व्हाट्सएप हैकिंग मामले का खुलासा: भाजपा जिला अध्यक्ष का अकाउंट हैक कर पैसों की मांग करने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

0
41

नारायणपुर कुछ दिनों पूर्व भाजपा नारायणपुर जिला अध्यक्ष श्रीमती संध्या पंवार का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना से जिले में चिंता का माहौल बन गया था और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई थी। अब नारायणपुर पुलिस ने साइबर अपराध के इस मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर प्रतिरूपण करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती संध्या पंवार ने 6 अगस्त को छोटेडोंगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया। इसके बाद आरोपी ने उनके नाम और पहचान का उपयोग करते हुए परिचितों, समर्थकों तथा अन्य लोगों को संदेश भेजकर आर्थिक सहायता के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी।मामले की जानकारी सामने आने के बाद लोगों को सतर्क किया गया और किसी भी प्रकार की धनराशि भेजने से पहले सत्यापन करने की अपील की गई थी। सौभाग्यवश किसी व्यक्ति के साइबर ठगी का शिकार होने की सूचना नहीं मिली।प्रकरण की जांच थाना छोटे डोंगर पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा एवं डिजिटल जानकारियों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और बलिया जिले के बड़ा गांव निवासी रितेश गुप्ता (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लोगों का प्रतिरूपण करते हुए उनके परिचितों से धनराशि मांगने का कार्य करता था।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एसडीओपी मनोज मंडावी तथा डीएसपी साइबर आशीष कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छोटे डोंगर निरीक्षक हरिशंकर प्रसाद ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक रूमंत देवांगन, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सोरी, आरक्षक कमल किशोर जोशी एवं साइबर सेल आरक्षक संदीप चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी परिचित व्यक्ति के नाम से धनराशि मांगने वाले संदेश प्राप्त होने पर पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन करें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here