City Media - Page 472 of 1853 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 472

24 घंटे में ही अपने वादे से पलटी मार गया एनएमडीसी प्रबंधन, ग्रामीणों की तोड़ डाली उम्मीद

0
  •  कलेक्टर और विधायक का मान नहीं रखा एनएमडीसी प्रबंधन ने

अर्जुन झा

जगदलपुर एनएमडीसी के उच्च स्तरीय प्रबंधन ने पहले तो भरोसा दिलाया कि जय झाड़ेश्वर परिवहन संघ और स्थानीय ग्रामीणों की सभी मांगें पूरी कर दी जाएंगी, आंदोलनकारी नगरनार स्टील प्लांट का गेट जाम न करें। इससे ग्रामीण और संघ से जुड़े लोग खुशी से झूम उठे थे थे, मगर चंद घंटे गुजरते ही प्रबंधन पलटी मार गया। प्रबंधन ने आज कलेक्टर और स्थानीय विधायक की बात को दरकिनार करते हुए जय झाड़ेश्वर परिवहन संघ की किसी भी मांग को मानने से साफ इंकार कर दिया।

राष्ट्रीय खनिज विकास निगम एनएमडीसी के नगरनार इस्पात संयंत्र में स्थानीय युवाओं को नौकरी तथा लोकल परिवहन व्यवसाइयों को माल परिवहन का काम देने की मांग को लेकर जय झाड़ेश्वर परिवहन संघ मर्यादित द्वारा बीते हफ्ते भर से नगरनार में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। मंगलवार को इन लोगों ने स्टील प्लांट के गेट नंबर 2 को बंद करने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद एनएमडीसी के हैदराबाद स्थित मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक हुई। वहां के अधिकारियों ने बस्तर जिला प्रशासन और जगदलपुर विधायक से हस्तक्षेप का आग्रह किया बताते हैं कि एनएमडीसी उच्च प्रबंधन ने कलेक्टर और विधायक को भरोसा दिलाया था कि परिवहन संघ की सभी मांगें पूरी कर दी जाएंगी। इसके बाद कलेक्टर और विधायक की पहल पर गेट जाम करने का फैसला वापस ले लिया। 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि एनएमडीसी उच्च प्रबंधन अपने वादे से साफ तौर पर मुकर गया। प्रबंधन ने कलेक्टर और विधायक का भी मान नहीं रखा। इससे स्थानीय ग्रामीण, परिवहन व्यवसाई और जय झाड़ेश्वर परिवहन संघ के पदाधिकारी सदस्य एवं पंच सरपंच आक्रोशित हो उठे हैं। आलम यह है कि नगरनार में हालात कभी भी बिगड़ सकते हैं।

स्वार्थी नेताओं ने बिगाड़ा खेल

 परिवहन संघ में सम्मिलित कई नेता विभिन्न दलों के समर्थक हैं। उनकी उपस्थिति से सारी योजना विफल हो गई है। संयंत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों का समर्थन कर अपना उल्लू सीधा करने वाले दोनों प्रमुख दलों के तथाकथित नेता बाहरी बनाम स्थानीय को हक मिले के मामले में बाहरी लोगो से मिलकर स्थानीय परिवहन संघ को डुबाने में लगे हुए हैं। जिससे उनकी रोजी और नेतागिरी चलती रहे। हालांकि इस मामले में नए सांसद महेश कश्यप ने समिति को अपना समर्थन दिया है। कुल मिलाकर अब यह लड़ाई स्थानीय बनाम बाहरी की हो चली है। यह भी जानकारी मिली है की नगरनार संयंत्र के एक बुद्धिमान मीडिया पदाधिकारी अपने निहित स्वार्थ के लिए एक अन्य विभाग के अधिकारी को साथ लेकर इस मामले को नहीं सुलझने देना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री के निज सचिव तुलसी कौशिक पहुंचे युवा नेता जयदीप गुप्ता के निवास

0
  •  व्यापारी संघ व सामज के लोगों ने रखी अपनी मांगें

दल्ली राजहरा मुख्यमंत्री के मित्र व निजी सचिव तुलसी कौशिक का कल दल्ली राजहरा आगमन हुआ। युवा नेता जयदीप गुप्ता के निवास पहुंचे तुसली कौशिक। उनके साथ डौण्डी लोहारा राज परिवार के युवराज लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम व सतीश अग्रवाल भी उपस्थिति थे।

गुप्ता के निवास आगमन पर व्यापारी संघ व समाज के लोगों ने तुलसी कौशिक से मुलाकात कर अपनी मांग रखी। चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाधीन जैन व आशीष लालवानी ने मांग रखी कि पूरे बालोद जिले में दल्ली राजहरा सबसे बड़ा नगर है। इसलिए बालोद जिले का नाम बदल कर बालोद दल्ली राजहरा जिला रखा जाए। वही राजहरा व्यापारी संघ द्वारा केंद्रीय विद्यालय अतिशीघ्र शुरू कराने, 270 एकड़ भूमि का पट्टा या निशुल्क या रियायती दर प्रदान कराने, लघु उद्योग स्थापना हेतु 20 एकड़ जमीन आबंटित करने, जमीन रजिस्ट्री का सरलीकरण व निःशुल्क कराने, बाईपास सड़क का निर्माण अतिशीघ्र प्रारंभ कराने, खनिज न्यास राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा दल्ली राजहरा के विकास के लिए देने, 100 बिस्तर अस्पताल जल्द शुरू करवाने, जिले के सबसे बड़ा नगर दल्ली राजहरा होने के कारण बालोद जिले का नाम कर बालोद दल्ली राजहरा जिला करवाने आदि मांगें राजहरा व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने रखी। साथ ही साहू समाज के अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने निर्माण कार्य के लिए अनुदान मंगा। तुलसी कौशिक व लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम के आगमन अवसर पर भाजपा नेता सुरेश जायसवाल, विशाल मोटवानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा स्वाधीन जैन, सोमेश साहू, मनोज दुबे, वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता, अजय अग्रवाल, राजेश पटेल, आशीष लालवानी, विजयभान सिंह, हितेश कुमार, आलोक जैन, संदीप गोगड़, महावीर चोपड़ा, अमित जायसवाल, निखिल शर्मा, अर्जुन, पुनीत, अभिजीत श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ के बीच तनातनी, झगड़े में पिस रहे हैं कोंडागांव के निरीह नागरिक

0
  •  चेक साइन नहीं कर रही हैं अध्यक्ष, भुगतान न होने से डीजल मिलना बंद
  • जल आपूर्ति और कचरा परिवहन हुआ प्रभावित

अमरेश झा

कोंडागांव नगर पालिका कोंडागांव में इन दिनों पालिका अध्यक्ष और सीएमओ के बीच चल रही तकरार ने शहर की जनता को परेशानी में डाल दिया है। अध्यक्ष चेक साइन नहीं कर रही हैं। नतीजतन डीजल के बिलों का भुगतान नहीं पा रहा है और नगर पालिका के वाहनों के लिए डीजल मिलना लगभग बंद सा हो गया है। अब इसके साइड इफेक्ट सामने आने लगे हैं। वार्डों में टैंकरों से जलापूर्ति प्रभावित हो गई है और ट्रेक्टरों से कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है।

कोंडागांव नगर पालिका में 22 वार्ड शामिल हैं। अधिकांश वार्डों में पेयजल की समस्या का समाधान पानी के टैंकर के माध्यम से किया जाता है। लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया है। विवाद के कारण नगर पालिका अध्यक्ष चेक पर दस्तखत नहीं कर रही हैं और नगर पालिका के वाहनों में डीजल नहीं भरवाया जा सक रहा है। डीजल नहीं होने से वार्ड में पेयजल टैंकर, सफाई के लिए जाने वाले कचरा ट्रैक्टर का संचालन नहीं हो रहा है। फलस्वरूप, कई वार्डों में पेयजल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, पार्षद लक्ष्मी ध्रुव, पार्षद सोनामणि पोयाम, पार्षद तेज देवांगन, पार्षद ललित देवांगन व अन्य जन सुबह से ही नगर पालिका कार्यालय में नजर आए। यहां उपाध्यक्ष और पार्षदों ने पूछे जाने पर कारण बताया कि इन दिनों कोंडागांव नगर के 22 में से 15 वार्ड में पेयजल की समस्या है। पेयजल की समस्या को पानी के टैंकर के माध्यम से सुलझाया जा रहा है। पानी के टैंकर प्रतिदिन सुबह अलग-अलग वार्ड में paniसप्लाई करते हैं, क्योंकि गर्मी के कारण कहीं बोरवेल खराब है तो कहीं बोरवेल में जल स्तर नीचे चला गया है। उपाध्यक्ष और पार्षदों ने आगे बताया कि, लगभग तीन दिन से पेयजल की समस्या के लिए पहुंचने वाला पानी का टैंकर नगर पालिका कार्यालय से न तो निकला है और न ही वार्डों में पहुंचा है। जिस कारण वे स्थिति का जायजा लेने पालिका कार्यालय सुबह से ही पहुंचे हैं। इसी तरह नगर के सफाई के लिए चलने वाला कचरा वाहन भी पालिका से रवाना नहीं किया गया है।

समस्या की जड़ है डीजल

बताया जाता है कि समस्या की जड़ डीजल की अनुपलब्धता है। इस संबंध में पार्षदों के दल ने बताया कि नगर पालिका के कर्मचारियों ने उन्हें ट्रैक्टर लेकर पानी सप्लाई और कचरा वाहन मोहल्ले में नहीं पहुंचने के बारे में बताया कि वाहनों में डीजल ही नहीं है। जिस कारण से नगर पालिका से ट्रैक्टर व अन्य वाहन रवाना नहीं हुए हैं। डीजल नहीं होने के संबंध में पार्षदों के दल ने नगर पालिका के सीएमओ से भी चर्चा की है। इस संबंध में नगर पालिका के सीएमओ राजेंद्र पात्रे ने जानकारी देते हुए बताया कि, पेट्रोल पंपों को नगर पालिका से बकाया का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान नहीं होने से फ्यूल नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने पहल करते हुए 9 जून को ही चेक पर हस्ताक्षर कर दिया है, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव द्वारा चेक पर हस्ताक्षर नहीं किया जा रहा है। जिस कारण से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।

मानदेय के लिए रोका चेक

इस पूरे मामले पर नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव के अलग ही तर्क हैं। वर्षा यादव का कहना है कि, जनप्रतिनिधि के तौर पर नगर के जनता ने हमें अध्यक्ष व पार्षद चुना है। अब हमारा कार्यकाल पूरा होने को भी आ गया है। इस 5 साल में कभी भी हमें मानदेय के लिए इतना परेशान नहीं होना पड़ा। नगर पालिका सीएमओ से इस संबंध में चर्चा करने पर उनका कहना है कि शासन के समक्ष आवेदन करें और आंदोलन कर अपना मानदेय पास करवाएं। ऐसे जवाब के चलते नाराज होकर अन्य पार्षदों की सहमति से चेक पर हस्ताक्षर करने से इं lकार कर दिया गया है।

पूरी होंगी जायज मांगें, दूर की जाएंगी ग्रामीणों की सभी समस्याएं : किरण सिंह देव

0
  • ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक किरण देव, सुनी समस्याएं
  • मेला मड़ई में हुए शामिल, देवी देवताओं की पूजा की

जगदलपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर के विधायक किरण देव ने मंगलवार की शाम नगरनार मंडल के ग्राम मारकेल एवं माड़़पाल का दौरा किया।ग्रामीणों से भेंट मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। किरण देव मेला मड़ई में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्राम देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर क्षेत्र की सुख एवं समृद्धि की कामना की।

मारकेल एवं माड़पाल क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधे संवाद में सामने आईं ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं के अविलंब निराकरण के निर्देश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मौके पर दिए। वहीं संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं जनता ने क्षेत्र के विकास के संबंध में विधायक के समक्ष अपनी मांगे रखी। जिस पर विधायक किरण देव ने उचित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जगह- जगह ग्रामीणों ने भव्य स्वागत बस्तरिया पांरपरा के अनुरूप किया। इस मौके पर किरण देव ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तीसरी बार हमारी सरकार बनी है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सुशासन है। बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में कोई कमी आने नहीं दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं एवं मांगों को प्राथमिकता के साथ दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह, नगरनार मंडल अध्यक्ष सुब्रतो विश्वास, वरिष्ठ राजेश श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

एकलव्य अतिथि शिक्षकों ने सांसद महेश कश्यप से की मुलाकात, अवगत कराया बेरोजगार होने की समस्या से

0
  •  कश्यप ने रास्ता निकालने का दिलाया भरोसा

जगदलपुर एकलव्य अतिथि शिक्षक संघ के शिक्षकों ने 12 जून को पहली बार कोंडागांव पहुंचे सांसद महेश कश्यप से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महेश कश्यप के समक्ष अचानक बेरोजगार हो जाने की समस्या से संबंधित चर्चा की। इस संबंध में सांसद को ज्ञापन भी सौंपा गया।

 

दरअसल एकलव्य विद्यालय में सभी पदों के लिए केंद्र सरकार के माध्यम से नियमित पदों पर भर्तियां हो चुकी हैं, जिसके चलते वर्तमान में कार्यरत सभी अतिथि शिक्षक व अन्य कर्मचारी एकाएक बेरोजगार हो गए हैं। सांसद बनने के बाद पहली बार दिल्ली से लौट रहे महेश कश्यप जब कोंडागांव पहुंचे, तो वहां एकलव्य अतिथि शिक्षकों ने स्थानीय गायत्री मंदिर में उनसे मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा इस दौरान अतिथि शिक्षकों ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रदेश में एकलव्य विद्यालय के 700 अतिथि शिक्षक लगभग 10 वर्षों से अध्यापन का कार्य निरंतर करते रहे हैं। अब केंद्र सरकार के माध्यम से उनके पद पर नियमित शिक्षकों की भर्ती की गई है। नियमित शिक्षकों की भर्ती होने से सभी अतिथि शिक्षक अचानक बेरोजगार हो गए हैं। 700 अतिथि शिक्षकों एवं उन पर आश्रित परिवारों के समक्ष अब भरण पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि 700 शिक्षकों में कई शिक्षक ऐसे भी हैं जो लगातार 10 वर्षों से अतिथि शिक्षक के तौर पर एकलव्य विद्यालय में अध्यापन का कार्य कर रहे थे, इस बीच अन्य शासकीय नौकरी में आवेदन करने के लिए उनकी आयु सीमा भी समाप्त हो गई है। अतिथि शिक्षकों ने शासन से सहानुभूति रखते हुए उनके लिए रोजगार देने की मांग की है।

 

दिल्ली से लौटने पर बस्तर सांसद महेश कश्यप का हुआ शहर में भव्य स्वागत, देर रात तक चला स्वागत का दौर

0
  • स्वागत के लिए उमड़ी कार्यकर्ताओं एंव समाजिक संगठनों की भीड़

जगदलपुर सांसद निर्वाचित होने के बाद पहली बार दिल्ली से बस्तर लौटे महेश कश्यप का बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया।

बुधवार को नवनिर्वाचित सांसद महेश कश्यप दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर बस्तर लौट रहे थे। इस दौरान कांकेर से लेकर जगदलपुर तक भाजपा कार्यकर्ताओं सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। रायपुर से बस्तर आने के दौरान चारामा से सांसद महेश कश्यप के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया था। चारामा में स्वागत के बाद नवनिर्वाचित सांसद महेश कश्यप कांकेर पहुंचे, वहां भी भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद महेश कश्यप कोंडागांव पहुंचे जहां विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर शुभकामनाएं दी।

कोंडागांव के बाद सांसद महेश कश्यप भानपुरी पहुंचे जहां बीजेपी भानपुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में जमकर आतिशबाजी करते हुए नारेबाजी की और पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत किया। स्वागत का श्रृंखला बस्तर में भी जारी रही। जहां बस्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए सांसद महेश कश्यप पर पुष्प वर्षा की और उनका स्वागत किया। वहीं बोरपदर में बकावंड मंडल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सांसद महेश कश्यप का स्वागत किया और जगदलपुर के आमागुड़ा में भाजपा नगर मंडल सहित युवा मोर्चा जगदलपुर और अन्य हिंदू संगठनों ने जमकर आतिशबाजी कर महेश कश्यप का शानदार स्वागत किया। इसके बाद सांसद महेश कश्यप का विशाल काफिला सैकड़ो बाईक हजारों लोगो की संख्या में पुराना बस स्टैंड, महावीर चौक, गोलबाजार चौक, बाफना लाइफ स्टाइल में लोगों ने पुष्प वर्षा कर भाव विभोर कर दिया उसके बाद माई दंतेश्वरी से पूरे लोकसभा क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उसके बाद प्रमुख समाज के लोगों द्वारा गुरुनानक चौक पर आतिशबाजी कर शहर का महौल खुशनुमा बना दिया।

कश्यप ने माना आभार

उसके बाद संजय बाजार में व्यापारी संघ और बस्तर परिवहन संघ के सदस्यों ने भी अपने नवनिर्वाचित सांसद का जोशीले अंदाज में स्वागत किया। देर रात तक कई स्थानो पर यह सिलसिला जारी रहा। नगर के प्रमुख चौक चौराहों से होते हुए बीजेपी कार्यालय सांसद का काफिला पहुंचा, जहां सांसद महेश कश्यप ने भाजपा कार्यकर्ताओं लोकसभा क्षेत्र की जनता तथा बीजेपी के वरिष्ठ जनों सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि एक छोटे से कार्यकर्ता को इतना भव्य स्वागत किया उसके लिए आप सबका आभार और आप सभी ने संसद तक पहुंचाने का मार्ग एवं अवसर दिया है। यह केवल भाजपा में ही संभव है।

हमारी रगों में बहता है वीर आदिवासी योद्धाओं का रक्त, गौरवशाली इतिहास और परंपराओं को नई पीढ़ी आत्मसात करे : केदार कश्यप

0
  • गोंडवाना समाज के युवा महोत्सव में पहुंचे वन मंत्री

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप बालोद जिले ग्राम बेलोदा में गोंडवाना समाज द्वारा आयोजित युवा महोत्सव एवं युवा- युवती परिचय सम्मेलन में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिस तरीके से आप लोगों ने इस कार्यक्रम में मुझे स्नेह दिया है। इसके लिए मैं सदैव आपका ऋणी रहूंगा उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आदिवासियों के सांस्कृतिक सम्रद्धि को संजोए रखने का सर्वोत्तम माध्यम है।

भाजपा आदिवासी हितैषी

कार्यक्रम में वन मंत्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज की बहुत लंबे समय से मांग थी कि प्रदेश का मुखिया आदिवासी समाज से हो। आज भाजपा संगठन ने विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाकर इस बात को सिद्ध कर दिया कि भाजपा आदिवासियों का कितना सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारे आदिवासी समाज की बहुत लंबे समय से मांग थी कि आदिवासी समाज का मुख्यमंत्री हो और हम सबके लिए गौरव का विषय है कि आज छत्तीसगढ़ में हमारी पार्टी ने एक आदिवासी को मु्ख्यमंत्री के रूप में हमारे बीच में भेजा है। उन्होंने आगे कहा कि विष्णुदेव साय प्रदेश के सबसे यशस्वी मुख्यमंत्री हैं और 16 आना खरे आदिवासी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में आज छत्तीसगढ़ तेज़ी से तरक्की कर रहा है। प्रदेश में चारों ओर खुशहाली है। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि हमारी पार्टी ने ओड़ीसा में भी आदिवासी समाज के मोहन चारण मांझी को मुख्यमंत्री बनाकर आदिवासियों का मान बढ़ाया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हमारा समाज समृद्ध समाज है। यदि हम अपने समाज के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास को देखें और अवलोकन करें तो हमारे रगों में आदिवासी महापुरुषों का खून बहता है। आज हमारी पहचान होती डीएनए के माध्यम से होती है और हमारे डीएनए में शहीद वीर नारायण सिंह जी, शहीद गुंडाधुर, शहीद गेंदसिंह के अनुवांशिक गुण है। इन वीर योद्धा महापुरुषों का रक्त हमारी रगों में बहता है।

सही मार्ग पर चलने की दी सीख

कश्यप ने कहा कि आज के समय में कई ऐसे युवक- युवतियां हैं, जो युवावस्था में बहकावे में आकर दिशा भटक जाते हैं, जिससे उन्हें बचना चाहिए और सही मार्ग पर चलकर समाज का मान बढ़ाना चाहिए। केदार कश्यप ने समारोह में आए हुए नव युवक- युवतियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपना स्नेह भरा आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक भानुप्रतापपुर ब्रम्हानंद नेताम, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

49 अभ्यर्थियों को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सहित रोजगार मेला में चयनित 57 युवाओं को मिला रोजगार हेतु नियुक्ति पत्र

0
  • रोजगार सुलभ कराने कटिबद्ध है सरकार-सांसद श्री महेश कश्यप
  • तत्परता से अनुकम्पा नियुक्ति देने सहित युवाओं को नए रोजगार के अवसर देना सरकार का सराहनीय कदम-विधायक जगदलपुर किरण देव

जगदलपुर  प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्धता के साथ पहल कर रही है। इस दिशा में अनुकम्पा नियुक्ति के लिए पूर्व के 10 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति के प्रावधान को बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया गया है और दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को पात्रतानुसार अनुकम्पा नियुक्ति दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप राज्य सरकार कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार सुलभ करवा रही है। यह बात बस्तर लोकसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद महेश कश्यप ने कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र प्रदाय सहित रोजगार मेला में चयनित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार हेतु नियुक्ति पत्र प्रदाय कार्यक्रम के अवसर पर इन सभी को बधाई देते हुए कही। इस मौके पर 49 अभ्यर्थियों को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र तथा रोजगार मेला में चयनित 57 युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में रोजगार हेतु नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

 

इस अवसर पर विधायक जगदलपुर श्री किरण देव ने अनुकम्पा नियुक्ति प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों तथा रोजगार हेतु नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि लम्बित अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों को तत्परता के साथ निराकृत कर दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को नियुक्ति प्रदान करना राज्य सरकार की संवेदनशील प्रयास है। वहीं युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर उन्हें उनके हुनर के अनुरूप रोजगार मुहैया कराना युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सराहनीय कदम है। उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति के तहत नियुक्त शासकीय सेवकों को लगन एवं निष्ठा के साथ दायित्व निर्वहन करने की समझाईश दी। वहीं निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार के अवसरों का बेहतर लाभ लेकर अनवरत आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। आरंभ में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बताया कि जिले के विभिन्न विभागों के अंतर्गत अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित 58 प्रकरणों में पात्र पाए गए 44 प्रकरणों में अनुकम्पा नियुक्ति के तहत विभिन्न विभागों में 17 पटवारी, 14 सहायक ग्रेड-3 तथा 13 भृत्य पदों पर नियुक्ति दी गई है। वहीं नगर पालिक निगम में 2 सहायक राजस्व निरीक्षक एवं 3 भृत्य पद पर नियुक्त किये गए हैं। तथा नगर पालिक निगम जगदलपुर के 5 अभ्यर्थियों को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। साथ ही जिले में कौशल विकास प्राधिकरण के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने हेतु आयोजित रोजगार मेला में चयनित 57 युवाओं को निजी क्षेत्र के विभिन्न कम्पनियों में रोजगार के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा जा रहा है। जिसमें 52 का चयन सिक्योरिटी गार्ड और 5 का चयन मोटर मैकेनिक के रूप में हुआ है। आने वाले दिनों में 80 युवाओं को रोजगार हेतु पुनः नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने इन युवाओं को लगन एवं मेहनत से अच्छा काम करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इन युवाओं से अन्य युवाओं को भी साथ में जुड़ने का प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्रीमती सफीरा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त  हरेश मण्डावी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

 

जितेन्द्र यादव ने 3 महीने के भीतर ही अनुकम्पा नियुक्ति देने के लिए सरकार को दिया धन्यवाद

कलेक्टोरेट में गुरुवार को महिला एवं बाल विभाग में भृत्य पद पर अनुकम्पा नियुक्ति पाने वाले जितेन्द्र यादव ने अपने पिता स्वर्गीय बुधराम यादव की मृत्यु के तीन महीने के भीतर ही अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने के लिए राज्य सरकार के संवेदनशील पहल के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए बताया कि अब वह घर-परिवार के भरण-पोषण के लिए निश्चिंत हो गया है। साथ ही अब बच्चों की परवरिश और पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दे सकूंगा। इसी तरह नगर पालिक निगम जगदलपुर में भृत्य के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति पाने वाले सोनू नाग ने भी सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब परिवार के जीवन-यापन के लिए सहुलियत होगी।

विधायक ने सिरी सेंटर में प्लास्टिक दाना बनाने की मशीन का किया लोकार्पण

0
  • सिरी सेंटर के लिये विद्युत सब स्टेशन का भी विधिवत पूजा अर्चना कर किया प्रारंभ

जगदलपुर  बस्तर जिले को स्वच्छता मिशन में नवाचार के रूप अलग पहचान दिलाने वाली एमआरएफ सेंटर में अब प्लास्टिक के दाने बनाने की मशीन लगाई गई है। गुरुवार को जगदलपुर विधायक श्री किरणदेव के द्वारा सिरी सेंटर में स्थापित मशीन का विधिवत पूजा अर्चना कर मशीन संचालन का शुभारंभ किया गया। साथ ही सिरी सेंटर के लिये अलग विद्युत व्यवस्था हेतु स्थापित विद्युत सब स्टेशन का भी विधिवत पूजा कर सप्लाई लाइन को शुरू किया गया। इस लोकार्पण के अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, कलेक्टर  विजय दयाराम के., सीईओ जिला पंचायत  प्रकाश सर्वे भी उपस्थित रहे। इस दौरान संस्था के अधिकारियों ने मशीन की गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। विधायक  देव ने सेंटर में काम करने वाली महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों से भी चर्चा की, सदस्यों को स्वच्छता के कार्य करने हेतु सराहना की। सांसद  कश्यप ने भी महिला समूह के सदस्यों से संवाद किए।

 

सिरी सेंटर में प्लास्टिक कचरे के टुकड़े कर उसे बारीक करने हेतु ग्राइंडर मशीन, प्लास्टिक कचरे को रसायनों के साथ धुल और प्रदूषण रहित करने के लिए वाशिंग लाइंस, गीले प्लास्टिक के टुकड़ों को सुखाने के ड्रायर, प्लास्टिक का घनत्व बढ़ाने के लिए एग्लोमरेशन मशीन और मदर बेबी एक्सटूजन की दो मशीन का उपयोग प्लास्टिक के दाने बनाने के लिए किए जाने वाले मशीन को लगाया गया है। इस संपूर्ण सेंटर के उपयोग हेतु विद्युत व्यवस्था के लिये अलग से 500 केवीके का विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की गई है।

 

जगन्नाथपुर में हुआ किसान संगोष्ठी का आयोजन, उपसंचालक ने किसानों से की अपील: फसल चक्र अपनाए वरना भविष्य में होगी परेशानी 

0
  • धान के बजाय दलहन तिलहन को दे बढ़ावा, रासायनिक दवाइयों का ना करें ज्यादा इस्तेमाल

बालोद  बालोद ब्लाक के ग्राम जगन्नाथपुर में मंगलवार को गुरु एग्रो केयर का शुभारंभ और किसान संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जगन्नाथपुर सांकरा सहित आसपास के ग्राम परसदा, डेंगरापार , घुमका कमरौद तक के किसान मौजूद रहे । आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे कृषि विभाग के उपसंचालक जीएस ध्रुवे ने किसानों को फसल चक्र अपनाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भूगर्भ में पानी की कमी हो रही है। इसलिए गर्मी में धान की खेती से बजाय दलहन तिलहन को बढ़ावा दे। साथ ही इन्होंने जिले में स्थित शक्कर कारखाना को गन्ना उपलब्ध कराने में प्रत्येक किसान को एक एकड़ में कम से कम गन्ना लगाने की अपील की ताकि जिले का कारखाना अच्छे से चल सके। उन्होंने चिंता जताई कि जिले में कारखाना होने के बावजूद गन्ने की कमी हो रही है। इसी तरह उन्होंने एफपीओ यानी फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (किसान उत्पादक संगठन) बनाने की अपील भी कार्यक्रम के आयोजक योगेश्वर देशमुख से की और कहा कि वह किसानों का नेतृत्व करें और क्षेत्र के किसानों को ज्यादा से ज्यादा एफपीओ में जोड़े ताकि इस संगठन के जरिए किसानों को कम कीमत पर खाद बीज और रासायनिक दवाइयां मिल सके।

डीएपी की होगी इस बार किल्लत 

इसके अलावा उन्होंने किसानों को आगाह किया कि इस बार डीएपी की काफी किल्लत हो सकती है। इसलिए सिर्फ डीएपी के भरोसे ना रहे। अन्य वैकल्पिक खाद का इस्तेमाल जरूर करें। और समय रहते खाद और बीज का उठाव कर ले ताकि आने वाले समय में दिक्कत ना हो। साथ ही सभी 122 सोसाइटी में खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता होने की जानकारी उन्होंने दी ।

बच्चों को ना करें खेती किसानी से से दूर : विरेंद्र महाराज 

आयोजन में अध्यक्षता कर रहे सुरेगांव भेड़ी से पहुंचे सुप्रसिद्ध नाड़ी वैद्य गुरुदेव वीरेंद्र महाराज ने किसानों से अपील किया कि वह अपने बच्चों यानि आने वाली पीढ़ी को भी खेती किसानी से जोड़े। उन्होंने कहा कि हम किसान अपने बच्चों को खेती किसानी से विमुख करने में जिम्मेदार है। जब वे छोटे होते हैं तो हम ही उन्हें कहते हैं की खेती किसानी में कुछ नहीं रखा है पढ़ लिखकर नौकरी करो। ऐसे में बच्चा जब बड़ा होता है तो वह खेती किसानी से दूर हो जाता है। अब हमें सोच बदलनी है। हमें सकारात्मक सोच रखनी है। हमें अपने बच्चों से कहना है की पढ़ाई लिखाई करो पर अपनी खेती किसानी पर भी ध्यान दें । अगर नौकरी नहीं भी लगती है तो खेती से भी घर चल सकता है । खेती किसी में अगर युवा आज की तकनीक का इस्तेमाल करें तो आसानी से अपना जीवन यापन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को इस संसार का सबसे बड़ा साधक कहा। गुरुदेव वीरेंद्र महाराज ने कहा कि किसान सबके लिए कमाता है। कई जीव को पालता है। उसे हार नहीं माननी चाहिए। हमेशा हौसला बनाए रखना चाहिए। किसान सभी दुख तकलीफ सहते हुए फसल तैयार करते हैं। सब का पेट भरते हैं। किसानों से निवेदन करता हूं तो खुद को कभी कमजोर ना समझे,

खुद को हमेशा तैयार करें। जैसे बारिश सब जगह होती है लेकिन फसल वहीं पर होती है जो खेत हम तैयार करके रखते हैं। हमें नकारात्मक सोच नहीं रखनी है। नकारात्मक सोच अगर दिल में बैठा लेते हैं तो वह हमें अंदर से खोखला कर देती है और हमारी ऊर्जा को कम कर देती है। इसलिए सदैव सकारात्मक सोचे।

बैंक मैनेजर सहित कृषि विभाग के अफसरों ने दी योजनाओं की जानकारी 

आयोजन में पहुंची छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की मैनेजर श्वेता पांडा ने किसानों के लिए ऋण से संबंधित जानकारी दी। साथ ही कृषि विभाग के अफसर ने भी किसानों को सही बीज का चयन, बीज उपचार फसल परिवर्तन, दलहन तिलहन फसल को बढ़ावा देने से संबंधित विस्तृत जानकारी रखी। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री पिस्दा, सुमन केसरिया आदि ने किसानों को खेती का मर्म समझाया और उनका शंका समाधान भी किया।

किसान अपनी खेती की डायरी बनाएं, जानकारी होना जरूरी है

इस बीच कृषि विशेषज्ञ योगेश्वर देशमुख ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज किसानों को जागरूक होने की जरूरत है। प्रत्येक किसान को कहना चाहूंगा कि वह अपनी खेती का एक डायरी बनाएं। कौन सी फसल में कब क्या दवाई डाल रहे हैं कितना डाल रहे हैं क्या कंपनी है उसमें क्या-क्या मिला है यह सब जानकारी उसमें लिखे। अक्सर जानकारी के अभाव में गलत दवाई या फिर जरूरत से ज्यादा दवाई का छिड़काव फसलों में करते हैं। जिससे अपेक्षित लाभ नहीं हो पाता और उल्टा आर्थिक नुकसान होता है।कई पोषक तत्व हमारे मिट्टी में ही होते हैं इसके बावजूद फिजूल की दवाई और कीटनाशक डालकर हम फसल को और नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और उनके प्रति जागरूक रहने की अपील की। प्लांटों कृषि तंत्र के बायो प्रोडक्ट और उसके गुणवत्ता के प्रमाणों के बारे में भी उन्होंने संक्षिप्त जानकारी दी। इस दौरान रायपुर से पहुंचे कृषि वैज्ञानिक नितेश दुबे, सरपंच अरुण साहू,एम.के. मरगिया

अनुविभागीय क़ृषि अधिकारी बालोद,सुमन केसरिया ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, ढाल सिंह देशमुख, ताराचंद साहू, खोमन देशमुख, पत्रकार दीपक यादव आदि मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों ने ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर के पास पौधारोपण किया और सुरक्षा का संकल्प लिया। संगोष्ठी के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी मनमोहक आयोजन हुआ। जिसमें कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी।

MOST POPULAR

HOT NEWS