City Media - Page 22 of 1840 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 22

बस्तर जिले में 20 मई को बंद रहेगा दवा व्यापार

0

ऑनलाइन विक्रय और ई फार्मेसी का है विरोध

जगदलपुर बस्तर जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिशन द्वारा 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के समर्थन में प्रशासन और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने ऑनलाइन बिकी, अवैध ई-फार्मेसी संचालन और बड़े केमिस्ट संस्थानों द्वारा अपनाई जा रही प्रिडेटरी नीति के विरोध में यह कदम उठाया गया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कैमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर देशभर में लगभग 12.40 लाख केमिस्ट एवं औषधि विक्रेता इस आंदोलन में शामिल होंगे। संगठन का कहना है कि लम्बे समय से केंद्र एवं राज्य स्तर पर सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष मांगे रखी जा रही है लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया हैं ज्ञापन में कहा गया है कि ऑनलाईन दवा आपूर्ति और अवैध ई-फार्मेसी के अनियंत्रित संचालन से लाखों कैमिस्टों की आजीविका प्रभावित हो रही है। साथ जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। संगठन के अनुसार बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिकी, नकली या अप्रमाणित प्रिस्क्रिप्शन का उपयोग, एंटीबायोटिक दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता और फार्मासिस्ट एवं मरीज के बीच प्रत्यक्ष संवाद की कमी जैसे समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

संघ ने ज्ञापन में प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि अवैध ई-फार्मेसी संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा 20 अगस्त 2018 की अधिसूचना एसओ 817 (ई) और 2020 की अधिसूचना एसओ 22 (ई) को वापस लिया जाए। इसके अलावा संस्थानों द्वारा दवाओं पर अपनाई जा रही छूट और मूल्य निर्धारण नीति पर भी रोक लगाने की मांग की गई है। बस्तर जिला ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने प्रशासन और समुदाय से 20 मई को प्रस्तावित दवाओं को समर्थन देने की अपील की है। यह आंदोलन के व्यापारिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। इस दौरान दवा विक्रेता संघ की ओर से अध्यक्ष प्रशांत पाण्डे, सचिव सतीश शुक्ला, कोषाध्यक्ष रोहित महापात्र, उपाध्यक्ष अशद खान, महताब रिजवी, दीपक पांडे, पीआरओ योगेश तिवारी, सह सचिव दिनेश पांडे सहित सभी पदाधिकारियों ने केमिस्ट हित में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

यूजर चार्ज के नाम पर फुटपाथ एवं बाजार के व्यापारियों से नगर निगम सरकार कर रही बेजा वसूली: राजेश चौधरी

0

जगदलपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने संजय बाजार में व्यापारियों से मुलाकात की। नगर निगम प्रशासन द्वारा फुटपाथ एवं बाजार के फुटकर व्यापारियों से यूजर चार्ज के नाम पर की जा रही बेजा वसूली का जमकर विरोध किया गया।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा भाजपा की नगर निगम सरकार व्यापारियों से यूजर चार्ज के नाम पर अवैध वसूली कर रही है।नगर निगम द्वारा व्यापारियों से मनमाने तरीके से किसी से 550 रुपये तो किसी से 600 रुपये तक की रसीद काटी जा रही है, जिससे छोटे व्यापारियों में भारी नाराजगी है। राजेश चौधरी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में व्यापारियों से सालाना मात्र 350 रुपये यूजर चार्ज लिया जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना किसी स्पष्ट नियम और पारदर्शिता के शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नगर निगम सरकार लगातार टैक्स और यूजर चार्ज बढ़ाकर आम जनता एवं व्यापारियों की जेब पर डाका डाल रही है। महंगाई के इस दौर में छोटे और मध्यम व्यापारियों का व्यवसाय पहले ही प्रभावित है, ऐसे में इस प्रकार की अतिरिक्त वसूली पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। राजेश चौधरी ने बताया कि संजय मार्केट के फुटकर और अन्य व्यापारियों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि यूजर चार्ज के नाम पर उनसे रकम वसूली जा रही है।

पहले प्रतिदिन 10 रुपए का अस्थाई दखल शुल्क लिया जाता था। पूर्व की कांग्रेस सरकार ने छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ कम करने अस्थाई दखल शुल्क वसूली बंद करवा दी थी। परंतु भारतीय जनता पार्टी की ट्रिपल इंजन की सरकार आते ही महापौर की सहमति से फुटपाथ पर बैठकर अस्थायी व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों से मासिक 550 रुपए वसूलने का काम नगर निगम सरकार द्वारा किया जा रहा है जो कि कहीं से भी न्याय संगत नहीं है। यदि ऐसा कोई दर राज्य सरकार के द्वारा निर्धारित की गई है या गजट नोटिफिकेशन में आया हो तो भी उसे आयुक्त नगर निगम के द्वारा लागू नहीं किया जा सकता है उसे विधिवत्त मी एवं सामान्य सभा से पारित करने के बाद ही लागू किया जा सकता है। परंतु एमआईसी और सामान्य सभा को ठेंगा दिखाते हुए यह वसूली का कार्य चालू कर दिया गया है। छोटे गरीब व्यापारियों को रकम नहीं देने पर धमकी दी जाती है कि तुम्हारी दुकान को उठाकर फेंक दिया जाएगा सामान जप्त कर लिया जाएगा। यह सरासर दादागिरी है नगर निगम आयुक्त को चाहिए कि पहले राज्य सरकार के निर्देशों को सामान्य सभा से पारित करवाएं, उसके बाद आम सहमति अनुसार उसे लागू किया जाए। किसी व्यापारी से 250 रुपए तो किसी व्यापारी से 550 रुपए और उसी तरह के काम वाले व्यापारी से 600 रुपए सालाना दर से रसीद काटी गई है। व्यापारी सैकड़ों की संख्या में आते हैं तो क्या रसीद सैकड़ों की संख्या में कट कर रकम नगर निगम के कोष में जमा हो रही है? जिस प्रकार से वहां के व्यापारी बता रहे हैं यदि हम अलग से खर्चा पानी देते हैं तो रसीद कम का काटा जाता है और यदि खर्चा पानी नहीं देते हैं तो प्रतिमाह 550 देना पड़ता है। राजेश चौधरी ने कहा है कि दादागिरी के साथ संजय बाजार में वसूली करना न्याय संगत नहीं है।कांग्रेस पार्षद दल महापौर से एवं आयुक्त से आग्रह किया है कि इस प्रकार की बिना सिर पैर की वसूली तत्काल प्रभाव से बंद करें और नियमतः जो चार्ज लिया जाना है उसे पर अमल करें।अन्यथा कांग्रेस पार्सल दल द्वारा जल्द ही इस मुद्दे को लेकर मुहिम छेड़ी जाएगी और आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने भाजपा की नगर निगम सरकार पर बाजार व्यापारियों से यूजर चार्ज के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। भाजपा की नगर निगम सरकार आम जनता और व्यापारियों की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल वसूली करने में लगी हुई है। बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट के दौर में व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ डालना पूरी तरह जनविरोधी निर्णय है। कांग्रेस नेता राजेंद्र पटवा ने कहा कि भाजपा सरकार की यह नीति उसकी कुंठित मानसिकता को दर्शाती है, जहां जनहित की बजाय केवल राजस्व वसूली पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि यूजर चार्ज में की गई बढ़ोत्तरी को तत्काल वापस लिया जाए और व्यापारियों को राहत दी जाए। इस दौरान पार्षद शेख जाहिद हुसैन, शुभम यदु, राकेश मौर्य, शादाब अहमद लोकेश नंदा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर नागरिकों की सहभागिता से ही संभव: मेयर संजय पाण्डेय

0

महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

स्वच्छता महाअभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत स्वच्छता महा अभियान 2026 के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन महाराणा प्रताप वार्ड के डोंगरी सेंटर में किया गया। कार्यक्रम महापौर संजय पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान आमजन को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाकर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर लोगों को 4 प्रकार से कचरे का पृथक्करण करने हेतु प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया। गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू हानिकारक कचरा एवं सैनिटरी वेस्ट को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कचरे का सही पृथक्करण स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण एवं बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। महापौर संजय पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से घर-घर में कचरा पृथक्करण अपनाने एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

नगर निगम जगदलपुर द्वारा पूर्व से ही स्वच्छता के प्रति लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्वच्छता रैलियां, जनसंपर्क अभियान एवं नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने जैसी गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। स्वच्छता महाअभियान 2026 इसी दिशा में शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, राणा घोष, योगेंद्र पाण्डे, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद नेहा ध्रुव, पारुल बोथरा, श्यामसुंदर बघेल, बसंती समरथ, गायत्री बघेल, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, हेमंत श्रीवास, अजय बनिक, पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. केके देव, डॉ. गीतिका ध्रुव, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ एनके मांझी, स्ट्रे सेफ फाउंडेशन से लुप्तेश जगत, राजीव निगम, राजपाल कसेर, नवीन बोथरा आदि उपस्थित रहे।

महापौर संजय पांडे ने श्वान पूजा कर की शहर के प्रथम एबीसी सेंटर की शुरुआत

0

अभियान में सहयोग करें शहरवासी: संजय पाण्डेय

सेंटर में होगा आवारा कुत्तों का बधियाकरण और टीकाकरण

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर को श्वान जनित समस्याओं से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महाराणा प्रताप वार्ड के एसएलआरएम डोंगरी सेंटर के पास एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी) का उद्घाटन महापौर संजय पांडेय, एमआईसी टीम, पार्षदों एवं निगम अमले द्वारा श्वान का विधिवत पूजन कर उन्हे दूध पिलाकर एवं आहार खिलाकर विधिवत शुभारंभ किया गया।

श्वानों के संबंध में लगातार आ रही शिकायतों को महापौर संजय पांडेय ने संज्ञान में लेकर पशु प्रेमी संगठन से सहयोग लिया तथा पशु विभाग, नगर निगम की अलग-अलग कमेटियां बनाकर सभी की जिम्मेदारियां तय की। कमेटियां बधियाकरण कार्य संचालन हेतु नियुक्त स्नेह एनीमल वेलफेयर सोसायटी के कार्यों में सहयोग तथा निगरानी करेंगी। शहर के पशु प्रेमी संस्था स्ट्रे सेफ फाउन्डेशन के लुप्तेश जगत, मानसी गुप्ता, पूजा सिंह, अभिषेक मिश्रा, रुपाली परोई एवं उनकी टीम का लगातार सहयोग मिल रहा है। लुप्तेश जगत को निगरानी समिति के सदस्य बनाया गया है जिससे कि श्वानों को पकड़ने के कार्य में उन्हे नुकसान न पहुचे तथा उनकी देखभाल में कमी न हो। धरमपुरा के अलग-अलग क्षेत्र से पकड़े गए 22 आवारा श्वानों को एबीसी सेंटर में स्नेह एनीमल वेलफेयर सोसायटी के डॉ. विवेक सांगवान, डॉ. विनीत यादव एवं टीम द्वारा प्री-केयर केनल में रखा गया है। इन श्वानों का बधियाकरण, डी-वार्मिंग तथा रेबीज टीकाकरण किया जाएगा। इसके पश्चात तीन दिन तक पोस्ट केयर में रखकर उनकी सेवा की जाएगी। पूर्ण स्वास्थ्य लाभ दिलाने के बाद उन्हें पुनः उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा जहां से उन्हें पकड़ा गया था।

आने वाले समय में शहर के विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जाएगा, जिससे आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित होने के साथ साथ शहर में आवारा श्वान के भय से मुक्त वातावरण तैयार किया जा सके। प्रतिमाह 500 श्वानों का बधियाकरण कार्य का लक्ष्य रखा गया है। बधियाकरण में निकाले गए आर्गन को सुरक्षित रखा जाए गा तथा लक्ष्यपूर्ति के बाद पशु विभाग के विशेषज्ञों के निगरानी में वैज्ञानिक विधि से उनका निष्पादन किया जाएगा। निगरानी समिति में नोडल अधिकारी गोपाल भारद्वाज कार्यपालन अभियंता, सहायक नोडल अधिकारी हेमंत श्रीवास स्वास्थ्य अधिकारी, सदस्य डाॅ. गीतिका ध्रुव पशु चिकित्सक सहायक शल्यज्ञ, अजय बनिक स्वच्छता निरीक्षक, लुप्तेश जगत स्ट्रे सेफ फाउन्डेशन शामिल हैं। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने वार्डों में आवारा श्वानों की जानकारी निदान के टोल फ्री नंबर 1100, स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत श्रीवास को मोबाईल नंबर 9425266016 पर एवं लुप्तेश जगत को मोबाईल नंबर 9770102327 पर दे सकते हैं। ताकि श्वानों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से बधियाकरण कर शहर में सुरक्षित वातावरण बनाया जा सके। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, राणा घोष, योगेंद्र पाण्डे, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद नेहा ध्रुव, पारुल बोथरा, श्यामसुंदर बघेल, बसंती समरथ, गायत्री बघेल, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, हेमंत श्रीवास, अजय बनिक, पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. केके देव, डॉ. गीतिका ध्रुव, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ एनके मांझी, स्ट्रे सेफ फाउंडेशन से लुप्तेश जगत, राजीव निगम, राजपाल कसेर, नवीन बोथरा उपस्थित रहे।

मेयर पाण्डेय की अपील

महापौर संजय पाण्डेय ने कहा है कि नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह एबीसी अभियान शहर में आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने के साथ-साथ रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम में भी सहायक सिद्ध होगा। शहर को श्वान जनित समस्याओं से मुक्त करने के इस महा अभियान में सभी पशु प्रेमियों एवं आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। मेयर श्री पाण्डेय ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपने क्षेत्रों में आवारा श्वानों की जानकारी निगम द्वारा जारी हेल्पलाईन नंबर बर पर दें जिससे सभी श्वानों का व्यवस्थित उपचार एवं बधियाकरण किया जा सके।

शैक्षणिक भ्रमण में बस्तर की संस्कृति और इतिहास से रूबरू हुए बालगृह के बच्चे

0

बच्चे दशहरा पसरा, कलेक्टर कार्यालय पहुंचे

जगदलपुर शनिवार को एक दिवसीय ग्रीष्मकालीन शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह भ्रमण बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई के मार्गदर्शन एवं कैटलिस्ट फॉर सोशल एक्शन के सहयोग से बाल गृह बालक एवं बालिका में निवासरत देखरेख, संरक्षण एवं आवश्यकता वाले बच्चों के लिए आयोजित किया गया।

भ्रमण के दौरान बच्चों को कलेक्टर कार्यालय ले जाया गया, जहां उनकी मुलाकात अपर कलेक्टर बस्तर सीपी बघेल से हुई। अपर कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीयता के साथ चर्चा करते हुए उन्हें जीवन में शिक्षा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के महत्व के बारे में प्रेरणादायी बातें बताईं। श्री बघेल ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर कार्यालय में मुलाकात के बाद बच्चे काफी उत्साहित एवं प्रेरित नजर आए। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को बस्तर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक धरोहरों से परिचित कराया गया। बच्चों को पुराना तहसील कार्यालय स्थित दशहरा पसरा ले जाया गया, जहां उन्होंने बस्तर दशहरा की आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर अर्जुन श्रीवास्तव ने बच्चों को विश्व प्रसिद्ध 75 दिनों तक चलने वाले बस्तर दशहरा पर्व की परंपरा, इतिहास एवं सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात बच्चों ने पुरातत्व संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां उन्होंने बस्तर की प्राचीन संस्कृति और पुरातात्विक धरोहरों से जुड़ी वस्तुओं को देखा। उपस्थित कर्मचारियों ने संग्रहालय में रखी गई ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक सामग्रियों की जानकारी बच्चों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया।

इसके बाद बच्चों ने आमागुड़ा स्थित जनजातीय गौरव वाटिका का भ्रमण किया, जहां उन्हें पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान बच्चों को वृक्षारोपण के महत्व एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की भूमिका के बारे में भी समझाया गया।इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्रही, सदस्य वर्षा श्रीवास्तव, धनेश्वरी वर्मा, रामकृष्ण ठाकुर, संतोष जोशी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. विजय शंकर शर्मा, संस्थागत अधिकारी मनोजकांत जोशी, सीएसए के प्रोग्राम अधिकारी योगेश ठाकुर, सुनीता देवांगन, महेश्वरी सरवन, सरिता दुबे, मंगली कुंजाम, इंद्रा पद्माकर, सोमनाथ बघेल, शुभम माली, रुचि माली, सत्यजीत शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

धर्मांतरित शिक्षिका के शव को दफनाने के मसले पर करंदौला गांव में बवाल

0

वन विभाग की जमीन को कब्रिस्तान बनाने की कोशिश का लगाया आरोप

पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला

जगदलपुर बस्तर जिले की भानपुरी तहसील के करंदौला ग्राम में धर्मांतरित हो चुकी 83 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका रुक्मिणी कुर्रे की मौत के पश्चात उसकी लाश को गांव में दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।ग्रामीणों ने गांव में स्थित वन विभाग की जमीन पर शव दफनाने से रोक दिया। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। भानपुरी पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव को करकापाल में दफनाने पर सहमति बनी।

जिला मुख्यालय जगदलपुर से महज 20 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत करंदोला में एक ईसाई मतांतरित महिला रुक्मणि कुर्रे की मृत्यु हो गई थी। 83 वर्षीय रुक्मणि कुर्रे सेवनिवृत शिक्षिका थीं। आरोप है कि ईसाई समुदाय के लोग अवैध तरीके से वन विभाग की जाली लगी हुई जमीन पर फेंसिंग तार एवं पोल को तोड़कर कफन दफन करने की फिराक में थे। जैसे ही ग्रामीणों को पता चला एक दूसरे को सूचित कर गांव के लोग कफन दफन वाले स्थान पर जमा हो गए। वहां कब्र के लिए गड्ढा खोदा जा चुका था। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए जमीन पर कथित कब्जा करने से रोक दिया। जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर दोनों पक्षों को शांत करने में लग गई। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का पुरजोर विरोध जारी रहा। ग्रामीणों के कड़े तेवर को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शव को जगदलपुर करकपाल कब्रिस्तान में ले जाकर दफनाने की सलाह मृतका के परिजनों को दी, जिस पर परिजन मान गए। बजरंग दल विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। बस्तर क्षेत्र में ऐसी कई घटनाएं घट चुकी हैं और बजरंग दल सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार अपनी कार्य करता है। बस्तर पांचवीं अनुसूची क्षेत्र है, जहां पेसा कानून लागू है। बस्तर जैसे शांतिप्रिय क्षेत्र में ईसाई मिशनरी गांवों में माहौल खराब कर रही है। यह निंदनीय कृत्य है और इसके चलते बार बार अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ईसाई मिशनरी संविधान की दुहाई देती है, मगर उसका पालन नहीं करती। सिकंदर कश्यप ने आगे कहा कि सुप्रीप कोर्ट का सख्त निर्देश है सरकार द्वारा आबंटित भूमि पर बने कब्रिस्तान पर ही कफन दफन हो। अगर यह ईसाई मिशनरी अपनी करतूत से बाज नहीं आती है, तो सभी सनातनी हिंदू समाज एवं बजरंग दल के लोग उनका पुरजोर विरोध करते रहेंगे। इस अवसर पर मध्य बस्तर विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप, विभाग सेवा प्रमुख अनिल अग्रवाल, जिला सह मंत्री घनश्याम नाग, सह संयोजक योगेश रैली, युवा मोर्चा मंत्री रामप्रसाद मौर्य, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कमलेश दीवान, प्रखंड उपाध्यक्ष महेंद्र देवांगन, संयोजिका आस्था गुप्ता, प्रखंड संयोजक छबिल ठाकुर, जागेश्वर कश्यप, नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु, नगर संयोजक जगदीश ठाकुर, गौ रक्षा प्रमुख देव यादव, शत्रुघ्न कश्यप, सह गौ रक्षा प्रमुख पवन नामदेव, पूर्व जिला संयोजक नरेश कोरी, ओमप्रकाश कश्यप, अशोक ताम्रकार, नरेंद्र राठौर एवं संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।विदित हो कि भानपुरी तहसील में वर्षों से धर्मांतरण का खेल चल रहा है, चूंकि यह क्षेत्र वर्तमान केबिनेट मंत्री केदार कश्यप जी का है अतः विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता अब ऐसे मामले पर काफी तीखी प्रतिक्रिया दे कर इसका विरोध करने लगे हैं।

वर्सन

समझाईश से शांत हुआ माहौल

पुलिस को मौखिक जानकारी मिली थी। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमारी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हमने दोनों पक्ष को समझाईश दी। इसके बाद शव को करकापाल ले जाकर दफनाने पर सहमति बनी।

उद्योग भूमि में डायवर्सन शुल्क छूट ऑनलाइन न मिलने पर स्वाधीन जैन ने चेंबर अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

0

चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने दिया आश्वासन

दल्लीराजहरा छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रायपुर के बालोद जिला मंत्री स्वाधीन जैन ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी को ज्ञापन सौंपा। स्वाधीन जैन ने बताया है कि छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत एमएसएमई एवं विनिर्माण इकाइयों को औद्योगिक प्रयोजन हेतु भूमि डायवर्जन शुल्क में लगभग 50 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान किया गया है। परंतु वर्तमान में ऑनलाइन भूमि डायवर्सन पोर्टल में उक्त छूट का विकल्प उपलब्ध नहीं हो रहा है।

चेंबर के जिला मंत्री स्वाधीन जैन ने कहा है कि इस तकनीकी खामी के कारण नए उद्योग स्थापित करने वाले एमएसएमई उद्यमियों को शासन द्वारा घोषित छूट का लाभ ऑनलाइन प्रक्रिया में प्राप्त नहीं हो पा रहा है तथा उन्हें पूरा शुल्क भुगतान करना पड़ रहा है। इससे नए एवं लघु उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को शुरुआत में ही आर्थिक व प्रक्रियात्मक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बालोद जिला मंत्री स्वाधीन जैन ने कहा कि शासन की मंशा उद्योगों को प्रोत्साहन देने की है, परंतु ऑनलाइन प्रणाली में आवश्यक प्रावधान उपलब्ध नहीं होने से नीति का वास्तविक लाभ जमीनी स्तर पर प्राप्त नहीं हो पा रहा है। उन्होंने चेंबर अध्यक्ष से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर आवश्यक तकनीकी अपडेट करवाने हेतु उचित पहल करें, जिससे पात्र औद्योगिक इकाइयों को शासन द्वारा निर्धारित भूमि डायवर्सन शुल्क छूट का लाभ ऑनलाइन प्रक्रिया में भी सुगमता से प्राप्त हो सके।इस अवसर पर ज्ञापन सौंपते समय चेंबर के पदाधिकारी राजेश वाशवानी कार्यकारी अध्यक्ष, जसप्रीत सलूजा कार्यकारी अध्यक्ष, युवा नेता जयदीप गुप्ता, दिलीप इसरानी, जीतू शादीजा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए कहा कि इस विषय पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मिलकर चर्चा की जाएगी और समस्या का शीघ्र निदान कराया जाएगा।

95% अंक लाकर सिद्धार्थ गौतम हुमने ने बढ़ाया दल्लीराजहरा का मान, बालोद जिला मेरिट के टॉप-10 में बनाई जगह

0

दल्लीराजहरा। शासकीय प्राथमिक शाला केलाबाड़ी क्रमांक-02, दल्लीराजहरा के छात्र सिद्धार्थ गौतम हुमने ने कक्षा 5वीं केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बालोद जिले की मेरिट सूची के टॉप-10 में स्थान हासिल किया है। सिद्धार्थ की इस उपलब्धि से विद्यालय, संकुल पुराना बाजार राजहरा तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।सिद्धार्थ गौतम हुमने पिता श्री खेलू राम हुमने की इस सफलता पर विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती दीप्ति पाण्डेय सहित समस्त शिक्षकों ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि सिद्धार्थ ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।विद्यालय परिवार ने सिद्धार्थ की इस उपलब्धि को शाला के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि लगातार बेहतर शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। इस अवसर पर छात्र की सफलता पर अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे आगे भी इसी तरह सफलता प्राप्त करने हेतु शुभकामनाएं दीं।

बंग समाज ने मनाई विश्वकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती

0

दल्लीराजहरा। बांग्ला पंचिशे बैशाख के अवसर पर दल्लीराजहरा बंग समाज द्वारा शुक्रवार 09 मई 2026 को विश्वकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कविगुरु के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर बंग समाज के वरिष्ठ श्री गगन पंड्या, सचिव श्री कनक बैनर्जी, पूर्व सचिव श्री गौतम बेरा, महिला समाज की अध्यक्ष श्रीमती पुरोबी वर्मा, उपाध्यक्ष श्रीमती रिना पंड्या तथा कालीबाड़ी सचिव श्री मदन माइती की गरिमामयी उपस्थिति में कविगुरु को धूप-दीप अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बंग समाज की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत रविन्द्र संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। कविगुरु का प्रसिद्ध गीत “एकला चलो रे” मुनमुन सिन्हा, मिठू कार्फा, कीया आचार्य, लेखा हंसपाल, राजोशी चक्रवर्ती एवं रुना दास द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।एकल गायन में देबोल्लिना भट्टाचार्य एवं मिठु कर ने मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं कविता पाठ श्री गगन पंड्या, मिठू कार्फा एवं दीपक मंडल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सांस्कृतिक संयोजक श्री अशोक आईच रहे तथा सफल संचालन श्रीमती मुनमुन सिन्हा ने किया।कार्यक्रम के अंत में श्री गौतम बेरा ने आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में गौतम बोस, एस.सी. सरकार, गौतम माइती, जयंतो चक्रवर्ती, निलाद्री आचार्य, सजल राय, काजल सिंघा, टूपा आईच, जयंती बोस एवं सेन जी का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर बंगाली समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

ब्रेन तक पहुंची सेरिब्रल टीबी, सीसीएसएच में मिला नया जीवन

0

कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुआ सफल इलाज

न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने किया मरीज का ईलाज

जगदलपुर सेरिब्रल टीबी के एक जटिल मामले में बेहतर उपचार और मरीज के स्वस्थ होने की सफलता कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को मिली है। बताया जाता है कि मरीज बीते करीब 2 महीनों से टीबी से पीड़ित था। इसके बाद उसे अचानक तेज सिरदर्द की शिकायत हुई। जब वह कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियेलिटी हॉस्पिटल पहुंचा तो जांच में पता चला कि उसके मस्तिष्क में ट्यूबरकुलर एब्सेस हो गया है। डॉक्टरों ने फौरन मरीज का ऑपरेशन किया और उसे राहत दी।

सेरिब्रल टीबी का यह बस्तर संभाग में पहला मामला है, जिसे कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक ठीक कर दिया है। फिलहाल मरीज को टीबी की दवाओं का पूरा कोर्स करने की सलाह दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक ओडिशा के कोसागुमड़ा के जोबागुड़ा निवासी 33 वर्षीय गोपाल भतरा बीते दो महीनों से फेफड़ों की टीबी से पीड़ित था। करीब एक महीने पहले अचानक उसे तेज सिरदर्द की शिकायत शुरू हो गई। गोपाल के परिजन उसे तेज सिरदर्द के चलते कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लेकर आए। यहां न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने उनका सीटी स्कैन करवाया। सीटी स्कैन में पता चला कि उसके मस्तिष्क के दाहिनी तरफ टीबी का संक्रमण फैल चुका है और इसी संक्रमण के कारण मस्तिष्क में दाहिनी तरफ ही एक बड़ी गठान बन चुकी है। कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने उसकी हालत देख तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि गठान का आकार करीब 6.5 x 5.5 सेंटीमीटर और उसकी मोटाई करीब 3.3 मिलीमीटर तक है। इस बड़ी गठान के कारण मरीज की जान तक जा सकती थी, इसलिए उसे तत्काल निकाला जाना बेहद जरूरी था। करीब 2 घंटे तक चले ऑपरेशन के दौरान कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने पहले इस गठान के अंदर भरे 35 मिलीलीटर से ज्यादा मवाद निकाला, इसके बाद उन्होंने पूरी गठान को उसके मस्तिष्क से निकाल दिया। अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है और कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने उसे टीबी की दवा का कोर्स पूरा करने की सलाह दी है। कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने बताया कि टीबी की शिकायत होने पर अनिवार्य रूप से नियमित तौर पर इसकी दवाएं लेनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर कई तरह की समस्या पैदा हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने मस्तिष्क या दिमागी संबंधी किसी भी समस्या की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

MOST POPULAR

HOT NEWS