बकावंड करपावण्ड सेक्टर के अंतर्गत आने वाली ज्यादातर आंगनबाड़ियों में चावल-दाल खत्म होने से हड़कंप मचा हुआ है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसका सीधा विरोध किया है।कार्यकर्ताओं का कहना है कि शासन द्वारा इतना कम चावल-दाल दिया जाता है कि आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या के हिसाब से एक महीना भी पूरा नहीं हो पाता है। बाकी के दिनों में उन्हें खुद के पैसों से एडजस्ट करना पड़ता है। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि आखिरकार आंगनबाड़ी का चावल जा कहाँ रहा है?इस गंभीर समस्या से बच्चों को भूखा रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है और कार्यकर्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई कार्यकर्ता आज अपनी जेब से खर्च कर बच्चों को खिला रहे हैं।इस विषय को लेकर जब
सीडीपीओ करपावण्ड श्रीमती आशा दास मैडम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर चावल का बंटवारा कर दिया जाएगा। लेकिन सवाल यह है कि जब तक चावल नहीं पहुंचता, तब तक बच्चों का पोषण कैसे होगा? ग्रामीणों बुधराम नेताम, नीलम कश्यप, महेश नेताम, प्रकाश नेताम, सरपंच जोगेंद्र भारती, कमल कश्यप, लखमू कश्यप, लक्ष्मीनाथ नेताम सुरेश नेताम ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आंगनबाड़ियों में पर्याप्त मात्रा में चावल-दाल की आपूर्ति की जाए और इस लापरवाही पर जांच हो।
कुसुमकसा। सेवा, संवेदना और समर्पण ही समाज के प्रति सच्चे दायित्व की पहचान है। जब किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों की नई रोशनी आती है, तो उससे मिलने वाला आत्मसंतोष किसी भी सम्मान से बड़ा होता है। इसी भावना को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत कुसुमकसा निवासी बुजुर्ग माता इंदर बाई को जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने श्रवण यंत्र प्रदान कर उनके जीवन में खुशियों का संचार किया।कुसुमकसा निवासी इंदर बाई उम्र अधिक होने के कारण सुनने की समस्या से जूझ रही थीं। उनकी इस परेशानी के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परिवार के सदस्यों से बातचीत करने और उनकी बातें सुनने में भी परेशानी होती थी।
परिवार ने इस समस्या के समाधान के लिए कई डॉक्टरों से परामर्श लिया, लेकिन अपेक्षित राहत नहीं मिल पाई। चिकित्सकों ने उन्हें श्रवण यंत्र का उपयोग करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद आर्थिक एवं अन्य कठिनाइयों के बीच उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।इसी दौरान मोहल्ले की महिलाओं ने जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस को इंदर बाई की परेशानी से अवगत कराया। मंजू बैस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सकों की सलाह के अनुरूप उपयुक्त श्रवण यंत्र के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद वे पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस के साथ इंदर बाई के घर पहुंचीं और उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया।श्रवण यंत्र लगते ही चेहरे पर खिल उठी मुस्कानश्रवण यंत्र मिलने के बाद जब इंदर बाई को बातें सुनाई देने लगीं, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बातचीत के दौरान वे मंजू बैस द्वारा पूछे गए सवालों का सहजता से जवाब देने लगीं। लंबे समय से सुनने में आ रही परेशानी के बीच मिली इस राहत ने उनके चेहरे पर मुस्कान ला दी। परिवार के सदस्यों के लिए भी यह पल बेहद भावुक और आनंददायक रहा। एक छोटी-सी पहल ने बुजुर्ग माता के जीवन में संवाद, अपनापन और खुशियों की नई अनुभूति भर दी।सेवा पखवाड़ा जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने का अवसर: संजय बैसइस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। सेवा पखवाड़ा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंदों की समस्याओं को समझना, उनकी सहायता करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुंचाना है।
उन्होंने कहा, “इंदर बाई जैसी बुजुर्ग माता की सेवा करने और उनकी समस्या के समाधान में सहभागी बनने का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। श्रवण यंत्र से उन्हें लाभ मिल रहा है और उनके चेहरे पर खुशी दिखाई दे रही है, इससे बड़ा संतोष हमारे लिए कुछ नहीं हो सकता। समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही सच्ची जनसेवा है।”बुजुर्ग माता के चेहरे की खुशी देखकर मन हर्षित: मंजू बैसजनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि परमात्मा की सेवा करने के समान है। उन्होंने कहा, “जब मोहल्ले की महिलाओं से इंदर बाई की परेशानी के बारे में जानकारी मिली, तब लगा कि उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए। आज श्रवण यंत्र मिलने के बाद उनके चेहरे पर जो खुशी दिखाई दे रही है, उसे देखकर मन अत्यंत प्रसन्न है। समाज में ऐसे अनेक लोग हैं, जिन्हें थोड़े से सहयोग और संवेदनशील पहल से बड़ी राहत मिल सकती है। हम सभी को अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।”बैस दंपति की इस पहल से यह संदेश सामने आया कि जनसेवा केवल बड़े आयोजनों या घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी जरूरतमंद की वास्तविक समस्या को समझकर उसका समाधान करने में ही सेवा की सार्थकता है। सेवा संकल्प पखवाड़ा के अवसर पर किया गया यह कार्य समाज में मानवीय संवेदना, सहयोग और सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण बना।इस अवसर पर संतोष जैन, कमलकांत साहू, पुष्पजीत बैस, लोकेश सिन्हा, संतोष हिड़को, भानु हिड़को सहित मोहल्ले के निवासी उपस्थित रहे।
कुरंदी में तीन दिवसीय ‘स्पोर्ट्स फॉर प्रोटेक्शन’ प्रशिक्षण का समापन =
बाल संरक्षण एवं सहभागिता के अधिकारों पर दी गई जानकारी
जगदलपुर बस्तर सामाजिक जन विकास समिति द्वारा संचालित बाल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम कुरंदी में आयोजित तीन दिवसीय ‘स्पोर्ट्स फॉर प्रोटेक्शन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। 7 से 9 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य खेल-कूद के माध्यम से प्रतिभागियों में जागरूकता, संचार कौशल, समस्या समाधान, निर्णय लेने की क्षमता, मूल्यबोध और सहानुभूति जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों का विकास करना था। कार्यक्रम में बाल संरक्षण, पुलिस विभाग और समाज सेवा से जुड़े विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति, बस्तर के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्रही, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. विजय शर्मा, गैर-संस्थागत देखरेख अधिकारी गुलशन कुमार भारिया, उप पुलिस अधीक्षक सुशांता लकड़ा, एसआई सतीश येदुराज, एएसआई शकुंतला, संस्था के संस्थापक एवं सचिव डॉ. सुशील कुमार पाण्डेय तथा चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोग्राम के वरिष्ठ बाल संरक्षण अधिकारी सुकेंदु शंतरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान अतिथि विशेषज्ञों ने बच्चों के संरक्षण और सहभागिता के अधिकारों पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उसकी बात सुनना, उसकी भावनाओं को समझना और उसे अपनी राय व्यक्त करने का अवसर देना आवश्यक है। बच्चों को उनकी आयु और समझ के अनुरूप निर्णय लेने की प्रक्रिया में सहभागी बनाना उनके व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों ने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और सकारात्मक व्यवहार विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चे जीवन की चुनौतियों का सामना करना, समस्याओं का समाधान खोजना और समूह में मिलकर काम करना भी सीखते हैं। प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय एवं पारंपरिक स्वदेशी खेलों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। इन खेलों के माध्यम से बच्चों में सामाजिक जुड़ाव, सहयोग, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने की संभावनाओं को रेखांकित किया गया। साथ ही, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके सर्वांगीण विकास में समुदाय की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। बाल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. नारायण दास पंथ, फील्ड ऑफिस, पप्पू दास रिसोर्सपर्सन, हरि मोहन रॉय तथा आयुष पांडेय, फील्ड कोऑर्डिनेटर ने प्रशिक्षण के संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाई। जगदलपुर ब्लॉक की 12 ग्राम पंचायतों में कार्यरत आठ सामुदायिक कार्यकर्ताओं और आठ स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। बस्तर सामाजिक जन विकास समिति की यह पहल बाल संरक्षण के प्रति सामुदायिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की समझ तथा कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों और कौशलों का उपयोग ग्राम स्तर पर बच्चों के साथ खेल आधारित गतिविधियों के संचालन, उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उनके सुरक्षित और सकारात्मक विकास के लिए किया जा सकेगा। इस पहल से समुदाय में बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बच्चों के अधिकारों को प्रोत्साहित करने और उनके लिए सुरक्षित, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
6000 लीटर क्षमता के माउंटेन वाटर टैंकर का भी होगा लोकार्पणश्रद्धालुओं के विश्राम एवं सेवा के लिए नगर गुड़ी का होगा शुभारंभ, स्वच्छता कर्मियों को वितरित किए जाएंगे ट्रॉली डस्टबिन
जगदलपुर-शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा शहर में विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। महापौर संजय पांडेय एवं समस्त जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्राम एवं सेवा केंद्र के रूप में नगर गुड़ी का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से चांदनी चौक तक नवनिर्मित स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण भी होगा। नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 6000 लीटर क्षमता के माउंटेन वाटर टैंकर का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही रोड स्वीपिंग में कार्यरत स्वच्छता कर्मचारियों को ट्रॉली डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। इन पहलों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण कार्यों का होगा भूमिपूजननगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। कुशाभाऊ ठाकरे एवं अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड में नवोदय विद्यालय के हनुमान मंदिर तक 70 लाख 79 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कराया जाएगा। शिव मंदिर वार्ड में विष्णु जोगी के घर से निरंजन दास के घर तक 12 लाख 81 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य किया जाएगा। राजेंद्र नगर वार्ड में गंगा मुंडा तालाब के किनारे 6 लाख 92 हजार रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया जाएगा। छत्रपति शिवाजी वार्ड में शोभा के घर से गंगा के घर तक 9 लाख 96 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण होगा। इसी वार्ड में शिवम एवं राम ध्रुव के घर से राव निषाद के घर तक 9 लाख 95 हजार रुपये की लागत से नाली का निर्माण किया जाएगा।वहीं, बलिराम कश्यप वार्ड में प्रज्ञा के घर से दिलीप सेठिया के घर तक 9 लाख 67 हजार रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा।नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन विकास कार्यों का उद्देश्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना, जल निकासी की समस्या का समाधान करना तथा नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
डोंडी :- यह पवित्र दिन हमारे लिए अत्यंत सौभाग्यशाली है, क्योंकि हम सभी ईश्वर की भक्ति आस्था के इस भव्य धार्मिक आयोजन में एक साथ एकत्र हुए हैं। ऐसे पवित्र वातावरण में उपस्थित होना ही अपने आप में मन को असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उक्त बातें विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी नें अपने मुख्य अतिथि के आसंदी से कहा। आदिवासी विकास खंड डौंडी के ग्राम पंचायत खुर्शीटिकुर में आयोजित रामायण प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिला भेंडिया के प्रतिनिधि पीयूष सोनी नें आयोजन को संबोधित करते हुए कहा की दैनिक जीवन की भागदौड़ और चिंताओं के बीच ऐसे आयोजन हमारे मन और आत्मा को पवित्र करते हैं।
विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी नें कहा की हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि जहां ईश्वर का गुणगान होता है वहां का वातावरण स्वतः ही पवित्र व सकारात्मक हो जाता है। धार्मिक आयोजन केवल पूजापाठ या अनुष्ठान तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये हमारे अशांत मन को शांति देनें और समाज को एकता के सूत्र में बांधने का काम करते हैं। वहीं विधायक प्रतिनिधि ने आगे कहा की धर्म का वास्तविक अर्थ कर्मकांड नहीं बल्कि सही अर्थ है दुसरों की मदद करना, मन में दया भाव रखना और सत्य के मार्ग पर चलना ही सच्चा धर्म है। विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी नें कहा की मैं इस भव्य और सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों को हदय से बधाई देता हूँ, जिन्होंने इतनी श्रद्धा और मेहनत से इस उत्सव को रुप दिया। साथ ही आप सभी श्रद्धालुओं का भी आभार व्यक्त करता हूँ जिनकी उपस्थित नें इस माहौल को भक्ति मय बना दिया है।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ की आपके गांव और घर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।आयोजित कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवप्रसाद बारला, जनपद सदस्य पुनीत राम सेन, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कोमेश कोर्राम, सुखदेव पिस्दा, चतुर तारम, कोमलेंद्र चन्द्राकर सहित ग्रामीण उपस्थित थे।
अवैध रूप से प्रतिबंधित टेबलेट बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार करते 01 आरोपी को किया गया गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से अवैध प्रतिबंधित टेबलेट 30 पत्ता कुल 450 नग को किया गया जप्त
जप्त अवैध नशीली टेबलेट की क़ीमत करीबन 1,80,000रु.
01 आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायलय में किया गया पेश
थाना बोधघाट क्षेत्रन्तर्गत की गयी कार्यवाही
नाम आरोपी :- राहूल मंडावी पिता स्व. अंशु मंडावी उम्र 24 साल निवासी सरदार बल्लभ भाई पटेल वार्ड जगदलपुर थाना बोधघाट जिला बस्तर छ. ग.जप्त सम्पत्ति :-
आरोपी के कब्जा से (1) अवैध प्रतिबंधित नशीली टेबलेट कुल 450 नग कुल किमती 1,80,000 रु पुलिस अधीक्षक, श्री शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस के द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाकर नशे के सौदागरों तथा अपराधिक तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही किया जा रहा है। इसी तारतम्य मे अवैध प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार करते एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है। ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में दिनांक 07.10.2026 के प्रातः जरिये मुखबीर से सूचना मिला कि 20-25 साल का पतला दुबला लम्बा लड़का जो काला रंग का कपड़ा एवं नीला रंग का पैंट पहना है, जो अपने पास एक पीला रंग के कैरी बैग के अंदर अवैध प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखकर अवैध रूप से बिक्री करने के लिए गंगामुण्डा तालाब में स्थित चौपाटी में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
, कि सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना प्रभारी बोधघाट व अन्य थाना स्टाफ की टीम बनाकर सूचना की तस्दीकी तथा कार्यवाही हेतु तत्काल गंगामुंडा तालाब में स्थित चौपाटी में पहुँचकर रेड कार्यवाही किया गया जहां पर मुखबिर के बताये हुलिहा का लड़का मिले जिसे घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ करने पर अपना नाम राहूल मंडावी पिता स्व. अंशु मंडावी उम्र 24 साल निवासी सरदार बल्लभ भाई पटेल वार्ड जगदलपुर का रहने वाले बताया जिसका तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जा में रखे पीला रंग के कैरी बैग के अंदर से अवैध प्रतिबंधित नशीली टेबलेट Alprazolam कुल 450नग कीमती 1,80,000रु मिला नशीली टेबलेट को अपने कब्जे में रखने/ परिवहन करने तथा बिक्री करने के संबंध में किसी प्रकार का वैध दस्तावेज आरोपी द्वारा पेश नहीं करने से आरोपी का यह कृत्य अपराध धारा 21(B) NDPS Act का होना पाये जाने से उक्त नशीली टेबलेट को विधिवत जप्त करते हुए उक्त आरोपी को दिनांक 07.10.26 को विधिवत गिरफ्तार करते हुए आरोपी के विरुद्ध 21(B) NDPS act का अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु माननीय विशेष NDPS न्यायालय जगदलपुर भेजा गया है।महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी / कर्मचारीनिरीक्षक :- टामेश्वर चौहान उप निरीक्षक:- लोकेश्वर नागप्र उप निरी_ अपसना स उ नि :- दिनेश उसेंडी प्रधान आरक्षक:- अहिलेश नाग, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर आरक्षक:- बामन सेन, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर
जगदलपुर बस्तर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत ने आज दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी देवी के पावन दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश सह प्रभारी संपथ कुमार, जरिता लइतफलांग, विजय जांगिड़, राजयसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, पूर्व विधायक देवती कर्मा, वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, टिकेंद्र सिंह ठाकुर, भरत देवांगन, बतीस साहू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बोले ,वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ता कद विपक्ष को खटक रहा, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश
जगदलपुर। जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डेय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, विकास की गति और मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय भूमिका से परेशान विपक्ष अब संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर नकारात्मक राजनीति कर रहा है। जनता के बीच अपने राजनीतिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने में विफल विपक्ष सड़क पर टकराव और संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रहा है।महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल सेवाओं, कनेक्टिविटी, अंतरिक्ष कार्यक्रम और वैश्विक कूटनीति सहित कई क्षेत्रों में अपनी पहचान मजबूत की है। भारत आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी बात मजबूती से रख रहा है और वैश्विक मामलों में उसकी भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हुई है। उन्होंने कहा कि देश की इस प्रगति पर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सुझाव देने के बजाय कांग्रेस हर उपलब्धि में खामी तलाशने और हर मुद्दे को राजनीतिक विवाद बनाने में जुटी रहती है।
संविधान की किताब हाथ में, लेकिन आचरण में संवैधानिक मर्यादा कहां?संजय पांडे ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उसकी आपत्ति का समाधान संवैधानिक प्रक्रिया से चाहिए या वह इसे राजनीतिक टकराव का हथियार बनाना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि संविधान की किताब हाथ में लेकर लोकतंत्र की दुहाई देने वाले नेता अराजकता को ही राजनीति का आधार क्यों बना रहे हैं? जब सर्वोच्च न्यायालय सबूत माँगती है और शपथ पत्र देने को कहती है तब राहुल गांधी क्यों भाग खड़े होते हैं। संवैधानिक संस्थाओं,चुनाव आयोग,कोर्ट, जांच एजेंसियों के ख़िलाफ़ अराजक बातें करना और फिर माफ़ी माँग लेना यही कांग्रेस की नियति बन गई है ।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना और हर निर्णय को राजनीतिक संघर्ष में बदल देना जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं हो सकती। यदि किसी संवैधानिक पदाधिकारी के कामकाज पर आपत्ति है, तो उसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत तथ्य और तर्क प्रस्तुत किए जाने चाहिए। संविधान का सम्मान केवल भाषणों में नहीं, बल्कि राजनीतिक आचरण में भी दिखाई देना चाहिए।*राहुल-प्रियंका से महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान पर सवाल*महापौर ने दिल्ली में विपक्षी प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार के विवाद को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारों और सम्मान की बात करने वाले नेताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि राजनीतिक प्रदर्शनों में महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार हो। किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून उल्लंघन प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।पांडे ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी नेता कानून से ऊपर नहीं है। राजनीतिक विरोध के नाम पर पुलिसकर्मियों के सम्मान और सार्वजनिक व्यवस्था की अनदेखी को सही नहीं ठहराया जा सकता।*विकास का जवाब नकारात्मक राजनीति से नहीं, सकारात्मक विकल्पों से दें*महापौर संजय पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, तकनीकी विस्तार, आधारभूत सुविधाओं और वैश्विक भागीदारी को लेकर जो पहल हुई हैं, उन पर विपक्ष को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना जरूरी है, लेकिन आलोचना के साथ वैकल्पिक नीतियां और समाधान प्रस्तुत करना भी विपक्ष की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, किसानों को सुविधाएं और आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सेवाएं चाहिए। इन मुद्दों पर ठोस प्रस्ताव रखने के बजाय हर विषय को राजनीतिक टकराव में बदलना जनता के हित में नहीं है।महापौर ने कहा कि भारत की प्रगति किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का विषय है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रीय संस्थाओं के प्रति जिम्मेदारी और देशहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से नकारात्मक राजनीति छोड़कर विकास, जनहित और संवैधानिक मर्यादाओं पर आधारित सकारात्मक राजनीति करने की अपील की।
केशकाल विधानसभा में कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग पार्टियों के युवा नेता लगातार कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार 15 युवा नेताओं ने पार्टी का दामन थामा। बस्तर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष एवं केशकाल विधानसभा के पूर्व विधायक संतराम नेताम के नेतृत्व में खिलेश्वर शोरी,राजू सलाम, सुरेश पद्दा व विश्रामपुरी क्षेत्र से 10 युवा नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर राज्यसभा सांसद श्रीमती फूलोदेवी नेताम भी मौजूद रहे। पूर्व में कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन कोंडागांव जिला अध्यक्ष रह चुके खिलेश्वर शोरी ने पूर्व विधायक संतराम नेताम के साथ मुलाकात के बाद बुधवार को विधिवत रूप से कांग्रेस ज्वाइन की। खिलेश्वर शोरी पूर्व में कांग्रेस संगठन के विभिन्नपदों पर आसीन रह चुके हैं।
इस मौके पर खिलेश्वर शोरी ने कहा कि वो कभी संतराम नेताम व कांग्रेस से दूर नहीं हुए थे। लेकिन कांग्रेस के भीतर रहकर कुछ स्वार्थी नेता पार्टी को लगातार कमजोर करने में लगे थे। ऐसे नेताओं की वजह से ही केशकाल विधानसभा में कांग्रेस को हर का सामना करना पड़ा पड़ा। ऐसे लोगों की वजह से ही उन्हें कांग्रेस छोड़ने का फैसला करना पड़ा था। लेकिन अब पार्टी के साथ भीतरघात करने वालों का सच सार्वजनिक हो चुका है।
इस मौके पर पूर्व विधायक संतराम नेताम ने कहा कि यह सभी नेता अपने-अपने इलाकों की मजबूत आवाज हैं। युवा नेताओ द्वारा पार्टी ज्वाइन करने से केशकाल विधानसभा व संगठन में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। लगातार पार्टी की बढ़ती ताकत से स्पष्ट हो चुका है केशकाल विधानसभा अथवा प्रदेश में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी। संतराम ने पार्टी में शामिल हुए सभी सदस्यों को पूर्ण मान सम्मान का भरोसा दिलाया।
जगदलपुर, 09 अक्टूबर।कलेक्टर बस्तर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अनिल दास एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता के निर्देशन में ब्लॉक स्तरीय सुपरगर्ल प्रतियोगिता का आयोजन सेजस स्वामी विवेकानंद स्कूल, जगदलपुर में किया गया।प्रतियोगिता में विकासखंड जगदलपुर के 41 संकुलों को 6 जोन में विभाजित कर जोन स्तर पर चयनित कुल 118 बालिकाओं ने भाग लिया। इसमें प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हायर सेकेंडरी स्तर की बालिकाएं शामिल रहीं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत भाषण, कविता पाठ, चित्रकला, वाद-विवाद, एकल गायन एवं वाद्ययंत्र सहित 6 विधाओं में बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में श्रीमती सुषमा सामंत, श्रीमती पूर्णिमा सरोज, श्रीमती लक्ष्मी कुड़िकाल, सतीश शर्मा, श्रीमती सतरूपा मिश्रा, श्रीमती दीप्ति ठाकुर, अजय श्रीवास्तव एवं राजेश तिवारी शामिल रहे।जिला से अवलोकनकर्ता के रूप में श्रीमती लीना नामदेव, रियाज खान एवं हरिबंधु बघेल उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संयोजन शरद श्रीवास्तव द्वारा, व्यवस्थापन विकास चंद्राकर द्वारा, परिणाम समन्वय विवेक राय द्वारा तथा नोडल के रूप में मनीष अहीर एवं श्री विकास साहू द्वारा किया गया। आयोजन में संकुल जगदलपुर के समस्त संकुल समन्वयकों का सक्रिय सहयोग रहा।कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक विधा एवं स्तर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं का चयन जिला स्तरीय सुपरगर्ल प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित बालिकाएं अब जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। चयनित बालिकाओं को सेजस विवेकानंद की प्राचार्य श्रीमती मनीष खत्री शिक्षिका सुचित्रा सामंत सिंह, टी रुचिका के सौजन्य से पुरस्कार वितरण किया गया।