City Media - Page 434 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 434

फिर सामने आई कलेक्टर विजय दयाराम के. की संवेदनशीलता, रिटायर्ड प्यून के घर जाकर दिया पीपीओ

0
  •  एक्सीडेंट की वजह से चलने में असमर्थ हैं कर्मी देवली ठाकुर 
  • कलेक्टर ने कर्मचारी के घर जाकर दिया पेंशन पीपीओ 

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. की संवेदनशीलता और सदाशयता का एक और बड़ा उदाहरण सामने आया है। कलेक्टर जैसे ऊंचे ओहदे पर बैठे अधिकारी जहां अपने मातहतों को जरा भी अहमियत नहीं देते, वहीं बस्तर कलेक्टर विजय ऐसे अधिकारियों से जरा अलहदा हैं। वे प्यून जैसे छोटे कर्मचारी को भी वैसा ही महत्व देते हैं, जैसा कि अपने एडीएम को।

 

कलेक्टर विजय दयाराम के. की भलमनसाहत की बड़ी अच्छी बानगी आज जगदलपुर में देखने को मिली, जब चलने फिरने में असमर्थ एक सेवनिवृत भृत्य के घर पीपीओ देने खुद कलेक्टर विजय पहुंच गए। जुलाई माह में सेवानिवृत हुई श्रीमती देवली ठाकुर के घर पहुंच कर कलेक्टर उन्हें शॉल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और उनका पीपीओ प्रदान किया। सेवानिवृत श्रीमती ठाकुर कमला नेहरू अनुसूचित जनजाति छात्रावास में भृत्य पद पर कार्यरत थीं। उनका 5 माह पूर्व हुए एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के बाद कमर और जांघ में रॉड लगने की वजह देवली ठाकुर चलने में असमर्थ हैं। ऎसी स्थिति में पेंशन प्राधिकार पत्र लेने वे जिला कार्यालय नहीं पहुंच पाई थीं। जब इस बात की जानकारी कलेक्टर को मिली, तो कलेक्टर ने स्वयं उनके घर जाकर उन्हें पीपीओ प्रदान करने की बात कही और सदर वार्ड स्थित देवली ठाकुर के घर पहुंचकर कलेक्टर विजय ने उन्हें पीपीओ प्रदान किया।इससे पूर्व कलेक्टर ने जिला कार्यालय के आस्था कक्ष में आयोजित समारोह में कहा कि शासन की पहल से प्रत्येक माह सेवानिवृत्त हो रहे जिले के शासकीय सेवकों को उनके शासकीय सेवाकाल की समाप्ति के समय ही पीपीओ जारी करने का सार्थक प्रयास विगत 13 महीने से किया जा रहा है। लगातार समय-सीमा की बैठक में समीक्षा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित करने के बाद अब प्रक्रिया सतत हुई है। इसके लिए कोषालय और कोष, लेखा एवं पेंशन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

साथ ही दोनों कार्यालयों द्वारा सेवानिवृत कर्मचारियों का पीपीओ जारी करने की दिशा में उत्साह और सक्षमता के साथ पहल की जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि सेवानिवृत्ति के साथ ही सम्बंधित शासकीय सेवकों को लंबे समय तक शासकीय सेवा के परिश्रम का सभी स्वत्वों का समय पर भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि लम्बी अवधि तक शासकीय सेवा देने के उपरांत सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारी अपने शासकीय सेवा के अनुभव और सीख का सदुपयोग समाज के लिए करें। सभी शासकीय सेवक नौकरी के दौरान स्वयं के लिए, परिवार और समाज के लिए समय नहीं निकाल पाए होंगे, वे सेवानिवृत्त होने के पश्चात भी सक्रिय रहकर स्वयं एवं परिवार और समाज को समय देवें। अपने दीर्घानुभव का लाभ विशेषकर युवाओं को सीख के रूप में देवें।कलेक्टर ने कहा कि पदीय दायित्व का निर्वहन करते हुए सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों को सम्मान देने का यह अवसर गौरवान्वित होने का पल है बुजुर्ग साथी हमें आशीर्वाद दें। शासन-प्रशासन ने जिले के सभी विभागों से सेवानिवृत्त होने वाले सेवकों का ज्यादा से ज्यादा पेंशन से संबंधित प्रकरणों का समय पर निराकरण का प्रयास कोषालय और कोष, लेखा पेंशन कार्यालय के द्वारा किया जा रहा है और लगातार अधिक से अधिक पेंशन प्रकरणों में सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ जारी करने का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों की स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की। कलेक्टर ने शुक्रवार को जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में माह जुलाई 2024 में सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पुष्पमाला एवं शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। वहीं इन सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पीपीओ पत्र प्रदान किए।

21 को दिए गए पीपीओ

इस अवसर पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी संजय सोनवानी ने बताया कि जुलाई माह में सेवानिवृत्त 31 शासकीय सेवकों में से 21 को पेंशन प्राधिकार पत्र जारी कर दिए गए हैं। शेष का आवश्यक कार्यवाही के बाद जल्द पीपीओ जारी कर दिया जाएगा। इस अवसर पर कार्यालय संयुक्त संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन से उप संचालक भारती कोर्राम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जीआर सोरी सहित जिला कोषालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त शासकीय सेवक मौजूद थे। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति हो रहे शासकीय सेवकों ने भी अपने अनुभव को साझा किया और शासन- प्रशासन के द्वारा सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजन को सराहनीय पहल निरूपित करते हुए आभार व्यक्त किया। इस दौरान सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक लखेश्वर कुदराम ने बस्तर की कला संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु बादल एकेडमी आसना को स्वयंसेवी कलाकार के रूप में निरंतर सेवा देने की मंशा व्यक्त की।

दल बदल के साथ बदल गया मेयर का नजरिया भी, पूर्व विधायक जैन की दी हुई सौगातों की घोर उपेक्षा

0
  • लाखों के ओपन जिम की दुर्दशा, पार्क भी बदहाल
  • बच्चों का टॉय ट्रेन भी हुई खस्ताहाल, टॉयलेट बेहाल 

-अर्जुन झा-

जगदलपुर पूर्व विधायक रेखचंद जैन आजकल स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक उठापटक के बीच भी समय निकाल कर वे शहर में अपने मित्रों और नागरिकों से मिलने निकल पड़ते हैं। पिछले दो दिन से वे स्थानीय शहीद पार्क में खुद अपने कार्यकाल में बनवाए जिम को देखने और लोगों की जागरूकता को परखने पहुंच रहे हैं। मगर दल बदल करने वाली महापौर का नज़रिया भी बदल गया है। अपने परम हित चिंतक रहे पूर्व विधायक रेखचंद जैन की दी हुई सौगातों को भी महापौर अब पूरी तरह उपेक्षित छोड़ दिया है। सोलह लाख रुपयों की लागत से निर्मित ओपन जिम महापौर सफीरा साहू की मतलब परस्ती की दास्तां बयान कर रहा है।

 

आज वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र मिश्रा व उनके साथी भी पूर्व संसदीय सचिव रेखचंद जैन के इस स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान में सहभागी बने। हल्की बरसात के बावजूद सुबह 8 बजे के करीब 50 महिला, पुरुष, बच्चे और युवक शहीद पार्क में बने जिम में वर्जिश कर खुद को तरोताजा रखने में मशगूल नजर आए। पार्क और ओपन जिम की दुर्दशा देखकर पत्रकार वीरेंद्र मिश्रा व उनकी मित्र मंडली के लोग तथा जिम में वर्जिश करने आए नागरिक चिंतित एवं अचंभित हो उठे। 16.04 लाख रूपए की लागत से शहीद पार्क में बनवाए गए आधुनिक संसाधनों से लैस इस जिम में जो उपकरण लगाए गए थे, वे सब अब खस्ताहाल में हैं। मामूली मेंटेनेंस को तरस रहे जिम के महंगे उपकरण खराब होकर लटक रहे हैं। हालत तो यह भी हो चली है कि पार्क में उग आई घास की कटाई भी रोक दी गई है पार्क में बने पुरुष और महिला शौचालयों की हालत बदतर हो चली है। पार्क में ही बच्चों को तफरीह कराने वाली टॉय ट्रेन मेंटेनेंस के आभाव में कबाड़ बन गई है।

मेयर से नाराज दिखे लोग

पूर्व विधायक रेखचंद जैन का कहना है कि 2 साल पूर्व ही इस जिम को लोकहित में बनाया गया था। अब इसकी हालत देखकर दुख होता है पार्क में जैन के प्रवेश करते ही वहां मौजूद दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने उनके सामने शिकायत की शिकायतों की झड़ी लगा दी।सभी का यही कहना था कि निगम की सत्ता में महापौर के दल बदल के बाद से ही पार्क की दुर्दशा शुरू हुई है। लोगों ने जैन से कहा कि विधायक और संसदीय सचिव रहते आपने नगर के विकास, सड़कों, नालियों, पार्क आदि के निर्माण के लिए अपनी राज्य सरकार से करोड़ों रुपए दिलवाए थे। तब यही महापौर आपका गुणगान करते नहीं थकती थी। हमें भी अपने शहर को आधुनिक सुविधाएं मिलने व शहर का विकास होते देख सुखद अनुभूति के साथ गर्व होता था। आज वही महापौर आपकी दी हुई सौगातों को नष्ट करने पर तुल गई हैं। महापौर का यह रवैया हमें कतई अच्छा नहीं लग रहा है। पार्क में मौजूद नागरिकों ने पूर्व विधायक रेखचंद से आग्रह किया कि आप स्वयं कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से मिलकर लाखों की सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए पहल करें। हमें महापौर से अब कोई उम्मीद नहीं रह गई है।

बरसात में बह रही निर्माण सामग्री और भ्रष्टाचार की बाढ़ में बहकर सरकारी धन पहुंच रहा पंच परमेश्वरों की जेब में

0
  •  करपावंड पंचायत में सालभर से अटका है सीसी रोड का निर्माण
  • निर्माण सामग्री मंगवा ली, काम शुरू कराया नहीं

(अर्जुन झा)

बकावंड राशि आहरण कर लेने के बाद भी सालों साल निर्माण कार्य शुरू नहीं कराए जाते। दिखावे के लिए रेत, गिट्टी आदि निर्माण सामग्री मंगवाकर गलियों में रख दी जाती है। यह निर्माण सामग्री उसी तरह बरसात के पानी के साथ बह जाती है, जिस तरह भ्रष्टाचार की बाढ़ में सरकारी धन बहकर पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारी कर्मचारियों की जेब में समा जाता है। ऐसा अजब गजब खेल बकावंड जनपद की ग्राम पंचायतों में चल रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों की भर्राशाही और जनपद के अधिकारियों की बेपरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत करपावांड में भी भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। इस ग्राम पंचायत के आश्रित गांव अवेदगुड़ा में बीते साल से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। मुख्यमंत्री समग्र ग्राम योजना के तहत करपावंड ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम अवेदगुड़ा में 1.70 किलोमीटर सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति सितंबर 2023 में मिली थी। इसके लिए 5 लाख 20 हजार रुपए मंजूर किए गए थे। किंतु अभी केवल गिट्टी रेती गिरा कर छोड़ दिया गया है। कार्य अब तक शुरू नहीं कराया गया है। जिला पंचायत की सीधी देखरेख में बनने वाली इस सड़क हेतु अभी 1 लाख 50 हजार रुपए ग्राम पंचायत को जारी भी कर दिए गए हैं। इस राशि से हाईवा ट्रक के जरिए 6 ट्रिप रेत गिट्टी गिराई गई है। काम नहीं होने का कारण बताते हुए सचिव हरिनाथ पटेल कहते हैं कि अभी रोपा और खेती का काम चल रहा है, राजमिस्त्री और मजदूर नहीं मिल रहे हैं इसलिए काम बंद है। अब सवाल ये उठता है कि बरसात का मौसम चल रहा है, तो लाखो रुपए आहरण कर गिट्टी रेती क्यों गिराई गई? रेत अभी भरी बरसात में बह रही है। रेत कम हो जाने पर फिर से मंगाई जाएगी और इसमें भी भ्रष्टाचार किया जाना तय है। बताते हैं कि रेत और गिट्टी बरसात का मौसम शुरू होने के ठीक पहले मई जून माह में रेत और गिट्टी गिरवाई गई है। सड़क निर्माण न हो पाने के कारण ग्रामीणों को अभी भी कीचड़ और गड्ढों भरे रास्ते से चलना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों और वाहन सवारों को इस सड़क पर चलने में बड़ी परेशानी हो रही है। लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।

 

मौर्य ने जताई नाराजगी

इस मामले बीजेपी के प्रदेश कार्यकारणी सदस्य बनवासी मौर्य का कहना है कि मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के तहत स्वीकृत कार्य को 6 माह की अवधि में पूर्ण करना अनिवार्य होता है।करीब सालभर बाद भी अवेदगुड़ा में रोड न बन पाना पंचायत प्रतिनिधियों और सचिव की लापरवाही को दर्शाता है। इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने अधिकारियों से मांग की है कि रोड निर्माण के कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराएं। श्री मौर्य ने कहा है कि बस्तर संभाग में जो भी पंचायत प्रतिनिधि व सचिव इस तरह की लापरवाही बरत कर भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास और भ्रष्टाचार कर रहे हैं, वे अपनी ऎसी हरकतों से बाज आ जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। ऎसी हरकत बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वर्सन

हरेली से शुरू होगा कार्य

उप सरपंच अनुज गुप्ता इस कार्य को देख रहे हैं। उन्हीं के माध्यम से मई महीने में हाइवा से 6 ट्रिप रेती गिट्टी गिराई गई है। अबतक कार्य शुरू नहीं हुआ है क्योंकि कहा की लेबर मिस्त्री रोपा खेती कार्य में लगे हुए हैं। अब हरेली के दिन से सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू होगा।

हरिनाथ पटेल,

     सचिव, ग्राम पंचायत करपावंड

सोनी सोरी के पिता मुंडरा सोरी का निधन

0

जगदलपुर :- बस्तर की आदिवासी नेत्री सोनी सोरी के पिता एवं वेडमा के पूर्व सरपंच और समाजिक कार्यकर्ता मुंडरा सोरी का 31 जुलाई को निधन हो गया। डौंडी लोहारा के पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष जनक लाल ठाकुर ने मुंडरा सोरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मुंडरा सोरी प्रखर आदिवासी नेता थे। वे लंबे समय तक दंतेवाड़ा जिले के अपने गांव वेड़मा के सरपंच रहे। 2011 में नक्सलियों ने उनके पांव में गोली मार दी थी। जिस नक्सली नेता ने गोली मारी थी, वह सरकार के सामने आत्म समर्पण करने के बाद आज पुलिस अधिकारी बना चुका है। जब सरकार ने सोनी सोरी को जेल में डाला था, तब सोनी के पिता घायल अवस्था में भी जेल में सोनी से मिलने जाते थे। सोनी बताती है कि पिताजी बैसाखी के सहारे सलाखों के पार धूप में बहुत देर तक खड़े रहते थे। मैं कहती थी बाबा आप थक जाओगे आप चले जाओ तब वह कहते थे नहीं तू मुझे देख और तू भी ताकतवर बन और अन्याय के खिलाफ लड़।सोनी कहती है मेरे पिता मेरी ताकत थे। आदिवासियों ने अपना एक विश्वस्त मित्र खो दिया है। ऐसे ऊर्जावान और प्रेरणा स्रोत दिवंगत लिंगोंवासी मुंडरा सोरी को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा लाल हरा परिवार और मोर्चा के अध्यक्ष एवं डौंडी लोहारा के पूर्व विधायक जनकलाल ठाकुर ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मूलभूत सुविधाओं से वंचित वार्डवासी के हक की लड़ाई लड़ने कांग्रेस पार्टी कटिबद्ध

0
  •  वार्डों में समस्याओं का अंबार, पार्षद का वार्डवासी के प्रति रवैया उदासीन

 जगदलपुर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य की अध्यक्षता व पूर्व विधायक रेखचंद जैन की विशेष उपस्थिति में जन समस्याओं के निवारण हेतु पं. सुंदरलाल शर्मा वार्ड में जन चौपाल लगाई गई।

      इस दौरान वार्डवासियों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि वार्ड में पानी, जलभराव की स्थिति हमेशा बनी रहती है। पार्षद से लेकर नगर निगम कार्यालय में भी इन समस्याओं को लेकर शिकायत कई बार की जा चुकी है, परंतु निगम प्रशासन द्वारा आज पर्यंत निराकरण नही किया गया है।वही स्थानीय पार्षद का रवैया वार्डवासियों के प्रति उदासीन बना हुआ है। न हमारी बात सुनी जाती है न हमारी समस्याओं का समाधान किया जाता है‌।

वार्डवासियों की बातो से अवगत होकर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने वार्डवासियों से कहा आपकी हर समस्या के लिए संघर्ष करने कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है, आपके हक के लिए कांग्रेस पार्टी कटिबद्ध है, कांग्रेस वार्ड की मूलभूत सुविधाओं के लिए निगम प्रशासन से लड़ेगी साथ ही श्री मौर्य ने निगम के आला अधिकारियों से चर्चा कर जल्द निराकरण करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रेखचन्द जैन, वरिष्ठ कांग्रेसी हनुमान दिवेदी, रामशंकर राव, रविशंकर तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश नाग, पूर्व पार्षद मनोज ठाकुर, महामंत्री जाहिद हुसैन, असीम सुता, निकेत झा व वार्डवासी मौजूद रहे।

संजय मार्केट में पसरा लगाने वालों से व्यापारी कर रहे हैं अवैध वसूली, कार्रवाई की तैयारी में निगम प्रशासन

0
  •  काम्प्लेक्स के सामने बैठने वालों देते हैं व्यापारी व निगम को दोहरा टैक्स

(अर्जुन झा)

जगदलपुर‌ :- बस्तर संभाग मुख्यालय के सबसे बड़े बाजार संजय मार्केट में व्यापारियों व निगम कर्मचारियों द्वारा पसरा लगाने वालों से अवैध उगाही की जाने का मामला सामने आया है। खबर है कि कई व्यापारी और काम्प्लेक्स मालिक अपनी दुकानों के सामने पसरा लगाने वालों से 200 रुपए से लेकर 300 रुपए तक की अवैध वसूली कर रहे हैं। रुपए न देने पर फुटपाथी दुकानदारों को पसरा नहीं लगाने दिया जाता। इस अवैध वसूली के खिलाफ अब नगर निगम कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।

नगर निगम द्वारा पसरा लगाने वालों से टैक्स वसूली पूर्व में की जाती थी, लेकिन अब किसी प्रकार का टैक्स नहीं लिया जाता है। फिर भी गांवों से आकर संजय मार्केट में सब्जियों का पसरा लगाने वाले सब्जी उत्पादक किसानों और फुटकर व्यापारियों से अवैध रूप से पैसा वसूल किया जा रहा है। वहीं काम्प्लेक्स के व्यापारियों द्वारा भी अवैध उगाही की जा रही है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। व्यापार के लिए पसरा लगाकर अपने और अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले लोगों को दो प्रकार का टैक्स देने की मजबूरी बन गई है। बस्तर संभाग मुख्यालय के सबसे बड़े बाजार संजय मार्केट में दूर- दराज से ग्रामीण आते हैं तो शहर के निचली बस्तियों के गरीब तबके के लोग भी अपने जीविकोपार्जन के लिए संजय मार्केट में पसरा लगाकर सब्जी व अन्य सामान बेचते हैं। उन्हें नगर निगम एक्ट के तहत पहले बाजार शुल्क अदा करना पड़ता था किंतु तत्कालीन सरकार द्वारा पौनी पसारी योजना के तहत किसी भी प्रकार की टैक्स वसूली पर रोक लगा दी गई थी, तबसे बाजार शुल्क लेना बंद कर दिया गया है। वहीं नगर निगम द्वारा निर्मित दुकानों के सामने पसरा लगाने वालों से काम्प्लेक्स के दुकान मालिकों द्वारा उनकी दुकनों के सामने पसरा लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं और खुदरा व्यापारियों से प्रतिदिन 200 से 300 रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है। जबकि निगम द्वारा 20 से 30 रूपए बाजार शुल्क लिया जाता रहा है। काम्प्लेक्स के व्यापारियों द्वारा पसरा लगाने वालों से वसूली करना न सिर्फ गैर कानूनी है, बल्कि अमानवीय भी है। काम्प्लेक्स के दुकान मालिकों द्वारा जो राशि ली जा रही है वह सीधे तौर पर गरीब सब्जी बेचने वालों का आर्थिक शोषण ही है।

बस्तर के सबसे बड़े बाजार में जिला व नगर निगम प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा यह गोरखधंधा सुर्खियों में है। वहीं नगर निगम के जो कर्मचारी पसरा लगाने वालों से राशि की वसूली कर रहे हैं क्या उनकी भनक भी नगर निगम प्रशासन को नहीं है या निगम प्रशासन अपने कर्मचारियों के साथ- साथ व्यापारियों के सामने नतमस्तक हो गया है?संजय बाजार में पसरा लगाने वाले गरीब व्यवसायी किसी के भी पास शिकायत करने की स्थिति में नहीं हैं। फलतः उन्हें दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है। यदि वे शिकायत दर्ज कराते हैं तो उनको बाजार से भगाया भी जा सकता है। इस डर के कारण भी वे शिकायत करने से हिचकिचाते हैं।

करेंगे कार्रवाई: पाणिग्रही :-

नगर निगम जगदलपुर एमआईसी में बाजार व्यवस्था सभापति निर्मल पाणिग्रही से जब इस अवैध उगाही के संबंध में चर्चा की गई तो उनका कहना था कि नगर निगम द्वारा किसी भी प्रकार का टैक्स नहीं लिया जा रहा है। यदि कोई टैक्स वसूली करता है तो वह गलत है। क्योंकि दुकानों और काम्प्लेक्स के सामने की सड़कें और उनके अगल बगल की जमीन नगर निगम की संपत्ति है। निगम की इस प्रॉपर्टी पर बैठकर अगर सब्जी विक्रेता या छोटे व्यापारी व्यवसाय करते हैं तो उनसे किराया लेने का अधिकार किसी को नहीं है।बाजार क्षेत्र में जो वाहन आता है उससे ही पार्किंग शुल्क लेकर बाकायदा रसीद दी जा रही है। वहीं अपनी व्यवस्था का हवाला देते हुए निर्मल पाणिग्रही ने कहा कि इस संदर्भ में विस्तार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई पसरा व्यापारी या जिम्मेदार व्यक्ति इस बाबत शिकायत लेकर आता है तो उस पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।

नक्सली शहीदी सप्ताह के दौरान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के 5 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण

0
  •  इस साल 142 माओवादी कर चुके हैं सरेंडर, 310 किए गए हैं गिरफ्तार

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान डीआरजी, बस्तर फाईटर के संयुक्त प्रयासों व छग शासन की आत्मसर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के दौरान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के पांच नक्सलियों ने 31 जुलाई को आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें एक नक्सली 1 लाख का ईनामी है।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, एसडीओपी भैरमगढ़ तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक ऑप्स सुदीप सरकार, उप पुलिस अधीक्षक डीआरजी बीजापुर विनीत साहू के समक्ष माओवादियों की खोखली विचारधारा, भेदभाव पूर्ण व्यवहार, उपेक्षा व प्रताड़ना से तंग आकर एवं छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर पांच नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में मंगू पोटाम आरपीसी डीएकेएमएस अध्यक्ष ईनाम 1 लाख, पायकू तेलम आरपीसी मिलिशिया प्लाटून ए सेक्शन सदस्य, मीना तेलम आरपीसी मिलिशिया प्लाटून सदस्य, राजू तेलम आरपीसी सदस्य, मल्लेश पोटाम आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमांडर शामिल हैं।

बड़ी घटनाओं में थे शामिल

आत्मसमर्पित पांचों नक्सली वर्ष 2004 में पातरपारा

 सरपंच मासा के घर में लूट,

2007 में पोंदुम के सरपंच जीरा हपका से मारपीट कर लूट, 2023 में ग्राम तुडेम में जन अदालत लगाकर मिटठू माड़वी की हत्या में शामिल रहे हैं। संगठन में कार्यों की उपेक्षा करने, भेदभाव पूर्ण व्यवहार एवं नक्सलियों के द्वारा आदिवासियों पर किए जा रहे अत्याचार से त्रस्त होकर एवं छग शासन की आत्मसमर्पण नीतियों से प्रभावित होकर भारत के संविधान पर विश्वास रखते हुए उक्त नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने पर इन्हें उत्साहवर्धन हेतु शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25-25 हजार रूपए की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

4 नक्सली गिरफ्तार

बीजापुर जिले में डीआरजी एवं थाना आवापल्ली की टीम ग्राम पुन्नूर की ओर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान पुलिस पार्टी द्वारा पुन्नूर से 4 नक्सलियों को पकड़ा गया। जिनके नाम महेंद्र ईरपा उर्फ करमा, जोगा मिडियम उर्फ महेश, राकेश सोढ़ी, धर्मेंद्र ईरपा उर्फ धरमा है। पकड़े गए नक्सली 21 दिसंबर 2023 को आवापल्ली क्षेत्रांतर्गत दुगईगुड़ा- चेरामंगी के मध्य रॉयल बस में हुई आगजनी की घटना में शामिल रहे हैं।

पकड़े गए नक्सलियों के विरूद्ध थाना आवापल्ली में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

जनपद सदस्य संजय बैंस ने अपने जनपद निधि से सुखा गीला कचरा रखने के लिए डस्टबीन वितरण किया

0

कुसुमकसा ग्राम पंचायत को जनपद सदस्य संजय बैंस ने अपने जनपद निधि से सुखा गीला कचरा रखने के लिए 50 नग स्टेंड सहित डस्टबीन वितरण किया इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडाले जी प्रोग्राम अधिकारी  वर्मा जी सब इंजीनियर रामटेके जी उपस्थित रहे कार्यक्रम में सरपंच शिव राम सिंदरामे जी बताया की हमारे ग्राम पंचायत के सभी चौक सहित स्कूल हासपीटल आगनवाड़ी में इस डस्ट बीन को लगाया जाएगा हमारे जनपद सदस्य संजय बैंस स्वच्छ ग्राम की दिशा में एक कदम गांव को स्वच्छ रखने की पहल की है जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मांडाले जी ने कहा की मेरे जनपद पंचायत में इतने सारे डस्टबीन वितरण करने वाले पहले जनपद सदस्य बैंस जी है उनके सभी कार्य प्रांशनीय रहते है।

इस डस्ट बीन को सभी सरकारी जगह के साथ गांव के मुख्य चौक पर लगाया जाएगा और हमारी स्वच्छता बहने इस डस्टबीन से कचरा निकाल कर इस साफ सफाई करेंगे गांव को स्वच्छ बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण जनों को भी अपनी सहभागिता निभाना पड़ेगा तभी स्वच्छ गांव की परिकल्पना होगी जिसे एक कदम हमारे जनपद सदस्य संजय बैंस जी अपने निधि से राशि देकर एक कदम आगे बड़ाया है मैं उन्हे बहुत बहुत बधाई देता हु जनपद सदस्य संजय बैंस ने कहा कि हमारे गांव की स्वच्छता बहने घर घर जाकर कचरा इक्कठा करते है कई घरों में सुबह से साफ सफाई कर कचरा फेकने की दिक्कत भी होती है इसलिए मैंने कुसुम के सभी चौक पर डस्टबीन लगाने का मन बनाया जगह जगह पर लोग कचरा फेक देते है जो की अब ये कचरा डस्टबीन में डलेगा तो पारा मोहल्ले के साथ गांव भी स्वच्छ होगा और हम सभी स्वच्छ गांव की परिकल्पना हो पाएगी जिसे समस्त ग्रामीण जनों को भी साथ देने की जरूरत होगी कोई भी जनप्रतिनिधि अकेला कुछ नहीं कर सकता इस कार्यक्रम में उप सरपंच दीपक यादव नितिन जैन खेमीन निर्मलकर आसमा बेगम इंद्राणी धनकर साहिस्ता बेगम नेम सिंग संतोष जैन पुष्पजीत बैंस रमेश जगनायक शशि यूके जगन्नाथ सिवाना राजू सिन्हा और सभी विभाग प्रमुख शिक्षक गण स्वास्थ विभाग पटवारी के साथ गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राजस्थान सरकार को साय सरकार ने दे दी कोल खनन की अनुमति : दीपक बैज

0
  •  राज्य के हितों की अनदेखी की साय सरकार ने: बैज 

जगदलपुर राजस्थान विद्युत मंडल को सरगुजा में पीईकेबी कोल ब्लाक में उत्खनन की अनुमति के संबंध में साय सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट करे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राजस्थान विद्युत मंडल द्वारा अखबारों में छपवाए गए विज्ञापनों से साफ हो गया है कि राज्य सरकार ने वहां पर उत्खनन की अनुमति दी है। इसके पहले भी राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी इस आशय की जानकारी सोशल मीडिया में ट्वीट कर दी थी। उन्होंने अपने ट्वीट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया था। राजस्थान के मुख्यमंत्री के ट्वीट को राज्य सरकार ने खारिज किया था, लेकिन अब छपे विज्ञापन बता रहे हैं कि राजस्थान के मुख्यमंत्री ने सही ट्वीट किया था। भाजपा सरकार राज्य की जनता से सब कुछ छुपाना चाहती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य के हितों को दरकिनार कर साय सरकार ने राजस्थान को कोल उत्खनन की अनुमति दे दी है। हसदेव अरण्य कोल फील्ड में संचालित परसा ईस्ट एवं कांता बासन (पीईकेबी) कोल ब्लॉक की 91.21 हेक्टेयर वन भूमि कोल उत्खनन के लिये दे दी गई है। दलीय प्रतिबद्धता में भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के हितों तथा राज्य के पर्यावरण सुरक्षा की अनदेखी की है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश सरकार ने राज्य के हितों को देखते हुए वहां पर उत्खनन की अनुमति देने से मना कर दिया था। जबकि उस समय राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार थी। उसके बावजूद कांग्रेस की सरकार ने राज्य के हितों से समझौता नहीं किया था। इस खदान को रद्द करने कांग्रेस की सरकार ने केंद्र सरकार के पास अनुशंसा भी भेजी थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के दबाव में राज्य में कोल उत्खनन की बंदरबांट शुरू हो गई है। भाजपा सरकार अडानी के हितों को सवंर्धित करने के लिए राज्य के जल, जंगल, जमीन खनिज संपदा को अडानी को सौपना शुरू कर दिया गया है। जैसे ही भाजपा की सरकार बनी हसदेव अरण्य क्षेत्र में वनों की अंधाधुंध कटाई शुरू की जा चुकी है। 50 हजार से अधिक पेड़ काटे जा चुके है। यहां पर कटाई के लिये आदेश और पर्यावरण स्वीकृत केंद्र की मोदी सरकार ने दिया था तब कांग्रेस सरकार ने इस स्वीकृति को राज्य के स्तर पर निरस्त कर दिया था तथा केंद्र में भी इसे निरस्त करने के लिये पत्र लिखा था। 31 अक्टूबर 2022 को इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर सचिव ने भारत सरकार के वन महानिरीक्षक को पत्र लिखकर परसा ओपन कास्ट कोल माईंस में कोल उत्खनन पर प्रतिबंध लगाने तथा वन कटाई के प्रस्ताव को निरस्त करने को कहा था। विधानसभा से भी कांग्रेस सरकार ने इस आशय का प्रस्ताव पारित करवा कर केंद्र को भेजा था कि हसदेव अरण्य क्षेत्र की सभी कोल खदानों को निरस्त किया जाए। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में 27 जुलाई 2022 को प्रस्तावित प्रस्ताव पारित कर हसदेव अरण्य, तमोर पिंगला और कोरबा के हाथी रिजर्व क्षेत्र के वनों में कोल ब्लॉक आवंटन रद्द करने का संकल्प लिया था। इस दौरान मोदी सरकार के कोयला मंत्री ने रायपुर आकर यह भी कहा कि जहां पर कोल बेयरिंग एक्ट लागू होता है वहां पेसा कानून के प्रावधान लागू नहीं होते किसी के आपत्ति या सहमति से कोल खनन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा मोदी सरकार उस क्षेत्र में भी कोयले का खनन जारी रखेगी। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद अडानी को फायदा पहुंचाने पेड़ों की कटाई शुरू हो चुकी है।

जगदलपुर में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला का हुआ शुभारंभ

0
  •  लक्ष्य बनाकर पढ़ाई पर करें ध्यान केंद्रित: किरण
  •  9 जोन के 350 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हैं हिस्सा

जगदलपुर शिक्षा ग्रहण करने की उम्र लौटकर नहीं आती है, इसका सदुपयोग करें। एक लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें।खूब मन लगाकर अध्ययन करेंगे तो सफलता के सारे सोपान आसानी से तय कर लेंगे। यह बात विधायक जगदलपुर किरण देव ने स्थानीय जगतू माहरा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 4 दिवसीय राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य आतिथ्य की आसंदी से छात्र-छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कही।

इस मौके पर विधायक किरण देव ने कहा कि पढ़ाई और सीखने- समझने के इस महत्वपूर्ण समय में देश- दुनिया का ज्ञान अर्जित करें। लक्ष्य के अनुरूप लगन एवं मेहनत करेंगे तो सफलता निश्चित है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र और राज्य का नाम रौशन करने की समझाईश दी। इस अवसर पर महापौर नगर पालिक निगम सफीरा साहू और उपाध्यक्ष जिला पंचायत मनीराम कश्यप ने भी संबोधित करते हुए छात्र- छात्राओं को अपनी श्रेष्ठत्तम प्रस्तुति देने की शुभकामनाएं दी।

आरंभ में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने प्रतिवेदन में अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ राज्य शैक्षणिक प्रशिक्षण परिषद के तत्वावधान में विज्ञान एवं गणित के प्रति रूचि और जागरूकता बढ़ाने सहित अविष्कार एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 3 जुलाई तक आयोजित इस राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला में प्रदेश के 9 जोन के 350 से अधिक प्रतिभागी छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मिलित हो रहे हैं। इन सभी के द्वारा 7 अलग अलग विधाओं में प्रादर्श प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। वहीं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडल एवं प्रादर्शों का तन्मयता के साथ अवलोकन कर इन छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना कर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS