City Media - Page 314 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 314

प्रसिद्ध गोविंदपुर कांकेर मेले की इस बार भी रहेगी धूम, तैयारियां जोरों पर

0
  •  मेला आयोजन को लेकर शांति समिति की बैठक
  •  विभिन्न विभागों को सौंपी आयोजन की जिम्मेदारी 

जगदलपुर बस्तर संभाग के उत्तर बस्तर कांकेर क्षेत्र के विख्यात कांकेर एवं गोविंदपुर वार्षिक मेले की तैयारियां जोरों पर है। यह मेला उत्तर बस्तर का सबसे बड़ा मेला है।

आयोजन के संबंध में अपर कलेक्टर जितेंद्र कुर्रे की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में मेला के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, विद्युत, पानी, पार्किंग, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सहित मेला स्थलों में नागरिकों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष तथा स्वास्थ्य परीक्षण जांच कक्ष स्थापित करने पर चर्चा हुई। पुलिस विभाग को मेला स्थल में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने तथा यातायात व्यवस्था के लिए रूट चार्ट बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि कांकेर एवं गोविंदपुर मेला स्थल में संपूर्ण अवधि के लिए कानून एवं शांति व्यवस्था हेतु एसडीएम कांकेर द्वारा मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई जाएगी। इसी तरह मेला के दौरान विद्युत व्यवस्था के निर्विघ्न एवं सुचारू रूप से आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग को जवाबदेही दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा दोनों मेला स्थल में कैम्प लगाकर पर्याप्त चिकित्सकों के दल आवश्यक दवाईयों के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बैठक में फायर बिग्रेड एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, खाद्य सामग्रियों की जांच, देव स्थलों के आसपास सफाई करने तथा पूजा व्यवस्था, मेला भाठा की साफ-सफाई, दुकान आबंटन, शौचालय, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण पर कार्यवाही सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में समिति के सदस्यों ने भी अहम सुझाव दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अशोक मारबल, नायब तहसीलदार अभिषेक देवांगन, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष नागर, कांकेर पार्षदगण, सरपंच गोविंदपुर सतरूपा कांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेला आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

मसीहियों ने निकाली नववर्ष शुभकामना संदेश रैली

0

तोकापाल साल्वेशन लाईट मिनिस्ट्रीज़ इंडिया बड़े आरापुर के तत्वावधान में मसीही समाज द्वारा नववर्ष के उपलक्ष्य में आरापुर चर्च से तोकापाल बाजार चौक केशलूर तक डीजे व गाजे बाजे सहित झंडे लिए नाचते-गाते शुभकामना रैली निकाली गई।और हिन्दू, मुसलमान, सिख, इसाई, जैन, बौद्ध व सर्व आदिवासी समाज सभी को प्रभु यीशु मसीह के शिक्षानुसार प्रेम व शांति, विश्वास, भाईचारे के संदेश के साथ शुभकामना दी गई। इस रैली में हजारों की संख्या में विश्वासी लोग सम्मलित हुए। रैली में शामिल लोग हाथ हिलाकर लोगों को अभिवादन कर रहे थे और क्रिसमस व नववर्ष की शुभकामनाएं हैप्पी न्यू ईयर 2025 व नया साल मुबारक का नारा लगाकर दे रहे थे। यह रैली आरापुर, परपा, तोकापाल क्षेत्र के लोगों के बीच मनमोहक छवि के साथ संगीतमय वातावरण में थिरकते हुए लोगों सहित चर्च मुख्यालय वापस लौटी। साल्वेशन लाईट मिनिस्ट्रीज़ चर्च मुख्यालय में नववर्ष सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता डॉ. रेव्ह सुशील कुमार संगम व पास्टर मीना संगम ने की।उन्होंने प्रेम, एकता व भाईचारे का शास्त्र आधारित उपदेश दिया। सभा मे

सामाजिक व धार्मिक लीडर्स जकर्याह गागरु नाग गाड़म, शामिल सिंह- आरापुर, जोसफ मावलीपदर, सेत करंजी, लक्ष्मण सेड़वा, बाबूलाल नाग, बामन, जलनु कुरामी- छोटे किलेपाल, बक्शू पोयाम -कावानार, राजू पोडियामी मेटापाल, अर्चना बचेली, डोले, लखमू गढ़दा, बाबूलाल -डूरकी गुड़ा, सोमनाथ पोडियामी गोरियापाल, मार्क, मसीह दास, लक्ष्मण, प्रदीप, तुलसी, याकूब सोनी एवं अरुण कुमार नंदा- डिलमिली, यीशुदास काटाकांदा, सुनील सिंह, सिस्टर आमिन कुमारी, रेमंड जेकब, पतरस और मिशन के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सामूहिक भोज के साथ सभा का समापन किया गया। रैली के अंत में सभी सम्मिलित विश्वासी सदस्यों और तोकापाल एसडीएम, तहसीलदार, सरपंच, शासन प्रशासन व समस्त अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

बस्तर क्षेत्र के चुनौती भरे माहौल में पत्रकारिता करने के साहस को नमन – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0
  • मुख्यमंत्री साय ने बस्तर पत्रकार संघ के पदाधिकारियों को दिलवाई शपथ

जगदलपुर 2 जनवरी 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्र में पत्रकारिता करना एक बड़ी चुनौती है, क्षेत्र की समस्याओं, आम जनता की आवाज बनकर शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने की साहस को नमन है। बस्तर के विकास हेतु पत्रकारों के प्रयास सतत जारी रहे, आप लोंगों के प्रयास से प्रदेश की नकारात्मक छवि को दूर करने में सहायक हुए। छवि में सुधार होने के साथ ही इस बार तीस लाख से अधिक पर्यटक प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पहुँचे है । उन्होंने बस्तर पत्रकार संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी ।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने बस्तर पत्रकार संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पदीय दायित्व के प्रति निष्ठा, समर्पण की शपथ दिलवाई । कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता के उच्च आदर्शों का पालन कर सरकार के अच्छे काम की जानकारी जनता को दें तथा कमियों को भी बताएं। वनमंत्री केदार कश्यप ने संघ के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि बस्तर की समस्याओं को आवाज बनने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है । विधायक जगदलपुर किरण देव ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित करने में बस्तर के पत्रकारों महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कार्यक्रम में बस्तर पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिए। इस अवसर पर खेल मंत्री  टंकराम वर्मा, चित्रकोट, दंतेवाड़ा और केशकाल विधायक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे ।

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी 356 करोड़ रूपए से अधिक लागत के 228 विकास कार्यों की सौगात

0
  • विभिन्न कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन 

जगदलपुर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरूवार को अपने एक दिवसीय बस्तर जिले के प्रवास पर 356 करोड़ 44 लाख रूपए से अधिक लागत के 228 विकास कार्यों की सौगात बस्तरवासियों को दी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र नारायणपुर के अंतर्गत 13 विकास कार्यों, विधानसभा क्षेत्र बस्तर के 20, जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के 47 तथा विधानसभा क्षेत्र चित्रकोट के अंतर्गत 19 कुल 188 करोड़ 40 लाख रूपए की लागत के 99 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री साय ने नारायणपुर क्षेत्र के 10 विकास कार्यो, बस्तर क्षेत्र के 20, जगदलपुर के 52 तथा चित्रकोट क्षेत्र के 168 करोड़ 04 लाख रूपए की लागत के 129 विकास कार्यों भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा विधानसभा क्षेत्र नारायणपुर के अंतर्गत 5 करोड़ 68 लाख रूपए की लागत से ग्राम फरसागुड़ा से पखनाकोंगेरा मार्ग में निर्मित वृहद पुल सहित 5 करोड़ 47 लाख रूपए की लागत से निर्मित ग्राम सोरगांव से जामगांव मार्ग पुल-पुलिया सहित कुल 24 करोड़ 15 लाख रूपए की लागत से 13 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र बस्तर के 6 करोड़ 08 लाख रूपए की लागत से निर्मित ग्राम छोटेदेवड़ा-आवराभाटा से जैतगिरी-पाहुरबेल मार्ग, 04 करोड़ 39 लाख रूपए की लागत से निर्मित भैंसगांव -ठोटीपारा से अलवाही मार्ग, 03 करोड रूपए की लागत से निर्मित बोदरा से चीड़ीघाट मार्ग, 02 करोड़ 56 लाख रूपए की लागत से निर्मित देउरगांव मोंगरापाल मार्ग सहित कुल 45 करोड़ 41 लाख रूपए की लागत से 20 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के अन्तर्गत 42 करोड़ 81 लाख रूपए की लागत से निर्मित जगदलपुर बायपास मार्ग तथा 03 करोड़ 03 लाख रूपए की लागत से निर्मित रेट्रोफिटिंग जल प्रदाय योजना नेतानार, 03 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित परपा में आजीविका संवर्धन एवं प्रशिक्षण केंद्र भवन सहित कुल 80 करोड 14 लाख रूपए की लागत के 47 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र चित्रकोट के अन्तर्गत 12 करोड़ 91 लाख रूपए की लागत से निर्मित तोकापाल से करंजी मार्ग, 06 करोड़ 21 लाख रूपए से निर्मित लालागुड़ा-रावतपारा से पुजारीपारा मार्ग, 04 करोड़ 18 लाख रूपए की लागत से बडे़ धाराउर -पारापुर मार्ग में नानी बहार नाला पर उच्च स्तरीय पुल सहित कुल 38 करोड़ 68 लाख रूपए से अधिक लागत के 19 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।  साय ने नारायणपुर क्षेत्र के अंतर्गत 02 करोड़ 97 लाख रूपए विश्रामपुरी जलाशय बांध में नवीन स्लूजवेस्ट वियर कार्य एवं नहर लाईनिंग एवं स्ट्रक्चर निर्माण कार्य, 02 करोड़ 95 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले तुरपुरा जलाशय बांध में नवीन स्लूज वेस्ट वियर कार्य एवं नहर लाईनिंग एवं स्ट्रक्चर निर्माण, 02 करोड़ 68 लाख की लागत से निर्मित किए जाने जाने वाले कुम्हली एनिकट कम काजवे जीर्णोंद्धार कार्य तथा 02 करोड़ 27 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले अमलीगुड़ा एनिकट कम काजवे जीर्णोंद्धार कार्य सहित कुल 13 करोड़ 28 लाख रूपए की लागत से प्रस्तावित 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया । वहीं विधानसभा क्षेत्र बस्तर के 05 करोड़ 16 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले बागमोलाई-02 स्टापडेम सह पुलिया निर्माण कार्य 02 करोड़ 29 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले कुम्हडाकोट -बेलगुड़ा से मोंगरापाल सड़क निर्माण कार्य तथा एक करोड़ 91 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास भवन बस्तर सहित कुल 17 करोड़ 53 लाख रूपए से अधिक लागत से निर्मित किए जाने वाले 20 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।इसी तरह विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के अंतर्गत 31 करोड़ 62 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले जगदलपुर से चित्रकोट मार्ग चौड़ीकरण कार्य, 02 करोड़ 97 लाख रूपए से गणेश बाहर नाला में स्टापडेम का काजवे निर्माण कार्य ग्राम ताईपदर, 02 करोड़ 93 लाख रूपए से सिचाई कालोनी बोधघाट एवं मंडी कालोनी व निर्मल कालोनी जगदलपुर में सड़क एवं अहाता निर्माण कार्य सहित कुल 68 करोड़ 80 लाख रूपए से निर्मित किए जाने वाले 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 04 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले मुनगाबहार व्यपवर्तन योजना नहर निर्माण कार्य, 03 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले पैदापारा मंडवा स्टापडेम सह पुलिया निर्माण, 02 करोड़ 98 लाख रूपए की लागत से हर्राकोडेर-पिच्चीकोडेर से अमलीधार मार्ग में स्पाॅन स्लैब कलर्वट निर्माण सहित कुल 68 करोड़ 42 लाख रूपए से अधिक की लागत से निर्मित किए जाने वाले 47 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वनमंत्री केदार कश्यप, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद कांकेर भोजराज नाग, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक जगदलपुर किरणदेव, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, महापौर सफीरा साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छूराम कश्यप, सुभाऊ कश्यप के साथ-साथ बस्तर आईजी श्री सुंदरराज पी., सीसीएफ़ आरसी दुग्गा, कलेक्टर हरिस एस.,एसपी शलभ कुमार सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

भाजपा सरकार ने बस्तरवासियों को छला, विकास कार्य से रखा हमेशा वंचित: दीपक बैज

0
  •  खूटपदर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल प्रोजेक्ट रद्द करना सरकार की नासमझी
  •  साय सरकार पूंजीपतियों को ही पहुंचा रही है लाभ 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जगदलपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्याय यात्रा की शुरुआत नगरनार के खूटपदर से होगी और जगदलपुर तक की आएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा नगरनार स्टील प्लांट का विनिवेशीकरण घातक निर्णय है। विनिवेशीकरण जनता के हितों के खिलाफ है और इसे केवल निजीकरण की साजिश के रूप में देखा जा सकता है। राष्ट्रीय संपत्ति की लूट नगरनार जैसे नवरत्न प्लांट का विनिवेशीकरण और इसके बाद निजीकरण भाजपा सरकार और प्रबंधन की पूंजीपतियों को खुश करने की नीति को उजागर करता है। यह जनता की संपत्ति को पूंजीपतियों के हाथों सौंपने का एक घातक प्रयास है। आर्थिक अस्थिरता विनिवेशीकरण के बाद इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर समाप्त हो आएंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण की बैठक में पारित प्रस्ताव के तहत 22 एकड़ जमीन खूंटपदर में आबंटित की गई थी जिस पर एनएमडीसी की साफ प्रतिक्रिया आई है कि अब हम अस्पताल नहीं बनाएंगे। एनएमडीसी ने वादा किया था कि अस्पताल हम बनाएंगे किंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार उस प्रोजेक्ट पर पूर्णतः ग्रहण लगा चुकी है कुल मिलाकर यह सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं है। लगातार जनता की आवाज को अनसुना किया जा रहा है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।सीएसआर मद की राशि प्रभावित गांवों के लोगों का हक है, जिसे छीना जा रहा है सीएसआर के तहत प्रभावित क्षेत्र के विकास के लिए निर्धारित राशि अभी तक जारी नहीं की गई है। यह एक बड़ी विफलता है। सीएसआर फंड जारी नहीं करना प्रभावित क्षेत्रों की जनता के अधिकारों का हनन करने जैसा है। कुल मिलाकर भाजपा सरकार ने बस्तरवासियों को सिर्फ छला है, साथ ही विकास कार्य से हमेशा वंचित रखा है। सिर्फ पूंजीपतियों की सेवा में सीएसआर मद का उपयोग पूंजीपतियों के लाभ के लिए किया जा रहा है। जनता के साथ धोखा, एनएमडीसी क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार का प्रमुख स्त्रोत है मगर अब तक स्थानीय लोगों को रोजगार देने के वादे को नजरअंदाज किया गया है। स्थानीय युवाओं को रोजगार न देकर बाहरी लोगों को काम पर रखा जा रहा है। यह क्षेत्रीय जनता के साथ अन्याय है।

पलायन कर रहे हैं युवा

दीपक बैज ने कहा कि रोजगार के अभाव में क्षेत्र के युवा मजबूर होकर अन्य स्थानों पर रोजगार प्राप्त करने के लिए पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी का मुख्यालय जगदलपुर में लाया जाए, स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जाए एवं उन्हें प्रशिक्षित कर रोजगार के योग्य बनाया जाए। एनएमडीसी नगरनार प्लांट का विनिवेशीकरण, अधूरा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सीएसआर फंड का जारी ना होना और स्थानीय लोगों को रोजगार ना मिलना यह सभी क्षेत्र के विकास में बाधक है। केंद्र और प्रदेश की साय सरकार सिर्फ पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का कार्य कर बस्तर का दोहन कर रही है। इन सभी प्रमुख मांगो को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ख़ुटपदर से जगदलपुर तक छत्तीसगढ़ न्याय पदयात्रा निकाली जा रही है।इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स, राजीव शर्मा, अतिरिक्त शुक्ला, अमजद खान, जाहिद हुसैन, जावेद खान, निकेत झा, अनुराग महतो, अजय बिसाई, संदीप दास, विशाल खंबारी, मनोहर सेठिया, शादाब अहमद, पंकज केवट आदि मौजूद रहे।

वसुधैव कुटुंबकम और देशभक्ति का पाठ पढ़ाती है हमारी सनातन परंपरा: विष्णुदेव साय

0
  •  मुख्यमंत्री ने किया वेदमाता महाविद्यालय का भूमिपूजन
  • साय ने संस्था के विकास के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की 

जगदलपुर कोई भी देश तभी मजबूत रह सकता है जब उसकी बुनियाद मजबूत हो। हमारे देश की बुनियाद हमारी सनातन परंपराओं में है। सनातन परंपरा हमें वसुधैव कुटुम्बकम की सीख देती है और देशभक्ति का पाठ पढ़ाती है। अपने देश और राज्य की तरक्की के लिए बहुत जरूरी है कि हम अपनी युवा पीढ़ी को भी सनातन परंपरा के वही संस्कार प्रदान करें जो हमें अपने शिक्षकों और अभिभावकों से मिले हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर के समीप ग्राम कंगोली में वेदमाता गायत्री महाविद्यालय के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गायत्री मंत्र हमारी सनातन परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण मंत्र है। यह मंत्र हमें सन्मार्ग की ओर चलने के लिए प्रेरित करता है। विद्या भारती संस्थान में विद्यार्थियों को श्रेष्ठ शिक्षा के साथ-साथ देशभक्ति के संस्कार भी दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव जीवन में शिक्षा का विशेष महत्व है और इसी ध्येय के साथ प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर भी जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम जैसी उच्च स्तरीय व्यावसायिक शिक्षण संस्थान उपलब्ध हैं। इसके अलावा राज्य में 341 पीएम श्री स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां गुणवत्ता युक्त शिक्षा के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही प्रदेश के विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं और अनुकूल वातावरण प्रदान करने नालंदा परिसर भी बड़े शहरों में स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति और दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बनाए गए यूथ हॉस्टल के संबंध में भी जानकारी दी। कार्यक्रम को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने भी संबोधित किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्याभारती संस्था के विकास के लिए 50 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग ने विद्याभारती संस्था के प्रदेश में स्थित विभिन्न संस्थाओं के विकास के लिए सांसद निधि से हर वर्ष एक करोड़ रूपए दिए जाने तथा जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह ने जगदलपुर स्थित संस्था के विकास के लिए 10 लाख रूपए की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख राजबहादुर सिंह राणा, संस्थान के महामंत्री नरेंद्र तनेजा एवं रामदत्त चक्रधर ने संस्था के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

सीएम ने यज्ञ में दी आहूतियां

मुख्यमंत्री साय ने सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ में सम्मिलित होकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि -विधानपूर्वक आहुति दी और बस्तर सहित प्रदेशवासियों की प्रगति व खुशहाली के लिए कामना की। उन्होंने प्रांगण में सागौन के पौधे रोपे। इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय के आचार्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

सरगीपाल में मंडल भाजपा कार्यालय का भव्य उद्घाटन, संगठन को मजबूत करने पर जोर

0
  • जिला भाजपा अध्यक्ष रुपसिंह मंडावी ने किया कार्यालय का उद्घाटन 

बकावंड बस्तर जिले के बकावंड अंतर्गत सरगीपाल में मंडल भाजपा कार्यालय का बुधवार को भव्य उद्घाटन हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में प्रमुख नेता पूर्व विधायक डॉ. सुभाउ कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, जिला महामंत्री वेदप्रकाश पांडे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य, मंडल अध्यक्ष पुरषोत्तम जोशी, करपावंड मंडल अध्यक्ष तरुण पांडे, जिला कार्यकारिणी सदस्य नारायण बिसाई, जिला मंत्री ललिता बघेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित त्रिवेदी, बकावंड मंडल महामंत्री दामोदर बघेल, जोगेंद्र चंद्राकर, सत्यप्रकाश गुप्ता, गजानंद दास कुलदीप, गणेश परगनिया, बंशीधर कश्यप, रघु सेठिया, मोहन जोशी, सुनील श्रीवास्तव, वीरेंद्र ठाकुर, संतोष बिसाई, हेमकांत सिंह ठाकुर, खगेश्वर कर्मा, अनिल बिसाई, मनोज बिसाई, पीताम्बर बिसाई, रैपाल निषाद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शुभाऊ कश्यप ने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।fभाजपा कार्यकर्ताओं को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने सभी को संगठन के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारी सरकार ने गरीबों के लिए काम किया है, जिससे देश में भुखमरी खत्म हुई है। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरे जोश और ऊर्जा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि नए मंडल अध्यक्ष और नए कार्यालय के उद्घाटन से संगठन को मजबूती मिलेगी। मंडल अध्यक्ष का सम्मान उतना ही है जितना बूथ अध्यक्ष का। हमें अपनी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में भागीदार बनना होगा। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य ने कहा

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य ने कहा कि जेष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ता को एकजुटता बनाकर काम करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि आप लोगों को याद होगा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का कार्यक्रम हर गांव में चला और शासन की दो सौ से ज्यादा योजनाओं के बारे में बताया गया। हर योजना को जानना होगा और बताना होगा। हम एक परिवार के हैं, मतभेद नहीं होना चाहिए, तभी संगठन मजबूत होगा। कार्यक्रम में सुनील सेठिया, बोला नाग, तुलसी पुजारी, पाकलू कश्यप, राहुल सोनवानी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इनके अलावा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय ग्रामीण, और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभा के दौरान संगठन की मजबूती और जनता के बीच भाजपा की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्रवासियों को दी विकास कार्यो की सौगात

0
  •  गारावंड में किया सीसी रोड का भूमिपूजन 

जगदलपुर बुधवार को बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत अनेक ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में बस्तर सांसद महेश कश्यप शामिल हुए।

ग्राम पंचायत गारावंड सांसद महेश कश्यप ने सांसद निधि से स्वीकृत 7.50 लाख की लागत वाली नेगीगुड़ा सेठिया पारा से खेत तक 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का भूमिपूजन सांसद कश्यप ने किया। इस दौरान सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार क्षेत्र के साथ ही संपूर्ण प्रदेश के विकास को नई रफ़्तार देने के लिए प्रतिबद्ध है। डबल इंजन की सरकार जनता को हर प्रकार की सुविधा पहुंचाने का काम लगातार कर रही है। सुदूर क्षेत्रों में सरकार के माध्यम से सड़क, पुल, पुलिया बनवाने, पानी, बिजली पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।  कश्यप ने कहा कि दिल्ली में बैठकर भी हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को बस्तर की जनता की चिंता लगी रहती है। इसलिए वह हम जैसे उनके सेनापतियों को आपके बीच भेजकर आपकी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने का कार्य कर रहे हैं। मेरे लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों को सभी तरह की मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाना मेरा परम कर्तव्य है और यह कर्तव्य मैं पूरी ईमानदारी से निभाउंगा।

माड़पाल में विश्व हिंदू परिषद की द्वारा 12 घंटे से चल रहे हनुमान चालीसा पाठ के समापन अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने शामिल हो कर पूजा अर्चना की। इस दौरान श्री कश्यप ने हनुमान चालीसा का महत्व भी बताया।

चलो, बुलावा आया है- पिता पुत्र को ईडी ने बुलाया है; कवासी लखमा और हरीश से आज होगी पूछताछ

0
  •  ईडी ने जुटा लिए हैं अहम सबूत हो सकती है आज दोनों की गिरफ्तारी 

-अर्जुन झा-

जगदलपुर पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और उनके पुत्र हरीश कवासी को ईडी का बुलावा आ गया है। पिता पुत्र से 3 जनवरी को ईडी के रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। चर्चा है कि पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।

छत्तीसगढ़ के 2161 करोड़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में कवासी लखमा का बड़ा रोल होने की चर्चा रही है। बीते लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान ही कवासी लखमा के सिर पर ईडी की तलवार लटक रही थी। उस समय ईडी कार्रवाई करती तो कांग्रेसी तोहमत लगाते कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। हलांकि अब भी कांग्रेसी यही राग आलाप रहे हैं। वे ईडी की ताजा कार्रवाई को निकाय और पंचायत चुनावों से जोड़कर पेश करने लगे हैं, मगर कांग्रेस के सुलझे हुए बड़े नेता सच्चाई जानते हैं और कवासी लखमा को नेक सलाह दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शराब घोटाला मामले में ईडी ने रायपुर, धमतरी व सुकमा में बड़ी छापेमारी की थी। लगातार आठ घंटे चली छापेमारी में ईडी ने कई अहम डिजिटल सबूत हाथ लगने का दावा किया है। ईडी ने माना है कि पूर्व आबकारी मंत्री तक भी घोटाले की बड़ी रकम हर माह पहुंचती रही है। ऐसे में अब कवासी लखमा और उनके जिला पंचायत अध्यक्ष बेटे हरीश कवासी का पॉलिटिकल करियर दांव पर लग गया है।

ईडी की रायपुर यूनिट ने छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के प्रावधानों के तहत 28 दिसंबर को रायपुर, धमतरी और सुकमा जिलों में स्थित सात परिसरों में तलाशी अभियान चलाया था। यह तलाशी अभियान पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के आवासीय परिसर में किया गया था, जो कथित तौर पर आबकारी मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नकद में अपराध की आय (पीओसी) के मुख्य प्राप्तकर्ता थे। उनके सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष पुत्र हरीश कवासी और उनके करीबी सहयोगियों के आवासीय परिसरों में भी तलाशी ली गई थी। तलाशी में ईडी ने घोटाले की अवधि के दौरान कवासी लखमा द्वारा नकद में पीओसी के उपयोग से संबंधित सबूत जुटाने का दावा किया है। इसके अलावा तलाशी में कई डिजिटल उपकरणों की बरामदगी और जप्ती भी हुई है, जिनमें आपत्तिजनक रिकॉर्ड होने का संदेह है। ईडी की जांच में पहले पता चला था कि अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और अन्य लोगों का शराब सिंडिकेट छत्तीसगढ़ राज्य में काम कर रहा था। इस घोटाले के पीओसी का अनुमान लगभग 2161 करोड़ रुपए है। ईडी की जांच से पता चला है कि कवासी लखमा शराब घोटाले के पीओसी से हर माह बड़ी

रकम कैश में लेते थे। 2019 से 2022 के बीच चले शराब घोटाले में ईडी की जांच से पता चला है कि पीओसी अवैध कमीशन के रूप में प्राप्त किया गया था और इसके लिए कई तरीके अपनाए गए थे।

ऐसे चला था कमीशन का खेल

पार्ट-ए कमीशन के तहत सीएसएमसीएल यानि शराब की खरीद और बिक्री के लिए राज्य निकाय द्वारा डिस्टिलर्स से खरीदी गई शराब के प्रत्येक केस के लिए रिश्वत ली गई। पार्ट-बी कच्ची शराब की बिक्री में बेहिसाब “कच्ची ऑफ -द- बुक” देशी शराब की बिक्री मामले में राज्य के खजाने में एक भी रुपया नहीं पहुंचा, और बिक्री की सारी आय सिंडिकेट ने जेब में डाल ली। अवैध शराब केवल राज्य द्वारा संचालित दुकानों से बेची गई। पार्ट-सी कमीशन के तहत कार्टेल बनाने और बाजार में निश्चित हिस्सेदारी रखने की अनुमति देने के लिए डिस्टिलर्स से रिश्वत ली गई। एफएल-10 ए लाइसेंस धारकों से भी कमीशन, लिया गया जिन्हें विदेशी शराब खंड में भी कमाई करने के लिए पेश किया गया था। इस मामले में करीब 205 करोड़ रुपयों की संपत्ति कुर्क करने का एक आदेश पहले ही जारी किया जा चुका है। अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अभियोजन द्वारा शिकायत के साथ-साथ दो पूरक पीसी दायर किए गए हैं, जिस पर पीएमएलए कोर्ट रायपुर द्वारा पहले ही संज्ञान लिया जा चुका है। आगे की जांच जारी है।

अब क्या होगा पिता पुत्र का?

छापेमारी की प्रक्रिया और सबूतों के परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ईडी ने अब कवासी लखमा और उनके बेटे हरीश कवासी को पूछताछ के लिए 3 जनवरी को अपने रायपुर कार्यालय में तलब किया है। ईडी के विशेषज्ञ अधिकारी पिता पुत्र से पूछताछ करेंगे। उनके सामने कवासी लखमा की चतुराई नहीं चल पाएगी और न ही अपनी गोलमोल बातों में वे ईडी के अधिकारियों को उलझा पाएंगे। कहा तो यह जा रहा है कि ईडी के जाल में तो अब बस्तर के यह बड़बोले नेता और उनके पुत्र उलझने वाले हैं। पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी भी संभव है। इस राउंड में गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूछताछ के अगले राउंड में वे जरूर गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। ईडी ने दो दिन पहले मीडिया को जो जानकारी साझा की थी उसमें हालांकि नगद और अन्य कीमती वस्तुओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन पुख्ता डिजिटल सबूत मिलने का जिक्र जरूर है। पूर्व से नामजद 5 आरोपी एजाज ढेबर, अनिल टुटेजा और बाकी के साथ कवासी लखमा और हरीश लखमा को भी आरोपी बनाए जाने की बात सामने आई है जो कवासी लखमा और हरीश कवासी के राजनीतिक भविष्य के लिए बड़ा ही दुखद साबित होगा। मंत्री रहने के दौरान कवासी लखमा अपने वरिष्ठ नेताओं को भी तुच्छ समझ बैठे थे। सुकमा जिले की कोंटा विधानसभा सीट से लगातार जीत हासिल करने से उनका गरूर इस कदर बढ़ गया था कि वे अपने सामने सभी को कुछ नहीं समझते थे। उन्हें अपने उस इकलौते मसीहा पर ही भरोसा था, जिसने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व विधायक रेखचंद जैन को निपटाने के इरादे से कवासी लखमा को मोहरे की तरह इस्तेमाल किया था। अपने इसी आका की छत्रछाया में कवासी लखमा ने आबकारी मंत्री पद का दुरूपयोग करते हुए शराब घोटाले को होने दिया।चर्चा तो यह भी है कि शराब घोटाले की अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा उस आका तक भी पहुंचता था। अब आका की भी बारी करीब है।

नववर्ष पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने जगदलपुर की जनता को दी सौगात

0
  •  किरण देव ने सीएम साय एवं डिप्टी सीएम साव के प्रति जताया आभार

जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के आड़ावाल एवं परपा पुलिस आवासीय भवनों तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव की पहल पर डेढ़ करोड़ रुपयों की स्वीकृति मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी है। यह नए साल की बड़ी सौगात है।

विधायक किरण देव के दृढ़संकल्प एवं लगातार सक्रियता से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र का चहुमुखी विकास हो रहा है। विधायक किरण देव की सक्रियता के चलते नव वर्ष में जनता को सौगात देते हुए जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के आड़ावाल एवं परपा पुलिस आवासीय भवनों के पहुंच मार्ग निर्माण कार्यों की लोक निर्माण विभाग से स्वीकृति प्राप्त हुई है। आड़ावाल पुलिस आवासीय भवन में 1.250 किलोमीटर निर्माण कार्य लागत 74.15 लाख रूपये एवं परपा पुलिस आवासीय भवन में 1.250 किलोमीटर लागत 75.95 लाख रूपए सहित कुल 150 लाख रूपये की लागत से आड़ावाल एवं परपा पुलिस आवासीय कालोनी में सड़क निर्माण किया जाएगा। ज्ञात हो कि विधानसभा चुनाव के दौरान वहां की जनता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के समक्ष सड़क निर्माण की मांग रखी थी। जिस पर क्षेत्रीय विधायक किरण देव ने जनमानस की भावना का सम्मान करते हुए सड़क निर्माण कार्य 150 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाई है। उन्होंने कहा है कि जनता की मांग के अनुरूप विकास कार्य किया जाएगा। आड़ावाल एवं परपा पुलिस आवासीय कॉलोनी में सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग रही, जो आज विधायक किरण देव की सक्रियता से पूरी हो रही है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होगा और जनता को यह सौगात मिलेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि जनता के मांग की अनुरूप लगातार जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अनवरत जारी हैं। देवतुल्य जनता की मांग के अनुरूप उनकी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करना हमारा प्रथम दायित्व है। हमारी डबल इंजन की सरकार लगातार क्षेत्र में विकास कार्य करा रही है। नव वर्ष पर जगदलपुर क्षेत्र की जनता को एक सौगात प्राप्त हुई है जिसके लिए हम हमारे सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव का जगदलपुर विधानसभा की जनता की ओर से सहृदय धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। वही आड़ावाल एवं परपा पुलिस आवासीय कॉलोनी के निवासियों ने 150 लाख रूपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्य के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण देव को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

MOST POPULAR

HOT NEWS