- 360 घर आरण्यक ब्राम्हण समाज का भव्य आयोजन
जगदलपुर रियासत कालीन बस्तर गोंचा पर्व 22 जून को जगदलपुर में देवस्नान चंदन जात्रा पूजा विधान के साथ प्रारंभ हो जाएगा। जगन्नाथ मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे से 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के ब्राह्मणों द्वारा परंपरा अनुसार इंद्रावती नदी के पवित्र जल, पंचामृत, चंदन से भगवान शालिग्राम का अभिषेक किए जाने के बाद प्रभु जगन्नाथ स्वामी, देवी सुभद्रा एवं बलभद्र के विग्रहों को चंदन स्नान करवाया जाएगा।
360 घर आरण्यक ब्राम्हण समाज के अध्यक्ष ईश्वर खंबारी ने बताया कि देवस्नान चंदन जात्रा पूजा विधान के तहत परंपरानुसार 22 जून को ग्राम आसना से भगवान शालिग्राम को श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर में स्थापित किया जाएगा। ततपश्चात 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के ब्राह्मणों द्वारा इंद्रावती नदी का पवित्र जल जगन्नाथ मंदिर लाकर देवस्नान, चंदन जात्रा पूजा विधान संपन्न किया जाएगा। इसके बाद भगवान के विग्रहों को मुक्ति मंडप में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रभु जगन्नाथ स्वामी का अनसर काल शुरू होकर 5 जुलाई तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रभु का दर्शन वर्जित रहेगा। 6 जुलाई को नेत्रोत्सव पूजा विधान के साथ प्रभु जगन्नाथ स्वामी के दर्शन होंगे, 7 जुलाई को गुंडिचा रथ यात्रा पूजा विधान के साथ ही प्रभु जगन्नाथ स्वामी जनकपुरी सिरहासार भवन में 9 दिनों तक रहेंगे, जहां बस्तर गोंचा पर्व के विविध पूजा विधान परंपरानुसार संपन्न किए जाएंगे। इसके साथ ही तय कार्यक्रम के अनुसार अमनिया भोग का भगवान जगननाथ को अर्पण 8 जुलाई से शुरू होकर 14 जुलाई तक जारी रहेगा। इस विधान को पूरा करने की जिम्मेदारी 100 गांवों के 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के सदस्यों के द्वारा परंपरानुसार संपन्न किया जाएगा। बस्तर गोंचा महापर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार 22 जून को देव स्नान पूर्णिमा (चंदन जात्रा) जगन्नाथ स्वामी का अनसर काल प्रारंभ 23 जून से 5 जुलाई तक, नेत्रोत्सव पूजा विधान 6 जुलाई को, श्री गोंचा रथ यात्रा 7 जुलाई को, अखंड रामायण पाठ 10 जुलाई को, हेरा पंचमी 11 जुलाई को, 56 भोग का अर्पण 12 जुलाई को, सामूहिक उपनयन संस्कार 14 जुलाई को, बाहुड़ा गोंचा रथ यात्रा कपाट फेड़ा पूजा विधान 15 जुलाई को, देवशयनी एकादशी पूजा विधान 17 जलाई को संपन्न होंगे। इसी के साथ बस्तर गोंचा महापर्व का परायण आगामी वर्ष के लिए होगा।




बालोद 21 जून 2024 अतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दशम् वर्ष के अवसर पर आज 21 जून को संपूर्ण बालोद जिला योगमय रहा। जिला मुख्यालय बालोद के अलावा जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों, नगरीय निकाय तथा शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों सहित जिले के अमृत सरोवर, आदि के अलावा आम लोगों ने अपने-अपने घरों में भी योगाभ्यास किया। जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा स्थित इन्डोर स्टेडियम में आज आयोजित जिला स्तरीय दसवंे योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, गणमान्य नागरिक पवन साहू एवं श्री चिमन देशमुख सहित कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक एस.आर.भगत, सीईओ जिला पंचायत डॉ. संजय कन्नौजे, डीएफओ बीएस सरोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक जोशी, एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा, श्रीमती तरुणा साहू एवं सुश्री प्राची ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
