जगदलपुर। बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई, शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर के स्वयंसेवकों ने राहत एवं सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।NSS स्वयंसेवक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में स्वयंसेवक भीमसिंह मंडावी एवं सुखदेव के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर करीब 2000 बाढ़ पीड़ित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई।इस दौरान प्रभावित लोगों को भोजन, कैंडल, बिस्किट सहित आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। स्वयंसेवकों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।भुवनेश्वर कश्यप ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानव सेवा है। राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य भी समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करते हुए सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।इस राहत कार्य में भीमसिंह मंडावी एवं सुखदेव ने सक्रिय रूप से सहयोग करते हुए बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छत्तीसगढ़ में 125 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के अपर कलेक्टर बदले
नवा रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित करते हुए आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना दी गई है।जारी सूची में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों के पदस्थापना स्थल में बदलाव किया गया है। बालोद जिले से भी कई अधिकारियों का तबादला हुआ है

। अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक को बालोद से सारंगढ़-बिलाईगढ़ का अपर कलेक्टर बनाया गया है। वहीं अपर कलेक्टर गिरधारी लाल यादव को मुंगेली से बालोद पदस्थ किया गया है।इसके अलावा आदेश में डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों के भी विभिन्न जिलों में स्थानांतरण किए गए हैं। प्रेमूलाल साहू, जो दुर्ग में डिप्टी कलेक्टर थे, को राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर में अवर सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं गोविंद कुमार सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर नारायणपुर, को छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड, रायपुर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।सामान्य प्रशासन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना में कार्यभार ग्रहण कर पालन प्रतिवेदन तत्काल विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश 29 सितंबर 2026 को जारी किया गया है।
बाढ़ और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर रहे पूर्व विधायक चंदन कश्यप, ग्रामीणों का दर्द बांटकर प्रशासन से की 50,000 रुपये तत्काल राहत राशि की मांग
भानपुरी l क्षेत्र में लगातार हुई मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न हुई बाढ़ व जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए पूर्व विधायक श्री चंदन कश्यप ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम घोटिया, नारायणपाल, राजपुर, सरगीगुड़ा, कोहका सिवनी और पालाबहार पहुंचकर सीधे बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों, किसानों और माता-बहनों से मुलाकात किया तथा उनका हाल-चाल जाना।राशन की समस्या पर तत्काल एक्शन: ग्राम कोहका सिवनी में मुलाकात के दौरान माता-बहनों ने राशन नहीं मिलने की गंभीर समस्या पूर्व विधायक को बताई।

उनकी पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए कश्यप ने मौके से ही उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की और प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राशन उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।साथ ही गांवों में पहुंचकर घरों में पानी भरने, रोजमर्रा की बाधाओं और खेतों में पानी भरने से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिस फसल के लिए किसान ने महीनों मेहनत की, पूंजी लगाई और उम्मीदें जोड़ीं, आज उसके नुकसान से किसान गहरी चिंता और आर्थिक संकट में है।और श्री कश्यप ने राज्य सरकार और प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि बाढ़ उतरते ही तुरंत सर्वे करवाया जाए। बाढ़ और जलभराव से प्रभावित किसानों को फसल नुकसान के आधार पर उचित मुआवजे के साथ-साथ कम से कम ₹50,000 की तत्काल राहत राशि दी जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।”किसान की फसल का नुकसान केवल खेत का नुकसान नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार की आजीविका पर आघात है।

ऐसे कठिन समय में सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ आगे आकर किसानों का हाथ थामना चाहिए।” ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी के अध्यक्ष धनुर्जय नेताम ने भी कहा कि राहत केवल औपचारिकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि किसानों की वास्तविक जरूरत के अनुरूप समय पर मिलनी चाहिए।इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी के अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, निलय कश्यप (नानु), जीवन सेठिया, मोसूराम बघेल, सुखराम बघेल, सत्यकान्त कश्यप, सोनधर दिवान, छोटू चौबे, प्रमोद मौर्य, त्रिलोक कश्यप, चिंगडु कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं पूर्व विधायक के समक्ष रखीं।
मधोता-2 में उल्लास महापरीक्षा, नवसाक्षरों ने दी उत्साहपूर्ण भागीदारी
खैरगुड़ा में 51 और मुंडकटिया में 16 लोगों ने दी परीक्षा-महिलाओं की
जगदलपुर नवभारत उल्लास साक्षरता महापरीक्षा का आयोजन प्राथमिक शाला खैरगुड़ा एवं पूर्व माध्यमिक शाला मुंडकटिया में संपन्न हुआ। दोनों परीक्षा केंद्रों में नवसाक्षरों ने उत्साह के साथ परीक्षा में हिस्सा लिया। प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में 51 परीक्षार्थियों, जबकि पूर्व माध्यमिक शाला मुंडकटिया में 16 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
खैरगुड़ा परीक्षा केंद्र की खास बात यह रही कि यहां पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की अधिक भागीदारी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं परीक्षा केंद्र पहुंचीं और उत्साह के साथ परीक्षा में शामिल हुईं। ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की यह सहभागिता साक्षरता के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है। उल्लास महापरीक्षा के माध्यम से ऐसे नवसाक्षरों को अपनी पढ़ने-लिखने की क्षमता परखने का अवसर मिला, जिन्होंने साक्षरता कार्यक्रम के तहत बुनियादी शिक्षा हासिल की है। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के साथ परीक्षा कराई गई तथा परीक्षार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।खैरगुड़ा परीक्षा केंद्र में नोडल अधिकारी हरदेव बघेल, केंद्राध्यक्ष छन्नूराम मंडावी एवं सह केंद्राध्यक्ष चिंगड़ूराम कश्यप थे। वहीं मुंडकटिया परीक्षा केंद्र में नोडल कृष्णा सिंह ठाकुर, केंद्राध्यक्ष लोकेश्वर यदु एवं सह केंद्राध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने परीक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लास महापरीक्षा के आयोजन से नवसाक्षरों में शिक्षा के प्रति उत्साह देखने को मिला। खासकर खैरगुड़ा में महिलाओं की अधिक भागीदारी ने साक्षरता अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका को सामने रखा।
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिये आगे आया शिक्षक संघ
जगदलपुर। बस्तर जिले में इंद्रावती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण आए बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन आगे आया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा जगदलपुर के राहत शिविरों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियां वितरित की गईं। शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने अंजुमन इस्लामिया उर्दू स्कूल और भैरमगंज स्कूल जगदलपुर प्रांगण में संचालित राहत शिविरों का दौरा किया। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों को दैनिक दिनचर्या में उपयोगी वस्तुएं जैसे साबुन, तेल, शैम्पू और टूथपेस्ट आदि राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश पदाधिकारी प्रवीण श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष लुदरसन कश्यप, जिला सचिव मोहम्मद ताहीर शेख, जिला कोषाध्यक्ष अमित पॉल और सीएसी दीपक यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
क्षतिग्रस्त मकान पर सरकार देगी 1.20 लाख का मुआवजा, सीएम राहत कोष से भी 10 हजार: मुख्यमंत्री साय
सीएम विष्णु देव साय ने किया बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
जगदलपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सोमवार को अतिवृष्टि एवं बाढ़ प्रभावित बस्तर संभाग के बस्तर और सुकमा जिलों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ और बारिश में पूर्णतः क्षतिग्रस्त प्रत्येक मकान के पुर्ननिर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से भी 10-10 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। क्षतिग्रस्त फसलों और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों का भी मुआवजा दिया जाएगा।

बस्तर में तीन दिन तक हुई घनघोर और इंद्रावती समेत तमाम नदी नालों में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हालात का जायजा लेने आज बस्तर संभाग के दौरे पर आए थे। उन्होंने सुकमा और बस्तर जिलों के प्रभावित इलाकों का दौरा किया। श्री साय ने प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में जाकर पीड़ितों से मुलाकात की और इंतजामों का जायजा भी लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से भेंटकर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने आश्वस्त किया। वहीं हरेक प्रभावित परिवार को शासन की सहायता के साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से दस-दस हजार रुपए की मदद देने की घोषणा की। उन्होंने बाढ़ से उत्पन्न स्थिति, प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा प्रशासन द्वारा संचालित राहत कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को उक्त दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ प्रभावित सुनील पिता दशरथी और कुशल पिता दशरथी से उनके परिवारों से चर्चा करते हुए कहा शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही अन्य बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंटकर उन्हें मदद देने भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए और किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बस्तर जिले में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार राहत दलों को तत्काल सक्रिय करने के लिए कहा। विशेष तौर पर बाढ़ का पानी कम होने के बाद शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशीलता के साथ मकान, फसल, पशुधन क्षति का सर्वे कर आंकलन किए जाने सहित संबंधित परिवारों को सहायता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विषम परिस्थितियों में शासन-प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम के सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इतने गांव हुए प्रभावित
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को जानकारी दी की भारी बरसात और बाढ़ से प्रदेश के 571 गांव और 22 हजार 375 लोग प्रभावित हुए हैं। पूरे प्रदेश में 173 जगह राहत कैंप खोले गए हैं। प्रदेश भर में 16 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। प्रदेश में 199 मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हुए हैं। 8 जनहानि और 172 पशु धन की हानि हुई है। पूर्णतः क्षतिग्रस्त प्रत्येक मकान पर 1.20 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से भी 10-10 हजार की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि फसल क्षति और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों पर भी मुआवजा दिया जाएगा।
मेयर पांडे और कलेक्टर छिकारा की तारीफ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आपदा के हालात से निपटने और पीड़ितों की मदद के लिए किए गए इंतजामों को लेकर जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय और कलेक्टर आकाश छिकारा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बस्तर जिला प्रशासन, कलेक्टर, नगर निगम प्रशासन और महापौर संजय पांडे ने प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए बढ़िया व्यवस्थाएं की हैं। राहत शिविरों में भोजन, पानी, चिकित्सा और आवास की अच्छी व्यवस्था की गई है।
बकावंड ब्लॉक में राशन की गड़बड़ी और शिक्षक की कमी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 500 ग्रामीणों ने कलेक्टरेट में किया प्रदर्शन
बकावंड विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तारेका और चारगांव के लगभग 500 ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। आदिवासी नेता एवं बस्तर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा।ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम चारगांव में राशन वितरण में लगातार अनियमितता बरती जा रही है। आरोप है कि राशन संचालक युवराज बघेल द्वारा हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है।
कई हितग्राहियों से दो माह का बायोमेट्रिक सत्यापन करा लेने के बाद भी राशन नहीं दिया गया, जिससे गरीब परिवार परेशान हैं।वहीं प्राथमिक शाला चारगांव में 90 छात्र-छात्राओं पर मात्र एक शिक्षक पदस्थ होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने अतिरिक्त शिक्षक की तत्काल व्यवस्था की मांग की।संयुक्त कलेक्टर अगर सिंह राणा ने ज्ञापन लेते हुए जिला खाद्य अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर दो दिनों के भीतर राशन वितरण व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।इस दौरान हेमंत कश्यप ने कहा कि गरीबों के हक के राशन और बच्चों की शिक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी।प्रदर्शन में सरपंच जोगेंद्र बघेल, रवि बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
मुंगेली में रेडक्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को मिलेगी नई गति
राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने ली जिला समीक्षा बैठक, रक्तदान, अंगदान, स्वास्थ्य एवं जन जागरूकता अभियानों पर हुई विस्तृत चर्चा
रायपुर, 28 सितंबर 2026।इंडिया रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने मुंगेली जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिला शाखा को जनसेवा एवं मानवीय सहायता के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुंगेली में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में रेडक्रॉस के वर्तमान कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता, सदस्यता विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं, नशा उन्मूलन, टीबी एवं एड्स जागरूकता, सड़क सुरक्षा तथा आपदा एवं मानवीय सहायता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में विशेष रूप से रेडक्रॉस ब्लड बैंक के संचालन एवं सुदृढ़ीकरण, जिले में जिला रेडक्रॉस कार्यालय की व्यवस्था, शासकीय भूमि आवंटन की कार्यवाही तथा जिला अंगदान समिति के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही JRC-YRC की गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को मानवीय सेवा से जोड़ने पर जोर दिया गया।

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता कर जीवन बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘थैंक यू सर्टिफिकेट’ एवं प्रोत्साहन की व्यवस्था किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। इसके अलावा ‘सुरक्षा मित्र’ जैसी जनभागीदारी आधारित पहल के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विचार किया गया।राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता और मानवीय संवेदना पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिला शाखाओं की सक्रियता और जनसहभागिता के माध्यम से रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति, नेत्रदान एवं अंगदान जैसे अभियानों को गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को अधिक संगठित, सक्रिय और जनकेंद्रित बनाने तथा स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।बैठक में कलेक्टर एवं अध्यक्ष इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा मुंगेली अमृत विकास टोप्पो, वाइस चेयरमैन रक्तदान उपसमिति बालाराम साहू, राज्य प्रबंध समिति सदस्य श्री गिरीश कुर्रे, जिला चेयरमैन महीपाल सिंह, वाइस चेयरमैन संजीव गौरहा, मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा मुंगेली केश कुमार गुप्ता तथा जिला संगठन आधिकारिक। मोहन लाल पटेल उपस्थित रहे।मुंगेली में रेडक्रॉस का संदेश — सेवा, सहयोग और संवेदना के साथ हर जरूरतमंद तक पहुंचबैठक के माध्यम से जिले में रेडक्रॉस की आगामी गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को मानवीय सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया गया।

बाढ़ में फंसे रहे गणेशजी
पानी उतरने के बाद हुआ गणपति विसर्जन
नवयुवक गणेश उत्सव समिति ने धूमधाम से दी बप्पा को विदाई
जगदलपुर बाढ़ और बारिश के चलते बस्तर विकासखंड के मधोता-2 क्षेत्र में मनुष्य ही नहीं, बल्कि प्रथम पूज्यनीय भगवान गणेश जी भी प्रभावित नजर आए। यहां बाढ़ के कारण गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन समय पर नहीं हो पाया था। बाढ़ का पानी कम होने के बाद नवयुवक गणेश उत्सव समिति खैरगुड़ा द्वारा आज बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन बड़े भक्तिभाव और उत्साह के साथ किया गया।

उल्लेखनीय है कि खैरगुड़ा के चारों ओर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण समिति ने परिस्थितियों को देखते हुए विसर्जन को आगे बढ़ाया था। पानी कम होने के बाद आज विधि-विधान से गणपति बप्पा को विदाई दी गई। विसर्जन से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। वहीं, विसर्जन के अवसर पर समिति की ओर से महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें खिचड़ी एवं खीर का वितरण किया गया। बाढ़ से प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों ने महाभंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और जल्द सामान्य परिस्थितियों की कामना की। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के साथ गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
गौसेवा में जुटे कांग्रेस नेता रेखचंद जैन और निर्मल लोढ़ा
भूखे गौवंश के लिए किया चारा पानी और सुरक्षा का इंतजाम
जगदलपुर बस्तर जिले में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति से मनुष्य ही नहीं जानवर भी प्रभावित हुए हैं। विशेष रूप से गाय,भैंस जिन्हें खटाल वालों ने पाला था, जल स्तर बढ़ते ही उन्होंने इन सारे मवेशियों को छुट्टा छोड़ दिया। ऐसी विकट स्थिति में कांग्रेस नेता पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने अपने सहयोगी निर्मल लोढ़ा के साथ मिलकर प्रवीर वार्ड के लक्ष्मी नारायण मंदिर में गाय भैंसों को एकत्र कर उनके भोजन की व्यवस्था की, बल्कि उन्होंने खुद होकर सभी को दाना भूसा दिया और उनके सुरक्षित रहने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार दो दर्जन से ज्यादा पशुधन यहां पर सुरक्षित रूप से भोजन प्राप्त कर रहे हैं। इंद्रावती नदी में आई प्रलयंकारी बाढ़ के पीड़ितों की मदद करने कांग्रेस नेता रेखचंद जैन, निर्मल लोढ़ा और अन्य सहयोगी काफी अच्छा कार्य कर रहे हैं।कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सेवा टोली बाढ़ पीड़ितों के बीच जा जाकर पीड़ित परिवार को अपना सहयोग दे रही है।





