City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

30 लाख रुपये कीमत का 14 चक्का ट्रक चोरी, पुलिस ने तत्काल शुरू की तलाश

0

राजहरा। राजहरा थाना क्षेत्र से करीब 30 लाख रुपये कीमत के 14 चक्का ट्रक के चोरी होने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा लगातार की जा रही पतासाजी के दौरान चोरी हुए ट्रक के एक क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी मिलते ही पुलिस दल तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ और मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाश एवं संबंधित जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।सूत्रों के अनुसार पुलिस की सक्रियता से ट्रक के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। हालांकि पुलिस द्वारा अभी आधिकारिक रूप से ट्रक के बरामद होने या पकड़े जाने की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस दल मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की पतासाजी कर रहा है तथा ट्रक की स्थिति और घटना में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।गौरतलब है कि 20 अगस्त की रात राजहरा क्षेत्र से 14 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीएस 8090 चोरी होने की शिकायत वाहन मालिक द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई थी। ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस की तत्काल सक्रियता के चलते मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आ रही है।

खस्ताहाल नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग पर थमे बसों के पहिए, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

0

नारायणपुर बरसात के मौसम में नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग की बदहाल स्थिति ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को सड़क की अत्यंत खराब हालत के कारण इस मार्ग पर एक भी यात्री बस का संचालन नहीं हो सका, जिससे सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आवश्यक कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, वहीं कई यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी।जानकारी के अनुसार, अंतागढ़ से नारायणपुर के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबा स्टेट हाइवे निर्माणाधीन है। इस मार्ग से क्षेत्र की खदानों में उपयोग होने वाले भारी मालवाहक ट्रकों का लगातार आवागमन होता है। बरसात के चलते सड़क कई स्थानों पर दलदल में तब्दील हो चुकी है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से इस मार्ग पर वाहन फंसने की घटनाएं आम हो गई हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि राजनांदगांव, दुर्ग और दल्ली राजहरा से संचालित होने वाली अधिकांश यात्री बसों का संचालन पहले ही बंद कर दिया गया था। इसके बाद केवल एक स्थानीय बस ऑपरेटर द्वारा प्रतिदिन दो से तीन बसों का संचालन किया जा रहा था, लेकिन गुरुवार को सड़क की स्थिति और अधिक खराब होने के कारण वह भी अपनी बसें नहीं चला सका।बस सेवा पूरी तरह बंद रहने से सबसे अधिक परेशानी छात्रों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारिक कार्यों से यात्रा करने वाले यात्रियों को हुई। कई यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लंबे समय तक बस स्टैंड में इंतजार करना पड़ा।क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण मार्ग की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। बरसात के दौरान सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने की मांग की है।वहीं, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आवागमन पूरी तरह ठप होने की आशंका है, जिससे नारायणपुर और अंतागढ़ के बीच जनजीवन तथा व्यापारिक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं।

बिंजली डेम में आपदा प्रबंधन का अभ्यास, बाढ़ राहत एवं बचाव को लेकर नगर सेना ने किया प्रदर्शन

0

नारायणपुर जिले में संभावित बाढ़ जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने और बचाव दलों की तत्परता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला मुख्यालय के समीप स्थित बिंजली डेम में आपदा प्रबंधन के तहत मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत पहुंचाने तथा प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में राजस्व, पुलिस, वन विभाग, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, जनपद पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की तैयारियों का आकलन किया गया।जिला नगर सेनानी मनोहर लाल चौहान ने बताया कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के तहत आवश्यक बचाव सामग्री एवं संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी स्थापित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि बाढ़ बचाव कार्य के लिए विभाग के पास एल्युमिनियम बोट उपलब्ध है, जिसके माध्यम से एक बार में 10 से 12 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सकता है। मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने जलभराव एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बचाव उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी उपयोगिता एवं उपलब्धता की जानकारी भी ली। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि को न्यूनतम करने और त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।इस अवसर पर अपर कलेक्टर वीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, खाद्य अधिकारी अल्लाहउद्दीन खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जन्मदिन पर बच्चों के बीच सेवा और स्नेह का अनूठा आयोजन

0

राजहरा। अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और सेवा भावना के साथ मनाते हुए भाजपा मंडल मंत्री समर्थ लाखानी ने मोंगरा दफाई आंगनबाड़ी केंद्र क्र 30, वार्ड क्रमांक 18 में 50 बच्चों के बीच जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।इस अवसर पर बच्चों को खीर, पूरी, दाल-चावल एवं केले का वितरण कर उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने का यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित न रहकर सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाला रहा।

समर्थ लाखानी ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को जरूरतमंद एवं बच्चों के साथ खुशियां बांटकर मनाने से उस दिन की खुशी और भी सार्थक हो जाती है।आंगनबाड़ी में बच्चों के साथ समय बिताते हुए उपस्थित अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी ने पूरे वातावरण को आत्मीय और भावुक बना दिया।कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती अरुणा रामटेके, भाजपा मंडल मंत्री समर्थ लाखानी,जयश्री जैन एवं भाजयुमो उपाध्यक्ष रोहित साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धनेश्वरी चंद्राकर,सिंपा लाऊत्रे,हेमिन रजक एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे।जन्मदिन के अवसर पर सेवा और बच्चों के बीच खुशियां बांटने की इस पहल की उपस्थितजनों ने सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

देश के एकमात्र मजदूर संचालित शहीद अस्पताल में अत्याधुनिक सिटी स्कैन का उद्घाटन, अब 24 घंटे मिलेगी सुविधा

0

देश के एकमात्र मजदूरों द्वारा निर्मित और मजदूरों द्वारा ही संचालित शहीद अस्पताल ने सफलता का एक और कदम बढ़ाया है। अस्पताल में अत्याधुनिक सिटी स्कैन मशीन का उद्घाटन कल मंगल वार को शाम 4 बजे संपन्न हुआ। यह मशीन लाइफ केयर स्कैन प्राइवेट लिमिटेड और शहीद अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में लगाई गई है। अब क्षेत्र के मरीजों को सिटी स्कैन के लिए भिलाई या रायपुर नहीं जाना पड़ेगा।उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि शहीद कामरेड शंकर गुहा नियोगी के सहयोगी एवं अस्पताल के पूर्व कर्मचारी नरसू राम थे। उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप से उदयाचल अस्पताल के वरिष्ठ सदस्य अशोक मोदी लाइफ केयर के संचालक मनीष पारख जी पूर्व विधायक जनक लाल ठाकुर समाजसेवी विपिन भाई लखानी उपस्थित थे एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद अस्पताल के संचालक डॉक्टर जाना ने की।

नियोगी जी का सपना हो रहा साकार

शहीद अस्पताल के संचालक डॉ. जाना ने कहा कि नियोगी जी का सपना था कि यह अस्पताल क्षेत्र का सबसे अत्याधुनिक और सस्ता अस्पताल बने। छोटी सी डिस्पेंसरी से शुरू हुआ यह अस्पताल आज मजदूरों के सहयोग से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है। उन्होंने सन 1989 की घटना याद करते हुए बताया कि तब एक घायल मजदूर साथी को बेहतर इलाज कराने के लिए हमें सेक्टर 9, अस्पताल ले जाना पड़ा उसके बाद उन्होंने सिटी स्कैन के लिए नागपुर भेजा नागपुर की मशीन खराब थी । हमें बेहोश मरीज को जबलपुर ले जाना पड़ा था। आज वही सुविधा दल्लीराजहरा में उपलब्ध है। यह सिटी स्कैन 24 घंटे खुला रहेगा और आसपास के हर मजदूर, किसान और आम नागरिको को लाभ होगा।शहीद अस्पताल में अब तक अत्यधिक पैथोलॉजी लैब सोनोग्राफी , ई सी जी, यू यस जी, सी टी जी और अब अत्याधुनिक सी टी स्कैन कि सुविधा प्रारंभ हुई है इससे पहले भी अस्पताल के द्वारा कई जटिल ऑपरेशन के माध्यम से गंभीर मरीज के जीवन की रक्षा की गई है ।डॉ. दीपांकर जाना (सर्जन ) ने बताया कि सिटी स्कैन आने से गंभीर दुर्घटना, कैंसर और अन्य बीमारियों की पहचान तुरंत हो सकेगी। पहले दल्ली राजहरा से मरीज को डेढ़ सौ किलोमीटर दूर रायपुर भेजने में समय बर्बाद होता था और कई बार जान भी चली जाती थी। अब इलाज में आसानी होगी। शहीद अस्पताल में पहले से कैंसर का ऑपरेशन भी हो रहा है।

क्षेत्र के लिए मील का पत्थर

जनक लाल ठाकुर (पूर्व विधायक )डॉ. ध्रुव,( रेडियो लॉजिस्ट) डॉ. लालवानी, डॉ. राजीव लोचन शर्मा और टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. मेरिया ने भी सिटी स्कैन की स्थापना को क्षेत्र के इलाज के लिए मील का पत्थर बताया। सभी ने कहा कि अब बीमारी को समझने और इलाज करने में बहुत आसानी होगी।लाइफ केयर स्कैन के संचालक डॉ. मनीष पारख ने बताया कि यह मशीन अत्याधुनिक तकनीक से युक्त है। अगर मरीज गंभीर होगा तो उसे संबंधित अस्पताल में सीधे भिलाई-रायपुर रेफर किया जा सकेगा, अलग से अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं होगी।अस्पताल के संचालक डॉक्टर जाना ने बताया कि उद्घाटन से पहले ट्रायल के रूप में कल उद्घाटन के बाद 6 वर्षीय बालक का सिटी स्कैन किया गया, जिसमें मरीज के इलाज में काफी सुविधा मिली।कार्यक्रम के अंत में उद्यांचल नेत्र अस्पताल की ओर से डॉ. जाना और मुख्य अतिथि नरसू राम को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।सीटी स्कैन मशीन के उद्घाटन समारोह में दल्ली राजहरा एवं आसपास के विभिन्न अस्पतालों के डॉक्टर नगर के समाज सेवी व्यापारी गण बीएसपी प्रबंधन की ओर कार्मिक विभाग के अधिकारी , नगर के पत्रकार गण ,नगर के अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी , छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी एवं नगर के विभिन्न मजदूर संगठन के पदाधिकारी ,शहीद अस्पताल के डॉक्टर एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉक्टर वेद ने किया एवं आभार प्रदर्शन शैलेश बम्बोडे ने किया ।

अवैध शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

0

आरोपी के कब्जे से 60 नग देशी शोले प्लेन शराब जप्त03.‍ आरोपी के विरूद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत की गई कार्यवाही ।

पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान एवम् अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन में सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन राजहरा पुलिस द्वारा अवैध जुआ, सट्टा, शराब के विरूध्द चलाये जा रहे अभियान के तहत दिनांक 18.08.2026 को टाउन पेट्रोलिंग एवं जुर्म जरायम पतासाजी पर रवाना होकर आरोपी मनेश कुमार सोनवानी पिता तिहारू राम उम्र 32 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 26 अनिल प्रेस के पीछे नेहरू नगर चौक राजहरा के मकान में तुलसी चौरा के पास एक प्लास्टिक बोरी के अंदर रखे 60 नग पैवा देशी प्लेन शोले कंपनी की शराब जुमला शराब 10.800 बल्क लीटर कीमती 4800 रूपये को जप्त कर आरोपी मनेश कुमार सोनवानी के विरूध्द धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है । पुलिस थाना मो0न0 9479192058

कभी नक्सल भय का गढ़ रहे हांडेवाडा जलप्रपात पर लहराया तिरंगा, पर्यावरण प्रेमियों ने चलाया स्वच्छता अभियान – बदलते बस्तर की नई तस्वीरस्थान: हांडेवाडा जलप्रपात, ओरछा ब्लॉक,

0

नारायणपुर (छ.ग.)दिनांक: 15 अगस्त 2026एक समय था जब ओरछा ब्लॉक का घना जंगल और यहाँ स्थित मनोरम हांडेवाडा जलप्रपात अत्यंत नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था। नक्सलियों के भय के कारण आम लोगों का यहाँ पहुँचना भी मुश्किल था।आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। शासन-प्रशासन के प्रयासों और सुरक्षा बलों की सजगता से इस क्षेत्र से नक्सलवाद का भय समाप्त हो गया है। अब छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के दूर-दराज से पर्यटक यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन करने पहुँच रहे हैं। बस्तर अब भय और हिंसा नहीं, बल्कि शांति, पर्यटन और विकास की नई पहचान बन रहा है।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इसी बदलते बस्तर का संदेश देने के लिए दल्ली राजहरा के पर्यावरण प्रेमियों की एक टोली ने विशेष आयोजन किया।टोली में प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, लोकेंद्र देवांगन, ताराचंद रावेट, कौशल साहू और चेला राम निर्मलकर शामिल थे।

टीम ने स्वतंत्रता दिवस पर हांडेवाडा जलप्रपात परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ शहीदों को नमन किया और उपस्थित लोगों को शांति, एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।इसके साथ ही प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में बढ़ती गंदगी और प्रदूषण को रोकने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर पर्यटकों की अधिक भीड़ को देखते हुए टीम ने हांडेवाडा जलप्रपात, चित्रकोट जलप्रपात एवं ताम्र घूमर जलप्रपात में साफ-सफाई की और वहां मौजूद पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा -“लोग एक तरफ सुकून और शांति के लिए प्राकृतिक स्थलों पर जाना पसंद करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह स्थान साफ और सुरक्षित हो।

वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग खाने-पीने की चीजें, प्लास्टिक के डिब्बे और पॉलिथीन वहीं फेंक देते हैं, जिससे वह प्राकृतिक स्थान गंदा हो जाता है और उसकी खूबसूरती धूमिल पड़ती जा रही है। हमने सिर्फ सफाई ही नहीं की, बल्कि वहां मौजूद लोगों से पर्यटन क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने की अपील भी की।”टीम के इस प्रयास की वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। कई लोगों ने स्वेच्छा से सफाई में हाथ बंटाया और भविष्य में भी पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने की शपथ ली।टीम का मानना है कि ऐसे छोटे-छोटे अभियानों से ही लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता आएगी और आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।हम सभी क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अपील करते हैं कि वे इस प्राकृतिक धरोहर को देखने आएं, इसकी स्वच्छता बनाए रखें और बस्तर के बदलते स्वरूप के साक्षी बनें।

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

0

नारायणपुर, 19 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनदर्शन में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, शिक्षा, आवास, छात्रावास, स्वास्थ्य, राजस्व और मुआवजा सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं पुलिया निर्माण, क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत, विद्युत सुविधा और विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था की मांग प्रमुख रही।इसके अलावा छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य सहायता, किसानों के लिए सहकारी बैंक शाखा, बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा तथा विभिन्न व्यक्तिगत प्रकरणों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मछली पकड़ने गए युवक की नहर में डूबने से मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

0

बालोद। गोंदली जलाशय के किनारे भैंसबोड़ नहर में मछली पकड़ने गए 25 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मोनू देवांगन, पिता रामनिवास देवांगन, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मोनू देवांगन गोंदली जलाशय के किनारे भैंसबोड़ नहर में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह नहर के गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से मृतक की पावर एक्सल गाड़ी भी बरामद की गई है।पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

बोटेर में पहली बार लहराया तिरंगा, साइबर जागृति अभियान की शुरुआत

0

नारायणपुरस्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम बोटेर में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चित रहे इस क्षेत्र में तिरंगे का लहराना शांति, विश्वास और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक माना जा रहा है।इस अवसर पर थाना ओरछा पुलिस ने ग्राम बोटेर-गुंडेकोट में ग्रामीणों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ किया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।ग्रामीणों को OTP, UPI PIN, बैंकिंग जानकारी साझा न करने, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश और नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।नारायणपुर पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना और लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना है।

MOST POPULAR

HOT NEWS