City Media - Page 220 of 1845 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 220

दुर्गा वाहिनी का शौर्य प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ

0
  •  प्रशिक्षण लेने पहुंची प्रदेशभर से बालिकाएं 

जगदलपुर विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी का 6 दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय जगदलपुर में आयोजित किया गया है। इसमें प्रांत के विभिन्न जिलों से आई बालिकाएं भाग ले रही हैं। यह वर्ग पूर्णतः आवासीय है जहां सभी बालिकाएं विद्यालय परिसर में रहकर वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

      रविवार को वर्ग के प्रथम दिवस पर सर्व प्रथम मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। तत्पश्चात अमृत वचन एकल गीत गाकर वर्ग का प्रारंभ किया गया। इसके बाद सभी प्रशिक्षणार्थियों का परिचय विशेष अतिथियों से कराया गया। विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी वर्षभर शौर्य प्रशिक्षण शाखा चलाती रहती है।आज से यह शौर्य प्रशिक्षण वर्ग जगदलपुर में आयोजित किया गया है। दुर्गा वाहिनी द्वारा इस शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में राष्ट्र भक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ उन्हें आत्मानिर्भर और सशक्त बनाना, आत्म रक्षा और राष्ट्र रक्षा की भावना बढ़ाने के साथ साथ भारत की सांस्कृतिक परंपरा से बालिकाओं का परिचय कराना भी है। इस प्रशिक्षण द्वारा उनमें आत्मबल और मनोबल विकसित करते हुए आदर्श राष्ट्रवादी तैयार करना है। इसके द्वारा बालिकाओं में शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को बढ़ाना है। इस प्रशिक्षण वर्ग में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री श्री नन्द दास दंडोतिया, दुर्गावाहिनी प्रांत सह संयोजिका भारती सिंह, प्रीति दुबे, विभाग संयोजिका मातृशक्ति उमा गुप्ता, विभाग मंत्री रवि ब्रम्हचारी, मंच पर उपस्थित रहे। शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन करते हुए श्री नंददास दंडोतिया ने इस शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंनेकहा कि बालिकाओं के आदर्श जीवन के लिए यह वर्ग उपयोगी होता है अतः वर्ग का लाभ सभी को अवश्य प्राप्त करना चाहिए। इस वर्ग में अभी तक 130 बालिकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। मंच संचालन जिला संयोजिका शक्ति तनिषा मिश्रा ने किया।आज प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता, अमन शर्मा, पवन राजपूत पूर्व अध्यक्ष हरि साहू, सनी रैली, कैलाश ठाकुर, सुरेंद्र तिवारी अन्य उपस्थित रहे। मातृशक्ति संयोजिका हेमा गुरुवार, जनिता मंडावी, प्रज्ञा आचार्य, पार्वती परिहार उपस्थित थीं।

अब इंद्रवती नदी में भी दिखने लगा साय का सुशासन और केदार का भगीरथ रूप

0
  •  ओड़िशा से छत्तीसगढ़ को मिल रहा है हिस्से का 49 प्रतिशत पानी 
  • आप्लावित होने लगी है अब बस्तर संभाग की गंगा 

-अर्जुन झा-

जगदलपुर पड़ोसी राज्य ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के बीच सालों से चला आ रहा इंद्रावती जोरानाला जल विवाद इंद्रावती विकास प्राधिकरण बनाने वाली पिछली कांग्रेस सरकार तो सुलझा नहीं पाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप की भगीरथी पहल का असर अब बस्तर की गंगा इंद्रावती नदी में दिखने लगा है। इंद्रावती तेजी से जल आप्लावित हो रही है।

जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रवती नदी से छत्तीसगढ़ के हिस्से को मिल रहा पानी 16 प्रतिशत से बढ़कर 49 प्रतिशत मिलने लगा है। यही नहीं आने वाले समय में जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए भी कवायद चल रही है। नदी में साढ़े तीन करोड़ की लागत से इंद्रावती-जोरानाला के अप स्ट्रीम और डाउन स्ट्रीम में जमा सिल्ट, लूज बोल्डर, पत्थर, रेत की बोरियों, मिट्टी आदि को स्थाई रूप से नदी से बाहर करने के लिए उड़ीसा राज्य द्वारा तैयारी कर ली गई है। इससे पानी का बहाव नैसर्गिक तरीके से होता रहेगा एवं छत्तीसगढ़ राज्य को अपने हिस्से का 50 प्रतिशत पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस पर आने वाला खर्च भी उड़ीसा सरकार देगी। स्वीकृति मिलने के बाद एजेंसी तय कर जून 2025 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जल संसाधन मंत्री केदार केश्यप की पहल से यह साकार हो पाया है। गर्मी शुरू होते ही इंद्रावती में जल संकट गहराने लगा था।सिंचाई मंत्री केदार कश्यप ने राजस्थान के उदयपुर में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय जल परिषद की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। बैठक में उड़ीसा के सीएम और जल संसाधन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। समस्या को देखते हुए तय हुआ कि इसका समाधन निकाला जाए। इसी बीच मुख्यमंत्री साय ने उड़ीसा प्रवास के दौरान वहां के सीएम मोहन चरण मांझी के साथ मुलाकात में इस मुद्दे पर उनका ध्यान आकर्षित कराया और इसके बाद तत्काल कवायद शुरू हो गई। दोनों राज्यों के सिंचाई विभाग एवं प्रशासनिक अमले द्वारा संयुक्त अवलोकन किया गया। इसके बाद अस्थाई तौर पर छत्तीसगढ़ की ओर जल प्रवाह में रुकावट बन रही समस्याओं का निराकरण किया गया और हुआ ये कि 16 प्रतिशत जो पानी छत्तीसगढ़ को मिलता था वह बढ़कर पहले 40, फिर 42, फिर 45 और अब 49 प्रतिशत तक पहुंच गया है। समझौते के अनुसार दोनों राज्यों को 50-50 प्रतिशत पानी का करार है। इस तरह से अस्थाई व्यवस्था में 49 प्रतिशत पानी मिलने लगा है, छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग द्वारा 11 अप्रैल को हाइड्रोलिक कंट्रोल स्ट्रक्चर को किए गए मापन में देखा गया की इंद्रावती नदी में जल का प्रवाह 11 क्यूमेक हो गया है जो मार्च के अंतिम सप्ताह में 2 क्यूमेक तक गिर गया था। इंद्रावती में बढ़े जल प्रवाह का लाभ छत्तीसगढ़ राज्य को भी मिल रहा है अब राज्य की ओर 5.4 क्यूमेक जल प्रवाहित हो रहा है अगर इसी प्रकार की स्थिति रही तो बस्तर जिले में जल की उपलब्धता प्रभावी रूप से हो सकेगी साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए प्रयाप्त जल मिल सकेगा।

हटे अवरोध, मिलने लगा पानी

बस्तर जिले में गर्मी के मौसम में पेयजल संकट को देखते हुए छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के अधिकारियों ने 27 फरवरी और 21 मार्च 2025 को इंद्रावती-जोरा नाला के मुहाने का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान बनी सहमति के अनुसार, हाइड्रोलिक कंट्रोल स्ट्रक्चर के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम में जमा रेत, लूज बोल्डर, रेत बोरी और अन्य अवरोधों को हटाकर अस्थायी रास्ता बनाया गया। इस कार्य को 30 मार्च 2025 तक पूरा किया गया।

स्थायी समाधान का प्रयास

दोनों राज्यों के बीच सचिव स्तरीय वार्ता में बस्तर जिले में गहराते पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए जल संसाधन विभाग छत्तीसगढ़ के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो द्वारा छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा और जल बंटवारे को सुनिश्चित करने के लिए स्थायी समाधान पर जोर दिया गया एवं इंद्रावती-जोरानाला मुहाने पर बने हाइड्रोलिक कंट्रोल स्ट्रक्चर के दोनों ओर जमा रेत,पत्थर,मिट्टी और अन्य अवरोधों को स्थायी रूप से हटाने के लिए जल संसाधन विभाग उड़ीसा द्वारा उड़ीसा सरकार को प्रस्तुत साढ़े तीन करोड़ रुपये के प्राक्कलन को यथाशीघ्र स्वीकृति हेतु सचिव जल संसाधन उड़ीसा से आग्रह किया। जिस पर सचिव उड़ीसा ने सहमति दी है। स्वीकृति मिलने के बाद एजेंसी तय कर जून 2025 तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

तैयार होगा पक्का स्ट्रकचर

जोरा नाला की समस्या की जड़ ग्राम सूतपदर है, जहां उड़ीसा सीमा पर इंद्रावती दो धाराओं में बंट जाती है। एक धारा इंद्रावती नदी के रूप में पांच किलोमीटर उड़ीसा में बहकर ग्राम भेजापदर से छत्तीसगढ़ में प्रवेश करती है। यह धारा आगे जगदलपुर और चित्रकोट होती हुई गोदावरी में मिलती है। दूसरी धारा जोरा नाला के रूप में 12 किलोमीटर बहकर शबरी (कोलाब) नदी में मिलती है। पहले दोनों धाराओं में पानी बराबर बंटता था। समय के साथ जोरा नाला का बहाव बढ़ता गया और इंद्रावती का बहाव घटता गया। छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के प्रमुख अभियंताओं की बैठक में निर्णय लिया गया कि इंद्रावती-जोरा नाला संगम पर 50-50 प्रतिशत जल बंटवारे के लिए पक्का स्ट्रक्चर बनाया जाएगा।

इंद्रावती का उदगम स्थल

इंद्रावती का उद्गम उड़ीसा राज्य के कालाहांडी जिले के रामपुर धुमाल नाम के गांव से हुआ है। इंद्रावती नदी 164 किमी उड़ीसा राज्य में बहने के बाद 9 किमी लंबाई में छत्तीसगढ़ और उड़ीसा की सीमा बनाते हुए छत्तीसगढ़ में प्रवेश करती है एवं 232 किमी छतीसगढ़ में बहने के बाद 129 किमी महाराष्ट्र एव छत्तीसगढ़ की सीमा बनाते हुए गोदवारी नदी में मिलती है। इस प्रकार ये नदी 534 किमी बहने के बाद उद्गम स्थल से बहने के बाद गोदावरी में मिलती है।

मासूम से दरिंदगी पर बिफरी पुरोबी वर्मा, कहा- दरिंदे को दी जाए फांसी की सजा

0
  • दुर्ग के दरिंदे के खिलाफ फूटा राजहरा में गुस्सा
  • पूर्व नपा अध्यक्ष पुरोबी वर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने निकाला मार्च

दल्लीराजहरा संभाग मुख्यालय दुर्ग में एक अबोध बच्ची के साथ हैवानियत को लेकर खनिज नगरी दल्ली राजहरा की मातृशक्ति उबल पड़ी है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री पुरोबी वर्मा बच्ची से दुराचार और उसकी हत्या को लेकर बेहद व्यथित और क्षुब्ध नजर आईं।

सर्व समाज समरसता समिति के आव्हान पर दल्ली राजहरा शहर में रैली निकाल कर स्टॉप रेप के नारे के साथ प्रदर्शन किया गया। समिति की महिलाएं दुर्ग में अबोध बच्ची के साथ हुए कृत्य के मामले की जांच और आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए एक ज्ञापन स्थानीय तहसीलदार को सौंपा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेत्री पुरोबी वर्मा के साथ पचासों महिलाओं ने इस रैली में भाग लिया। इस दौरान पुरोबी वर्मा ने कहा कि जिस राक्षस से यह कृत्य किया है, उसे सरेआम फांसी दी जानी चाहिए। उस हैवान ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। उसके घर भी तो बहन बेटियां होंगी, उनकी मर्यादा का भी ध्यान उस राक्षस नहीं रखा। पुरोबी वर्मा ने कहा कि अबोध बच्ची से दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले शख्स के लिए फांसी की सजा भी कम है। उसे ऎसी सजा दी जानी चाहिए कि वह जिंदा लाश बनकर रह जाए और अपनी करनी की सजा वह सड़ सड़ कर भोगे। समाज उसका हमेशा तिरस्कार करता रहे। पुरोबी वर्मा ने दुर्ग के वकीलों के आरोपी का केस न लड़ने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हमारे वकील भाई सब मिलकर उस दरिंदे को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए पहल करें तो और बेहतर होगा। पुरोबी वर्मा ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और पुलिस महानिदेशक ने इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। हमारी सरकार आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए भी प्रयासरत है। कांग्रेस द्वारा इस संवेदनशील मुद्दे पर की जा रही राजनीति को पुरोबी वर्मा ने घृणित कदम बताते हुए उसकी निंदा की है।

शहीद अस्पताल की ओपीडी डॉक्टर कल उपस्थित

0

कल दिनांक 14 अप्रैल 2025 को शहीद अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टर ज्ञान राज यूरोलॉजिस्ट एंड जनरल सर्जन उपस्थित रहेंगे आप सभी से अनुरोध है आपके आसपास कोई व्यक्ति जो ऐसी समस्या से पीड़ित है उन्हें सूचित करने की कृपा करेंl

 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का एयरपोर्ट में किया गया आत्मीय स्वागत

0
  •  सांसद महेश कश्यप के साथ सुकमा गए गृहमंत्री 

जगदलपुर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज रविवार को संक्षिप्त प्रवास पर बस्तर संभाग पहुंचे। स्टेट प्लेन से पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सांसद बस्तर महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही बस्तर आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस., एसपी शलभ कुमार सिन्हा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल और अन्य अधिकारियों द्वारा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वागत किया गया। स्वागत सत्कार के बाद उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और बस्तर सांसद महेश कश्यप हेलीकाप्टर से सुकमा के लिए रवाना हो गए।

डालेश्वरी पाण्डेय के काव्य संग्रह का हुआ विमोचन

0

जगदलपुर कवियित्री श्रीमती डालेश्वरी पाण्डे के काव्य संग्रह ‘जगत जननी’ का विमोचन आज जगन्नाथ मंदिर में किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, जिला भाजपा अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, महापौर संजय पाण्डे, पद्मश्री धरमपाल सैनी, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रकाश झा, उर्मिला आचार्य, सुषमा झा, सुधा परमार, करमजीत कौर, सनत कुमार जैन, शशांक शेंडे, नरेंद्र आदि उपस्थित रहे।

हमारे वीर जवानों ने एकबार फिर दिया अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय: डिप्टी सीएम विजय शर्मा

0
  •  तीन हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराने पर गृहमंत्री शर्मा ने जवानों को सराहा 

जगदलपुर बस्तर के बीजापुर जिले के इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 3 नक्सलियों के मारे जाने पर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे सुरक्षाबल के वीर जवानों ने एक बार फिर अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। मैं सभी जवानों को उनके इस सफल अभियान के लिए हृदय से बधाई और धन्यवाद देता हूं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा नक्सलवाद के समूल उन्मूलन हेतु जो ठोस रणनीति बनाई गई है, उसके अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ कार्य कर रही है। हमें पूरा विश्वास है कि मार्च 2026 तक बस्तर और समूचा देश नक्सलवाद की काली छाया से मुक्त हो जाएगा।

विकास और पुनर्वास की प्रतिबद्धता

डिप्टी सीएम और होम मिनिस्टर विजय शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार सैन्य अभियान के साथ-साथ बस्तर के सर्वांगीण विकास और नक्सलवाद से प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास की दिशा में भी गंभीर प्रयास कर रही है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के मार्ग पर भटके सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे हिंसा का मार्ग छोड़ें और मुख्यधारा में लौटें। राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में नक्सल विरोधी अभियानों में बड़ी सफलता मिली है। इस वर्ष अब तक कुल लगभग 150 नक्सलियों को मुठभेड़ में ढेर किया जा चुका है, जो इस दिशा में हमारी गंभीरता और सफलता को दर्शाता है।

नायब तहसीलदार को शो कॉज नोटिस, रीडर सस्पेंड

0
  • कलेक्टर हरिस एस ने किया तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण 

जगदलपुर कलेक्टर हरिस एस. ने शुक्रवार को जगदलपुर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में तहसील न्यायालय जगदलपुर, फ्रेजरपुर, मारकेल नजूल न्यायालय, भुईया शाखा, नायब नाजिर, आरटीआई शाखा, लोकसेवा केंद्र की सेवाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरण, दांडिक प्रकरण, सीमांकन के प्रकरण, आरबीसी 6-4 के प्रकरण की लंबित प्रकरणों का संज्ञान लिया। लंबित प्रकरणों में देरी की वजह की भी उन्होंने जानकारी लेकर प्रकरण के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मारकेल के तहसील कोर्ट में राजस्व प्रकरण के निराकरण में लंबित संख्या ज़्यादा होने के लिए नाराजगी जताई और नायब तहसीलदार को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व न्यायालय के रिकॉर्ड रूम का भी जायजा लिया और रिकॉर्ड की बेहतर रख-रखाव के लिए समय समय पर रूम की सफाई करवाने कहा। इसी दौरान कार्यालय में मारकेल के रीडर द्वारा न्यायालीन प्रकरणों में पीठासीन अधिकारी के आदेश की अवहेलना करने, सीमांकन और नामांतरण प्रकरणों का पंजीयन नहीं करने एवं प्रकरणों के रख रखाव में लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी को निलंबित करने के भी निर्देश दिए । इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीपी बघेल, एसडीएम भरत कौशिक, तहसीलदार रुपेश मरकाम, नायब तहसीलदार अंकुर रात्रे, आशीष साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मजदूरों के पसीने की कमाई डकार गए सहायक सचिव और विधायक प्रतिनिधि

0
  •  प्रधानमंत्री आवास की मजदूरी राशि डलवा ली अपने खातों में 

बकावंड विकासखंड बकावंड की कुछ ग्राम पंचायतों में घपलेबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पंचायत सचिव और कांग्रेस नेता मिलकर मजदूरों के पसीने की कमाई हजम कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला टलनार ग्राम पंचायत से सामने आया है। मामले की शिकायत सांसद महेश कश्यप एवं कलेक्टर हरिस एस. से की गई है।

तेनसिंह सेठिया, नरसिंह पुजारी व अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की है कि टलनार ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की मनरेगा मजदूरी राशि का गबन किया गया है। प्रधानमंत्री आवास मनरेगा की 90 दिनों की मजदूरी राशि आवास हितग्राही और मजदूरी करने वाले मजदूरों की राशि को उनके खातों में डाल कर पंचयात के सहायक सचिव, पंच और अन्य व्यक्तियों के खाते में राशि मजदूरी मस्टर रोल भरकर राशि का गबन किया गया है। वास्तविक मजदूरों को न देकर पंचायत के जनप्रतिनिधि के खातों में राशि डाली गई है। पूर्व विधायक प्रतिनिधि जानकी राम भारती के नाम पर मस्टर रोल में हाजिरी डाल कर राशि का गबन किया गया है। ग्रामीणों ने सांसद, विधायक, कलेक्टर, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद सीईओ से मामले की जांच कराकर दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करने तथा मजदूरों को उनके हक की राशि दिलाने की मांग की है।

मारा गया अंबेली ब्लास्ट का मास्टर माईंड माटवाड़ा एलओएस कमांडर एसीएम अनिल पुनेम

0
  •  5 लाख रुपए का ईनामी नक्सली था अनिल पुनेम 
  • बीजापुर में हुई मुठभेड़, मारे गए तीन नक्सली 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तरसंभाग के बीजापुर जिले के इंद्रावती क्षेत्र के जंगल में आज हुई मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली अनिल पुनेम सहित तीन नक्सली मारे गए हैं। अनिल पुनेम अंबेली ब्लास्ट का मास्टर माइंड था और सरकार ने उस पर पांच लाख रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था।

इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 210 व 202 की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान फोर्स और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में अब तक 03 वर्दीधारी नक्सलियों माओवादियों के शव बरामद हुए हैं। इनमें से एक की शिनाख्त माटवाड़ा एलओएस कमांडरए सीएम अनिल पुनेम के रूप में हुई है। अनिल पुनेम अंबेली ब्लास्ट का मास्टर माइंड था। वह पांच लाख रुपए का ईनामी नक्सली था। अन्य 2 नक्सलियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

मुठभेड़ स्थल से 3 नग 12 बोर राइफल, सिंगल शॉट राइफल्स एवं अन्य हथियार, विस्फोटक, नक्सली सामग्री बरामद की गई है। इलाके में सर्च अभियान लगातार जारी है। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बीजापुर जिले के इंद्रावती क्षेत्र के जंगल में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ एवं कोबरा 210, 202 की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान आज दिनांक 12 अप्रैल को सुबह 9 बजे इंद्रावती क्षेत्र के जंगल पहाड़ में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम एवं माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई जो रूक-रूक कर लगातार जारी है। मुठभेड़ में अंबेली ब्लास्ट का मास्टर माईंड माटवाड़ा एलओएस कमांडर एसीएम अनिल पूनेम को मार गिराने मे सुरक्षा बलों को कामयाबी मिली है। मारे गये माओवादी पर 5 लाख का इनाम घोषित है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर रेंज में चल रहे प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों की सिलसिला में सूचना आधारित इस ऑपरेशन के लिए संयुक्त टीमों को लॉन्च किया गया था। पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंजकमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय ने मुठभेड़ के सबंध में जानकारी दी है कि जिला बीजापुर के इंद्रावती क्षेत्र के जंगल पहाड़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 3 हार्डकोर नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने मार गिरया है। वर्ष 2024 में नक्सल विरोधी अभियान में प्राप्त बढ़त को आगे बरकरार रखते हुये वर्ष 2025 में भी बीजापुर जिले सुरक्षा बलों द्वारा प्रभावी रूप से प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी सीपीआई माओवादी संगठन के विरूद्ध नक्सल विरोधी अभियान संचालित किए जाने के परिणाम स्वरूप जिला बीजापुर में विगत 102 दिनों में कुल 86 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। वही अलग अलग थाना क्षेत्रों से 173 माओवादियों को गिरफ्तार करने मे सुरक्षा बालों को सफलता मिली है एवं 179 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्समर्पण किया है। माओवादियों के तमाम साजिश एवं कायराना हरकतों के बावजूद भी सुरक्षा बल सदस्यों द्वारा मजबूत मनोबल एवं स्पष्ट लक्ष्य के साथ बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा व विकास हेतु समर्पित होकर कार्य किया जा रहा है।

102 दिन में 121किए गए ढेर

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने बताया कि वर्ष 2024 में नक्सल विरोधी अभियान में प्राप्त बढ़त को आगे बरकरार रखते हुए वर्ष 2025 में भी बस्तर संभाग अंतर्गत सुरक्षा बलों द्वारा प्रभावी रूप से प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी सीपीआई माओवादी संगठन के विरूद्ध नक्सल विरोधी अभियान संचालित किए जाने के परिणाम स्वरूप विगत 102 दिनों में कुल 121 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। सरकार की मंशा और जनता की इच्छा के अनुसार पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में बस्तर रेंज में तैनात डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीएएफ, बस्तर फाइटर्स एवं अन्य समस्त सुरक्षा बल सदस्यों द्वारा मजबूत मनोबल एवं स्पष्ट लक्ष्य के साथ बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा व विकास हेतु समर्पित होकर कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में सर्च अभियान लगातार जारी है।

MOST POPULAR

HOT NEWS