कोंडागांव में कांग्रेस के दोनों महारथियों की हुई हार

0
470
  • 15 वर्ष के भाजपा शासन में उपेक्षित जनता ने 5 वर्ष में ही कांग्रेस सरकार को नकारा

कोंडागांव राजस्थान व मध्यप्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी एकबार फिर से भाजपा की सरकार बन गई है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कर्जमाफी को नकारते हुए मोदी की गारंटी पर पर भरोसा जताया और एकबार फिर से भाजपा को प्रदेश की सत्ता सौंप दी है। कोंडागांव जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं ने भी कमल फूल खिला दिया है।

जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कर्जमाफी और विकास का नारा देकर चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। कोंडागांव विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी लता उसेंडी एवं केशकाल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ टेकाम जीत हासिल करने में सफल रहे। इस तरह कोंडागांव जिले के दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराया उठा है। कोंडागांव विधानसभा सीट पर जहां पूर्व मंत्री और भाजपा प्रत्याशी लता उसेंडी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मंत्री मोहन मरकाम को मात दी है, वहीं केशकाल विधानसभा पर भाजपा के प्रत्याशी पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने कांग्रेस प्रत्याशी व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम को पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी लता उसेंडी व कांग्रेस प्रत्याशी मोहन मरकाम के बीच हुए मुकाबले में 18572 मतों से भाजपा प्रत्याशी लता उसेंडी ने जीत हासिल की है। वहीं केशकाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पूर्व आईएएस नीलकंठ टेकाम ने कांग्रेस प्रत्याशी संतराम नेताम को 5560 मतों से पराजित किया। कांग्रेस सरकार में पीसीसी चीफ व मंत्री रहे मोहन मरकाम एवं विधानसभा उपाध्यक्ष रहे संतराम नेताम को हराकर कोंडागांव एवं केशकाल विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का परचम लहराने वाले दोनों प्रत्याशियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला और जमकर आतिशबाजी की।