नगर निगम कार्यालय के सामने के वार्डवासी तरस रहे हैं पानी के लिए
गांधीनगर वार्ड में चार दिनों से पेयजल संकट
अर्जुन झा-
जगदलपुर दीया तले अंधेरा की कहावत जगदलपुर में चरितार्थ हो रही है। नगर निगम कार्यालय के सामने बसे गांधीनगर वार्ड क्रमांक 22 में चार दिनों से पानी सप्लाई बंद है। वार्डवासी बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। आए दिन उपजने वाली पानी की समस्या को लेकर वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। इसकी सूचना वार्ड पार्षद मनप्रीत कौर को वार्डवासियों द्वारा दी गई है।पार्षद ने नागरिकों को बताया कि उन्होंने हालात से नगर निगम आयुक्त को अवगत करा दिया है। इस संबंध में जल्द ही कोई रास्ता निकाला जाएगा, परंतु तीन दिन बीत जाने के बाद भी इस समस्या का कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है। वार्ड पार्षद मनप्रीत कौर का कहना है कि इस वार्ड के तीन नलों के वाल्व में लीकेज है। नगर निगम आयुक्त को इस संबंध में कई बार सूचना दी जा चुकी है, परंतु कार्य में कोई प्रगति नजर नहीं आ रही है। फिलहाल टैंकर द्वारा वार्डवासियों को पानी दिया जा रहा है।

पाईप लाइन में लीकेज यह
वार्ड नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने ही स्थित है। इस संबंध में नगर निगम एवं आयुक्त मौन क्यों हैं? यह सवाल वार्ड के नागरिकों को परेशान किए जा रहा है।वार्डवासियों को पिछले कई दिनों से पानी की जगह सिर्फ आश्वासन की ही घुट्टी पिलाई जा रही है। गर्मी के दिनों की शुरुआत से ही इस वार्डवासियों को पानी के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आएदिन किसी न किसी करण से वार्ड में पानी सप्लाई बंद हो जाती है। वार्डवासियों ने बताया कि पानी सप्लाई की टाइमिंग फिक्स नहीं है। किसी भी समय नल खोल दिया जाता है और बंद कर दिया जाता है। पाइप लाइन जगह- जगह से फूट गई है, जिससे नाली की गंदगी पाइप के जरिए पानी के साथ मिलकर घरों में पहुंच रही है। वार्डवासियों को मजबूरन गंदा पानी पीना पड़ रहा है। इसके कारण बीमारियां फैलने का अंदेशा बढ़ गया है।

वर्सन
दुरुस्त करेंगे व्यवस्था
कुछ असामाजिक तत्वों ने पाइप लाइन को बार बार बाधित कर वहां की जमीन अतिक्रमण कर लिया है, जिससे पाइप में पानी का प्रेशर कम हो गया है। मैं आज खुद मौके पर जाकर इस मामले को देखूंगा और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करवाऊंगा। फिलहाल वार्ड में टैंकर दके जरिए लगातार जलापूर्ति की जा रही है।




