दल्ली राजहरा के पास स्थित मानपुर चौक में 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारण अज्ञात

0
2356

दल्लीराजहरा। दल्ली राजहरा के पास स्थित मानपुर चौक में गुरुवार शाम एक 17 वर्षीय छात्रा द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका विद्याश्री विश्वकर्मा शासकीय विद्यालय डौण्डी में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। उसके पिता मनोहर विश्वकर्मा ग्राम खम्आरटोला में किराना व्यवसाय करते हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन की तरह सुबह माता-पिता दुकान चले गए थे। गुरुवार शाम स्कूल से घर लौटने के बाद विद्याश्री ने कमरे में फांसी लगा ली। कुछ समय बाद घर पर उसके बड़े भाई ने उसे फंदे पर लटका देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। घटना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।