City Media - Page 2 of 1839 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 2

बस्तर आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों के लिए ऑनलाइन प्रवेश शुरू, 15 जून तक कर सकते हैं आवेदन

0

जगदलपुर युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बस्तर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 एवं 2027-28 के लिए विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक ट्रेडों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। संस्थान द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

संस्थान प्रबंधन ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष भी संपूर्ण आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थी घर बैठे अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें छत्तीसगढ़ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट cgiti.admission.nic.in पर जाकर पंजीयन करना होगा। आईटीआई बस्तर में युवाओं की रुचि और उद्योगों की मांग को ध्यान में रखते हुए विभिन्न तकनीकी एवं रोजगारपरक ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। इन ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा स्वरोजगार के साथ-साथ निजी एवं सरकारी क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी आईटीआई में प्रवेश लेकर अपने भविष्य को नई दिशा देते हैं।

संस्थान प्रशासन ने बताया कि आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करनी होगी।आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार मेरिट सूची जारी की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रबंधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें तथा समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें। अंतिम दिनों में सर्वर पर अधिक दबाव या तकनीकी समस्याओं की संभावना को देखते हुए पहले ही आवेदन करना हितकर रहेगा। बस्तर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों युवाओं के लिए आईटीआई में प्रवेश का यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए संस्थान से प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रोजगार और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह प्रवेश प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। संस्थान ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

बीईओ ऑफिस कैंपस में किया गया पौधारोपण

0

बकावंड विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर बकावंड में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव तथा अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थितजनों को पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

भाजपा नेत्री दीप्ति पांडेय ने किया कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षद तिवारी का स्वागत

0

जगदलपुर नगर के इंदिरा गांधी वार्ड से उप चुनाव में विजयी कांग्रेस पार्षद रामकृष्ण तिवारी का भाजपा नेत्री दीप्ति पांडेय ने किया स्वागत कर सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को बड़ा संदेश दिया है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विरोधी पक्ष के नेताओं का भी सम्मान करना, सुख दुख में साथ खड़े हो जाना एक उत्कृष्ट राजनैतिक संकेत माना जाता है।

कुछ ऐसा ही बड़ा संदेश और भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला स्तर की नेत्री दीप्ति पांडेय ने दिया है।इंदिरा वार्ड के उप चुनाव में विजयी हुए कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी अचानक दीप्ति पांडेय के घर पहुंचे।. दीप्ति पांडेय ने श्री तिवारी की आरती उतार कर उनका स्वागत किया। हालांकि कुछ मौका परस्त लोग इसकी राजनीतिक रूप से आलोचना कर सकते हैं, मगर सार्वजनिक जीवन में विरोधी का भी सम्मान करने की परंपरा भारतीय जनता पार्टी में दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल से चली आ रही है। विपक्ष में रहते हुए भी अटल जी विरोधी दल के सम्मान में कोई कसर बाकी नहीं रखते थे। वे हमेशा विरोधी दलों के नेताओं के भी सुख दुख में साथ खड़े नजर आते थे। यही वजह है कि प्रखर विरोधी नेता भी व्यक्तिगत तौर पर अटल बिहारी वाजपेयी जी का सम्मान करते थे। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी पार्टी की इसी परंपरा पर चल रहे हैं। हाल के दिनों में हमने देखा कि कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी जब बीमार होकर अस्पताल में भर्ती थीं, तब प्रधानमंत्री श्री मोदी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। जगदलपुर की भाजपा नेत्री दीप्ति पांडेय ने भी पार्टी की इसी परंपरा का अनुसरण किया है।

पॉलीटेक्नीक कॉलेज के “यातना गृह” की दशा सुधारने नहीं हुई पहल, अब हॉस्टल के भोजन में निकली इल्लियां

0

गर्ल्स पॉलीटेक्नीक कॉलेज के हॉस्टल की छात्राएं परेशान

मिलता है घाटिया भोजन, बाहर से टिफिन मंगवाने मजबूर हो गईं हैं छात्राएं

वार्डन धमकी देते हुए कहती हैं- मंगवा लो अपने बाप से

अर्जुन झा

जगदलपुर महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज जगदलपुर की छात्राओं को छात्रावास की नारकीय त्रासदी से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। प्राचार्य के आश्वासन और जिला प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी छात्रावास की बदहाली दूर नहीं हो पा रही है। उल्टे अब छात्राओं को जो भोजन परोसा जा रहा है, उसमें मरी हुई इल्लियां निकल रही हैं। शिकायत करने पर वार्डन छात्राओं से धमकी भरे अंदाज में कहती हैं- मंगवा लो अपने बाप से अच्छा खाना। मजबूर छात्राएं अब बाहर से टिफिन मंगवाने लगी हैं।

जगदलपुर के धरमपुरा स्थित महिला पॉलीटेक्नीक छात्रावास में पचासों छात्राएं रह कर अध्ययन करती हैं। इस हॉस्टल में अधीक्षिका की लापरवाही के कारण भीषण गर्मी के इस दौर में पीने, नहाने और कपड़े धोने के पानी के लिए छात्राओं को बुरी तरह परेशान होना पड़ रहा है। छात्राएं पीने के पानी से लेकर अपने नित्यकर्म के पानी के लिए घंटों टैंकर का इंतजार करती रहती हैं। छात्राएं बताती हैं कि छात्रावास की पानी टंकी की सफाई कई माह से नहीं की गई है, नतीजतन टंकी से गंदा और बेहद बदबूदार पानी आता है। इस पानी का उपयोग करने से छात्राएं रोगग्रस्त हो रही हैं। कभी कभी हॉस्टल अधीक्षिका जो दवाइयां देती है वह भी एक्सपायरी होती हैं। भोजन की व्यवस्था भी रामभरोसे है। अधीक्षिका द्वारा प्रतिमाह रसोई खर्च करीब 2 हजार हजार रुपए प्रति छात्रा लिए जाते हैं। बदले में मिलता है स्तरहीन और बेस्वाद भोजन।

जल संकट और अन्य दिक्कतों के चलते गर्मी प्रारंभ होते ही दर्जनों छात्राओं ने हॉस्टल छोड़ दिया है, क्योंकि गर्मी से राहत के लिए हॉस्टल में कूलर तो दूर की बात, पंखे तक नहीं हैं और पानी की तंगी अलग से परेशान किए हुए है। सुशासन सरकार में शिक्षा के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं पर विभागीय अत्याचार इतना बढ़ गया है कि वे छात्रावास को यातना गृह समझने लगी हैं। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य संजय त्रिवेदी ने पूर्व में भरोसा दिलाया था कि स्वच्छ पानी की व्यवस्था हेतु टंकी की सफाई कराई गई है। वाटर प्यूरीफायर मशीन को ठीक कराया गया है। कॉलेज आदिम जाति कल्याण विभाग से संबंधित नहीं है अतः छात्राओं को मेस चार्ज वहन करना पड़ता है, एक्सपायरी दवाई की जानकारी मुझे अभी मिली है मै दो दिन के भीतर ही अधीक्षिका के साथ बैठक कर व्यवस्था दुरुस्त करवा दूंगा। मगर आज तक व्यवस्था दुरुस्त होना तो दूर अब छात्राओं को जो भोजन दिया जा रहा है, उसमें मरे हुए कीड़े मकौड़े निकलने लगे हैं। दो दिन पूर्व ही हॉस्टल में परोसे गए भोजन में मरी हुई इल्लियां निकलने की घटना सामने आई है। रोजाना की तरह छात्राएं अपनी थाली में भोजन लेकर आई थीं, और खाते खाते उन्होंने मरे हुए कीड़े को देखा।जब छात्राओं ने इसकी शिकायत हॉस्टल की केयर टेकर सुश्री कश्यप से की तो उन्होंने छूटते ही कहा कि तुम लोग षडयंत्र पूर्वक छात्रावास को बदनाम करने की कोशिश कर रही हो, मैं अब तुम लोग को देखती हूं। उन्होंने छात्राओं से यहां तक कह डाला कि अपने बाप के घर से अच्छा खाना लेकर आओ। जानकारी तो यह भी सामने आई है कि छात्राओं को दोनों समय केवल चावल ही परोसा जाता है, रोटी मांगने पर कश्यप मैडम टिफिन बंधवा कर खाना मंगवाने की बात कहती हैं। कुछ पीड़ित छात्राएं बाहर से टिफिन मंगवाने लगी हैं।

खड़गांव थाना प्रभारी संजय यादव की अनूठी पहल: वर्दी के साथ प्रकृति की सेवा भी

0

खड़गांव,मई 2026:थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव ने जनवरी 2025 से मई 2026 तक अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। प्रकृति के प्रति उनका लगाव क्षेत्र में मिसाल बना हुआ है।दुर्ग से लाए 20 बरगद-पीपल के पौधे जिले में बरगद-पीपल के पौधे न मिलने पर यादव ने दुर्ग नर्सरी से 20 पौधे मंगवाए। वर्ष 2025 में उन्होंने खड़गांव NH-930 के किनारे और आसपास के तालाबों के पार इनका रोपण किया।

रोपण के बाद भी निभाई पूरी जिम्मेदारी पौधे लगाने के बाद उन्होंने थाना स्टाफ की मदद से प्रत्येक पौधे के चारों ओर मजबूत घेरा बनवाया। इतना ही नहीं, हर सप्ताह स्वयं पानी और खाद डालकर उनकी देखभाल करते रहे। जन-जागरूकता भी फैलाई यादव ने थाना स्टाफ, युवराज एवं स्कूली बच्चों को लगातार वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों से क्षेत्र में हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ी।अब सीतागांव थाना प्रभारी के रूप में वे इस नेक कार्य को आगे भी जारी रखेंगे।

क्या बोले अधिकारी:”थाना प्रभारी का यह कार्य पुलिस की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है। कानून के साथ प्रकृति की सेवा भी जरूरी है।”

– वरिष्ठ अधिकारी

निरीक्षक संजय कुमार यादव- कार्यकाल: जनवरी 2025 – मई 2026, थाना प्रभारी खड़गांव- कार्य: 20 बरगद-पीपल पौधों का रोपण, NH-930 व तालाब पार- विशेष: दुर्ग से पौधे लाए, साप्ताहिक देखभाल, ट्री-गार्ड लगवाए- वर्तमान: थाना प्रभारी, सीतागांव में भी जारी रहेगा अभियान

निरीक्षक संजय कुमार यादव पौधों की देखभाल करते हुए।

विश्व पर्यावरण दिवस पर शासकीय कंगला मांझी महाविद्यालय डौंडी में हुआ वृक्षारोपण

0

डौंडी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय कंगना मांझी महाविद्यालय डौंडी परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं बालोद जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।


इस अवसर पर जिला अधिकारी सुरेश देशमुख, सह जिला अधिकारी शैलेंद्र सोनवानी, दिनेश तापड़िया, महाविद्यालय के प्राचार्य योगेश्वर साहू, सुरेश निर्मलकर, अब्दुल इब्राहिम, निखिल भारद्वाज, संजय बंजारे एवं सह प्रचार प्रमुख राजेश्वरी देशमुख सहित महाविद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया। उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

नगरनार प्लांट में परिवहन समितियों के रवैये से परेशान हैं ट्रक- ट्रेलर मालिक

0

वाहन मालिकों ने समितियों के खिलाफ खोला मोर्चा

जिला प्रशासन को ट्रक, ट्रेलर सौंपने की तैयारी

जगदलपुर नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत परिवहन समितियों की कथित मनमानी और अनिमियता से ट्रक ट्रेलर मालिक परेशान हो चले हैं। ट्रक ट्रेलर मालिक सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।उन्होंने अपने सारे ट्रक और ट्रेलर जिला प्रशासन को सौंपने का मन बना लियाहै। ट्रक ट्रेलर एकता मंच ने कहा है कि बस्तर जिले का गौरव नगरनार स्टील प्लांट के स्थापित होने से बस्तर वासियों को जो एक नई आस और उम्मीद जागी थी, वह अब पूरी टूटती हुई नजर आ रही है। जिसका कारण है कि शहर-गांव के व्यक्तियों द्वारा पाई पाई जोड़कर परिवहन व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए फाइनेंस में वाहन खरीदा गया था अब उस वाहन का क़िस्त पटाने के लिए भी उनके पास कोई विकल्प नही बचा है।नगरनार प्लांट में माल का परिवहन करने हेतु जय झाड़ेश्वर परिवहन समिति, बस्तर परिवहन संघ, बस्तर ट्रेलर-ट्राला संघ परिवहन का कार्य कर रहे हैं। इनके अधीन अनेक वाहन परिवहन कार्य मे लगे हुए हैं।

लेकिन इन समितियों की कार्यप्रणाली के कारण वाहनों के मालिकों को अब अपना वाहन चलाने में मशक्कत करना पड़ रही है।ट्रक ट्रेलर एकता मंच ने कहा है कि इन समितियों द्वारा पैनल में चल रहे वाहनों का संचालन सही ढंग से नही किया जा रहा है। समितियों द्वारा तय दर और नियत समय पर गाड़ी मालिकों को भाड़ा नही दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों की उपेक्षा कर अन्य बाहरी गाड़ियों को चैनल में जोड़ा गया है। समितियों द्वारा बाहरी 16 चक्का वाहनों का संचालन किया जा रहा है। सभी 16 चक्का क्षेत्रीय वाहनों का प्लांट में माल लोडिंग के लिए सही तरीके से निर्धारण नही किया जा रहा है। विगत कुछ महीनों पहले बिना किसी मापदंड के चैनल में ट्रेलर की संख्या बढ़ा दी गई है। इन सभी विषयों को ले कर 150 से अधिक वाहनों के मालिकों ने समितियों से परेशान हो कर बैठक की और बस्तर सांसद, जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, जिला प्रशासन को पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराया है। सभी वाहन मालिकों ने 15 दिन के भीतर इन खामियों को दूर करने की गुहार लगाई है। 15 दिन के भीतर अगर यह व्यवस्था दुरुस्त नही होती है तो सभी वाहन मालिक अपने वाहनों को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर देंगे।

पंडरी तराई तालाब को मिला पुनर्जीवन, नागरिकों में छाई खुशी

0

20 साल पुरानी मांग पूरी कर दी महापौर संजय पांडेय ने

तालाब के कायाकल्प, गहरीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जल संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 35 छत्रपति शिवाजी वार्ड स्थित पंडरी तराई तालाब के जीर्णोद्धार, गहरीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस तालाब के पुनर्जीवन से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार पंडरी तराई तालाब कभी क्षेत्र का प्रमुख जलस्रोत हुआ करता था, जहां वर्षा जल संग्रहित कर ग्रामीणों की आवश्यकताओं की पूर्ति की जाती थी। समय के साथ तालाब की स्थिति खराब होती गई और इसका जलभराव क्षेत्र भी लगातार कम होता गया।

स्थानीय ग्रामीणों और वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल द्वारा लंबे समय से तालाब के संरक्षण और विकास की मांग की जा रही थी। नगर निगम प्रशासन द्वारा महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन में तालाब का गहरीकरण, तटबंध निर्माण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में तालाब के मध्य भाग में लगभग आठ फीट तक गहरीकरण किया जा रहा है, जबकि चारों ओर मजबूत तटबंध बनाए जा रहे हैं, ताकि वर्षभर जल संरक्षण सुनिश्चित हो सके। बताया जाता है कि स्कूलपारा, बादलपारा और पटेलपारा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग पिछले लगभग 20 वर्षों से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य ठेकेदार अशोक पांडे द्वारा नगर निगम की निगरानी में किया जा रहा है। वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल ने बताया कि तालाब में पहले सीमित मात्रा में पानी ठहर पाता था, लेकिन गहरीकरण के बाद इसकी जल संग्रहण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह तालाब जल संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि तालाब के पुनर्जीवन से भूजल स्तर में सुधार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र का समग्र विकास होगा। महापौर संजय पांडेय और नगर निगम की इस पहल को ग्रामीण और शहरी विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

पलारी में कांग्रेस का परचम, अध्यक्ष पद सहित परिषद में भी बहुमतवार्ड क्रमांक 4 में टाई के बाद लॉटरी से हुआ पार्षद का फैसला

0

बालोद नगर पंचायत पलारी के आम निर्वाचन में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 506 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद अपने नाम किया। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई तथा जीत का जश्न मनाया गया।अध्यक्ष पद की जीत के साथ ही परिषद में भी कांग्रेस को बहुमत मिला है। 15 वार्डों वाली नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थित 9 प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि भाजपा को 5 सीटों पर सफलता मिली। एक वार्ड में मुकाबला बेहद रोचक रहा, जहां दोनों प्रत्याशियों को समान मत प्राप्त हुएवार्ड

क्रमांक 4 में टाई, लॉटरी से हुआ निर्णयनगर पंचायत पलारी के वार्ड क्रमांक 4 में प्रत्याशी तीरथ राम साहू एवं खिलेंद्र कुमार साहू को समान रूप से 127-127 मत प्राप्त हुए। दोनों अभ्यर्थियों के बीच बराबरी की स्थिति बनने पर निर्वाचन नियमों के तहत लॉटरी पद्धति से विजेता का चयन किया गया। लॉटरी प्रक्रिया में तीरथ राम साहू को विजयी घोषित करते हुए वार्ड क्रमांक 4 का पार्षद निर्वाचित किया गया।बम्हनीडीह में भाजपा की बड़ी जीतवहीं नगर पंचायत बम्हनीडीह में भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने कांग्रेस उम्मीदवार रामलाल सहारे को 789 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।सहसपुर लोहारा में भी भाजपा का कब्जानगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई मतगणनापलारी नगर पंचायत की मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। संपूर्ण गणना कार्य के दौरान सामान्य प्रेक्षक श्रीमती शलमा फारुकी (आईएफएस), अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक, रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम गुरूर आर.के. सोनकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।पलारी में कांग्रेस की जीत को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जबकि बम्हनीडीह और सहसपुर लोहारा में भाजपा की सफलता ने दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को और रोचक बना दिया है।

वन महकमे ने लकड़ी माफियाओं पर कसी नकेल

0

मामला संज्ञान में आते ही रेंजर रजक ने की त्वरित कार्रवाई

पांच लोगों पर वन अधिनियम के तहत दर्ज किया गया मामला

अर्जुन झा-

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मैलबेड़ा के जंगल में हुई पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग के क्षेत्रीय रेंजर सौरभ रजक ने शानदार एक्शन लिया है। मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार आरोपी उड़ीसा के हैं और एक मोखागांव का निवासी है। रेंजर सौरभ रजक की इस कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीण जमकर तारीफ कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग एक महीने से उड़ीसा के चार लोग मैलबेड़ा के जंगल में लगातार पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे थे। इस अवैध कटाई में करपावंड और सोनपुर क्षेत्र के भी कुछ लोग मदद कर रहे थे। ये लोग जंगलों से काटे गए पेड़ों की चिरान बना कर तस्करी कर रहे थे।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग के एक कर्मी ने लकड़ी काटने में उपयोग किए जा रहे आरा को जप्त कर लिया था। हमारे समाचार पत्र ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामला संज्ञान में आते ही क्षेत्रीय रेंजर सौरभ रजक तुरंत एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने अपनी टीम के साथ मौका मुआयना किया और काटे गए पेड़ों का पंचनामा बनाया। श्री रजक ने जांच पड़ताल कर जंगल माफियाओं को चिन्हित किया और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया। नामजद आरोपियों में नकुल पिता महादेव भतरा, जलंधर पिता रामधर भतरा, सोनाधर पिता रामधर भतरा एवं बालचंद पिता बुधराम भतरा और अर्जुन पिता गंगाधर परजा शामिल हैं। अर्जुन परजा करपावंड थाना क्षेत्र के मोखागांव का निवासी है। बाकी चारों आरोपी उड़ीसा के सिंगसारी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकी के निवासी हैं। पहले क्षेत्र के जो ग्रामीण इस अवैध कटाई को लेकर नाराज चल रहे थे, वे अब रेंजर सौरभ रजक द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से बेहद खुश हैं। ग्रामीणों ने रेंजर रजग की जमकर तारीफ करते हुए उनसे इसी तरह की सजगता की अपेक्षा की है।

MOST POPULAR

HOT NEWS