- विधानसभा अध्यक्ष ने भी भेजा था गृहमंत्री को पत्र
जगदलपुर भले ही सुशासन की लाख दुहाई दी जाएं, मगर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री जैसे जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के पत्र को पुलिस विभाग में कोई तवज्जो नहीं दिया जा रहा है। यही वजह है कि एक वर्ष बाद भी प्रार्थी को भटकना पड़ रहा है।

बस्तर जिले के जगदलपुर नगरीय निकाय व ग्रामीण सीमा क्षेत्र के हाटकचोरा में रायपुर निवासी विरेंद्र कुमार लाला ने जमीन खरीदी की थी। आरोप है कि नयापारा के मोदी परिवार ने दलालों के साथ मिलकर इसमें धोखाधड़ी की है। भू स्वामी विरेंद्र कुमार लाला ने इसकी उच्च स्तरीय शिकायत की। जिसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने आईजी बस्तर को जांच के आदेश दिए हैं। ज्ञात हो कि प्रार्थी ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी किंतु कोतवाली पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।भू स्वामी विरेन्द्र कुमार लाला ने लिखित शिकायत में कहा था कि जगदलपुर शहर हाटकचोरा लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक-06 पटवारी हल्का नम्बर-32 खतरा नम्बर-141/1/1. रकबा 0.8179 हेक्टेयर अर्थात 3690 वर्गफुट भूमि का स्वामी हूं। इस भूमि में से 1000 वर्गफीट का सौदा ज्योति मोदी पति राजेश मोदी निवासी कस्तूरबा रोड़ नयापारा, मोतीलाल नेहरू वार्ड जगदलपुर से हुआ था। इस 1000 वर्गफीट भूमि की पंजीकृत विलेख द्वारा रजिस्ट्री निष्पादित की गई थी। आरोप है कि क्रेता ने 1000 वर्गफीट भूमि के अलावा शेष बची 2690 वर्गफीट भूमि का भी पंजीयन फर्जी हस्ताक्षर कर करवा लिया है। इस कृत्य में ज्योति मोदी पति राजेश मोदी, मोदी राजेश कुमार पिता मोदी शांति कुमार जैन, आदित्य मोदी पिता राजेश मोदी मोतीलाल नेहरू वार्ड नयापारा जगदलपुर के अलावा मोहन ठाकुर महुआ बाजार रायपुर, अरूण बाबू (ठाकुर वाला) व बाबा खान दलाल जगदलपुर एवं उसके कई साझेदार शामिल हैं।

भू स्वामी ने इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह जोकि वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष हैं, उनसे भी शिकायत की है। जिसके परिपेक्ष्य में गृहमंत्री विजय शर्मा के कार्यालय से आईजी बस्तर को पत्र लिखा गया है, लेकिन इस पर को कार्रवाई हुई है या नहीं इसकी जानकारी नहीं है।



