City Media - Page 514 of 1855 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 514

बस्तर लोकसभा क्षेत्र में थम गया चुनावी शोर, अब घर – घर दस्तक देने पर जोर

0
  •  कांग्रेस ने सुकमा, दंतेवाड़ा बीजापुर में झोंकी ताकत
  • भाजपा ने बस्तर, चित्रकोट, जगदलपुर और कोंडागांव पर किया फोकस
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को मतदान होगा। आज 17 अप्रैल को संध्या 5 बजे इस लोकसभा क्षेत्र में चुनावी शोर थम गया। अब दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता घर घर जाकर दस्तक देने पर जोर दे रहे हैं।
    दो दिन तक बस्तर लोकसभा क्षेत्र के दक्षिण बस्तर के जिलों के दौरे में जो हालात नजर आए, उसके अनुसार कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। कांग्रेस जहां अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पड़ोसी राज्य तेलंगाना के मंत्रियों और विधायकों को भी मैदान में उतार दिया था। वहीं छत्तीसगढ़ के भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गांव- गांव में जा चुके हैं। भाजपा की कमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव और राज्य सरकार के मंत्री केदार कश्यप संभाले रहे। उन्होंने 16 अप्रैल को सुकमा जिले के अधिकांश भागों में जाकर धुआंधार आमसभा ली भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। कांग्रेस ने जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी ताकत लगा रखी है, वहीं भाजपा ने जगदलपुर, बस्तर, चित्रकोट और कोंडागांव विधानसभा क्षेत्रों में ज्यादा फोकस किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में अगर कुछ परेशानियों का सामना करना पड़े, तो हम इन चार विधानसभा क्षेत्रों से हम उसकी भरपाई कर सकते हैं।

    भाजपा को मोदी पर भरोसा
    भाजपा को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोदी की गारंटी पर भरोसा है, वहीं कांग्रेस स्थानीय मुद्दों के साथ चुनाव प्रचार के मैदान में डटी रही। कांग्रेस प्रत्याशी के लच्छेदार भाषण से लोगों को रिझाने का प्रयास करते रहे।बस्तर लोकसभा क्षेत्र में नक्सली समस्या को देखते हुए मतदान कर्मियों के दलों को उनके मतदान केंद्रों तक तीन दिन पहले ही हेलीकॉप्टर के माध्यम से पहुंचाने दिया गया था। मौसम और सियासी गर्मी तेज है। उसे देखते हुए जो रुझान सामने आ रहे हैं, उसके अनुसार 2023 के विधानसभा चुनाव में मतदान का जो प्रतिशत था, उसके बनिस्बत लोकसभा चुनाव में चार से पांच प्रतिशत तक मतदान कम होने की संभावना है।बस्तर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा जहां अपने स्तर पर पूरे लोकसभा क्षेत्र में एक रणनीति के तहत जमीनी स्तर पर काम करती रही, वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भी अनुसांगिक संगठन के लोग भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में बड़े-बड़े गांवों तक पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुके हैं और हिंदुत्व के नाम पर मतदाता को समझाने का प्रयास करते रहे। भाजपा के नेताओं का कहना है कि बस्तर संभाग की दोनों सीट बस्तर और कांकेर के प्रत्याशी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनुशंसा पर ही घोषित किए गए हैं इसलिए संघ ने भी पूरी ताकत लगा रखी थी।

दूसरे चरण में आएंगे बड़े नेता
दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को कांकेर लोकसभा क्षेत्र में होने जा रहा है, उसके लिए भी बड़े नेताओं की सभाएं करने की तारीख लगभग घोषित हो चुकी है। कांकेर लोकसभा क्षेत्र में प्रियंका गांधी का कार्यक्रम तय हो चुका है, जो बालोद विधानसभा क्षेत्र के किसी गांव में होने की संभावना है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा की आमसभा कांकेर में होने की संभावना है। 23 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के धमतरी में होने की संभावना है। इसमें कांकेर और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को ले जाया जाएगा और दोनों लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी प्रधानमंत्री के मंच पर मौजूद रहेंगे।

तेंदूपत्ता का भुगतान बना मुद्दा
बीजापुर और सुकमा जिले में तेंदूपत्ता महत्वपूर्ण चुनाव मुद्दा बन चुका है और वर्तमान वन मंत्री केदार कश्यप दोनों स्थानों पर इस विषय को ताकत के साथ उठाते रहे हैं। लोकसभा चुनाव के आचार संहिता समाप्त होने के बाद तेंदूपत्ता संग्राहकों को नगद भुगतान करने की घोषणा भी कर दी है। जिनका बैंक में खाता नहीं खुला और उन्हें भुगतान को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।दोनों जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों का कहना है कि जो करोड़ों रुपयों के बकाया भुगतान के बारे में भाजपा सरकार कुछ नहीं बोल रही है।

नक्सलियों की भाषा बोल रहे हैं कवासी लखमा : देवलाल ठाकुर

0
  •  ठाकुर ने कांग्रेसी विचारों को बताया खतरनाक
    दल्लीराजहरा पूर्व आबकारी मंत्री एवं बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के बयानों को लेकर बीजेपी के प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस की जमकर बखिया उधेड़ी। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को देश के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि इस लोकसभा चुनाव में ऐसी आततायी विचारधारा को मतदाता कुचल कर रख देंगे।
    वरिष्ठ भाजपा नेता देवलाल ठाकुर बुधवार को कुछ पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हिंसक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, ग्रामीणों को पुलिस के खिलाफ हथियार उठाने के लिए उकसा रहे हैं, हमारे प्रधानमंत्री के लिए बुरी कामनाएं कर रहे हैं। कांग्रेस नेता डॉ. चरण दास महंत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिर डंडे से फोड़ने की बात कह चुके हैं। इससे पहले उनके बड़े नेता राहुल गांधी भी मोदीजी को डंडे मारने की बात कह चुके हैं, राहुल गांधी की माताजी सोनिया गांधी उस यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मौत का सौदागर कह चुकी हैं, जिन्हें पूरी दुनिया शांतिदूत मानती है और सम्मान देती है। जिस मोदी जी ने मां भरती का पूरे विश्व में गौरव बढ़ाया है, उस विकास पुरुष को गाली देने वाले कांग्रेस नेताओं का राजनैतिक अस्तित्व जल्द मिट जाएगा। भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा को भी आड़े हाथों लेते हुए कवासी लखमा की नक्सलियों से सांठगांठ का आरोप लगाया है।

ठाकुर ने कहा है कि कवासी लखमा ने अपनी चुनावी सभा में ग्रामीणों को पुलिस के खिलाफ भड़काते और हिंसक कदम उठाने के लिए कहते नजर आए हैं। लखमा ने कहा था कि पुलिस वालों को तीर धनुष निकाल कर मार भगाओ। लखमा नक्सलियों की भाषा बोलते हैं। क्योंकि नक्सली भी यही कहते हैं। इससे जाहिर होता है कि कवासी लखमा और नक्सलियों के बीच सांठगांठ है। देवलाल ठाकुर ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी नक्सल प्रभावित इलाकों में रोड कनेक्टीविटी बढ़ा कर आदिवासी बाहुल्य गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने और शांति स्थापित करने का काम कर रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत हो चुकी है भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है, दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। मोदी जी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। यह बात कांग्रेस को हजम नहीं हो रहे हैं और उसके नेता अनाप शनाप बयानबाजी पर उतर आए हैं। इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।

अवैध शराब बिक्री करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

0
  • आरोपियों के कब्जे से कुल 62 पौवा देशी प्लेन शराब एवं बिक्री रकम 600 रूपये
  • अवैध अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखने वाले 01 आरोपी को किया गिरफ्तार
  • सट्टा पट्टी सहित कुल 1220 नगदी रकम जप्त
  • अवैध शराब रूप आम जगह पर शराब सेवन वाले 01 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक महोदय एस. आर. भगत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी जिला बालोद व नगर पुलिस अधीक्षक डॉ० चित्रा वर्मा के मार्गदर्शन में अवैध जुआ सट्टा, शराब के विरूध्द चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना राजहरा मे दिनांक 16.04. 2024 को थाना राजहरा के द्वारा टाउन में अवैध शराब बिक्री एवं सट्टा पट्टी लिखने 04 आरोपियों के विरूध्द कार्यवाही किया गया

(01) आरोपी कदमदास कुर्रे पिता स्वं दुखुराम कुर्रे उम्र 60 वर्ष साकिन गुरूघासीदास वार्ड वार्ड क्रमांक 27 राजहरा थाना राजहरा जिला बालोद को घटना स्थल वार्ड क्रमांक 22 सतनाम भावन के पीछे राजहरा के पास में अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा गया आरोपी के कब्जे से एक सफेद कोरे कागज में लिखा सट्टा पट्टी पर्ची, नगदी रकम 1220 रूपये एवं एक नग डाट पेन जप्त कर आरोपी के विरूध्द धारा 4 (क) जुआ एक्ट एवं छ. ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्यवाही किया गया।

(02) आरोपी दिनबंधु तारम उर्फ दिनु पिता संतराम तारम उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम बिटाल थाना राजहरा के पास राजहरा थाना राजहरा को घटना स्थल ग्राम बिटाल रोड के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा गया आरोपी के कब्जे से 25 पौवा देशी प्लेन शराब जुमला 4500 एमएल कीमती 2250 रूपये एवं शराब बिकी की नगदी रकम 200 रूपये जुमला कीमती 2450 रूपये जप्त कर आरोपी के विरूध्द धारा 34 ( 1 ) क, ख आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया।

(03) आरोपी राजेन्द यादव पिता राम लाल यादव उम्र 42 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 12 कैम्प 1 राजहरा थाना राजहरा को घटना स्थल वार्ड क्रमांक 12 कैम्प-1 रेल्वे कासिग पुलिया के पास राजहरा में आरोपी राजेन्द्र यादव को अधिक मात्रा में शराब रखकर बिक्री करने परिवहन करते पकड़ा गया आरोपी के कब्जे से एक पीला रंग के थैला में जिसमें 37 नग पीवा देशी प्लेन शराब जुमला 6,660 बल्क लीटर कीमती 3330 रूपये एवं शराब बिक्री की नगदी रकम 400 रूपये जुमला कीमती 3730 रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूध्द धारा 34 ( 2 ) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया।

(04) आरोपी कमलेश कुमार यादव पिता नजरू राम उम्र 32 वर्ष साकिन वार्ड क्र. 15 पुराना बाजार राजहरा के द्वारा घटना स्थल वीर नारायण चौक के पास में स्थित चबुतरा में अवैध रूप से आम जगह पर शराब सेवन करते पकड़े जाने पर आरोपी के विरूध्द धारा 36 (च) 1 आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया ।

जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने गुलाब फूल भेंटकर मतदान दलों को किया रवाना

0
  •  शांतिपूर्ण ढंग से शत- प्रतिशत मतदान करवाने के लिए दी शुभकामनाएं 
    जगदलपुर लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत बस्तर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों बस्तर, जगदलपुर, चित्रकोट और आंशिक नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए पी-2 के 64 मतदान दलों को जगदलपुर के धरमपुरा स्थित शासकीय आदर्श महाविद्यालय परिसर में बुधवार को मतदान सामग्री का वितरण कर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए वाहनों से रवाना किया गया। मतदान सामग्रियों के वितरण के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने मतदान दलों के सदस्यों को गुलाब फूल भेंट कर शत- प्रतिशत वोटिंग करवाने के लिए मतदान कर्मियों को शुभकामनाएं देते रवाना किया।
    कलेक्टर ने सभी वितरण केंद्रों के स्टाल में जाकर निरीक्षण करते हुए समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मतदान दलों के सदस्यों से रूबरू होकर उन्हें सभी मतदान सामग्री का मिलान कर मतदान केंद्रों हेतु प्रस्थान करने की समझाईश दी।मतदान दलों को मतदान सामग्री प्रातः 7 बजे से वितरण किया गया। सामग्री मिलने के बाद मतदान कर्मचारी मौका मिलान कर अपने दलों के सदस्यों और सेक्टर अधिकारियों के साथ वाहनों से रवाना हुए। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग आफिसर्स ने सामग्री वितरण व्यवस्था को निर्बाध करवाते हुए मतदान दलों को वाहनों से रवानगी करवाई गई। पी-2 के तहत विधानसभा क्षेत्र नारायणपुर के 7, बस्तर के 4, जगदलपुर के 13 और चित्रकोट के 40 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को रवाना किया गया।वाहनों में मतदान दलों की रवानगी के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. ने मतदान दलों को शांतिपूर्ण ढंग से निष्पक्ष एवं निर्विघ्न शत-प्रतिशत मतदान करवाने और सकुशल वापस आने की शुभकामनाएं दी। स्ट्रांग रूम से चित्रकोट और बस्तर विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों को सामग्री के साथ परिवहन व्यवस्था तक लाने के लिए ई रिक्शा की सुविधा प्रशासन द्वारा दी गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी, उप निर्वाचन अधिकारी प्रवीण वर्मा, सहायक रिटर्निंग अधिकारी भरत कौशिक, एआर राणा, सुब्रत प्रधान, संयुक्त कलेक्टर एवं वाहन प्रभारी ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

जारी रहा जनसंपर्क

0

नगरनार बस्तर लोकसभा सीट के भाजपा के प्रत्याशी महेश बघेल के समर्थन में आज भी नगरनार मंडल के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंडल अध्यक्ष अर्जुन सेठिया के नेतृत्व में रैली निकाल कर लोगो से बीजेपी के पक्ष में वोट करने की अपील की। आज के जनसंपर्क में बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता मिश्रा, रेनू बघेल पूर्व सरपंच के अलावा रमेश मिश्रा सहित दर्जनों महिला पुरुष बीजेपी कार्यकर्ता शामिल रहे।

नक्सलियों की बौखलाहट, घर में घुसकर दंडवन के युवा भाजपा नेता को मार डाला

0
  •  मुठभेड़ में 29 नक्सलियों की मौत के बाद वारदात
  •  भाजपा – आरएसएस को मार भगाने की कही बात
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग में नक्सलियों ने फिर एक भाजपा नेता की हत्या कर दी। नक्सलियों द्वारा छोड़े गए पर्चे में एक बात तो अब साफ हो गई है कि नक्सली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की टार्गेट किलिंग कर रहे हैं। इस घटना को कांकेर जिले में सुरक्षा बलों के हाथों 29 नक्सलियों के मारे जाने के प्रतिशोध और बौखलाहट के रूप में भी देखा जा रहा है। पर्चे में विपक्षी राजनीतिक दल की तरह भाषा का प्रयोग किया गया है।
    ताजा मामला बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में स्थित दंडवन गांव का है, जहां भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक पंचम दास मनुकपुरी की हत्या की गई है। दंडवन ग्राम में 16 अप्रैल मंगलवार की रात लगभग 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता और उप सरपंच पंचम दास मानिकपुरी उर्फ गोलू के घर का दरवाजा तोड़कर घुसे नक्सलियों ने धारदार हथियार से पंचम दास मानिकपुरी की हत्या कर दी। पंचम दास भाजपा के शक्ति केंद्र का सह संयोजक भी था। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने की है। हत्या की इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। पुलिस द्वारा इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है। वारदात स्थल पर पर्चा भी मिला है। पर्चे के मुताबिक वारदात को भाकपा (माओवादी) की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने अंजाम दिया है। इसमें लिखा है कि दंडवन का भाजपा नेता पंचम दास जन विरोधी, भ्रष्टाचार और पुलिस मुखबिर एवं गोपनीय सैनिक का काम करता था। उसे कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन नहीं सुधरने के कारण जनता के निर्णय के अनुसार हमारी पीएलजीए ने मौत की सजा दी है। इसके साथ ही पर्चे में तीन और बिंदुओं का उल्लेख किया गया है, जिसमें एक बिंदु से जाहिर होता है कि देश के कुछ विपक्षी दलों के नेताओं की तरह नक्सली भी भाजपा और आरएसएस से घोर नफरत करते हैं। शायद इसीलिए वे लगातार भाजपा नेताओं को निशाना बनाते आ रहे हैं। इससे पहले नारायणपुर जिले में ही दो और भाजपा नेताओं को नक्सली मौत के घाट उतार चुके हैं। इसके अलावा बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भी दो बड़े भाजपा नेताओं की भी हत्या नक्सली कर चुके हैं।
  • भाजपा – आरएसएस से घृणा ?
    नक्सली संगठन द्वारा दंडवन गांव में छोड़े गए पर्चे से जाहिर होता है कि नक्सली भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से बहुत ही ज्यादा नफरत करते हैं। तभी तो पर्चे में साफ तौर पर कहा गया है कि ‘भाजपा और आरएसएस को मार भगाओ।’ उल्लेखनीय है कि हमारे देश के कुछ राजनैतिक दलों के नेता भी भाजपा और आरएसएस से हद दर्जे की नफरत करते हैं। ये नेता अपने बयानों के जरिए आए दिन आरएसएस और भाजपा के खिलाफ जहर उगलते रहते हैं। विपक्षी नेताओं को सबसे ज्यादा तकलीफ आरएसएस से होती है। जबकि यह विशाल संगठन न तो देश विरोधी काम करता है और न ही कभी देश को नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में नक्सलियों के विचारों से नेताओं के विचार का मेल खाना आश्चर्य का विषय है। इसके साथ ही नक्सली पर्चे में कॉर्पोरेटीकरण, सैनिकीकरण के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान करते हुए लिखा है कि कगार ऑपरेशन को हराएंगे।

    मुठभेड़ के बाद वारदात
    भाजपा नेता पंचम दास मानिकपुरी की हत्या को नक्सलियों की बौखलाहट और प्रतिशोध के तौर पर भी देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही बस्तर संभाग के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में 29 नक्सलियों के मारे जाने की बात सामने आई है और सभी शव बरामद भी कर लिए गए हैं। वहीं पुलिस ने मारे गए सभी नक्सलियों की तस्वीरें भी मीडिया से साझा की हैं। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार इतनी ज्यादा संख्या में नक्सली मारे गए हैं। ऐसे में नक्सलियों का बौखलाना स्वभाविक है। इस बौखलाहट की झलक उन्होंने पंचम दास मानिकपुरी की हत्या करके दिखा दी है। एक दिन बाद बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है। आशंका है कि इस दौरान भी नक्सली अप्रिय हरकत कर सकते हैं।

यूपीएससी में चयनित जिज्ञासा से मिले कलेक्टर

0

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने यूपीएससी परीक्षा में 681 रैंक हासिल करने वाली जिज्ञासा सहारे को बधाई देने उनके संतोषी वार्ड स्थित निवास पहुंचे। कलेक्टर ने जिज्ञासा को उसकी सफलता की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । कलेक्टर के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रकाश सर्वे ने भी जिज्ञासा को शुभकामनाएं दी। उपस्थित परिवार के सभी सदस्यों को भी दोनों अधिकारियों ने बधाई दी। कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे काफी देर तक जिज्ञासा से चर्चा करते रहे और उसे करियर से जुड़े टिप्स देते रहे।

कांग्रेस सरकार ने नक्सल गढ़ में जो जमीन तैयार की थी, उसके सार्थक परिणाम आने लगे : दीपक बैज

0
  •  कांकेर की सफलता के लिए जवानों को सलाम 
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर संभाग के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को मिली सफलता के लिए जवानों को बधाई देते हुए उनकी जांबाजी को सलाम किया है। दीपक बैज ने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार ने पांच साल में बस्तर में एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए जो जमीन तैयार की थी, उसके सार्थक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है – कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को मिली सफलता ऐतिहासिक है, हमारे जवानों की बहादुरी और जांबाजी को सलाम। बैज ने आगे कहा है कि पिछले पांच सालों में विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूलमंत्र को लेकर बस्तर में कांग्रेस की सरकार द्वारा जो जमीन तैयार की गई, उससे राज्य में नक्सली गतिविधियों में 80 प्रतिशत तक कमी आई थी तथा सुरक्षा बलों के प्रति बस्तर के आम आदमी का भरोसा बढ़ा था।

अब उसके सार्थक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। हमारे जवानों को बड़ी सफलता मिल रही है। दीपक बैज का मानना है कि बस्तर के लोगों को विश्वास में लिए बगैर न तो बस्तर का विकास हो सकता है, न नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाया जा सकता है और न ही वनों से आच्छादित एवं बहुमूल्य खनिज संपदा से समृद्ध बस्तर की वैभवशाली धरा का संरक्षण हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए हमारी कांग्रेस सरकार ने ठोस नीति बनाई थी।बैज के मुताबिक बस्तर और राज्य के दूसरे आदिवासी बहुल भागों के समग्र विकास, आदिवासियों की परंपराओं व संस्कृति के संरक्षण, उनके मूलभूत अधिकारों को कायम रखने और नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जो काम किए थे, उनका कोई मुकाबला नहीं है। हमारी सरकार ने शांति, सुरक्षा, विकास और विश्वास के सिद्धांत पर चलते हुए सुरक्षा बलों एवं बस्तर वासियों का मनोबल बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर योजना बनाकर काम किया था। अब उसके सुफल सामने आ रहे हैं। बस्तर में सुरक्षा बलों को लगातार मिल रही सफलता इसका प्रमाण है।

29 नक्सलियों के शव मिले
कांकेर जिले के हापाटोला में मंगलवार को हुई मुठभेड़ के बाद 29 नक्सलियों के शव बरामद हो चुके हैं। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के जवान इन नक्सलियों के शवों को लेकर मुठभेड़ स्थल से पखांजुर थाने के लिए रवाना हो चुकी है। जहां इन नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मारे गए नक्सलियों में 25 लाख का ईनामी हार्डकोर नक्सली कमांडर शंकर राव भी शामिल है। शंकर राव के खिलाफ हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले, हथियार लूटने, सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के दर्जनों मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस को शंकर राव की लंबे समय से तलाश थी।

विकसित भारत का सपना साकार करने केंद्र में तीसरी बार बनाएं मोदी सरकार : किरण देव

0
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया जनता से जीवंत संवाद
  •  कई वार्डों में किरण देव ने किया डोर टू डोर संपर्क 
    जगदलपुर बस्तर लोकसभा सीट पर मतदान के लिए चंद घंटे ही शेष हैं। भारतीय जनता पार्टी बस्तर का किला जीतने के लिए प्रचार प्रसार में पूरी ताकत लगा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर के विधायक किरण देव ने मंगलवार की शाम शहर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गयी रैलियों में शामिल हुए और बस्तर लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने और केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने जनता के बीच पहुंच कर आग्रह किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने शहर के गांधी नगर वार्ड, वल्लभ भाई पटेल वार्ड और जवाहर नगर वार्ड में डोर टू डोर संपर्क किया और जीवंत संवाद स्थापित कर भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को लोकसभा चुनाव में विजयी बनाने अपील की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस वर्षों के कार्यकाल में अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ जन जन को मिला है। उज्ज्वला गैस, प्रधानमंत्री आवास, जनधन खाता, पक्के शौचालय, स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आमजन के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए आयुष्यान योजना जैसे अनेक काम जमीनी स्तर पर पूरे हुए हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तीन माह में ही मोदी की गारंटियों को पूरी गारंटी के साथ पूर्ण कर रही है। देव ने कहा कि प्रदेश के किसानों व तेंदूपत्ता संग्राहकों से किया वादा तय समय में भाजपा सरकार ने निभाया। महतारी वंदन योजना में प्रदेश की माता, बहनों, बेटियों के बैंक खाते में एक- एक हजार रुपये की दूसरी किश्त भी पहुंच गई है। भाजपा जनता जनार्दन से जो वादा करती है, उसे ज़िम्मेदारी से निभाती भी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का सपना साकार कर रहे हैं। मौजूदा लोकसभा चुनाव में आमजन का एक एक मत महत्वपूर्ण है। केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने भाजपा को विजयी बनाएं व बस्तर की युवा आवाज महेश कश्यप को संसद भेजने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सघन जनसंपर्क के दौरान विद्याशरण तिवारी, संजय पाण्डेय, अविनाश श्रीवास्तव, शशिनाथ पाठक, रौशन झा, अभिषेक तिवारी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद थे।

नगरनार इस्पात संयंत्र के नौ पूर्व और वर्तमान अफसर सीबीआई के शिकंजे में

0
  •  मेगा इंजीनियरिंग के बिल भुगतान के बदले 78 लाख की रिश्वत लेने का आरोप

अर्जुन झा

जगदलपुर राष्ट्रीय खनिज विकास निगम एनएमडीसी के नगरनार इस्पात संयंत्र अभी शिशु अवस्था में ही है और इस संयंत्र को भ्रष्टाचार की दीमक लग गई है। अगर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई का आरोप सच है, तो यह नगरनार स्टील प्लांट के भविष्य के लिए चिंता वाली बात है। खबर है कि एक निजी कंपनी से बड़ी रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई ने नगरनार इस्पात संयंत्र के एक भूतपूर्व और आठ मौजूदा अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सीबीआई ने मेगा इंजीनियरिंग के मालिक और एनएमडीसी के नगरनार इस्पात संयंत्र के नौ पूर्व एवं वर्तमान अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। देश के बहु चर्चित इलेक्टोरल बांड खरीदने वालों में दूसरे नंबर पर है नगरनार इस्पात संयंत्र। रिश्वत लेने के मामले में एनएमडीसी के भी अधिकारियों को नामित किया गया है। बताया गया है कि बस्तर जिले के जगदलपुर क्षेत्र में हालिया स्थापित एनएमडीसी एकीकृत इस्पात संयंत्र नगरनार से संबंधित कार्यों के लिए मेगा इंजीनियरिंग के 174 करोड रुपए के बिल को मंजूरी देने के एवज में लगभग 78 लख रुपए की कथित रिश्वत ली गई थी। खबरों के अनुसार रिश्वतखोरी के इस मामले में जिन अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है, उनमें संयंत्र के रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रशांत दशा, डायरेक्टर प्रोडक्शन डीके मोहंती, डीजीएम पीके भुइया, डीजीएम नरेश बाबू, सीनियर मैनेजर सुब्रतो बनर्जी, रिटायर्ड सीजीएम फाइनेंसियल कृष्णमोहन, जीएम फाइनेंस के. राजशेखर, मैनेजर फाइनेंस सोमनाथ घोष शामिल हैं। कहा जा रहा है कि नगरनार इस्पात संयंत्र में इंटेकवेल, पंप हाउस, क्रॉसकंट्री पाइप लाईन समेत कुछ अन्य कार्यों के लिए टेंडर कॉल किए गए थे। लगभग 315 रुपए की लागत वाले इन कार्यों के लिए मेगा इंजीनियरिंग ने भी टेंडर भरा था। मेगा इंजीनियरिंग को सहजता से ठेका मिल गया। इसके बाद उसके बिलों के भुगतान के एवज में रिश्वतखोरी का खेल शुरू कर दिया गया। सीबीआई ने संबंधित अधिकारियों के लैपटॉप और विभागीय दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर अगस्त 2023 से मामले की जांच शुरू की थी।पूरी तरह पड़ताल करने के बाद बीते 18 मार्च को मामला दर्ज किया गया था। बताया जाता है कि संबंधित दागी अफसरों को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है, मगर इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं इस आशय की खबर आम होने के बाद एनएमडीसी और नगरनार इस्पात संयंत्र के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। चर्चा तो यह भी है कि एनएमडीसी और नगरनार इस्पात संयंत्र के कुछ और बड़े अधिकारियों की गतिविधियों पर सीबीआई की नजर है।

भट्ठा बिठाने की साजिश ?

सीबीआई की कार्रवाई के बाद बस्तर अंचल में चर्चा चल पड़ी है कि नगरनार का भट्ठा बिठाने की साजिश रची गई है। शैशवावस्था में ही नगरनार स्टील प्लांट डायलिसीस पर जाता नजर आ रहा है। प्लांट में पहले चोरी की बड़ी घटनाएं कुछ ट्रांसपोर्टर्स और प्लांट के कुछ अफसरों की मिलीभगत से होती रही हैं। कुछ माह पहले ही नगरनार पुलिस ने चोरी का माल लदे दो ट्रक पकड़े थे। एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर वाले दो ट्रकों के जरिए संयंत्र से चोरी का माल बाहर भेजा जाता था। लोगों का कहना है कि अब भ्रष्ट्राचार के आरोप लगाकर संयंत्र को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी शुरू से यह आरोप लगाती आई है कि केंद्र सरकार नगरनार स्टील प्लांट को निजी हाथों में सौंपने जा रही है। इसके लिए देश के एक बड़े और बहु चर्चित औद्योगिक घराने के साथ करार को अंतिम रूप दे दिया गया है। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने इसे बस्तर के लिए बड़ा मुद्दा बना लिया था। वहीं बस्तर के सांसद दीपक बैज नगरनार इस्पात संयंत्र के तथाकथित निजीकरण के मुद्दे को संसद में लगातार उठाते और केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहे हैं। तब भाजपा के शीर्ष नेताओं ने खुले मंच से कहना पड़ा था कि नगरनार इस्पात संयंत्र का निजीकरण नहीं होगा। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के तगड़े विरोध के कारण ही केंद्र सरकार को इस स्टील प्लांट के निजीकरण का फैसला वापस लेना पड़ा। जब संयंत्र का निजीकरण नहीं हो पाया तो अब इसे कबाड़ में बदलने की साजिश शुरू कर दी गई है। सीबीआई की ताजा कार्रवाई को इसी नजरिए से देखा जा रहा है। वहीं नगरनार स्टील प्लांट के अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि इस अधिकारी द्वारा प्लांट के अंदर की गोपनीय बातों को अपने कुछ चहेते पत्रकारों से साझा कर प्लांट को बदनाम किया जा रहा है।

MOST POPULAR

HOT NEWS