‘ नारायणपुर यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा शासकीय स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सिंगोड़ीतराई में विद्यार्थियों के लिए “ट्रैफिक की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान ने विद्यालय के प्राचार्य के.के. मिस्त्री, शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क चिन्हों तथा सड़क पर सुरक्षित आवागमन के नियमों से अवगत कराया गया।मो. मोहसिन खान ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को “सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा” का संदेश देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन की अपील की।कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई। यातायात पुलिस द्वारा जिले में लगातार सड़क सुरक्षा, यातायात जागरूकता, पीएम राहत एवं राहवीर योजना से संबंधित जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।






