। दलपत सागर में जलकुंभी की समस्या बढ़ गई है। अतिक्रमण हटाने और तालाब को मूल रूप में लाने में प्रयास जारी हैं। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दलपत सागर क्षेत्र में एक किनारे से मलबा गिराकर कब्जा करने की बात सामने आई थी जिसमें दलपत सागर के एरिया को कम करने की कोशिश की जा रही है। महापौर संजय पाण्डे ने कहा दलपत सागर का संरक्षण संवर्धन हमारी जिम्मेदारी है। कब्जा करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दलपत सागर हम सब की धरोहर है इसे बचाना हम सब की जिम्मेदारी है। दलपत सागर मे अतिक्रमण करने वालों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। महापौर संजय पाण्डे के साथ स्पीकर खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, नवीन बोथरा, कुबेर देवांगन, गोपाल भारद्वाज, दीपांशु, आरआई, पटवारी सहित निगम व राजस्व का अमला मौजूद रहा।