पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी, शंकर देवालय प्रांगण भवन में होगा आयोजन
जगदलपुर कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज जगदलपुर द्वारा आगामी 2 फरवरी रविवार को स्थानीय प्रतापगंज स्थित श्री शंकर देवालय के भवन में सामाजिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है। बटुकों का उपनयन संस्कार कराने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी रखी गई है। कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज श्री शंकर सेवा संघ अध्यक्ष आलोक अवस्थी ने बताया कि सामूहिक रूप से बटुकों के उपनयन संस्कार का आयोजन कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के सभी सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है। आचार्य पं. राम रजनीश वाजपेयी की उपस्थिति में सामाजिक उपनयन संस्कार पूर्ण होगा। बटुकों के उपनयन संस्कार पंजीयन हेतु सहयोग राशि ग्यारह सौ रुपये निर्धारित की गई है। पंजीयन के लिए संतोष शुक्ला से उनके मो. नं. 9424284225 पर व मनीष शुक्ला से उनके मो. नं. 9826810864 पर इच्छुक अभिभावक संपर्क कर सकते हैं।
जगदलपुर अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर ग्राम छोटे आमाबाल में वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भव्य कलश यात्रा निकाली गई, श्रीराम चरित मानस एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
ग्राम छोटे आमाबाल धार्मिक आयोजनों के लिए विख्यात है। यहां के ग्रामीण लगभग पूरे साल धार्मिक गतिविधियों में लगे रहते हैं। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरे होने के मौके को भी छोटे आमाबाल के ग्रामीणों ने धार्मिक कार्यक्रमों से यादगार बना दिया। गांव में में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वार्षिक महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। छोटे आमाबाल में वृहद धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें गांव के पूजारी, गायता, पटेल, ग्राम के सभी समाज के बच्चे महिलाएं प्रबुद्ध सज्जनो की उपस्थिति रही।सभी समाजों की महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ग्राम भ्रमण के बाद कलश शोभायात्रा गांव के माता मंदिर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु ग्रामीण एकत्रित थे। ढोल मंजीरे की धुन के साथ लोगों ने श्रीराम चरित मानस, हनुमान चालीसा एवं सुंदर कांड का पाठ किया। हवन पूजन के बाद भंडारा का भी आयोजन हुआ। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। संपूर्ण कार्यक्रम ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न किया गया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हरिस एस ने दिए निर्देश
जगदलपुर बस्तर कलेक्टर हरिस एस ने शहर के मुख्य मार्गों पर हेलमेट का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों को सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग नहीं करने पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने उक्त निर्देश बुधवार को जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए। कलेक्टर ने ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जमीन चिन्हांकन करने हेतु अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही स्कूली व नाबालिग बच्चों के वाहन चालन को प्रतिबंधित करने हेतु स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक करने कहा। साथ ही स्कूली बसों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। ऑटो और वैन, निजी वाहनों से स्कूल में बच्चों के लाने वाले वाहन चालकों को क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं करने की समझाईश देने के निर्देश दिए। ऑटो और वैन से बच्चों का आवागमन की जानकारी स्कूलों से लेने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य मार्गों में सिग्नल की स्थिति, मुख्य मार्गों में रिफ्लेक्टर, रबर स्ट्रीप लगाने, अस्थाई होर्डिंग को मुख्य चैराहों पर नहीं लगाने, सांकेतिक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर में जेब्रा क्रासिंग में सफेद पट्टी लगाने पर चर्चा की। कलेक्टर ने चलित अस्थाई विज्ञापन बोर्ड के लिए जगह चिहांकित कर उसी जगह लगवाने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। कलेक्टर ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण का कड़ाई से पालन करते हुए रात 10 बजे के बाद लाऊड स्पीकर के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मवेशियों को रोड से हटाने की कार्यवाही पर चर्चा के दौरान नगर निगम द्वारा नवाचार करते हुए गौ आश्रय के लिए प्राइवेट या सामाजिक संस्था से चर्चा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टील प्लांट क्षेत्र में गौशाला बनवाने हेतु चर्चा करने कहा। पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक दलों का सहयोग ने पर जोर दिया। रोटरी क्लब, परिवहन संघ और चेम्बर ऑफ कामर्स के साथ बैठक कर शहर के मध्य पार्किंग स्थल एवं संजय बाजार के पास व्यवस्थित पार्किंग के लिए चर्चा करने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा ले-लाइन के लिए व्हाइट पट्टी के अंदर पार्किंग करने, शुल्क सहित और फ्री-पार्किंग की व्यवस्था के लिए जगह चिन्हाकित कर करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किए। तेली मारेंगा नियानार चौक पर हाईमास्ट लाईट लगवाने के साथ ही जिला या जगदलपुर शहर के मैप के आधार पर दुर्घटना स्थल-संवेदनशील सड़कों का अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि पिछले दो माह में दुर्घटना की संख्या ज्यादा हुई है इस पर नियंत्रण जरूरी है। ब्लैक स्पॉट या दुर्घटनाजन्य क्षेत्र में घटना पर नियंत्रण करने के लिए सभी नागरिकों को सहयोग करना जरूरी है। साथ ही हाइवे पर एम्बुलेंस की संख्या बढाने पर कार्ययोजना हेतु चर्चा की। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं सुधार की कार्यवाही, सड़क किनारे लगे पेड़ों में रेडियम लगाने की कार्यवाही, मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने, दोपहिया वाहन में हेलमेट एवं चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के चेकिंग की कार्यवाही, सड़कों पर यातायात संकेतक, चेतावनी, ट्रैफिक कॉलिंग हेतु कार्यवाही, ड्रायविंग में विचलित करने वाले होर्डिंग्स हटाने, खतरनाक तरीके से वाहन चालन पर ड्रायविंग लायसेंस निलंबन की कार्यवाही करने, संकेतक बोर्ड का लगाने एवं गति अवरोधक को हाईलाईट करने, स्कूल बसों का निरीक्षण, प्रदूषण की रोकथाम हेतु कार्यवाही, दुर्घटना पीड़ित लोगों की तत्काल मदद एवं चिकित्सा हेतु प्रबंध एवं ट्रामा सेंटर की स्थापना, आवारा मवेशियों को रोड से हटाने एवं वैधानिक कार्यवाही, यातायात नियमों के बारे में जागरूकता कार्यक्रम, शहर में अस्थायी रूप से वाहनों के पार्किंग की जगह निर्धारित करना, मार्गों का मरम्मत एवं निर्माण कार्य, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने जैसे विषय पर चर्चा की गई। बैठक में आयुक्त नगर निगम निर्भय साहू, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आरके गुरू, ट्रैफिक डीएसपी संतोष जैन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
किरण देव ने भाजपा का पटका पहना कर कराया भाजपा प्रवेश
छिंदगढ़ ब्लाक के शगुनघाट के कांग्रेसियों ने थामा भाजपा का दामन
जगदलपुर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का अब कांग्रेस से मोहभंग हो रहा है और केंद्र सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार से प्रभावित होकर कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा में प्रवेश कर रहे हैं। आज बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लाक के शगुनघाट के सरपंच हड़मा राम मंडावी सहित 15 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के समक्ष भाजपा में प्रवेश किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव ने भाजपा का पटका पहनाकर सभी का भाजपा में प्रवेश कराया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा की रीति नीति से कांग्रेसी कार्यकर्ता भी प्रभावित हो रहे हैं और राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि मानने वाले कांग्रेसी तथा आमजन भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। छिंदगढ़ ब्लाक के कांग्रेसी सरपंच सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निष्ठा जताते हुए भाजपा में प्रवेश किया है। सभी का हम स्वागत करते हैं। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में लखमूराम गौर, सुनील कवासी, किशन कश्यप, कमल ठाकुर, शिवप्रसाद ठाकुर, शंकर वेट्टी, दिनेश गौर, संजू वेट्टी, सुखराम, सुलेमान कश्यप, लक्ष्मण मंडावी, सुरेश कश्यप, रमेश कश्यप, फटने मरकाम शामिल हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा प्रवेश के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विद्याशरण तिवारी, नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, बृजेश भदौरिया, राजेश शर्मा, रिंटू भदौरिया आदि उपस्थित रहे।
बस्तर संभाग से आएगी 98 प्रतिशत सिंगल दावेदारों की सूची: बैज
चुनावों को लेकर पीसीसी चीफ ने ली संभाग स्तरीय बैठक
अर्जुन झा-
जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कांग्रेस नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी और जीतेगी भी। यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में स्थानीय चुनावों को लेकर संभाग स्तरीय बैठक लेने के बाद दीपक बैज ने यह बात कही।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि हमने आज की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की, संभावित प्रत्याशियों के बारे में मंथन किया है। प्रदेश, जिला, जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर हमारी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। जगदलपुर नगर निगम के लिए दावेदारों के नाम आए हैं जिला स्तर से अनुशंसा के साथ सूची प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी। प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति नामों का अनुमोदन करेगी फिर पीसीसी उसे फाइनल करेगी। दीपक बैज ने कहा कि पूरे बस्तर संभाग से मेयर, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्षों, पार्षदों, पंच सरपंच, जनपद सदस्य, अध्यक्ष व जिला पंचायत सदय व अध्यक्षों के सिंगल नाम जाएंगे, यह मेरा दावा है। बैज ने कहा कि इन चुनावों के लिए हमने कमर कस ली। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जीत का परचम
लहराने तैयार है, सभी ब्लॉकों और जिला कामेटियों के अध्यक्ष पदाधिकारी भी पूरी तरह तैयार हैं। यह चुनाव हम पूरी दमदारी से लड़ेंगे और जीतकर भी दिखाएंगे। बैज ने कहा कि हमारे पास जनता को बताने के लिए मुद्दों की कमी नहीं है, वहीं भाजपा के पास बताने के लिए उपलब्धियों का अकाल हैl
अकेले नहीं हैं कवासी लखमा*
कवासी लखमा की गिरफ्तारी के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह भाजपा के डर का उदाहरण है। पूरे देश में विपक्षी दलों के नेताओं पर टार्गेटेड कार्रवाई सर्व विदित है। हमारे वरिष्ठ नेता कवासी लखमा की गिरफ्तारी भी योजनाबद्ध ढंग से करवाई गई है, मगर कवासी लखमा अकेले नहीं हैं, हम सभी कांग्रेस जन उनके साथ खड़े हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में दीपक बैज ने कहा कि कवासी लखमा के फिलहाल न रहने से सुकमा जिले में थोड़ी रिक्तता जरूर महसूस की जा रही है, मगर हम वहां इस शून्यता को दूर कर चुके हैं। सुकमा के कांग्रेसजन दोगुने उत्साह और जोश के साथ जिले में काम कर रहे हैं और कांग्रेस इन चुनावों में सुकमा जिले में भी शानदार परफॉरमेंस दिखाएगी। बैज ने कहा कि स्थानीय चुनावों में हम भाजपा को धूल चटाएंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद
दीपक बैज की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस की बस्तर संभाग स्तरीय बैठक में राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, प्रदेश महामंत्री संगठन मलकीत सिंह गैदू, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, विधायक बस्तर लखेश्वर बघेल, विधायक बीजापुर विक्रम मंडावी, वीरेश ठाकुर, पूर्व विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन, पूर्व विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप, पूर्व विधायक चित्रकोट राजमन बेंजाम, नरेश ठाकुर, अमीन मेमन, तूलिका कर्मा, शकील रिजवी, विमल सुराना, राजीव शर्मा, मिथलेश स्वर्णकार, रूपसिंह पोटाई, बस्तर जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य सहित बस्तर संभाग के सभी जिला अध्यक्ष एवं प्रभारी मौजूद थे।
जल संचय जन भागीदारी अभियान में छग प्रथम, मंत्री पाटिल ने दी बधाई
जगदलपुर अपने एक दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से सौजन्य भेंट की। मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रीय मंत्री पाटिल को बस्तर के ढोकरा आर्ट से निर्मित हाथी का शिल्प और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पाटिल ने जल संचय जन भागीदारी अभियान अप्रतिम कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
गौरतलब है कि जल संचय जन भागीदारी अभियान में छत्तीसगढ़ पूरे देश में प्रथम स्थान पर है। इस अवसर छत्तीसगढ़ के जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल से छत्तीसगढ़ में विभागीय उपलब्धियों के संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश में जल संसाधन विभाग की संभावनाओं को लेकर सार्थक चर्चा की। श्री कश्यप ने विभागीय कार्यों के अवलोकन व निरीक्षण हेतु छत्तीसगढ़ प्रवास के लिए केंद्रीय मंत्री श्री पाटिल को आमंत्रित किया।
जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि ओबीसी आरक्षण की हम भीख नहीं मांग रहे हैं, कांग्रेस तो संविधान प्रदत्त अधिकार मांग रही है। ओबीसी आरक्षण के लिए हम हर स्तर पर जाएंगे।
दीपक बैज पत्रकारों से मुखातिब थे। ओबीसी आरक्षण मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों में भाजपा सरकार द्वारा दी गई आरक्षण व्यवस्था अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों पर सीधा कुठाराघात है। नई आरक्षण व्यवस्था के चलते प्रदेश में ओबीसी वर्ग का बड़ा नुकसान हुआ है। इस वर्ग को नगरीय निकायों, ग्राम, जनपद और जिला पंचायतों में प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा। यह पिछड़े वर्ग के लोगों को राजनीति से अलग रखने की साजिश है। प्रदेश की भाजपा सरकार आरक्षण को रद्द कर नए सिरे से आरक्षण प्रक्रिया पूर्ण कराए।ओबीसी वर्ग के आरक्षण को बहाल करे, भले ही इसके लिए अध्यादेश लाना पड़े तो लाया जाए। विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना पड़े, तो बुलाया जाए, लेकिन ओबीसी वर्ग के आरक्षण को तत्काल बहाल किया जाना चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की एक भी सीट ओबीसी के लिए आरक्षित नहीं है। नगरीय निकायों में भी ओबीसी वर्ग के आरक्षण में कटौती हो गई है। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2019-20 में जब जिलों की संख्या 27 थी, तब अनुसूचित जनजाति के लिए 13, अनुसूचित जाति के लिए 3, ओबीसी के लिए 7 तथा सामान्य वर्ग के लिए 4 जिला पंचायत सीटें आरक्षित की थीं। भाजपा सरकार ने षड्यंत्र पूर्वक इसमें कटौती कर दी है। अब जिलों की संख्या 33 हो गई है, तब लेकिन ओबीसी का आरक्षण 7 से घटकर जीरो कर दिया गया है। प्रदेश की सभी जिला पंचायत पंचायतों एवं जनपद पंचायतों में पहले 25 प्रतिशत सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित थीं, अब अनुसूचित क्षेत्रों में ओबीसी आरक्षण लगभग खत्म हो गया है। साय सरकार द्वारा आरक्षण प्रक्रिया के नियमों में किए गए दुर्भावनापूर्वक संशोधन के बाद अनुसूचित जिले, शहर और ब्लॉकों में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य और पंचों का जो भी पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था, अन्य वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। पहले ओबीसी को धोखा दिया, अब सामान्य वर्ग को ठगने जा रहे हैं। जब पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ विरोध हो रहा है तब कह रहे कि अनारक्षित वर्ग की आधा सीटों में पिछड़ा वर्ग को लड़ाएंगे। पहले तो पिछड़ों के संवैधानिक अधिकार में डाका डाला, अब जले पर नमक छिड़क रहे। अनारक्षित सीटों में तो सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी कोई भी लड़ सकता है और जहां पर जैसी परिस्थिति होती है लोग लड़ते भी है, इसमें भाजपा क्या अहसान कर रही? श्री बैज ने कहा कि आरक्षण भाजपा का अहसान नहीं बाबा साहेब के संविधान द्वारा दिया गया आरक्षण का अधिकार चाहिए। साय सरकार ओबीसी वर्ग आरक्षण तत्काल बहाल करे।
चुनाव में भाजपा की मंशा ठीक नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा और उसकी सरकार की मंशा ठीक नहीं है। मतदान चार चरणों में कराया जाना है, लेकिन नतीजे एक ही दिन घोषित किए जाएंगे। हमारी मांग है कि एक ही चरण में चुनाव हो और एकसाथ घोषित हो। इसे लेकर कांग्रेस का डेलिगेशन इलेक्शन कमीशन से मुलाकात करेगा।
जगदलपुर राज्य शासन के निर्देशानुसार 21 जनवरी से 21 फरवरी तक शिशु संरक्षण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के जगदलपुर शहरी क्षेत्र में शहरी स्वास्थ्य कल्याण केंद्र दलपत सागर वार्ड और पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में आज शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक द्वारा बच्चों को विटामिन ए की सिरप पिलाकर किया गया।
इससे पूर्व शुभारंभ कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीआर मैत्री और डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी द्वारा उपस्थित सभी पात्र बच्चों की माताओं को शिशु संरक्षण माह का महत्व और इसके अंतर्गत दिए जाने वाली दवाइयां जैसे कि विटामिन ए सिरप और आयरन सिरप के महत्व के बारे में अवगत कराया गया और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ उठाने की सलाह दी गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर प्रभारी डॉ. बेबीन सुनील चाको के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र के सुपरवाइजर प्रशांत श्रीवास्तव और नरेश मरकाम एवं महेंद्र पांडे, एएनएम तामेश्वरी मरापी एवं रानू साहू सहित संबंधित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
मैनपुर के कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में बड़ा नक्सल ऑपरेशन, 14 नक्सली ढेर
मुठभेड़ में मारा गया सीसी मेंबर नक्सली जयराम
अर्जुन झा-
जगदलपुर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रविवार रात से अब तक चले जॉइंट ऑपरेशन में 14 नक्सलियों को मार गिराया गया है। इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि मुठभेड़ में उड़ीसा कैडर के सीसी मेंबर जयराम को भी ढेर कर दिया गया है। जयराम समेत करोड़ों रुपयों के इनामी नक्सली मार गिराए गए हैं। इस बड़ी कामयाबी पर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की बड़ी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों की अद्वितीय रणनीति और जीवटता की विजय करार दिया है।
यह ऑपरेशन छत्तीसगढ़ और उड़ीसा पुलिस के जॉइंट प्रयास का नतीजा है, जो नक्सलियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है। दो दिनों तक चले इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने कई ऑटोमेटेड हथियार भी बरामद किए हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए नियद नेलानार योजना लाई गई है। यह योजना नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने में प्रभावी साबित हो रही है और बस्तर के गांवों में बड़े बदलाव का प्रतीक बन रही है। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल में छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल मोर्चे पर आक्रामक कदम उठाए हैं। तेलंगाना, महाराष्ट्र और उड़ीसा के साथ लगे छत्तीसगढ़ के सभी बॉर्डर्स पर जॉइंट ऑपरेशंस चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने नक्सलवाद उन्मूलन के लिए मजबूत कदम उठाए हैं। उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अमित शाह के नेतृत्व में भारत सरकार ने मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद को देश से पूर्णतः समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। यह ऑपरेशन सुरक्षाबलों की अद्वितीय रणनीति और समर्पण का परिणाम है, जिसने नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में एक नया इतिहास रच दिया है।
जगदलपुरकांग्रेस शासन काल में हुए छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले के आरोपी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा अब पंद्रह दिनों तक जेल की रोटी तोड़ेंगे। 7 दिन तक ईडी की कस्टडी में रहने के बाद कवासी लखमा आज 21 जनवरी को जेल भेज दिए गए।
कवासी लखमा शराब घोटाले की जांच कर रहे सेंट्रल जांच एजेंसी ईडी की कस्टडी में 14 जनवरी से थे। ईडी ने विशेष अदालत से कवासी लखमा की रिमांड 14 दिनों के लिए मांगी थी, लेकिन अदालत ने सात दिन की ही रिमांड दी थी। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद ईडी ने आज 21 जनवरी को कवासी लखमा को अदालत में पेश किया। अदालत ने कवासी लखमा को 4 फरवरी तक जेल भेजने का निर्देश दिया। सूत्र बताते हैं कि ईडी ने लखमा की और रिमांड नहीं मांगी क्योंकि इन सात दिनों में लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने काफी राज उगलवा लिए हैं। खबर है कि ईडी अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी पूछताछ के लिए कभी भी तलब कर सकती है। इसके अलावा पूर्व आईएएस विवेक ढांड को भी ईडी दफ्तर बुलाया जा सकता है। ईडी के वकील ने खुलासा किया था कि कवासी लखमा को शराब कार्टल से हर माह दो करोड़ रुपए मिलते थे। वकील का दावा है कि सुकमा में ईडी द्वारा की गई पड़ताल में कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी और सुकमा नगर पालिका अध्यक्ष के ठिकानों से कई साक्ष्य मिले हैं। ईडी के वकील ने अरविंद सिंह के रिकॉर्डेड बयान के हवाले से बताया था कि शराब कार्टल से हर माह 50 लाख रुपए कवासी लखमा के पास जाते थे। इसके अलावा अरुणपति त्रिपाठी का बयान के मुताबिक इसके अलावा डेढ़ करोड़ शराब कार्टल से अलग जाते थे। इस तरह 36 माह में 72 करोड़ रुपए दिए गए। आबकारी अधिकारी इक़बाल खान और जयंत देवांगन ने भी इसकी पुष्टि की है और बताया है कि पूरे दो करोड़ रुपए हर माह सुकमा पहुंचाए जाते थे और यह रकम सुकमा में कन्हैया लाल कुर्रे कलेक्ट करते थे। इस धन को सफेद बताने के के लिए उसमें से काफी रुपए हरीश कवासी के मकान निर्माण और जिला कांग्रेस कार्यालय भवन बनाने में लगाए गए हैं। हरीश कवासी और जगन्नाथ साहू के घरों से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की जानकारी भी वकील ने दी थी और कहा था कि पूछताछ के लिए और भी कई लोगों को समन किया जाएगा। अब कयास लगाया जा रहा है कि कुछ और पूर्व मंत्री, नेता और अफसर ईडी की जांच के दायरे में आ सकते हैं।