City Media - Page 297 of 1848 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 297

कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता पुष्पेन्द्र तिवारी ने छोड़ा कांग्रेस पार्टी का साथ

0
  • लगातार पार्टी की अवहेलना से हुए आहत, थामा भारतीय जनता पार्टी का दामन।
  • वरिष्ठ नेताओं व जिला प्रभारी के समक्ष एवं अपने गुरु अभिषेक शुक्ला के मार्गदर्शन में चलकर किया भाजपा प्रवेश ।
  • विधिवत भाजपा गमछा पहनाकर प्रवेश कराया गया।

बालोद जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने पुष्पेंद्र तिवारी को भाजपा गमछा व माला पहनाकर पार्टी में शामिल किया।

पुष्पेंद्र तिवारी ने कांग्रेस में 2001 से शामिल हुए थे, 2003 में ब्लॉक युवक कांग्रेस में अध्यक्ष रहे, 2005 में युवक कांग्रेस से विधानसभा उपाध्यक्ष रहे, जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के पांच साल प्रभारी मंत्री रहे, जनपद पंचायत के पूर्व सभापति भी रहे।

ऐसे विभिन्न पदों में रहते हुए कांग्रेस के लिए हमेशा समर्पित रहे दिग्गज कार्यकर्ता को पार्टी ने महत्व नहीं दिया हमेशा अनदेखी से नाराज तिवारी ने कहा कांग्रेस में कार्यकर्ता का कोई महत्व नहीं ,वही भारतीय जनता पार्टी में सबसे पहले कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है, कार्यकर्ताओं से ही पार्टी व संगठन चलता हैं, भारतीय जनता पार्टी के रीति नीति से प्रभावित होकर, देश में नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री व प्रदेश में विष्णु देव साय सरकार के नेतृत्व में जो लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और देश प्रगति की ओर बढ़ रहा है वहीं कांग्रेस 70 सालों तक सिर्फ फूट डालो राज करो की राजनीति की है यही उनका काम रहा है इन सबसे देश को आगे बढ़ाने का काम माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया आज छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है और जनहित में विकास कार्य कर रही है हर क्षेत्र में प्रदेश को आगे बढ़ने का काम कर रही है तिवारी ने कहा मैं भी भारतीय जनता पार्टी में रहकर अपने क्षेत्र में जनता की भलाई के लिए काम करना चाहता हूं, मुझे भाजपा का सदस्य बनाने के लिए मैं सभी वरिष्ठ नेताओं का हर जेष्ठ श्रेष्ट कर्मठ कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं।

इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत जैन, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णकांत पवार, अभिषेक शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, पूर्व विधायक प्रीतम साहू ,वीरेंद्र साहू, पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ,महामंत्री राकेश छोटू यादव, वरिष्ठ पार्षद कमलेश सोनी, मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, महामंत्री नरेंद्र सोनवानी, जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष संजय साहू, विनोद जैन, समीर खान, नोहर साहू, बिरला मनहर आदि उपस्थित रहे।

निर्वाचन अधिकारी द्वारा पंचायत चिखलाकसा व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

0

आज दिनांक 23.01.2025 को उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक द्वारा कार्यालय रिटर्निंग ऑफिसर नगर पंचायत चिखलाकसा व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया गया व आवश्यक निर्देश दिया गया ! निरीक्षक के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर हेमंत कुमार पैकरा, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर  अश्वनी गावड़े व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर  अरविंद नाथ योगी आदि उपस्थित थे।

जनता के सपनों का घोषणा पत्र जारी करेगी भाजपा, जनता से मांगे हैं सुझाव: अमर

0
  •  निकाय चुनावों में घोषणा पत्र जारी करेगी बीजेपी 

जगदलपुर नगरीय निकायों और पंचायत चुनावों के लिए भाजपा जनता के सपनों का घोषणा पत्र जारी करने वाली है। जनता के सुझावों के अनुरूप घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। घोषणा पत्र समिति संयोजक अमर अग्रवाल ने मोबाइल नंबर वाट्सएप व ईमेल एड्रेस जारी किए हैं, जिन पर आम जन भी सुझाव भेज सकते हैं।

अमर अग्रवाल ने कहा- भाजपा ने अपने मंत्र “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के साथ राज्य में विकास का नया अध्याय लिखा है। वाट्सएप नंबर 9111014400 से, क्यूआर कोड को स्कैन करके और ई-मेल एड्रेस मोरसुझाव एट द रेट जीमेल डॉट कॉम बीजेपीसीजी डॉट कॉम के माध्यम से भाजपा ने सुझाव मांगे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा पत्र को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता की। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा पत्र समिति के संयोजक अमर अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकायों में इस बार जनता से लिए गए सुझाव के आधार पर भाजपा अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। अमर अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिर से चुनाव का शंखनाद हो गया है। प्रदेश का यह चुनाव मूलतः उस विश्वास का जनादेश में बदलने के लिए हैं, जो विश्वास हमने अपने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में हासिल किया है। हमने पिछले महीने ही ‘जनादेश परब’ में विश्वास का एक वर्ष पूर्ण किया है। इस वर्ष को विष्णुदेव सायजी की सरकार ने ‘अटल निर्माण वर्ष घोषित किया है। यह वर्ष प्रदेश निर्माता अटलजी का शताब्दी वर्ष भी है। घोषणा पत्र समिति के संयोजक अमर अग्रवाल ने कहा कि निस्संदेह अटल निर्माण वर्ष के अधोसंरचना के क्षेत्र के अधिकाधिक कार्य करेगी और इसका सबसे बड़ा लाभ हमारे नगरीय निकायों को मिलेगा। भाजपा ने अपने मंत्र “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के साथ राज्य में विकास का नया अध्याय लिखा है। केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा सरकार ने जो अद्भुत कार्य किए हैं, वह जनता के सामने हैं। हमने बीते एक साल में जो वादे किए, उन्हें पूरा कर यह साबित किया है कि भाजपा केवल बोलती नहीं, बल्कि करती भी है। अब हम इस मंत्र को लेकर नगर पालिका, नगर निगम और जिला परिषद स्तर तक पहुंच रहे हैं, ताकि हर शहर, हर वार्ड, और हर गली, यहा तक कि हर घर में विकास की यह गूंज सुनाई दे। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ के हर नागरिक को स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध जीवन प्रदान करना है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन के विपरीत, भाजपा हर स्तर पर पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

हमने जो कहा वो पूरा किया

घोषणा पत्र समिति के सह संयोजक सुनील सोनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा अपने वादों को पूरा किया है। राज्य में महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं, जैसे महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना, जिनसे सीधे जनता को लाभ प्राप्त हुआ हैं। भाजपा ने कभी भी केवल घोषणा नहीं की, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारा, जिससे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को न केवल सुविधाएं मिलीं, बल्कि उनका जीवन स्तर भी बेहतर हुआ। हम अब अपने और जनता के मध्य सामंजस्य में किसी भी तरह की रुकावट नहीं चाहते। जिस तरह केंद्र और राज्य में हमारा और जनता का मजबूत और सुचारु सामंजस्य रहा है, उसी तरह हम चाहते हैं कि शहरी स्थानीय निकायों में भी विकास का यही क्रम बिना किसी बाधा के जारी रहे। भाजपा हमेशा आपके लिए और आपसे ही है। हमारा उद्दे श्य है कि हम सब मिलकर अपने शहरी स्थानीय निकायों को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं और तीनों स्तरों पर एक मजबूत सरकार बनाएं। सुनील सोनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तरह ही निकाय चुनाव में भी हम अपना घोषणा पत्र जनता के सुझावों के आधार पर ही तैयार करना चाहते हैं। साथ ही आप पत्रकार बंधुओं से भी आग्रह करते हैं कि अगर आपके पास भी कुछ सुझाव हों तो हमें अवश्य अवगत कराएं। इन सभी सुझावों के आधार पर ही हम अपना घोषणा पत्र इस बार भी बनायेंगे। प्रदेश की प्रबुद्ध जनता के सुझाव न केवल हमारी योजनाओं को दिशा देंगे, बल्कि हम यह सुनिश्चित भी करेंगे कि उसे निकायों के विकास के अपने रोडमैप में हम सम्मिलित कर सकें।पत्रकार वार्ता में घोषणा पत्र समिति के सदस्य चंद्रशेखर साहू, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, बिलासपुर संभाग प्रभारी अनुराग सिंह देव, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, प्रवक्ता दीपक म्हस्के, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई मौजूद थे।

सुरक्षा बलों को सुकमा के जंगलों में मिला नक्सलियों का विशाल हथियार भंडार

0
  •  घने जंगल में गुफा को बनाया था नक्सलियों ने अपना आयुध भंडार
  • सीआरपीएफ के खोजी कुत्ते ने किया कमाल 

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग के जंगलों में वैसे तो नक्सलियों ने हथियारों के कई ठिकाने बना रखे हैं और सुरक्षा बल गाहे बगाहे उन भंडारों तक पहुंचती रहती है, मगर अब फोर्स ने नक्सलियों के सबसे विशाल हथियार भंडार पकड़ लिया है। इस शस्त्रागार में फोर्स ने घातक हथियार, आयुध निर्माण सामग्री, जनरेटर, वेल्डिंग गैस सिलेंडर, जीबीएल व अन्य सामग्री बरामद की है। इस हथियार भंडार तक पहुंचने में सीआरपीएफ के डॉग सक्वाड ने बड़ी अहम भूमिका निभाई।

बस्तर संभाग में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षा बलों को नित नई कामयाबी मिल रही है। दो दिन पहले ही बस्तर के बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्टीगुड़ा के जंगलों में नक्सलियों के अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और नक्सली स्मारक को ध्वस्त कर दिया था। वहीं सुकमा जिले में 203 कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ 131वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने मेटागुडेम और डुलेर गांवों के बीच के वन क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री और हथियार निर्माण उपकरणों का एक बड़ा भंडार बरामद किया। बुधवार की सुबह शुरू किए गए इस अभियान में दोनों बटालियनों की कई स्ट्राइक टीमों द्वारा समन्वित कार्रवाई की गई। 203 कोबरा के 5 टीमों ने 131 बटालियन सीआरपीएफ की ए और डी कंपनियों के साथ मिलकर क्षेत्र में माओवादी उपस्थिति के बारे में खुफिया इनपुट मिलने के बाद व्यापक खोज अभियान चलाया। दोपहर करीब 3 बजे खोज दल ने मेटागुडेम गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर एक गुफा ठिकाना खोज निकाला। वहां नक्सलियों का बड़ा हथियार भंडार मिला है। शस्त्रागार में 21 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइसेस (आईईडी), साबुन के केसों में पैक, मल्टीपल बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) बम, एक जनरेटर सेट, लेथ मशीन के सामान, विस्फोटक बनाने की बड़ी मात्रा में सामग्री, गन निर्माण के उपकरण और आवश्यक चिकित्सा सामग्री शामिल हैं। प्रत्येक बरामद आईईडी का वजन लगभग 250 ग्राम था। इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों और हथियार निर्माण सामग्री की बरामदगी नक्सलियों के लिए क्षेत्र में एक बड़ा झटका है। एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने यह बात कही है। अधिकारी ने यह भी कहा कि 203 कोबरा की विशेष डॉग स्क्वाड और बम डिटेक्शन टीमों ने छिपे हुए भंडार को खोजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस खोज से संकेत मिलता है कि नक्सली कार्यकर्ता क्षेत्र में नए स्थापित फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (एफओबी) को निशाना बनाने की योजना बना सकते हैं। बरामद वस्तुओं की जटिल प्रकृति निकटवर्ती एक सक्रिय निर्माण इकाई का संकेत देती है। सभी बरामद वस्तुओं को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखा गया है।

नक्सलियों के ट्रेनिंग कैंप पर जवानों का कब्जा, ढहा दिया स्मारक भी

0
  • ट्रेनिंग कैंप छोड़कर भाग खड़े हुए दर्जनों नक्सली 

-अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सलियों के ट्रेनिंग सेंटर पर सुरक्षा बलों ने कब्जा कर लिया है। इसके अलावा नक्सलियों के हंसिया हथोड़ा वामपंथी निशान वाले नक्सली स्मारक पर भी फोर्स का हथोड़ा चल गया।

बीजापुर जिले के पामेड़ थाना अंतर्गत नक्सली संगठन पीएलजीए बटालियन नं.1 के कोर क्षेत्र भट्टीगुड़ा के जंगलों में माओवादियों ने अत्याधुनिक ट्रेनिंग कैम्प सेंटर बना रखा था। 21 जनवरी को कोबरा बटालियन 201, बटालियन 204 एवं बटालियन 210 की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के ट्रेनिंग कैंप पर धावा बोलकर कैंप को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही ट्रेनिंग कैंप में बने नक्सली स्मारक को भी ध्वस्त कर दिया गया। जब सुरक्षा बल वहां पहुंचे, तब दर्जनों नक्सली मौजूद थे जो जवानों को देखते ही भाग खड़े हुए। ट्रेनिंग कैम्प में माओवादियों ने ऊंचे वृक्षों को भी ट्रेनिंग के लिए कर तैयार कर रखा था, ट्रेनिंग के लिए ट्रेंच एवं अन्य संसाधन जुटाए गए थे। ट्रेनिंग स्थल पर माओवादियों के द्वारा पक्की बैरकें और झोपड़ियां बनाई गई थीं। जवानों बैरकों और झोपड़ियों को तहस नहस कर दिया और स्मारक को ढहा दिया। यह कार्रवाई नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई साबित हुई है, जो उनके अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए की गई है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से माओवादियों को एक मजबूत संदेश दिया गया है कि उनकी अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोतवाली थाने में डीएन इवेंट्स ने मनाया टीआई शिवानंद सिंह का जन्मदिन

0

जगदलपुर रचनात्मक गतिविधियां संचालित करने वाली संस्था डीएन इवेंट्स द्वारा टीआई शिवानंद सिंह के जन्मदिन को यादगार और सम्मानजनक तरीके से सेलिब्रेट किया गया।

संस्था के लोगों ने कार्यक्रम स्थल को बैलूंस से आकर्षक ढंग से सजाया था। आकर्षक केक लेकर सदस्य पहुंचे थे, जिसे टीआई शिवानंद सिंह के हाथों से कटवाया गया। यह कार्यक्रम केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति उनके समर्पण को सम्मानित करने का एक प्रयास था। इस खास मौके पर डॉ. निहारिका मोदी, प्राची सोलंकी, ललिता भारती, सवित्री महापात्रा, सागर राव, अंकित पांडे सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। थाना के सभी कर्मचारियों ने अपने टीआई के प्रति आदर व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। समर्पण, सम्मान और भावनाओं से भरा यह आयोजन थाने के समस्त स्टाफ और समुदाय के लिए एक प्रेरणादायक क्षण था। यह उत्सव हर किसी के दिल में उनकी प्रेरणादायक छवि को और गहराई से उकेर गया।

जनता में भाजपा से नाराजगी इसलिए जीत कांग्रेस की ही होगी : रेखचंद जैन

0
  •  निकाय चुनाव के लिए नहीं है मुद्दों की कमी
  • जैन ने अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों के नाम जाने 

जगदलपुर आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी नहीं है। महज एक साल के कार्यकाल में ही जनता भाजपा से ऊब चुकी है। मोदी की गारंटी को भाजपा ने कागज में ही रहने दिया है। कोरे आश्वासनों से काम चलाने का कार्य भाजपा कर रही है। इससे किसान, मजदूर, युवा, बेरोजगार, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों समेत समाज के सभी वर्गों में गहन असंतोष है। इसके विपरीत कांग्रेस शासन में विकास के लिए रकम की कोई कमी नहीं थी। बीजापुर में विकास के लिए जितनी राशि स्वीकृत की गई उतनी कभी नहीं की गई थी। इन स्थितियों में जीत कांग्रेस को ही मिलेगी।

यह उद्बोधन प्रदेश कांग्रेस की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक व जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने निवर्तमान पालिका अध्यक्ष, पार्षदों, पार्षद दावेदारों, कांग्रेसजनों तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित राजीव भवन में मंगलवार को दिए। श्री जैन ने कहा कि कांग्रेस जन सरोकारों पर अमल करने वाली पार्टी है। हम नियम कायदों और संविधान पर भरोसा रखने वाले लोग हैं जबकि भाजपा के लोगों को इनसे और जन सरोकारों से कोई वास्ता नहीं है। वे बार बार संविधान का गला घोंटते हैं और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करते हैं। पूर्व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि आने वाले पंचायत एवं नगरीय निकायों के चुनावों के लिए हमारे पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है और ये सारे मुद्दे सीधे जनता से जुड़े हुए हैं, जिनमें राज्य व केंद्र की भाजपा सरकारें पूरी तरह विफल रही हैं। इन मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे और जबरदस्त जीत का परचम लहराएंगे। श्री जैन के अलावा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू सिंह राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नीना रावतिया, शंकर कुड़ियाम, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया, मिच्चा मुतैया आदि ने भी संक्षिप्त उद्बोधन दिया और बीजापुर में कांग्रेस की जीत की प्रबल संभावना व्यक्त की। इससे पूर्व श्री जैन का स्वागत किया गया।

विधायक मंडावी से की भेंट

पूर्व विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन ने भैरमगढ़ स्थित बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी के निवास पर उनसे भेंटकर विस्तृत चर्चा की। श्री जैन ने पार्टी द्वारा उन्हें सौंपे गए दायित्व के उचित निर्वहन की बात कही। इसके अलावा श्री जैन ने बीजापुर के अनेक समाज प्रमुखों से भी बातचीत की। अध्यक्ष व पार्षद उम्मीदवारों के नाम की रायशुमारी के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने कांग्रेस शासन में समाज को प्राप्त सहयोग, भूमि, भवन आदि की चर्चा कर आभार भी जताया।

बंद कमरे में की चर्चा

कार्यक्रम के अंत में  जैन ने बैठक में मौजूद पार्टीजनों के साथ वर्तमान पालिका अध्यक्ष, पार्षदों, दावेदारों, वरिष्ठ कांग्रेस जनों से बंद कमरे में एक- एक कर चर्चा की और ताजा हालात के साथ प्रत्याशियों की उम्मीदवारी को लेकर चर्चा की।

कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज द्वारा सामाजिक उपनयन संस्कार 2 फरवरी को

0
  • पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी, शंकर देवालय प्रांगण भवन में होगा आयोजन 

जगदलपुर कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज जगदलपुर द्वारा आगामी 2 फरवरी रविवार को स्थानीय प्रतापगंज स्थित श्री शंकर देवालय के भवन में सामाजिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है। बटुकों का उपनयन संस्कार कराने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी रखी गई है। कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज श्री शंकर सेवा संघ अध्यक्ष आलोक अवस्थी ने बताया कि सामूहिक रूप से बटुकों के उपनयन संस्कार का आयोजन कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के सभी सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है। आचार्य पं. राम रजनीश वाजपेयी की उपस्थिति में सामाजिक उपनयन संस्कार पूर्ण होगा। बटुकों के उपनयन संस्कार पंजीयन हेतु सहयोग राशि ग्यारह सौ रुपये निर्धारित की गई है। पंजीयन के लिए संतोष शुक्ला से उनके मो. नं. 9424284225 पर व मनीष शुक्ला से उनके मो. नं. 9826810864 पर इच्छुक अभिभावक संपर्क कर सकते हैं।

मनाया श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

0
  •  हुआ सुंदरकांड का पाठ और भंडारा का आयोजन 

जगदलपुर अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर ग्राम छोटे आमाबाल में वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भव्य कलश यात्रा निकाली गई, श्रीराम चरित मानस एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

ग्राम छोटे आमाबाल धार्मिक आयोजनों के लिए विख्यात है। यहां के ग्रामीण लगभग पूरे साल धार्मिक गतिविधियों में लगे रहते हैं। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरे होने के मौके को भी छोटे आमाबाल के ग्रामीणों ने धार्मिक कार्यक्रमों से यादगार बना दिया। गांव में में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वार्षिक महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। छोटे आमाबाल में वृहद धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें गांव के पूजारी, गायता, पटेल, ग्राम के सभी समाज के बच्चे महिलाएं प्रबुद्ध सज्जनो की उपस्थिति रही।सभी समाजों की महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ग्राम भ्रमण के बाद कलश शोभायात्रा गांव के माता मंदिर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु ग्रामीण एकत्रित थे। ढोल मंजीरे की धुन के साथ लोगों ने श्रीराम चरित मानस, हनुमान चालीसा एवं सुंदर कांड का पाठ किया। हवन पूजन के बाद भंडारा का भी आयोजन हुआ। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। संपूर्ण कार्यक्रम ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न किया गया।

अब बिना हेलमेट लगाए और सीट बेल्ट बांधे वाहन चलाए, तो खैर नहीं; सीधे कटेगा चालान

0
  •  जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हरिस एस ने दिए निर्देश 

जगदलपुर बस्तर कलेक्टर हरिस एस ने शहर के मुख्य मार्गों पर हेलमेट का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों को सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग नहीं करने पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने उक्त निर्देश बुधवार को जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए। कलेक्टर ने ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जमीन चिन्हांकन करने हेतु अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही स्कूली व नाबालिग बच्चों के वाहन चालन को प्रतिबंधित करने हेतु स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक करने कहा। साथ ही स्कूली बसों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। ऑटो और वैन, निजी वाहनों से स्कूल में बच्चों के लाने वाले वाहन चालकों को क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं करने की समझाईश देने के निर्देश दिए। ऑटो और वैन से बच्चों का आवागमन की जानकारी स्कूलों से लेने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य मार्गों में सिग्नल की स्थिति, मुख्य मार्गों में रिफ्लेक्टर, रबर स्ट्रीप लगाने, अस्थाई होर्डिंग को मुख्य चैराहों पर नहीं लगाने, सांकेतिक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर में जेब्रा क्रासिंग में सफेद पट्टी लगाने पर चर्चा की। कलेक्टर ने चलित अस्थाई विज्ञापन बोर्ड के लिए जगह चिहांकित कर उसी जगह लगवाने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। कलेक्टर ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण का कड़ाई से पालन करते हुए रात 10 बजे के बाद लाऊड स्पीकर के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मवेशियों को रोड से हटाने की कार्यवाही पर चर्चा के दौरान नगर निगम द्वारा नवाचार करते हुए गौ आश्रय के लिए प्राइवेट या सामाजिक संस्था से चर्चा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टील प्लांट क्षेत्र में गौशाला बनवाने हेतु चर्चा करने कहा। पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक दलों का सहयोग ने पर जोर दिया। रोटरी क्लब, परिवहन संघ और चेम्बर ऑफ कामर्स के साथ बैठक कर शहर के मध्य पार्किंग स्थल एवं संजय बाजार के पास व्यवस्थित पार्किंग के लिए चर्चा करने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा ले-लाइन के लिए व्हाइट पट्टी के अंदर पार्किंग करने, शुल्क सहित और फ्री-पार्किंग की व्यवस्था के लिए जगह चिन्हाकित कर करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किए। तेली मारेंगा नियानार चौक पर हाईमास्ट लाईट लगवाने के साथ ही जिला या जगदलपुर शहर के मैप के आधार पर दुर्घटना स्थल-संवेदनशील सड़कों का अवलोकन किया।

पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि पिछले दो माह में दुर्घटना की संख्या ज्यादा हुई है इस पर नियंत्रण जरूरी है। ब्लैक स्पॉट या दुर्घटनाजन्य क्षेत्र में घटना पर नियंत्रण करने के लिए सभी नागरिकों को सहयोग करना जरूरी है। साथ ही हाइवे पर एम्बुलेंस की संख्या बढाने पर कार्ययोजना हेतु चर्चा की। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं सुधार की कार्यवाही, सड़क किनारे लगे पेड़ों में रेडियम लगाने की कार्यवाही, मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने, दोपहिया वाहन में हेलमेट एवं चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के चेकिंग की कार्यवाही, सड़कों पर यातायात संकेतक, चेतावनी, ट्रैफिक कॉलिंग हेतु कार्यवाही, ड्रायविंग में विचलित करने वाले होर्डिंग्स हटाने, खतरनाक तरीके से वाहन चालन पर ड्रायविंग लायसेंस निलंबन की कार्यवाही करने, संकेतक बोर्ड का लगाने एवं गति अवरोधक को हाईलाईट करने, स्कूल बसों का निरीक्षण, प्रदूषण की रोकथाम हेतु कार्यवाही, दुर्घटना पीड़ित लोगों की तत्काल मदद एवं चिकित्सा हेतु प्रबंध एवं ट्रामा सेंटर की स्थापना, आवारा मवेशियों को रोड से हटाने एवं वैधानिक कार्यवाही, यातायात नियमों के बारे में जागरूकता कार्यक्रम, शहर में अस्थायी रूप से वाहनों के पार्किंग की जगह निर्धारित करना, मार्गों का मरम्मत एवं निर्माण कार्य, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने जैसे विषय पर चर्चा की गई। बैठक में आयुक्त नगर निगम निर्भय साहू, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आरके गुरू, ट्रैफिक डीएसपी संतोष जैन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS