City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर पर्यावरण प्रेमियों ने वृक्षारोपण कर दी श्रद्धांजलि, कहा– पौधे लगाना ही प्रकृति और राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा

0


दल्ली राजहरा। भारत की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना, अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति की प्रतीक झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को दल्ली राजहरा के पर्यावरण प्रेमियों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पर्यावरण प्रेमियों ने पौधारोपण कर यह संदेश दिया कि महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का सबसे सार्थक तरीका उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना और समाज एवं प्रकृति के हित में कार्य करना है।

इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी टिकेश्वर साहू ने लोगों को संदेश देते हुए कहा :- रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। उनके बचपन का नाम मणिकर्णिका था, जिन्हें प्यार से मनु कहा जाता था।
उनका प्रसिद्ध उद्घोष “मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी” आज भी देशवासियों के भीतर देशभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष की भावना जागृत करता है।
रानी लक्ष्मीबाई का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी साहस, आत्मसम्मान और अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए।
स्वतंत्रता सेनानियों को याद रखने का अनूठा प्रयास

इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी आधुनिकता की दौड़ में हमारे देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके इतिहास को धीरे-धीरे भूलती जा रही है। ऐसे में महापुरुषों एवं वीरांगनाओं की जयंती पर केवल माल्यार्पण और श्रद्धांजलि तक सीमित न रहकर समाजहित के कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रानी लक्ष्मीबाई ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसी प्रकार आज हम सभी का कर्तव्य है कि हम अपनी धरती, जल, जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आएं।
प्रकृति हमारी मातृभूमि का अभिन्न अंग है। जिस धरती ने हमें जन्म दिया, उसी धरती को हरा-भरा और सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और बेहतर भविष्य देने का संकल्प है।
पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब हम उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
इन पर्यावरण प्रेमियों की रही सहभागिता
इस वृक्षारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, कौशल साहू, ताराचंद रावटे, चेलाराम निर्मलकर, लोकेंद्र देवांगन, हेमशंकर साहू, राजकुमार साहू, कोमल साहू एवं राजू मेश्राम शामिल हुए।
सभी पर्यावरण प्रेमियों ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
संदेश:
🌱 महापुरुषों को याद करें, उनके आदर्शों को अपनाएं।
🌳 वीरांगनाओं को सम्मान दें, धरती को हरित बनाएं।
🇮🇳 देशभक्ति केवल सीमा की रक्षा नहीं, बल्कि देश की प्रकृति और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करना भी है।
प्रकृति ही शाश्वत भगवान है।
वृक्ष लगाएं, प्रकृति बचाएं और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं।

दल्ली राजहरा में धूमधाम से मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती

0

दल्ली राजहरा। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय दल्ली राजहरा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित समस्त कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रतिराम कोसमा, पूर्व अध्यक्ष अशोक बाम्बेश्वर, रवि जायसवाल, काशीराम निषाद, के. ईश्वर राव, संतोष पांडे, महेन्द्र अप्पू, जोगेंद्र ठाकुर, रामजतन भारद्वाज, चंद्र प्रकाश सिंहा, विवेक मसीह, अजय छाजेड़, श्रीनिवास राव, लक्ष्मण शर्मा, कुलदीप नोन्हारे, अनूप बाम्बेश्वर, धीरपाल नेताम, कृष्ण यादव, पार्षद रोशन पटेल, सूरज विहार, प्राची सिंहा, मालकी केरकेट्टा, पवेंद्र कोड़प्पा, अरुण भारद्वाज, राजकुमार साहू जगदीश श्रीवास दिनेश उर्वसा, राजेश कुमार, हिमेश उर्वशा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रीमती इंदिरा गांधी जी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंदिरा गांधी जी ने अपने दृढ़ नेतृत्व, साहसिक निर्णयों और दूरदर्शी सोच से देश को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा तथा गरीबों, किसानों और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए।नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी जी का संघर्षपूर्ण जीवन, देश के प्रति समर्पण और मजबूत नेतृत्व सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचार और देशहित में किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारों और गीतों की धुन पर कार्यकर्ताओं संग झूमे भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख

0

बालोद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पदयात्रा के दौरान एक अद्भुत और ऊर्जावान दृश्य देखने को मिला।

रैली में उमड़े जनसैलाब और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस कदर चरम पर था कि भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख भी खुद को रोक नहीं पाए।

वे लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के गगनभेदी नारों और जोशीले गीतों की धुन पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनके साथ झूमते नजर आए।

​कार्यक्रम के माध्यम से विपक्ष की अराजक राजनीति के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए यह स्पष्ट किया गया कि देश में संविधान, नैतिकता और राष्ट्रहित ही सर्वोपरि हैं।

​जिलाध्यक्ष के इस आत्मीय और जोशीले अंदाज ने न केवल कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

बालोद युवती का पीछा कर परेशान करने, जबरदस्ती बाइक में बैठाने का प्रयास एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गुण्डरदेही पुलिस ने किया गिरफ्तार

0

आरोपी द्वारा पीड़िता का पीछा कर जबरन अपने साथ ले जाने एवं शारीरिक संबंध बनाने के लिए डालता था दबाव l

आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में किया गया पेश।बालोद। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाईदिनांक 14 नवम्बर 2026 को पीड़िता द्वारा थाना गुण्डरदेही उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी चंदन कुमार सिन्हा, पिता सुरेश कुमार सिन्हा, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम झोपरा, थाना रानीतराई, जिला बालोद द्वारा पूर्व परिचय एवं संबंध समाप्त होने के बाद भी लगातार पीड़िता को परेशान किया जा रहा था।आरोपी पीड़िता की सहेलियों एवं परिजनों को बार-बार फोन कर उससे बात कराने का दबाव बनाता था तथा उसके गांव एवं घर के आसपास घूमकर उसका पीछा करता था। मना करने पर अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देता था।दिनांक 13 नवम्बर 2026 को शाम लगभग 06:00 बजे पीड़िता अपनी सहेली चमेली यादव के साथ गुण्डरदेही बाजार गई हुई थी।

इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता को देखकर उसका पीछा किया तथा बाइक से रास्ता रोककर जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। आरोपी द्वारा पीड़िता का हाथ पकड़कर जबरदस्ती बाइक में बैठाने एवं शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया गया। पीड़िता द्वारा मना करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता किसी तरह वहां से बचकर अपनी सहेली के साथ घर पहुंची तथा घटना की जानकारी परिजनों को दी।पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 411/2026, धारा 126(2), 74, 75(2), 78(2), 351(3), 296 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।🔹 गिरफ्तार आरोपीचंदन कुमार सिन्हा, पिता सुरेश कुमार सिन्हा, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम झोपरा, थाना रानीतराई, जिला बालोद।पुलिस द्वारा आरोपी को दिनांक 15 नवम्बर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई तथा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिनांक 28 नवम्बर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेजने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में विवेचना जारी है। सराहनीय भूमिकाइस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी गुण्डरदेही रवि पाण्डेय के नेतृत्व में PSI श्रीमती आसमा कुर्रे, आरक्षक पंकज ताराम, आरक्षक यशवंत देशमुख एवं महिला आरक्षक कमलेश्वरी साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बालोद पुलिस की अपीलबालोद पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। महिला सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम के लिए बालोद पुलिस सदैव तत्पर है।

साल्हे धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी का शुभारंभ

0

पहले दिन 7 किसानों ने बेचा 263 क्विंटल धान15 नवंबर से प्रदेशभर में शुरू हुआ धान खरीदी महाअभियान, कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता

साल्हे। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर से प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो गया। इसी कड़ी में बालोद जिले के डौंडी विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति साल्हे के धान खरीदी केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। खरीदी के पहले ही दिन किसानों में उत्साह देखने को मिला। प्रथम दिवस केंद्र में कुल 7 किसानों का पंजीयन हुआ, जिनके द्वारा 263 क्विंटल धान बिक्री के लिए केंद्र में लाया गया।

धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त नगर पंचायत डौंडी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष देवांगन, समिति की अध्यक्ष श्रीमती दुलेश्वरी अंगद टेकाम, समिति प्रबंधक अशोक साहू, भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राकेश द्विवेदी, डौंडी मंडल उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद साहू, शक्ति केंद्र प्रभारी अंगद टेकाम, देवानंद ठाकुर, सुंदरलाल बेलचंदन, अग्रहित केराम, सुखीराम कोमा सहित समिति के सदस्यगण एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर तौल कांटे पर धान की तुलाई के साथ खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने किसानों से चर्चा कर धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खरीदी केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही किसानों से शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धान विक्रय करने की अपील की गई।

इस वर्ष छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही धान का समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की सहायता राशि मिलाकर किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से लाभ देने की व्यवस्था की गई है। योजना के तहत पात्र किसानों को उनके पंजीकृत रकबे एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आदान सहायता का लाभ मिलेगा। यदि किसान निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान का विक्रय करते हैं, तब भी पात्रता के अनुसार सहायता राशि का लाभ दिए जाने का प्रावधान है।धान खरीदी केंद्र साल्हे में पहले दिन 7 किसानों द्वारा 26

3 क्विंटल धान लाया जाना खरीदी अभियान की अच्छी शुरुआत रही। किसानों ने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में भी केंद्र में तौल, बारदाना एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होंगी, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिकारीटोला में दीपावली पर संजय बैस ने बढ़ाया प्रतिभाओं का हौसला, 10 मेधावी विद्यार्थियों सहित सेवानिवृत्त कर्मचारी का हुआ सम्मान

0

मुख्य अतिथि संजय बैस ने कहा – गांव की प्रतिभाएं ही क्षेत्र और देश का भविष्य हैं, बच्चों की सफलता में परिवार, शिक्षक और समाज तीनों की महत्वपूर्ण भूमिका

शिकारीटोला। दीपावली के पावन अवसर पर कर्मचारी प्रकोष्ठ शिकारीटोला-कुसुमकसा द्वारा ग्राम शिकारीटोला स्थित शीतला माता प्रांगण में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। लगातार पांचवें वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्रीमती अंजू कोसमा ने की। विशेष रूप से कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्याम सिंह आर्य एवं संरक्षक तथा प्राचार्य अमरचंद नायक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजय बैस ने कक्षा 5वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट अंक अर्जित करने वाले कुल 10 मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 5वीं से खिमेश गावरे (93%), याचना किरेन्द्र (88%) एवं अपेक्षा आर्य (85%), कक्षा 8वीं से खिलेश कुमार नायक (89%), प्रिंस धनकर (88%) एवं लोकेंद्र किरेन्द्र (86%), कक्षा 10वीं से लवण किरेन्द्र (92%) एवं तनूजा धनकर (85%) तथा कक्षा 12वीं से यामनी किरेन्द्र (82%) एवं भूपेश कुमार नायक (78%) शामिल रहे।

इसके साथ ही अपने सेवाकाल में जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाली सेवानिवृत्त कर्मचारी श्रीमती अगरो बाई देहारी का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनके योगदान और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की गई।

मुख्य अतिथि संजय बैस ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी गांव की वास्तविक पहचान वहां की शिक्षा, संस्कार और प्रतिभाशाली युवा पीढ़ी से होती है। आज इन बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से अच्छे अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता और शिक्षकों का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे गांव को गौरवान्वित किया है। इनकी सफलता दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल एक स्मृति चिह्न देना नहीं है, बल्कि यह बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का माध्यम है। गांव में ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि ग्रामीण अंचल की छिपी हुई प्रतिभाओं को उचित मंच और पहचान मिल सके।

संजय बैस ने कर्मचारी प्रकोष्ठ की सराहना करते हुए कहा कि लगातार पांच वर्षों से दीपावली के अवसर पर इस तरह का आयोजन करना अपने आप में सराहनीय पहल है। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान करना समाज में शिक्षा और सेवा दोनों के महत्व को स्थापित करता है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी छत्तीसगढ़ी लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं। आधुनिकता के इस दौर में अपनी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन गांवों में आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करते हैं।

सम्मान समारोह के पश्चात स्वरांजलि म्यूजिकल ग्रुप रैना-अर्जुंदा के कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी लोककला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामीणों का मन मोह लिया और पूरा आयोजन उत्साह एवं उल्लास से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में देवकुमार आर्य, विमल भूआर्य, श्री सुरेश यादव, हरिश्चन्द चुरेंद्र, रामनाथ आर्य, रामकुमार देशमुख, दयालु राम चुरेंद्र, गोपाल कोसमा, बिसेलाल धनकर, पुनीत धनकर सहित श्रीमती अगरो बाई देहारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज की प्रतिभाओं को पहचानने, वरिष्ठजनों का सम्मान करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोने का भी पर्व है।

महामाया मार्ग पर ग्रामीणों का फिर चक्काजाम, आयरन ओर परिवहन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ फूटा आक्रोश, सैकड़ों ट्रकों की लगी कतार

0

दल्लीराजहरा। महामाया मार्ग पर आयरन ओर परिवहन करने वाले भारी वाहनों की मनमानी और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। बीएसपी माइंस से आयरन ओर लेकर आने-जाने वाले वाहनों के कारण हुई दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आयरन ओर से भरे वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई।बताया जा रहा है कि बीएसपी माइंस में आयरन ओर परिवहन करने वाले एक हाईवा ट्रक क्रमांक CG 24 U 3201 ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने परिवहन कंपनी एवं संबंधित प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रभावित व्यक्ति के इलाज का पूरा खर्च उठाने तथा क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के बदले नई मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग रखी।ग्रामीणों का कहना है कि माइंस से लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण महामाया मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने और वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आयरन ओर परिवहन करने वाले कई वाहनों में नंबर प्लेट और डाला बंद रखने के नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है। खुले डाले से परिवहन किए जाने के कारण रास्ते में जगह-जगह आयरन ओर गिरता रहता है, जिससे सड़क पर धूल और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भारी वाहनों द्वारा यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों की मांग है कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल का उचित मुआवजा एवं नई मोटरसाइकिल दी जाए, घायल व्यक्ति के उपचार की व्यवस्था की जाए तथा महामाया मार्ग की मरम्मत, धूल से निजात और आयरन ओर परिवहन करने वाले वाहनों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

छठ महापर्व से पहले संवर रहा जगदलपुर का गंगा मुंडा तालाब

0

महापौर संजय पांडे की पहल पर घाटों में सघन स्वच्छता अभियान

जगदलपुर लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ की तैयारियों के मद्देनजर महापौर संजय पांडे की पहल पर जगदलपुर के प्रसिद्ध गंगा मुंडा तालाब परिसर में बुधवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पूरे घाट व आसपास के क्षेत्र की मुस्तैदी से साफ-सफाई की गई। गुरुवार को भी यहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

छठ पर्व के दौरान गंगा मुंडा में अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान भास्कर को अर्ध्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए अभियान के तहत घाटों की सीढ़ियों, पूजा स्थलों और संपर्क मार्गों पर बिखरे कचरे, प्लास्टिक अपशिष्ट और जलकुंभी को हटाया गया।स्थानीय प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। हर जाति, धर्म, समुदाय की आस्था का पूरा ध्यान रखने वाले जगदलपुर के महापौर संजय पांडे के आह्वान पर गंगा मुंडा तालाब की साफ सफाई में स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर श्रमदान किया और जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। घाटों की सफाई के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महापौर संजय पांडेय ने व्रतियों और शहर वासियों को छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

ग्राम मटिया में बालाजी ट्रेवल्स की दो बसें जलकर खाक, 45 से 50 लाख रुपये का नुकसान; आगजनी की आशंका

0

बालोद। जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मटिया (अ) में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बालाजी ट्रेवल्स की दो यात्री बसों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दोनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया कि दोनों बसें बस चालक नारद चौधरी के घर के सामने खड़ी थीं। आग बसों के पिछले हिस्से से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। पास में खड़ी एक अन्य बस को समय रहते वहां से हटा लिया गया, जिससे वह आग की चपेट में आने से बच गई।

बस संचालक दिनेश राठी के मुताबिक, इस घटना में करीब 45 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जली हुई बसों में एक 50 सीटर टूरिस्ट बस थी, जिसे उन्होंने अप्रैल 2025 में 36 लाख रुपये में खरीदा था। इस बस की प्रतिमाह 70 हजार रुपये की किस्त जमा करनी थी। वहीं दूसरी बस 40 सीटर स्लीपर थी, जिसे वर्ष 2019 में 12 लाख रुपये में खरीदा गया था। दोनों बसों की कुल खरीद कीमत 48 लाख रुपये थी।

बस व्यवसाय ही परिवार की आजीविका का सहारा

बस संचालक दिनेश राठी ने बताया कि जगह की कमी के कारण वे अपनी बसें ग्राम मटिया (अ) में चालक नारद चौधरी के घर के सामने खड़ी करते थे। उनका पूरा परिवार बस व्यवसाय पर निर्भर है। पिता पैरालिसिस से पीड़ित हैं और बड़े भाई की सड़क दुर्घटना में पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने साजिश के तहत उनकी आजीविका के एकमात्र साधन को आग के हवाले किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनसे ऐसी क्या दुश्मनी थी कि परिवार की रोजी-रोटी छीनने की कोशिश की गई।

आगजनी की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

अर्जुन्दा थाना प्रभारी नरेश देशमुख ने बताया कि खड़ी बसों में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में आग लगाए जाने की आशंका है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

बाफना परिवार को बदनाम करने वालों की भी हो जांच

0

साजिश का खुलासा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना जरूरी

बस्तर चेंबर ने आईजी और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर बाफना लाइफ स्टाइल दुकान से जुड़े मामले में अब बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी हस्तक्षेप करते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई है। चेंबर. ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चेंबर ने स्पष्ट किया है कि बाफना परिवार भी पीड़ित परिवार के पक्ष में न्याय की मांग कर रहा है। बाफना परिवार चाहता है कि पुलिस जांच जल्द पूरी हो, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। चेंबर ने इस संवेदनशील मामले में सोशल मीडिया पर बाफना परिवार और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने, चरित्र हनन करने तथा भ्रामक नैरेटिव फैलाने के प्रयासों पर भी चिंता जताई है। चेंबर का कहना है कि कुछ लोग घटना को अनावश्यक राजनीतिक और सामाजिक रंग देकर परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। आशंका जताई गई है कि कुछ लोग घटना को राजनीतिक रंग देकर परिवार की छवि खराब करना चाहते हैं। चेंबर ने मांग की है कि पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ ऐसे लोगों की भूमिका की भी पहचान हो, जो भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले को गठित एसआईटी से जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। चेंबर ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना, किसी परिवार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। चेंबर ने प्रशासन से पीड़ित को शीघ्र न्याय, निष्पक्ष जांच और बाफना परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


इन बिंदुओं की जांच पर जोर


चेंबर ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही बाफना परिवार की छवि धूमिल करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक नैरेटिव फैलाने वालों की भूमिका की भी जांच हो। पूरे मामले को एसआईटी की जांच में शामिल करते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान चेंबर अध्यक्ष श्याम सुंदर सोमानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल बोथरा, महामंत्री नवरतन जलोटा , उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया, एम. श्रीधर राव मद्दी, मंत्री गजेंद्र चांडक, पूर्व अध्यक्ष भंवर बोथरा, किशोर पारख, ऋषि हेमाणी, चंद्रेश चांडक, पंकज सिंघल, मोहर झा, अरुण त्रिपाठी, सुनील दंडवानी, संदीप पारख, रोहित बैस, सोहन सोनी, सन्नी बजाज और लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।


झूठे नैरेटिव फैलाने वालों पर हो कार्रवाई: सोमानी
बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सुंदर सोमानी ने कहा है कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन बिना जांच और अपराध सिद्ध हुए व्यवसाय स्थल पर तोड़फोड़, अभद्रता एवं व्यापारियों के खिलाफ भ्रामक नैरेटिव फैलाना बेहद चिंताजनक है। इस घटना से व्यापारियों में यह डर पैदा हो रहा है कि क्या अब बेरोजगार युवक, युवतियों को रोजगार देने से पहले भी सोचना पड़ेगा? श्री सोमानी ने सवाल उठाया है कि आखिर वो कौन लोग हैं, जो इस संवेदनशील घटना की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ने और व्यापारियों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं? उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कर खुलासा होना चाहिए। श्री सोमानी ने कहा है कि पीड़िता को न्याय मिले, दोषियों पर कार्रवाई हो और निर्दोष व्यापारियों के साथ अन्याय न हो। शहर का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

MOST POPULAR

HOT NEWS