दल्ली राजहरा। बीएसपी अस्पताल के सामने स्थित वार्ड क्रमांक 8 के गार्डन में असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि गार्डन में लगाए गए पुतले में अज्ञात व्यक्तियों ने आग लगा दी। घटना की जानकारी मोहल्लेवासियों द्वारा दिए जाने के बाद बीएसपी की दमकल गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस गार्डन का नगर पालिका द्वारा सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा था, ताकि वार्डवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। ऐसे में गार्डन में आगजनी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल आग लगाने वाले व्यक्तियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
मिठाइयों पर निर्माण एवं एक्सपायरी डेट अंकित करने, दुकानों की जांच और मिलावटखोरों पर कठोर कार्रवाई की मांग
बालोद। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, दूध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका को देखते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जिला बालोद ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला संयोजक मदन माइती के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर जिला बालोद के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई।ग्राहक पंचायत ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, दूध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग अत्यधिक बढ़ जाती है।
बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों द्वारा बासी, पुरानी अथवा गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री बेचने की आशंका बनी रहती है। कई बार खाद्य पदार्थों के निर्माण की तारीख, उपयोग की अंतिम तिथि तथा उनकी गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक जानकारी उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है।ज्ञापन में कहा गया है कि प्रत्येक उपभोक्ता को यह जानने का अधिकार है कि वह जो खाद्य सामग्री खरीद रहा है, उसका निर्माण कब हुआ है तथा उसका सुरक्षित उपयोग कब तक किया जा सकता है। विशेषकर खुली मिठाइयों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में बिक्री के लिए रखे खाद्य पदार्थों के संबंध में उपभोक्ताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है। संगठन ने प्रशासन से खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ज्ञापन में रखी गईं सात प्रमुख मांगेंअखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने प्रशासन से मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों पर निर्माण अथवा तैयारी की तारीख तथा Best Before, Expiry Date और Use By की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की है। मिठाई की दुकानों एवं कंटेनरों में रखी मिठाइयों के सामने उपयोग की सुरक्षित अवधि अंकित कराने, पैकेज्ड खाद्य सामग्रियों पर निर्धारित लेबलिंग नियमों का कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया गया है।इसके अलावा दीपावली पर्व के दौरान मिठाई दुकानों, डेयरियों, बेकरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाने, बासी, मिलावटी, दूषित अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। खाद्य सामग्री तैयार करने एवं रखने के स्थानों पर स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संबंधित विभाग की शिकायत एवं हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने का आग्रह भी किया गया है।मदन माइती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल रहा उपस्थितज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक मदन माइती के साथ जिला सचिव निर्मल पटेल, मनोज, मधुकर सिंह,विनय साहू, खिल्लेद्र दास, विरेन्द्र साहू एवं देवेन्द्र साहू दिपांशु उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए दीपावली से पूर्व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश देने का आग्रह किया।ग्राहक पंचायत का कहना है कि त्योहार की खुशियां मिलावटखोरी और लापरवाही के कारण किसी परिवार के लिए स्वास्थ्य संबंधी परेशानी में नहीं बदलनी चाहिए। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक खाद्य कारोबारी की भी जिम्मेदारी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को भी प्रेषित की गई है।
रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अहिवारा के विधायक स्व. डोमन लाल कोर्सेवाडा जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आज उनके गृह ग्राम भेंडरा जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्व. कोर्सेवाडा जी एक सरल, सौम्य और जनसेवा के लिए समर्पित जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अहिवारा क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उनका निधन भाजपा परिवार और छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव ने कहा कि स्व. कोर्सेवाडा जी एक निष्ठावान कार्यकर्ता, कर्मठ जनप्रतिनिधि और संगठन के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता थे, जिन्होंने हमेशा जनता के हित और क्षेत्र के विकास को सर्वोपरि रखा। उनका जाना भाजपा संगठन के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवारजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।
जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों को रास्ते में घेरकर किया हमला, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
दल्लीराजहरा नगर के पुराना बाजार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं, जिनमें दो को गंभीर चोटें आने के कारण शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बिरजू साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(2) एवं 126(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता पुनीत यादव (पिता विजय यादव), निवासी वार्ड क्रमांक 10, पुराना बाजार, दल्ली राजहरा ने बताया कि 1 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी मोहन नायक और ऋषि यादव के साथ झरन मंदिर के पास मोहन नायक का जन्मदिन मनाने गए थे।
जन्मदिन मनाने के बाद तीनों रात करीब 11:30 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 12 स्थित शिव मंदिर चौक के पास उनकी मुलाकात बिरजू साहू से हुई। बताया गया है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद तीनों युवक वहां से अपने घर जाने लगे। आरोप है कि बिरजू साहू उनके पीछे पहुंचा और घर के सामने रास्ते में उन्हें रोककर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और तीनों युवकों पर हमला कर दिया गया।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमले में पुनीत यादव के सिर, मोहन नायक के सिर एवं चेहरे तथा ऋषि यादव के गाल, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायलों को परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से शहीद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर चोटों को देखते हुए घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।घटना के बाद आरोपी के फरार होने की बात शिकायत में कही गई है। थाना राजहरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार कंवर द्वारा की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के वास्तविक कारणों, विवाद की परिस्थितियों और हमले में प्रयुक्त साधनों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद एक बार फिर पुराना बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, आपसी विवाद और असामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण और रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान एवम् अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन में सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन राजहरा पुलिस द्वारा अवैध जुआ, सट्टा, शराब के विरूध्द चलाये जा रहे अभियान के तहत दिनांक 04-11-2026 को संध्या पेट्रोलिंग के दौरान मुखबीर की सूचना पर जेडी आफिस राजहरा के पास अलग-अलग जगहों पर रेड कर 02 प्रकरण छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्यवाही कर किया गया जिसमें एक फड मे आरोपीगण 01. लक्ष्मीनारायण उर्फ पिन्टू सोनी पिता स्व0 सुरेश सोनी उम्र 38 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 26 राजहरा , 02. गोलू उर्फ पिन्टू चिकवा पिता मुन्ना लाल उम्र 33 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा , 03. उपेन्द्र कुमार उर्फ रिंकु पिता रोशन देवांगन उम्र 28 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 24 राजहरा , 4. संतोष चिकवा पिता लखन लाल चिकवा उम्र 38 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा थाना राजहरा जिला बालोद के कब्जे एवं फड से 52 पत्ती ताश सहित कुल 2100 रूपये नगदी जप्त किया गया तथा दूसरे फड मे
आरोपीगण 01. राजा वर्मा पिता राजेश वर्मा उम्र 20 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा 2. सोनू ठगेल पिता विजय ठगेल उम्र 30 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा ,3. पिंटू खसवा पिता केशपाल खसवा उम्र 28 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा , 4. मनीष निषाद पिता रघुवीर निषाद उम्र 26 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 26 राजहरा थाना राजहरा जिला बालोद के कब्जे एवं फड से कुल 2350 रूपये को जप्त कर मौके पर आरोपियों के विरूध्द छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्यवाही किया गया । राजहरा पुलिस की नागरिकों से अपील –01 अवैध शराब बिक्री, जुआ सट्टा, गांजा बिक्री , नसीली दवाई जैसे अवैध गतिविधियों मे संलिप्त न रहें ।02 अवैध गतिविधियों मे संलिप्त पाये जाने पर होगी सक्त कार्यवाही, जाना पड सकता है जेल ।
जगदलपुर एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट ने हॉट कॉइल उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्लांट ने 3 नवंबर को महज 24 घंटे में 455 हॉट रोल्ड कॉइल्स का उत्पादन कर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले इसी महीने के पहले दिन प्लांट ने 440 एचआर कॉइल्स का उत्पादन किया था। यह एनएसएल की हॉट स्ट्रिप मिल की तकनीकी उत्कृष्टता और एनएमडीसी स्टील बिरादरी की तकनीकी दक्षता का परिचायक है।. स्टील प्लांट सूत्रों के अनुसार एनएमडीसी नगरनार स्टील प्लांट ने 2025-26 में 23,24,902 टन का उत्पादन किया है। यह बीते वर्ष के उत्पादन 14, 38,646 टन के मुकाबले 63 प्रतिशत अधिक है।
चिखलाकसा की व्याख्याता देवनतीन बाई पारकर को पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय ने स्वर्ण पदक से किया सम्मानित, 72वां स्वर्ण पदक प्राप्त कर रचा गौरवशाली इतिहास
चिखलाकसा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिचय देने वाली सेजस हाईस्कूल चिखलाकसा में रसायन शास्त्र विषय की व्याख्याता देवनतीन बाई ने बी.एड. परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर बालोद जिले का गौरव बढ़ाया है। पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर द्वारा आयोजित बी.एड. परीक्षा 2025 में उन्होंने ए+ ग्रेड के साथ विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार देवनतीन बाई ने जनवरी-दिसंबर 2023, जून-जुलाई 2023-24, जनवरी-दिसंबर 2024, जून-जुलाई 2024-25 एवं जनवरी-दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षाओं में प्रथम प्रयास में ही प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से 72वां स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। 3 नवंबर 2026 को आयोजित सप्तम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया।वर्तमान में देवनतीन बाई सेजस हाईस्कूल चिखलाकसा में रसायन शास्त्र की व्याख्याता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं तथा दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 25 में निवासरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ उच्च शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और निरंतर अध्ययन के प्रति समर्पण ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।उनकी इस उपलब्धि से चिखलाकसा विद्यालय परिवार, क्षेत्र एवं बालोद जिले में हर्ष का माहौल है। यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि शिक्षा जगत से जुड़े अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। देवनतीन बाई पारकर की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय में एम.कॉम. की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया
दल्ली राजहरा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 13, चिखलाकसा निवासी दिलप्रीत कौर भाटिया ने पूरे बालोद जिले को गौरवान्वित किया है। पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर द्वारा आयोजित मास्टर ऑफ कॉमर्स (एम.कॉम.) परीक्षा में उन्होंने यूनिवर्सिटी में ए ग्रेड/श्रेणी के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। बताया गया कि इस उपलब्धि के साथ उन्होंने बालोद जिले का नाम विश्वविद्यालय स्तर पर रोशन किया है।विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें यह स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। दिलप्रीत कौर भाटिया को विश्वविद्यालय की ओर से मास्टर ऑफ कॉमर्स की उपाधि भी प्रदान की गई।विशेष बात यह है कि दिलप्रीत कौर भाटिया वर्तमान में दल्ली राजहरा के नया बाजार स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित किया है कि लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।उनकी इस उपलब्धि से चिखलाकसा, दल्ली राजहरा सहित पूरे बालोद जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य छात्राओं एवं युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।
भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह पहुंचे ग्राम भेंडरा, स्व. डोमलाल कोर्सेवाड़ा को अर्पित की श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिजनों से की मुलाकात
गुंडरदेही। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह जी मंगलवार को ग्राम भेंडरा (गुंडरदेही) पहुंचे, जहां उन्होंने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय डोमलाल कोर्सेवाड़ा के निवास पहुंचकर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन, प्रदेश कार्यालय सह,प्रभारी
प्रीतेश गांधी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख एवं गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री वीरेंद्र साहू सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।भाजपा नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।इस दौरान संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह जी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि स्वर्गीय डोमलाल कोर्सेवाड़ा जी का योगदान एवं पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। दुख की इस कठिन घड़ी में प्रदेश भाजपा संगठन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके एवं उनके परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को किसी भी परिस्थिति में अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।भाजपा नेताओं की इस आत्मीय उपस्थिति ने शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान किया। इस अवसर पर सभी ने दिवंगत नेता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया।
डौंडी। ग्राम ठेमाबुजुर्ग के मुर्गी फार्म के पास सड़क किनारे लगे बिजली विभाग के 25 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। चोरी गए ट्रांसफार्मर की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने डौंडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ठेमाबुजुर्ग के मुर्गी फार्म के पास स्थापित 25 केवीए ट्रांसफार्मर 1 नवंबर 2026 की रात 10 बजे से 2 नवंबर की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। सुबह जब इसकी जानकारी विभाग को मिली तो मौके पर जांच की गई। ट्रांसफार्मर गायब पाए जाने पर विभागीय अधिकारियों को सूचित किया गया।
चोरी के कारण बिजली विभाग को लगभग 30 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता ने डौंडी थाने में आवेदन देकर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक विष्णु तारम को सौंपी है। फिलहाल ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।