City Media - Page 7 of 1839 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 7

मोपेड से हो रही थी गांजा तस्करी, 12 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

0

बालोद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 12.100 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोपेड सहित कुल 6.25 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोपेड में गांजा लेकर कांकेर-चारामा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित मरकाटोला कैंप के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक टीवीएस एक्सएल 100 मोपेड क्रमांक CG 24 K-0170 वहां पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक को रोककर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि नेताम (40 वर्ष) निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना क्षेत्र पुरूर, जिला बालोद बताया। वाहन की तलाशी लेने पर सामने रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से छह पैकेट बरामद हुए, जिनमें खाकी रंग के टेप से लिपटा हुआ गांजा रखा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.100 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 5 हजार रुपए है, जब्त किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोपेड, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है, को भी जब्त कर लिया गया। इस प्रकार कुल 6 लाख 25 हजार रुपए की जब्ती की गई।आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य विश्वजीत मेश्राम, भुजबल साहू, लिखन साहू, किशोर साहू, उमाशंकर जारके, धर्मेंद्र टांडेकर, थनेन्द्र देवांगन, संदीप यादव एवं मनोज मेश्राम की सराहनीय भूमिका रही।

बदलते बस्तर में खेल प्रतिभाओं को मिल रहा नया मंच

0

खेल परिसर और इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में चयन ट्रायल से खिलाड़ियों को नया अवसर

जगदलपुर बदलते बस्तर की नई तस्वीर अब खेलों के क्षेत्र में भी तेजी से उभरकर सामने आ रही है। युवाओं को खेलों के माध्यम से नई पहचान दिलाने, प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन किया गया, वहीं धरमपुरा खेल परिसर में आवासीय खेल अकादमी बस्तर चयन ट्रायल 2026-27 की शुरुआत के साथ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिला है।

चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।कलेक्टर बस्तर के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस चयन ट्रायल में खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं तीरंदाजी खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है।चयन प्रक्रिया के पहले चरण में खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे खेल परिसर में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। जानकारी के अनुसार एथलेटिक्स में 95 खिलाड़ी, फुटबॉल में 137 खिलाड़ी तथा तीरंदाजी में 16 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 248 खिलाड़ियों की सहभागिता दर्ज की गई। खिलाड़ियों की बड़ी संख्या यह दर्शाती है कि खेलों के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।चयन ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के रहने, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। आवासीय खेल अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क शिक्षा, खेल किट, बीमा, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सामग्री, आवास एवं भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा और वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।बदलते बस्तर में खेलों को नई दिशा देने की दिशा में लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। बस्तर कलेक्टर ने कहा कि आवासीय खेल अकादमी के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अकादमी केवल प्रशिक्षण का केंद्र नहीं होगी, बल्कि खिलाड़ियों के समग्र विकास का मजबूत मंच बनेगी, जहां उन्हें निःशुल्क शिक्षा, उच्चस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल सामग्री, खेल किट, बीमा, आवास एवं पौष्टिक भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन, अनुशासन और बेहतर अवसर मिलने पर वे भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।बदलते बस्तर की इस नई सोच के तहत खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। खेल अधिकारी सुशांत पॉल ने बताया कि धरमपुरा खेल परिसर एवं इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में आवासीय खेल अकादमी चयन ट्रायल प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण, आवश्यक सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार कार्यरत है। उन्होंने जानकारी दी कि जगदलपुर में छत्तीसगढ़ का पहला आवासीय बालक फुटबॉल अकादमी प्रारंभ होना प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी, जिससे भविष्य में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।बदलते बस्तर की यह बदलती तस्वीर इस बात का संकेत दे रही है कि अब यहां खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत मंच तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में यह पहल खिलाड़ियों को नई दिशा देने के साथ बस्तर को खेल गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कोरर का चोर बुलेट राजा पहुंचा सींखचों के पीछे

0

जगदलपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की पार्किंग से चुराई थी बुलेट बाइक

आरोपी को कांकेर से पकड़ा गया बुलेट के साथ

जगदलपुर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवटीन टोला निवासी एक चोर बुलेट राजा को चोरी की बुलेट बाइक के साथ कांकेर से गिरफ्तार किया है।

गत 23 फरवरी को हाउसिंग बोर्ड जगदलपुर के पार्किंग से मोटर सायकल बुलेट चोरी करने वाले आरोपी पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमीत कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करने में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ज्ञात हो कि दिनांक 23 फरवरी को हाउसिंग बोर्ड कालोनी जगदलपुर के पार्किंग से बुलेट मोटर सायकल की चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के तुरंत बाद चोर को पकड़ने हेतु टीम गठित की गई थी। पतासाजी के दौरान हाउसिंग बोर्ड एवं शहर के विभिन्न स्थानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त सुशील नायक पिता संतोष नायक उम्र 20 साल जाति हल्बा निवासी केंवटीन टोला थाना कोरर जिला कांकेर के रूप में हुई। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। अंततः 27 मई को सुशील पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली और चोरी की बुलेट मोटर सायकल ओडी 07 टी 0494 को अपने गांव के घने जंगल में छुपा कर रखने की जानकारी पुलिस को दी। आरोपी की निशानदेही पर बाइक बरामद कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस मामले को सुलझाने में कोतवाली थाने के निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, आरक्षक सोनू गौतम, कृष्णा नेताम और राजू बघेल ने अहम भूमिका निभाई।

दल्ली राजहरा नपा के कर्मचारी का कारनामा, बेच दी दूसरे की जमीन, कोर्ट का आदेश दरकिनार

0

वार्ड -22 के पार्षद की भी है मिलीभगत की चर्चा

अर्जुन झा-

दली राजहरा नगर पालिका दल्ली राजहरा के राजस्व विभाग का एक कर्मचारी और एक वार्ड के पार्षद अब जमीन दलाली का काम करने लगे हैं। इन दोनों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि, वे कोर्ट के फैसले की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के सीएमओ भी न्यायायिक व्यवस्था का पालन नहीं करवा पा रहे हैं।

जमीन की हेराफेरी का यह मामला दल्ली राजहरा नगर पालिका के वार्ड 22 का है। वार्ड की जमीन को दूसरे के नाम पर कर अवैध कमाई की जा रही है। इस कुत्सित कार्य में वार्ड के पार्षद, नगर पालिका के राजस्व विभाग का एक तथाकथित बुद्धिमान कर्मचारी शामिल है। पालिका बनने के साथ ही यहां पदस्थ यह बुद्धिमान कर्मचारी अपनी बुद्धिमता से बड़े बड़े कार्यों को अंजाम दे चुका है। सरकार किसी भी दल की रहे, यह कथित बुद्धिमान कर्मचारी अपने बोल बचन के दम पर जमीन की अफरातफरी करने में माहिर है। वर्तमान में इसके द्वारा उस जमीन दूसरे के पास बेच दी है, जिस पर एसडीएम, तहसीलदार के न्यायालय ने स्टे लगा रखा है। यह बुद्धिमान कर्मचारी नगर पालिका सीएमओ को गुमराह कर जमीन दूसरे को आबंटित कर दी है। आश्चर्य की बात है कि मामले में कोर्ट से स्टे मिलने के बाद भी नगर पालिका का तथाकथित बुद्धिमान कर्मचारी वार्ड पार्षद की मदद से उक्त जमीन को हड़पाने की जुगाड़ लगा चुका है।

न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर दूसरे की जमीन पर वह निर्माण कार्य करवा रहा है।दरअसल अपीलार्थी पुष्पा प्रसाद पति मनोज प्रसाद, निवासी वार्ड नम्बर 22 दल्ली राजहरा द्वारा न्यायालय अतिरिक्त तहसीलदार दल्ली राजहरा में वाद दायर कर अपनी जमीन पर दूसरे व्यक्ति द्वारा कब्जा किए जाने और अवैध निर्माण कराने की शिकायत करते हुए इस पर रोक लगाने की फरियाद की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए तहसील कोर्ट ने स्थगन आदेश जारी किया था।न्यायालय ने सीएमओ को स्पष्ट निर्देश दिया था कि स्टे ऑर्डर का पालन कराया जाना सुनिश्चित करें एवं की गई कार्यवाही से इस न्यायालय को अवगत कराएं। इसके बावजूद नगर पालिका के राजस्व विभाग के उक्त चतुर कर्मचारी ने खुद तो कोर्ट के आदेश की अवहेलना की और ऊपर से सीएमओ को भी अंधेरे में रखा।

नेहरू जी ने ही रखी थी मजबूत भारत की बुनियाद: रतिराम कोसमा

0

ब्लॉक कांग्रेस ने दी पं. नेहरू को श्रद्धांजलि

दल्ली राजहरा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों एवं पदाधिकारियों ने नेहरूजी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी आधुनिक भारत के निर्माता थे। उनकी दूरदर्शी सोच, मजबूत विदेश नीति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के कारण भारत ने विकास और प्रगति की मजबूत नींव प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आज देश में शिक्षा, उद्योग, वैज्ञानिक संस्थानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के रूप में जो विकास दिखाई देता है, उसकी आधारशिला पंडित नेहरू जी ने ही रखी थी। श्रद्धांजलि सभा को नगर पालिका के छाया अध्यक्ष रवि जायसवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री युवराज साहू, इंटक नेता अभय सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री के. ईश्वर राव, महामंत्री श्रीनिवास राव, पार्षद प्राची सिन्हा, रोशन पटेल, सूरज विहार, मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह एवं अजय छाजेड़ ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रवीण शर्मा, अनूप कुमार, सुदामा शर्मा, रमेश कुमार सिन्हा, कृष्णा यादव, विजय जोगदंड, दिनेश उर्वसा, अजय बंटी नोन्हारे, महेंद्र अप्पू लक्ष्मण शर्मा, नितेश बामेश्वर, आसाराम साहू धीरपाल नेताम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सचिव नितेश बामेश्वर द्वारा किया गया।

चिखलाकसा में नेहा माथुर का नेह भरा समर कैंप, इतिहास रच गया यह शिविर

0

35 महिलाओं-बच्चियों को मुफ्त दी गई रेसिन और बॉटल आर्ट की ट्रेनिंग

माथुर परिवार की मणिमाला में जुड़ गया एक और बेशकीमती नगीना

अर्जुन झा-

दल्ली राजहरा बिल्कुल पारिवारिक माहौल, भीषण गर्मी में शीतलता का अहसास, नेहा माथुर का नेह भरा मधुर व्यवहार, ममता की मूरत डॉ. शिरोमणि माथुर का वात्सल्य और माथुर परिवार के बच्चों का चुलबुलापन। इन सबके बीच पूरे छह दिनों तक हस्तकला की जादुई दुनिया में खोई रहीं करीब तीन दर्जन महिलाएं और बच्चियां। ये छह दिन कैसे गुजर गए, इसका जरा भी अहसास नहीं हुआ।

दल्ली राजहरा की पड़ोसी नगर पंचायत चिखलाकसा में प्रतिष्ठित माथुर परिवार की बहू नेहा माथुर द्वारा आयोजित छह दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का रविवार को समापन हुआ। खास बात यह रही कि प्रशिक्षण के साथ-साथ रेसिन आर्ट, बॉटल आर्ट, क्ले आर्ट जैसी कलाओं की महंगी सामग्री भी माथुर परिवार ने खुद निःशुल्क उपलब्ध कराई थी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कुंती देवांगन ने कहा-“दल्ली राजहरा में तो समर कैंप आयोजित होतेरहते हैं, लेकिन चिखलाकसा में जिस दरियादिली से माथुर परिवार ने आयोजन किया, वह एक मिसाल बन गया है। 35 महिलाओं-बच्चियों ने कला सीखी और उन्हें एक भी सामान लाने की जरूरत नहीं पड़ी। घर में जगह देना और महंगी किट फ्री देना, इससे बड़ी महानता नहीं हो सकती।” कुंती देवांगन ने बहुमुखी प्रतिभा की धनी माथुर परिवार की मुखिया डॉ. शिरोमणि माथुर सहित पूरे परिवार को धन्यवाद दिया और अगले साल भी कैंप लगाने का अनुरोध उन्होंने डॉ. शिरोमणि माथुर और श्रीमती नेहा माथुर से किया।

जुनून ऐसा कि बढ़ाना पड़ा कैंप

20 मई से 24 मई तक चले इस ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में रेसिन आर्ट, बॉटल आर्ट, पेन होल्डर, क्ले आर्ट, कैंडल आर्ट, मिरर आर्ट सिखाई गई। प्रशिक्षार्थियों में जुनून ऐसा था कि वे शिविर की अवधि बढ़ाने की जिद करने लगे। उनकी मांग और डॉ. शिरोमणि माथुर के स्नेहिल निर्देश पर नेहा माथुर ने पारिवारिक जिम्मेदारियों और व्यस्तताओं के बावजूद शिविर को एक दिन और बढ़ा दिया।

खेलों में भी दिखाया दम

समर कैंप के दौरान माथुर परिवार के सदस्यों और प्रशिक्षण ले रही महिलाओं तथा बच्चियों के बीच ऐसा पारिवारिक एवं आत्मीय माहौल बन गया था कि परायेपन की सारी दूरियां मिट गईं। खेल खेल और मस्ती भरे माहौल में प्रशिक्षण का दौर चलता रहा। यही वजह रही कि इस दौरान खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कैंप में हुए खेलों में चंचल साहू प्रथम, दिशिका कुकरेजा एवं जपसीन भाटिया द्वितीय तथा योगिता, खुशी एवं पहल तृतीय रहीं। सभी को पुरस्कार दिए गए।

कला सब तक पहुंचे यही मकसद: नेहा

इस दौरान संस्कारी परिवार की बेटी और प्रतिभाओं के धनी माथुर परिवार की बहू नेहा माथुर ने कहा-“गर्मी की छुट्टियों में बच्चे समय बर्बाद कर देते हैं। महिलाएं भी रसोई के काम से निपटने के बाद अमूमन खाली ही रहती हैं। वहीं धन के अभाव में कई लोग कला सीख नहीं पाते। मेरा मकसद था कि जो मैंने सीखा है, उसे निःस्वार्थ बांटूं। हमने सभी को उनकी बनाई सामग्री घर ले जाने की छूट भी दी, ताकि वे और बेहतर कर सकें।” नेहा माथुर ने कहा कि कला और शिक्षा को अपने तक ही सीमित रखना कला और शिक्षा का अपमान है। मां सरस्वती ने हमें जो कुछ दिया है, उसे औरों से साझा करने के उद्देश्य से ही मैने यह शिविर आयोजित किया था। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंती देवांगन दीदी का आग्रह मैं ठुकरा नहीं सकती और अगले साल मेरी कोशिश यही रहेगी कि ऐसा कैंप और ज्यादा दिनों तक आयोजित कर सकूं।

बहू ने परिवार का मान बढ़ाया: डॉ शिरोमणि माथु

9राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सम्मानों से सम्मानित लेखिका और माथुर परिवार की मुखिया डॉ. शिरोमणि माथुर ने कहा-“माथुर परिवार सामाजिक कार्य और साहित्य में नाम कमा चुका है। आज बहू नेहा ने कला का नाम भी जोड़ दिया। 6 दिन निःस्वार्थ प्रशिक्षण देकर उसने न सिर्फ माथुर परिवार की परंपरा आगे बढ़ाई है, बल्कि अपने परिवार का मान भी बढ़ा दिया है। मुझे बेटी की कमी कभी महसूस नहीं होने दी।इस शानदार और असरदार समर कैंप के समापन पर निरुपमा माथुर, अनिता जैन और विनीता बाफना विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

खाद संकट को लेकर विधानसभा में बिफरे उप नेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायकलखेश्वर बघेल

0

किसान खाद के लिए परेशान और सरकार बैठी है मौन: लखेश्वर बघेल

जगदलपुर प्रदेश में लगातार गहराते खाद संकट और किसानों को समय पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं होने की समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार किसानों के हितों की बात करती है और कृषि को प्राथमिकता देने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश का किसान आज डीएपी और यूरिया खाद के लिए दर-दर भटकने और घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं

बघेल ने कहा कि वर्तमान समय खेती किसानी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि कार्य तेजी से शुरू हो चुके हैं, लेकिन किसानों को समय पर बीज एवं खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण वे गंभीर चिंता में हैं। प्रदेश की सहकारी समितियों, सोसायटियों एवं खाद वितरण केंद्रों में किसानों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है, लेकिन मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद नहीं दी जा रही है और दो एकड़ या उससे अधिक कृषि भूमि के मालिक किसानों को भी केवल एक बोरी खाद देकर वापस भेजा जा रहा है। इससे किसानों को खेती के कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस्तर विधायक ने कहा कि यह स्थिति केवल अव्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों के साथ अन्याय है। प्रदेश का किसान पहले से ही मौसम की अनिश्चितता, बढ़ती लागत और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में बीज और खाद की कमी किसानों की परेशानियों को और बढ़ा रही है। यदि किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं कराए गए तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा, जिससे आने वाले समय में किसानों की आय प्रभावित होगी और कृषि व्यवस्था कमजोर होगी।

नहीं चलेगा घोषणा से काम: बघेल उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत करना है। यदि समय रहते खाद संकट का समाधान नहीं किया गया, तो प्रदेश के हजारों किसानों की खेती प्रभावित हो सकती है सरकार को चाहिए कि खाद भंडारण, वितरण और आपूर्ति व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए। बघेल ने प्रशासन से मांग की कि खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वास्तविक किसानों तक खाद उचित मात्रा में पहुंचे। साथ ही उन्होंने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं वितरण में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि कई बार किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलने के बावजूद निजी स्तर पर अधिक कीमतों पर खाद उपलब्ध होने की शिकायतें सामने आती हैं, जिसकी जांच आवश्यक है,

मिले क्वालिटी का बीज भी

बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने यह भी कहा कि किसानों को केवल खाद ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए कई क्षेत्रों में किसानों द्वारा बीज उपलब्धता और गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। कृषि सीजन के दौरान बीज और खाद दोनों की पर्याप्त व्यवस्था होना बेहद आवश्यक है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। छत्तीसगढ़ विधानसभा उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेशभर में डीएपी एवं यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित की जाए, वितरण व्यवस्था में सुधार लाया जाए तथा किसानों को राहत देने के लिए विशेष निगरानी तंत्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं अन्नदाता की उपेक्षा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी किसानों के अधिकार, सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

कल भारतीय ज्ञान परंपरा पर व्याख्यान – कृतियों का विमोचन

0

रायपुर । देश के जाने-माने कथाकार, लेखक, संपादक श्री बलराम 29 मई को समय 3 बजे राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद , शंकर नगर रायपुर में शिक्षा नीति-2020 के विशेष संदर्भ में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा और मेरा लेखन’ विषय पर अपना व्याख्यान देंगे । श्रीबलराम ने दैनिक ‘आज’ (कानपुर) से पत्रकारिता की शुरुआत की। उन्होंने ‘सारिका’, ‘नवभारत टाइम्स’ (साहित्य संपादक) और ‘लोकायत’ जैसी पत्रिकाओं का संपादन किया है । वर्तमान में वे भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय के तहत ‘समकालीन भारतीय साहित्य’ (साहित्य अकादमी की त्रैमासिक पत्रिका) के संपादक हैं । उन्होंने एनसीईआरटी (नई दिल्ली के पाठ्यचर्या समिति) के विशेषज्ञ के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ दी हैं । एक अन्य आयोजन में उन्हें पर डॉ. बालेन्दु शेखर तिवारी स्मृति लघुकथा पुरस्कार-2026 से अलंकृत किया जायेगा ।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक संस्थाओं की ओर से उनके 75 वें वर्ष पर अभिनंदन किया जायेगा । श्री बलराम छत्तीसगढ़ के रचनाकारों की विभिन्न कृतियों का विमोचन करेंगे । इनमें प्रमुख हैं – डॉ. महेन्द्र कुमार ठाकुर – सत्य, साहस और संघर्ष का सृजन-विस्तार (संपादक – डॉ. रमेश तिवारी और राजशेखर चौबे), नेता जी घूँघट के सामने (हास्य व्यंग्य संग्रह – डॉ. महेन्द्र कुमार ठाकुर), नारी का संबल (त्रैमासिक पत्रिका – संपादक श्रीमती शंकुतला तरार), छत्तीसगढ़ मित्र (मासिक पत्रिका – संपादक : डॉ. सुधीर शर्मा), वैभव वैभव प्रकाशन की कृतियों तथा जयप्रकाश मानस की दो लघुकथा संग्रहों बची हुई हवा तथा दो कतार पीछे का विमोचन करेंगे।

अब खनिज माफियाओं के फन कुचलने की जरूरत

0

दिखावे की कार्रवाई से नहीं चलने वाला है काम

कार्रवाई होने के बाद दूसरे दिन ही सिर उठा लेते हैं रेत माफिया

अवैध परिवहन करते वाहन किए गए जप्त

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा एवं के कड़े रुख के बाद भले ही जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया गया है, मगर ताज्जुब की बात तो यह है कि यही माफिया कार्रवाई होने के दूसरे दिन बाद ही फिर से सिर उठा लेते हैं। जुर्माना भरने के बाद उनके वाहन भले ही छूट जाते हैं, मगर बाद में वे दूसरे वाहनों के जरिए रेत और अन्य गौण खनिजों का अवैध खनन एवं परिवहन शुरू कर देते हैं। विभाग के मैदानी अधिकारियों और कुछ राजनेताओं के संरक्षण में यह खेल बदस्तूर चलते रहता है।

बीते 27 मई को जिला खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में खनिज जांच दल ने बस्तर जिला अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। खनिज महकमे की टीम ने मांदर, रायकोट और कोड़ेनार जैसे संवेदनशील इलाकों में औचक निरीक्षण करते हुए अवैध रूप से गौण खनिज का परिवहन कर रहे छह वाहनों को रंगेहाथों पकड़ा। बिना वैध अभिवहन पास (रॉयल्टी पर्ची) के खनिजों का परिवहन करते पाए जाने पर इन सभी वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ अवैध परिवहन का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा खनिज से लदे सभी वाहनों को तुरंत जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इस छापेमारी के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से रेत और चूना पत्थर का अवैध कारोबार उजागर हुआ है। खनिज विभाग द्वारा जारी विवरण के अनुसार, मांदर क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन गाड़ियां पकड़ी गईं। इसी तरह रायकोट क्षेत्र में जांच दल ने हाईवा को अवैध रूप से चूना पत्थर ले जाते हुए जप्त किया। इसके अलावा कोड़ेनार क्षेत्र में भी रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई की गई, जहां दो टिप्परों को खनिज सहित अपनी अभिरक्षा में लिया गया। प्रशासन ने इस मामले में संलिप्त सभी वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इन सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पूर्व में दी गई चेतावनियों को दोहराते हुए कहा कि बिना वैध पास के खनिजों का परिवहन करना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। यदि भविष्य में इन्हीं परिवहनकर्ताओं द्वारा दोबारा ऐसा कृत्य किया गया, तो और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिज संपदा की चोरी रोकने और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए खनिज अमले द्वारा यह आकस्मिक जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र के खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

फिर क्यों सिर उठा लेते हैं माफिया?

बकावंड, जिले में खनिज विभाग द्वारा लगातार खनिज माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करना अच्छी बात है, मगर बकावंड और करपावंड क्षेत्र में कार्रवाई के दूसरे दिन ही रेत का उत्खनन शुरू हो जाना यह साबित करता है कि विभाग से ज्यादा माफिया मजबूत हैं। कलेक्टर के कड़े रुख के चलते खनिज अधिकारी चेरपा भले ही द्वारा ऐसी कार्रवाईयों को अंजाम दे रहे हैं, मगर इन कार्रवाईयों पर जमीनी तौर पर कड़ा क्रियान्वयन करनें में श्री चेरपा के मातहत अधिकारी न जाने क्यों मजबूर हैं? खनिज विभाग के अधिकारी के रिश्तेदार से लेकर भू माफिया भी अपने संरक्षणदाता आकाओं के माध्यम से लगातार अवैध खनन और परिवहन को अंजाम देते आ रहे हैं। बकावंड और करपावंड इलाके में ऎसी गतिविधियां आसानी से देखी जा सकती हैं। इसे देखते हुए इन इलाकों के किसान और ग्रामीण कहते हैं हैं कि नदियों के गुनहगारों के फन कुचलना अब जरूरी हो गया है।

थानेदार पर हो कार्रवाई: मिश्रा

0

जगदलपुर कांकेर जिले के अंतागढ़ में पत्रकार के साथ थाना प्रभारी अंतागढ़ द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने कड़ी निंदा की है। मिश्रा ने कहा है कि बस्तर जैसे दुर्गम क्षेत्र में पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर आम जनता की आवाज बन कर क्षेत्र की जन समस्याओं को शासन, प्रशासन तक पहुंचाते हैं। वे सच्चे मन से जनता की सेवा कर रहे हैं। वहां पर अगर पुलिस द्वारा पत्रकारों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है, तो आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल होती है एवं आगे क्षेत्र का वातावरण खराब होगा। शिवसेना नेता चंद्रमौली मिश्रा ने शासन प्रशासन इस मामले की जांच करते हुए तत्काल थाना प्रभारी पर कार्रवाई करने की मांग की है।

MOST POPULAR

HOT NEWS