इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य स्तरीय बैठक सम्पन्न, सभी जिला शाखाओं को सेवा गतिविधियाँ और सशक्त करने के निर्देश
रायपुर, 01 अगस्त 2026।इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा प्रदेश के सभी जिला चेयरमैन एवं जिला सचिवों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल एवं अध्यक्ष, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के मार्गदर्शन तथा राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।बैठक में राज्य शाखा के वाइस चेयरमैन श्री रुपेश कुमार पाणिग्राही, कोषाध्यक्ष श्री संजय पटेल, राष्ट्रीय प्रतिनिधि श्री युवराज देशमुख, सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित, राज्य प्रतिनिधिगण तथा प्रदेश के सभी जिला चेयरमैन एवं पदेन जिला सचिव (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) उपस्थित रहे।बैठक में प्रदेश की सभी जिला शाखाओं द्वारा संचालित सेवा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के आय-व्यय विवरण, वर्तमान निधि की स्थिति, जिला शाखाओं के कार्यालय एवं कर्मचारियों की व्यवस्था, संरक्षक, उप-संरक्षक एवं आजीवन सदस्यों की जानकारी, सदस्यता शुल्क, जूनियर रेडक्रॉस (JRC) एवं यूथ रेडक्रॉस (YRC) के अंशदान, एम्बुलेंस एवं शव वाहन सेवाओं, ब्लड बैंक तथा वृद्धाश्रम संचालन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया

कि रेडक्रॉस की प्रत्येक गतिविधि का उद्देश्य केवल सेवा प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज में मानवता, करुणा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को सशक्त बनाना है। जिला शाखाओं से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रक्तदान, अंगदान, नेत्रदान, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता तथा युवा स्वयंसेवा जैसे कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर संचालित करें।बैठक में यह भी कहा गया कि रेडक्रॉस का वास्तविक उद्देश्य किसी भी पीड़ित, जरूरतमंद या आपदा प्रभावित व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के समय पर सहायता पहुँचाना है। यही भावना रेडक्रॉस को विश्व का सबसे बड़ा मानवीय सेवा संगठन बनाती है।इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की गई कि वे रेडक्रॉस की मानवीय गतिविधियों से जुड़ें, नियमित रक्तदान करें, अंग एवं नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाएँ, आपदा के समय स्वयंसेवक के रूप में आगे आएँ तथा अपने आसपास जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें।”जब समाज का प्रत्येक नागरिक सेवा का संकल्प लेता है, तभी एक संवेदनशील, स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण होता है। रेडक्रॉस इसी भावना का प्रतीक है और प्रत्येक व्यक्ति को मानवता की इस यात्रा का सहभागी बनने के लिए प्रेरित करता है।”बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा एवं सभी जिला शाखाएँ समन्वित प्रयासों के माध्यम से सेवा कार्यों को नई गति प्रदान करेंगी तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक मानवीय सहायता पहुँचाने के अपने दायित्व का प्रभावी निर्वहन करेंगी।











