City Media - Page 310 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 310

अचानक बकावंड ब्लॉक के दौरे पर पहुंचे कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह

0
  •  स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र व स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण
  •  राजनगर धान उपार्जन केंद्र में खरीदी व्यवस्था का लिया जायजा 

बकावंड बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने बुधवार को बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत बनारस, राजनगर एवं मूली में स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र व स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने स्कूलों में मैदानी अमले तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग से न्यौता भोज आयोजन किए जाने कहा। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र में लक्षित माताओं एवं बच्चों को समेकित बाल विकास सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कर उपचार कराए जाने कहा। कमिश्नर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र राजनगर के बेहतर संचालन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य अमले का उत्साहवर्धन किया। वहीं धान उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों को टोकन एवं बारदाना की सुलभता सुनिश्चित कर उनके धान की जल्द खरीदी किए जाने कहा। साथ ही उपार्जित धान के उठाव पर ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कमिश्नर डोमन सिंह ने बकावंड ब्लॉक की प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला बनारस में शिक्षकों की उपस्थिति, दर्ज बच्चों की संख्या एवं नियमित रूप से उपस्थिति, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, बच्चों की पढ़ाई सहित मध्यान्ह भोजन संचालन, रनिंग वाटर की सुलभता, शौचालय के बारे में जानकारी ली और शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रीत किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय लोगों के सहयोग से हर माह न्यौता भोज आयोजन करने कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र बनारस में लक्षित माताओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण के साथ ही पोषण आहार की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। वहीं स्थानीय साग-सब्जी एवं अन्य पौष्टिक आहार का उपयोग करने के लिए लक्षित माताओं को सलाह देने कहा। उन्होंने खिलौने एवं अन्य माध्यम से बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र राजनगर में दवाई की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव की सुविधा,ओपीडी में नियमित तौर पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार,आयुष्मान कार्ड प्रदाय सहित क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग उन्मूलन, सिकलसेल जांच एवं उपचार इत्यादि के बारे में जानकारी ली और मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए सबसे पहले दोनों आंखों में मोतियाबिंद पीड़ितों को लक्षित कर उन्हें लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल मूली का भी निरीक्षण कर शिक्षकों को छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर फोकस किए जाने की समझाइश देते हुए बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट नतीजे लाए जाने के निर्देश दिए।

वेदप्रकाश पाण्डेय बने बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष

0
  •  जिला चुनाव अधिकारी विक्रम उसेंडी ने की निर्वाचन की घोषणा 
  • वेदप्रकाश पाण्डेय ने प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं वरिष्ठ नेताओं का माना आभार 

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी जिला बस्तर के नए जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय निर्वाचित हुए हैं। भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को जिला चुनाव अधिकारी विक्रम उसेंडी ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में भाजपा के नए जिला अध्यक्ष के नाम की विधिवत घोषणा की।

 

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय पूर्व में संगठन में जिला महामंत्री के दायित्व में थे। बीजापुर जिले में हुई नक्सली घटना को ध्यान में रखते हुए भाजपा जिला कार्यालय में सादगी से जिला अध्यक्ष का निर्वाचन पूर्ण किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये पूर्व जिला अध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी ने अपने कार्यकाल में सहयोग के लिये सभी कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद दिया व नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय को बधाई दी। नए भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि संगठन को मजबूत करने सौंपे गए बडे़ दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाने सतत प्रयासरत रहूंगा।  पाण्डेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं संगठन के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। पूर्व वन विकास निगम अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, विद्याशरण तिवारी, निवृतमान जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी सहित वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नवनिर्वाचित भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छूराम कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, योगेन्द्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, आनंद मोहन मिश्रा, अश्विन सरडे, रजनीश पाणिग्रही, नरसिंह राव, संजय पाण्डेय, सुरेश गुप्ता, प्रकाश झा, मनोहर तिवारी, आर्येन्द्र आर्य, शशि नाथ पाठक, बृजेश भदौरिया, नरेंद्र पाणिग्रही, अविनाश श्रीवास्तव, सुधा मिश्रा, राजपाल कसेर, ईश्वर राव, अनिल लुंकड़, गोविंद ईनाणी, श्रीपाल जैन, पंकज आचार्य, प्रकाश रावल, मनोज पाण्डेय, पुरूषोत्तम जोशी, रौशन झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अबूझमाड़ में मारे गए नक्सलियों की हुई शिनाख्त

0
  • कुल 21 लाख का ईनाम घोषित था नक्सलियों पर 

जगदलपुर बस्तर संभाग के अबूझमाड़ क्षेत्र की मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान हो गई है। इनमें दो महिला और तीन पुरुष नक्सली शामिल है तथा इन सभी पर कुल 21 लाख का ईनाम घोषित था।

मारे गए नक्सलियों में पीपीसीएम पीएलजीए प्लाटून नंबर 32 के सदस्य देवसिंह, दिनेश, सुमती उर्फ कमला उर्फ कविता, सुकमती एवं गट्टाकाल मिलिशिया कमांडर महेश उर्फ लच्छू पुंगाटी शामिल हैं।

मुठभेड़ स्थल से 1 नग एके-47, 2 नग एसएलआर, 1 नग 8 एमएम रायफल, 1 नग 12 बोर रायफल सहित भारी मात्रा में विस्फोटक, नक्सल साहित्य एवं अन्य दैनिक उपयोगी सामान बरामद किए गए हैं। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी एवं पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा, नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र जंगल पहाड़ी में प्रतिबंधित माओवादी संगठन सीपीआई (एम) के सदस्य, माड़ डिवीजन कमेटी, पीएलजीए प्लाटून नम्बर 32 एवं इंद्रावती एरिया कमेटी इत्यादि के शीर्ष नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए संयुक्त टीम रवाना हुई थी। अभियान में जिला दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव की डीआरजी एवं एसटीएफ के जवान शामिल थे। उप पुलिस महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप ने बताया कि अभियान के दौरान 4 जनवरी को दोपहर 3.30 बजे ग्राम गट्टाकाल के जंगल पहाड़ में पुलिस पार्टी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो देर रात तक लगातार चलती रही। फायरिंग बंद होने पर टीम द्वारा सर्च करने पर 2 महिला एवं 3 पुरूष माओवादियों सहित कुल 5 सशस्त्र वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद हुए। मारे गए माओवादियों में देवसिंह पीपीसीएम, पीएलजीए प्लाटून नंबर 32 के सदस्य दिनेश, सुमती उर्फ कमला उर्फ कविता, सुकमती पर 5-5 लाख एवं महेश उर्फ लच्छू पुंगाटी गट्टाकाल मिलिशिया कमांडर पर एक लाख का ईनाम था। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने कहा कि प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी सीपीआई माओवादियों संगठन के पास अब हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने के अलावा और कोई विकल्प नही बचा है। इसलिए माओवादी संगठन से अपील है कि वे तत्काल हिंसात्मक गतिविधियों को छोड़कर समाज की मुख्यधारा जुड़ जाएं अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें।

दल्ली राजहरा बस स्टैंड के होटल व्यवसायी ने की आत्महत्या

0

बिग ब्रेकिंग वार्ड नंबर 17 गाडरपुल रेलवे पटरी के पास पेड़ पर एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ था जिसे देख वार्ड वासियों द्वारा सूचना राजहरा थाने में दी गई सूत्रों द्वारा बताया जा रहा है कि मृतक का नाम घनश्याम ठाकुर है जो की बस स्टैंड में किरण डेली नीड्स के नाम से होटल का व्यवसाय करता था वार्ड नंबर 15 का रहने वाला था वह कल से लापता का थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी । मृतक की सूचना राजहरा थाने में दे दी गई है। मौके पर पुलिस पहुंचकर पंचनामा कर आगे की कार्रवाई कर रही है सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पर कर्ज अधिक होना बताया जा रहा है कल ही बालोद से प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के लोगों के द्वारा जाकर उसके ऊपर दबाव बनाया गया था जिसकी वजह से वह अत्यधिक परेशान था l मृतक के पास से मोबाइल एवं एक सुसाइड नोट मिला है l

प्रत्याशी चयन में नहीं चलेगा मेरा आदमी, तेरा आदमी का खेल; ठोंक बजाकर तय किए जाएंगे प्रत्याशी

0
  •  समर्पित और ऊर्जावान लोग ही बनाए जाएंगे कांग्रेस के प्रत्याशी
  • प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बनाई नई धारदार पालिसी 

अर्जुन झा-

जगदलपुर कांग्रेस में अब ये मेरा आदमी, वो तेरा आदमी वाला खेल नहीं चलेगा। नेताओं व कार्यकर्ताओं के संगठन के प्रति समर्पण को महत्व दिया जाएगा। इस बार नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत राज चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन में मक्खनबाजी और पहुंच नहीं चलेगी। कांग्रेस अच्छी तरह ठोंक बजाकर ही प्रत्याशी तय करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन से जुड़े लोगों को नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में प्राथमिकता देने का फैसला किया है। कांग्रेस का यह फैसला ऐतिहासिक साबित हो सकता है।

कांग्रेस से जुड़े एक जिम्मेदार सूत्र ने बताया कि कांग्रेस की सत्ता के दौरान जिन नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सत्ता से संबंधित विभिन्न पदों पर योगदान दिया था और जो लोग संगठन में लगातार सक्रिय बने रहे, उन्हें ही प्रत्याशी चयन में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। अक्सर देखने में आता है कि कुछ लोग बड़े पदाधिकारियों से संबंधों के चलते, मनचाहे पद, टिकट आदि पाने में कामयाब हो जाते हैं, लेकिन इस बार संगठन ने ऐसे लोगों को दरकिनार करके खास कर लगातार संगठन से जुड़े लोगों को ही आने वाले चुनाव में मौका देने का निर्णय लिया है। अभी सामने नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में संगठन से जुड़े हजारों लोगों को मौका मिलने की बात कहीं जा रही है। अगर यह जानकारी सही होती है तो पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज का यह बड़ा निर्णय होगा। अब तक कांग्रेस में हर स्तर पर प्रत्याशी चयन को लेकर मेरा आदमी, तेरा आदमी का खेल चलता रहा है। मक्ख़न लगाने की सियासत करने वाले नेता कार्यकर्ता टिकट हासिल करने में कामयाब हो जाते थे और समर्पित सिपाही बेचारे मुंह ताकते रह जाते थे। इससे ऐसे योग्य नेताओं व कार्यकर्ताओं में निराशा की भावना घर कर जाती थी। वहीं अक्सर चुनावों में कांग्रेस को बड़ी क्षति उठानी पड़ती थी। इससे बचने के लिए प्रदेश नेतृत्व नए फार्मूले के आधार पर प्रत्याशी चयन करने वाली है। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि सेवादल को इस बार बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। पिछले उप चुनाव में जिस प्रकार युवक कांग्रेस को मौका दिया गया था, उसी तरह इन चुनावों में भी ऐसा निर्णय लिए जाने की संभावना दिख रही है। हाल के कुछ दिनों में पार्टी के कतिपय नेताओं की करतूत की वजह से कांग्रेस की छवि पर आई आंच को देखते हुए भी संगठन ने पैतरा बदलने का फैसला किया है, ताकि डेमेज कंट्रोल किया जा सके। वैसे सियासत के जानकार कहते हैं कि अगर कांग्रेस अपने इस नए फार्मूले पर अमल करती है, तो उससे कांग्रेस का ही भला होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बालोद जिले को देंगे विभिन्न विकास कार्यों की सौगात

0
  • विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण एवं हितग्राही सम्मान समारोह में होंगे शामिल
  • 141 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के कुल 115 विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन एवं लोकार्पण

बालोद, 07 जनवरी 2025  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार 08 जनवरी को बालोद जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री साय जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ शासकीय हाई स्कूल मैदान जुंगेरा में आयोजित बालोद जिले में विकास कार्यों की भूमिपूजन, लोकार्पण एवं हितग्राही सम्मान समारोह में शामिल होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री साय बालोद जिलेवासियों को 141.03 करोड़ रुपए की राशि के कुल 115 विकास कार्यों का सौगात देंगे। इसके अंतर्गत 77 करोड़ 99 लाख रुपए की लागत के 76 कार्यों का भूमिपूजन और 63 करोड़ से अधिक की लागत के 39 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। जिसमें प्रमुख रूप से 29.18 करोड़ की लागत के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के मटियामोती जलाशय के नहरों का लाईनिंग मरम्मत एवं जीर्णोंद्धार पुर्ननिर्माण कार्य, 11.03 करोड़ रुपए लागत के खरखरा जलाशय के ओगीफाल के नीचे सुरक्षात्मक कार्य, 2.93 करोड़ रुपए लागत के गोंदली जलाशय परियोजना अंतर्गत तरौद माईनर में एक्वाडक्ट, लाईनिंग एवं स्ट्रक्चर का कार्य, 2.92 करोड़ रुपए की लागत के शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त महाविद्यालय बालोद में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कुआंगोंदी से काण्डे तक 1.77 करोड़ रुपए लागत के सड़क निर्माण कार्य शामिल है।

इसी तरह लोकार्पण कार्यों में 8.18 करोड़ रुपए लागत के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के राणाखुज्जी से रंेगाडबरी मार्ग में 8 किलोमीटर का मजबूतीकरण कार्य, 7.33 करोड़ रुपए लागत के तुएगोंदी से अरमागोंदी तक 5.30 किलोमीटर मार्ग का मजबूतीकरण कार्य, 6.21 करोड़ रुपए लागत के मंगचुवा से रेंगाडबरी मार्ग 5.30 किलोमीटर का मजबूतीकरण एवं डामरीकरण, 5.56 करोड़ रुपए लागत के एनएच 30 से चंदनबिरही मार्ग 2 किलोमीटर का मजबूतीकरण एवं डामरीकरण, 5.04 करोड़ रुपए के लागत के पड़कीभाट से पोण्डी मार्ग 4.3 किलोमीटर का मजबूतीकरण एवं डामरीकरण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री साय शासकीय हाई स्कूल मैदान जुंगेरा में आयोजित समारोह में पहुँचने के पश्चात् सर्वप्रथम विभिन्न विभागों के द्वारा लगाए गए विकास कायों के प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

–00–

सप्ताह भर पहले सुकमा जिले में भी हो गई होती बीजापुर जिले जैसी बड़ी घटना

0
  •  नक्सलियों की बड़ी साजिश हो गई नाकाम, दो नक्सली गिरफ्तार

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम कर दी है। जवान चौकन्ने नहीं रहते तो सप्ताह भर पहले ही बीजापुर जैसी बड़ी वारदात हो गई होती। सुरक्षा बलों की सतर्कता के चलते बड़ी गंभीर घटना टल गई। इस मामले में दो नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। उनसे विस्फोटक पदार्थों की बरामदगी हुई है।

सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र में आईईडी प्लांट करने वाले 2 नक्सलियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते दिवस दोरनापाल-जगरगुंडा मार्ग पर गोरगुंडा -पोलमपल्ली के बीच 15-15 किलोग्राम वजनी 2 नग आईईडी प्लांट किया गया था। इन्हे समय रहते सुरक्षा बलों ने खोज निकला और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निष्क्रिय कर दिया।गिरफ्तार नक्सलियों से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किया गया है। इन नक्सलियों को गिरफ्तार करने में साइबर सेल, नक्सल सेल की टीम, थाना पोलमपल्ली के बल एवं सी 159, एफ 226 वाहिनी सीआरपीएफ की अहम भूमिका रही। जिला सुकमा में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में मुखबिर की सूचना पर दोरनापाल- जगरगुंडा मार्ग पर सुरक्षा बलों को बड़ी क्षति पहुंचाने की नीयत से गोरगुंडा-पोलमपल्ली के मध्य नक्सलियों द्वारा दो जगहों पर 15-15 किलोग्राम के आईईडी प्लांट किए गए थे। सुरक्षाबलों की सतर्कता एवं सूझबूझ से दोनों आईईडी को बरामद कर मौके पर निष्क्रिय किया गया था। जिससे नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फिर गया एवं अप्रिय बड़ी घटना टल गई। आईईडी प्लांट करने के मामले में थाना पोलमपल्ली में धारा 61 भारतीय न्याय संहिता, 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते घटना के आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 6 जनवरी को थाना पोलमपल्ली से 159 वाहिनी सीआरपीएफ, जिलाबल एवं कैम्प गोरगुंडा से 226 वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी एरिया डोमिनेशन व नक्सलियों की गिरफ्तारी हेतु रवाना हुई थी। इसी दौरान दौरान दो

नक्सलियों माड़वी लक्का पिता माड़वी मुड़ा उपमपल्ली पंयायत मिलिशिया प्लाटून सदस्य उम्र 20 वर्ष निवासी उपमपल्ली, डोडापारा थाना पोलमपल्ली जिला सुकमा एवं माड़वी हांदा पिता माड़वी कोसा दुलेड़ आरपीसी मिलिशिया सदस्य उम्र 24 वर्ष निवासी ताड़मेटला गोंडेपारा थाना चिंतागुफा जिला सुकमा को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों ने उपरोक्त आईईडी को सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से प्लांट करने की बात स्वीकार की है तथा आईईडी में प्रयुक्त होने वाले विस्फोटक सामाग्रियों को छुपाकर रखने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर 4 नग इलेक्ट्रीक डेटोनेटर, 6 नग जिलेटिन राड, 1 गुच्छा कोर्डेक्स वायर बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

आईपीएस अमित कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक

0

जगदलपुर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया।

सीबीआई और छत्तीसगढ़ पुलिस में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अमित कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया। वर्तमान में अमित कुमार छत्तीसगढ़ पुलिस में एडीजी (इंटेलिजेंस) के पद पर कार्यरत हैं। अमित कुमार ने नक्सल प्रभावित बस्तर और शहरी क्षेत्रों में पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया था। छत्तीसगढ़ कैडर के 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को उनकी विशिष्ट और अनुकरणीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें मंगलवार 7 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा प्रदान किया गया। अमित कुमार ने अपने करियर में जिस निष्ठा और समर्पण से काम किया है, वह कानून व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने का एक आदर्श उदाहरण है।अमित कुमार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में 12 वर्षों तक सेवाएं दीं, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक, उप महानिरीक्षक और संयुक्त निदेशक (पॉलिसी) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। सीबीआई में उनके कार्यकाल को नीतिगत सुधारों और एजेंसी की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए याद किया जाता है। छत्तीसगढ़ में अमित कुमार ने नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र और दुर्ग- रायपुर जैसे शहरी जिलों में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनकी रणनीतिक सोच और नेतृत्व ने न केवल नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद की, बल्कि शहरी क्षेत्रों में पुलिसिंग को भी नई दिशा दी। वर्तमान में अमित कुमार छत्तीसगढ़ पुलिस में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें जनवरी 2023 में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर नियुक्त किया गया था, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई थी। राष्ट्रपति पुलिस पदक अमित कुमार की अद्वितीय सेवाओं और उनके द्वारा स्थापित उच्च मानकों का प्रमाण है। यह सम्मान उनके जैसे समर्पित अधिकारियों को प्रेरणा प्रदान करता है और देश के कानून-व्यवस्था तंत्र में उनके योगदान को अमर करता है।

गृहमंत्री विजय शर्मा ले रहे विभाग की समीक्षा बैठक

0

रायपुर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक शुरू हो गई है। मंत्रालय में सुबह से शाम तक चलेगी मैराथन बैठक। सुबह 10 बजे से शुरू हुई यह बैठक शाम 7 बजे तक चलेगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुवा, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो रहे हैं।

खेलेंगे, कुदेंगे और बनेंगे नवाब

0
  •  अब राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जलवे दिखाने लगे हैं बस्तर के खिलाड़ी 

-अर्जुन झा-

जगदलपुर पहले हमारे बुजुर्ग हमें नसीहत देते थे कि पढ़ोगे, लिखोगे तो बनोगे नवाब और खेलोगे कूदोगे तो होओगे खराब। उनका आशय यह था कि पढ़ाई लिखाई में ही जीवन की सफलता निहित है। वहीं बस्तर ओलंपिक ने इस मिथक को तोड़ना शुरू कर दिया है। बस्तर के युवाओं और बच्चों के लिए अब यह कहावत उलट चल रही है। अब यहां के युवा और बच्चे ताल ठोंक कर कहने लगे हैं- खेलेंगे कुदेंगे बनेंगे नवाब। बस्तर की नई पीढ़ी का रुझान खेलों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बस्तरिहा यंगस्टर्स खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने लगे हैं।

बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसी के साथ बस्तरिहा खिलाड़ी भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। बस्तर ओलंपिक-2024 ने खेलों के प्रति नई लहर पैदा कर दी है, जबरदस्त चेतना जगा दी है। इसके फायदे अब स्थानीय निवासियों के सामने आने शुरू हो गए हैं।अब खेलोगे कूदोगे बनोगे नवाब की भावना सामने आने लगी है। स्वास्थ्य ही असली धन है और खेलकूद से ही अच्छा स्वास्थ्य मिलता है। वहीं अब खेलों में भी सुनहरा भविष्य गढ़ने की नई परंपरा चल पड़ी है। खेलों में शानदार परफॉरमेंस दिखाने वाले खिलाड़ियों पर होने वाली धन वर्षा और मिलने वाले नौकरियों के ऑफर्स ने बस्तर के नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाई है। बस्तर ओलंपिक ने सोने पे सुहागा का काम किया है। अब बस्तर संभाग के लोग इस रुझान को समझ कर अपने बच्चों को खेल के माध्यम से अपने रोजगार साधने की दिशा में अग्रसर करा रहे हैं। इसके कई उदाहरण यहां सामने आ चुके हैं। जैसे वर्ल्ड पवार लिप्टिंग फ़ेडरेशन द्वारा आयोजित जूनियर विमेन मास्टर नेशनल बेंचप्रेस चैंपियनशिप में वैष्णवी प्रजापति ने द्वितीय रेंक हासिल की है। साथ ही जूनियर सब विमेन डेडलिफ़्टिंग चैंपियन में भी उन्हें द्वितीय रेंक मिली।यह प्रतियोगिता 20 से 22 दिसंबर तक चली वर्ल्ड पॉवरलिपटिंग फ़ेडरेशन द्वारा तेरा पंत भवन एसएफ रोड सिलीगुड़ी वेस्ट बंगाल में आयोजित इस प्रतियोगिता में लालबाग जगदलपुर निवासी वैष्णवी प्रजापति पिता संतोष प्रजापति ने यह उपलब्धि हासिल कर बस्तर का मान बढ़ाया है।

बस्तर की बेटियों का धमाल

इसी तरह छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ एवं जिला बॉल बैडमिंटन संघ रायपुर द्वारा नयापारा राजिम में आयोजित 24वीं छत्तीसगढ़ जूनियर राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2024-25 में बस्तर की बेटियों ने चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में राज्य की 17 जिलों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन लीग कम नॉकआउट पद्धति से किया गया था। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ बालक एवं बालिका टीम का चयन 69वीं जुनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2024-25 बालक एवं बालिका वर्ग के लिए किया गया। नेशनल का आयोजन भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं महाराष्ट्र बॉल बैडमिंटन संघ के संयुक्त तत्वावधान में नारखेर, नागपुर महाराष्ट्र में 17 से 21 जनवरी तक किया जा रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बालक वर्ग का फाइनल मैच बलौदा बाजार और भिलाई इस्पात संयंत्रके बीच हुआ। यह मैच खराब रौशनी के कारण 14-14 की बराबरी पर रहा और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। वहीं बालिका वर्ग में फाइनल मैच महासमुंद और बस्तर के मध्य खेला गया स्कोर 35-29 35-26 के साथ बस्तर टीम विजेता रही। इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में पुरस्कार वितरण विजय गोयल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, इसरार अहमद खान कार्यकारी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ एवं श्यामल बनर्जी कोषाध्यक्ष छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ, नरेश चंद्राकर अध्यक्ष, टुनामेंट कमेटी, भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ, अंकित जैन, चीफ रेफरी, छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ, गोपाल साहू, उमेश नामदेव, सेवन दास, अविनाश चौहान, मोहम्मद रियाज, सूरज नायक, चिंतामणि चक्रधारी, रमेश कुमार सिंह एवं राहुल गर्ग ने किया। यह जानकारी छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ के महासचिव वाय राजा राव ने दी।

MOST POPULAR

HOT NEWS