तीन लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा दलपत सागर

0
36
  •  एक दीया प्रभु श्रीराम के नाम दीपोत्सव में शामिल हुए जगदलपुरवासी

जगदलपुर रविवार की शाम जगदलपुर का दलपत सागर लगभग तीन लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। नगर निगम व जिला प्रशासन की पहल पर नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों व विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या “एक दीया प्रभु श्रीराम के नाम” दीपोत्सव के इस कार्यक्रम को लेकर शहर के सभी वर्गों में गजब का उत्साह देखने को मिला। वहीं रानी घाट में पूजा अर्चना के बाद एक साथ तीन लाख दीयों की रोशनी में दलपत सागर की सुंदरता भी कई गुना बढ़ गई। इस दौरान दलपत सागर के किनारों में जलते दीपक और जगमग रोशनी ने जल, थल और नभ में अनूठी छटा बिखेर दी। दलपत सागर के आसपास दीप उत्सव पर जमकर आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा माहौल उल्लास से भर उठा। सभी लोगों ने सात बजे भव्य आतिशबाजी के साथ दीपक जलाए।

कार्यक्रम के फ्लोटिंग मंच पर रामायण मंडली द्वारा रामचरित मानस का गायन किया गया। पद्मश्री धर्मपाल सैनी, महापौर सफीरा साहू, नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डे, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी और सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, डीएफओ उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी व जनप्रतिनिधियों ने पूजा अर्चना कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान बंगाली समाज के सदस्यों द्वारा शंखनाद किया गया।