देश में कंप्यूटर और संचार क्रांति के जनक हैं राजीव गांधी : शर्मा

0
58
  • पुण्यतिथि पर आधुनिक भारत के निर्माता को किया गया नमन

जगदलपुर भारत में कंप्यूटर एवं संचार क्रांति के जनक राजीव गांधी हैं। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता कायम रखने के साथ ही इक्कीसवीं सदी के भारत के निर्माण के लिए उल्लेखनीय कदम उठाए। संचार क्रांति और कम्प्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज व्यवस्था आदि राजीव गांधी की देन हैं।उक्त बातें बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहीं। शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव भवन में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बलिदान को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया गया।

राजीव शर्मा ने इस अवसर पर उक्त विचार व्यक्त किए। राजीव शर्मा ने कहा कि कुछ लोग ज़मीन पर राज करते हैं और कु्छ लोग दिलों पर। स्व. राजीव गांधी एक ऐसी शख़्सियत थे, जिन्होंने जमीन पर ही नहीं, बल्कि दिलों पर भी हुकूमत की। वे भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हमारे दिलों में आज भी जिंदा हैं। राजीव गांधी ने उन्नीसवीं सदी में इक्कीसवीं सदी के भारत का सपना देखा था। स्वभाव से गंभीर, लेकिन आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले राजीव गांधी देश को दुनिया की उच्च तकनीकों से परिपूर्ण करना चाहते थे। वे बार-बार कहते थे कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही उनका एक बड़ा मक़सद इक्कीसवीं सदी के भारत का निर्माणकरना भी है। अपने इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने देश में कई क्षेत्रों में नई पहल की। इनमें संचार क्रांति और कम्प्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज आदि शामिल हैं। वे देश में कम्प्यूटर क्रांति के प्रणेता के रूप में भी जाने जाते हैं। वे युवाओं के लोकप्रिय नेता थे। उनका भाषण सुनने के लिए लोग घंटों इंतज़ार किया करते थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में कई ऐसे महत्वपूर्ण फैसले लिए, जिनका असर देश के विकास में देखने को मिल रहा है। आज हर हाथ में दिखने वाला मोबाइल उन्हीं फैसलों का नतीजा है।राजीव गांधी ने नौकरशाही में सुधार लाने और देश की अर्थव्यवस्था में उदारीकरण के लिए कारगर कदम उठाए, वे सियासत को भ्रष्टाचार से मुक्त करना चाहते थे। महापौर सफीरा साहू, प्रदेश महामंत्री व एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सेवादल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अन्य मोर्चा, प्रकोष्ठ,विभागों के अध्यक्ष व पदाधिकारी तथा वरिष्ठ कांग्रेसी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।