बंगाली समाज अध्यक्ष जीवानंद हालदार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
जगदलपुर। बंगाली समाज के बुजुर्ग को घसीट घसीट कर मारने पीटने वाले रईसजादे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग बंगाली समाज के संभागीय अध्यक्ष जीवानंद हालदार ने की है। संभागीय अध्यक्ष ने श्री हालदार ने कहा है कि बस्तर की शांति एवं सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
बंगाली समाज के बस्तर संभागीय अध्यक्ष जीवानंद हालदार ने एक बयान में कहा है कि बस्तर को हमेशा से शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भूमि के रूप में जाना जाता रहा है। यहां सभी समुदायों के लोग आपसी प्रेम, सम्मान और सद्भाव के साथ वर्षों से निवास करते आ रहे हैं। किंतु हाल के दिनों में कुछ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से शहर की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
हालदार ने बताया कि हाल ही में एक दुखद घटना में बंगाली समाज के एक गरीब बुजुर्ग, जो सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, के साथ वाहन पार्किंग को लेकर एक युवक द्वारा कथित रूप से सार्वजनिक स्थान पर मारपीट की गई। आरोप है कि बुजुर्ग को घसीटते हुए पीटा गया, जिससे समाज में भय और आक्रोश का वातावरण उत्पन्न हो गया है। घटना के बाद पीड़ित थाना पहुंचा, उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
किंतु बाद में कथित रूप से दबाव और भय के कारण उन्होंने रिपोर्ट वापस ले ली। इसके बाद पीड़ित ने बंगाली समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पूरी घटना से अवगत कराया। इस संबंध में बंगाली समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से इस घटना की कड़ी निंदा की गई। समाज का मत है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून अपने हाथ में लेकर इस प्रकार की हिंसक घटना की जाती है, तो उसके विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई होनी आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और शहर का सामाजिक सौहार्द बना रहे। बंगाली समाज ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।














