City Media - Page 417 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 417

समाज के सभी वर्ग भाजपा से नाराज: जैन

0
  • कांग्रेसियों ने दंतेवाड़ा में दिया धरना

जगदलपुर साय सरकार रिमोट सरकार है। मात्र आठ माह में ही जितने निर्णय लिया है, उससे समाज के सभी वर्गों में नाराजगी है। शनिवार को दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के दौरान जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने यह बात कही। बलोदाबाजार में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती रही और शासन- प्रशासन खामोश रहे। अब साजिश रचकर ऊर्जावान विधायक देवेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। रेत के कालाबाजारी की रिपोर्टिंग करने कोंटा गए बस्तर के पत्रकारों को फंसाया गया है। सरकार तथा भाजपा नेताओं के संरक्षण में रेत की तस्करी चल रही है। छत्तीसगढ़ में कोई भी संगठन सरकार से खुश नहीं है। नगरनार स्टील प्लांट को एक चर्चित व्यक्ति की कंपनी को सौंपे जाने के प्रयास की भी जैन ने निंदा की। बस्तरियों व बस्तर के साथ इसे भाजपा के धोखे की संज्ञा देते उन्होने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले जगदलपुर आए प्रधानमंत्री मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह ने प्लांट को बस्तर के लोगों की सम्पत्ति बताते उनका अधिकार स्वीकार किया था।

पत्रकारों की गिरफ्तारी की निंदा

जैन के साथ धरने में मौजूद दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा, छविंद्र कर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा समेत अन्य वक्ताओं ने आंध्र पुलिस के द्वारा बस्तर के पत्रकारों की गिरफ्तारी की निंदा की। इन्होने कहा कि भाजपा शासनकाल में पत्रकारों पर दमन बढ़ गया है, कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। बस्तर के पत्रकार कोंटा में रेत की कालाबाजारी की रिपोर्टिंग करने गए थे। इन पत्रकारों को गांजा की अवैध तस्करी के नाम पर इसलिए हिरासत में लिया गया है क्योंकि यह बस्तर से रेत चोरी व राजस्व हानि समेत भाजपा शासन व प्रशासन की पोल खोलने वाले थे। श्री जैन ने विगत दिनों पीसीसी के निर्देश पर गठित कांग्रेस के जांच दल द्वारा मामले की जांच करने की जानकारी भी दी।

जेपीसी जांच की मांग

वक्ताओं ने विधायक देवेन्द्र यादव की रिहाई तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। साथ ही, बलोदाबाजार कलेक्टोरेट व एसपी कार्यालय को आग लगाने की घटना को राज्य के लिए कलंक निरुपित किया। जातिगत जनगणना की कांग्रेस की मांग से अजा, अजजा, अपिव आदि को शीघ्र न्याय मिलने की बात कही। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के आलोक में सेबी अध्यक्ष के द्वारा पद त्यागने तथा पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग भी की गई। धरना के दौरान श्री जैन के साथ दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा, छविंद्र कर्मा, विमल सुराना, तुलिका कर्मा, सुलोचना कर्मा, पूजा साव, साक्षी सुराना, इंदिरा शर्मा, कोपा कुंजाम, अनिल कर्मा, राजू रेड्डी, शंकर कुंजाम, प्रवीण राणा, मनीष भट्टाचार्य, परमजीत सिंह जसवाल, अमजद खान, हेमू उपाध्याय, संतोष सिंह, राकेश मंडावी समेत कांग्रेस पार्षद, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई आदि संगठनों के पदाधिकारी- कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन सलीम रजा उस्मानी ने किया।

स्कूलों में शिक्षकों का टोंटा, शिक्षकों को सालों से फिजूल के काम में लगाया

0
  • संलग्नीकरण के नाम पर जिला मुख्यालय में तैनाती

अर्जुन झा

बकावंड एक ओर तो विकासखंड बकावंड की शालाएं शिक्षकों की कमी से जूझ रही हैं, वहीं कई शालाओं के शिक्षकों को अनाप शनाप कार्यों में सालों से लगा दिया गया है। अटैचमेंट के नाम पर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।

संलग्नीकरण के नाम पर आदिवासी विकासखंडों के शिक्षको को शहर में रखकर मामूली कार्य लिया जा रहा है ये वर्षो से तनखाह तो अपने मूल स्कूल से लेते आ रहे हैं और ड्यूटी अधिकारी की मर्जी से कर रहे हैं। शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने सरकार प्रयास करती है, लेकिन विभागीय मनमानी और लचर व्यवस्था का का फायदा उठाकर कई शिक्षक अपनी मनचाही जगह पर पोस्टिंग पा रहे हैं।ऐसे मुफ्तखोर शिक्षकों को गांवों के बच्चों की जिंदगी संवारने की चिंता नहीं है। अटैचमेंट के नाम पर अधिकारी भेंट पूजा लेकर ऐसे शिक्षकों को जिला मुख्यालय में ऎसी जगह पर संलग्न कर रखे हैं, जहां उनकी योग्यता की कोई उपयोगिता ही नहीं है। जैसे विषय विशेषज्ञ व्याख्याता को ग्रंथपाल बना दिया गया है, व्यायाम प्रशिक्षक को स्टेडियम में तैनात कर दिया गया है, विद्यार्थियों का भविष्य जाए भाड़ में। बकावंड विकासखंड के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय करीतगांव के व्याख्याता सुशील कुमार साहू को जिला ग्रंथालय जगदलपुर में अटैच किया गया है। सुशील कुमार साहू को ग्रंथालय में ड्यूटी बजाते 1 साल 2 माह हो चुके हैं। वहीं इसी स्कूल के व्यायाम शिक्षक श्रवण कुमार साहू को जिला ओलंपिक संघ बस्तर का सचिव बनाकर इंदिरा स्टेडियम जगदीश में साढ़े छह साल से अटैच कर रखा गया है। इन दोनों का अटैचमेंट तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी ने किया था। सोचने वाली बात है कि विषय विशेषज्ञ व्यख्याता का लाइब्रेरी में भला क्या काम? वहीं व्यायाम प्रशिक्षक को साढ़े छह साल से स्टेडियम अटैच रखना भी हास्यास्पद ही नहीं चिंतनीय भी है। स्कूल के प्राचार्य ने मौजूदा जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर व्यायाम प्रशिक्षक श्रवण कुमार साहू और व्याख्याता सुशील कुमार साहू का संलग्ननीकरण रद्द कर उनकी नियुक्ति मूल शाला में करने का आग्रह किया है। वैसे संलग्ननीकरण के यही दो मामले नहीं हैं, बल्कि जिले की कई शालाओं के शिक्षक शिक्षिकाओं ने जिला मुख्यालय में अपने को एडजस्ट करवा लिया है।

मुखबिर के शक में ग्रामीण को मार डाला नक्सलियों ने

0
  •  बीजापुर जिले गंगालूर थाना क्षेत्र का मामला

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने बीती रात पुलिस के लिए मुखबिरी करने के शक में एक ग्रामीण की धारदार हथियार से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। नक्सली वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात गंगालुर थाना क्षेत्र के पुसनार गांव में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में ग्रामीण लांचा पुनेम की धारदार हथियार से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। नक्सलियों ने जिस ग्रामीण की हत्या की है, वह बुजुर्ग और क्षेत्र का जमींदार कहलाता है। नक्सलियों ने हत्या के बाद वहां एक पर्चा भी छोड़ा है। जिसमें नक्सलियों ने लिखा है की 4 बार जन अदालत लगाकर बुजुर्ग जमींदार को समझाया गया था कि पुलिस की मुखबिरी मत करो, लेकिन ये लगातार पुलिस की मुखबिरी कर रहा था। जिसके चलते इसे मौत की सजा दी गई है। नक्सलियों की गंगालूर एरिया कमेटी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। वही दूसरी ओर खबर लिखे जाने तक इस घटना की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई थी।

माताओं ने मनाया कमरछठ पर्व, संतान एवं परिवार के किए रखा व्रत

0
  • बस्तर के गांव गांव में मनाया गया हलषष्ठी पर्व

जगदलपुर माताओं ने हलषष्ठी कमरछठ का त्योहार उल्लास के साथ आज मनाया। बस्तर संभाग मुख्याल जगदालपुर की माताओं ने भी आज निर्जला व्रत रखकर अपने बच्चों और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ कमरछठ की पूजा अर्चना की। पथरागुडा के शिव मंदिर मे बड़ी संख्या मे माताएं, बहनें सुबह से व्रत रखा और मंदिर पहुंचकर विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। पंडित नवीन द्वारा विधि विधान से पूजा कराई गई। व्रतधारी महिला राधिका साहू ने बताया कि प्राचीन काल से ऐसी मान्यता चली आ रही है कि हलषष्ठी व्रत रखकर घर परिवार बच्चों के सुख समृद्धि के लिए भगवान गणेश कार्तिकेय माता पार्वती एवं शिव के साथ समस्त देवी देवताओं की पूजा की जाती है।

क्या गुनाह किया है छिंदीगांव- 2 के डुरकाटोगा पारा के इन 80 परिवारों ने, जो 50 साल से भोग रहे हैं ऎसी सजा

0
  • कीचड़ भरी कच्ची सड़क पर चलने की मजबूरी
  • ग्राम पंचायत ने उपेक्षित छोड़ दिया है बस्ती को

अर्जुन झा-

बकावंड एक बस्ती, 80 परिवार और 50 साल की त्रासदी। इस बीच बस्ती में कई लोग पैदा हुए और मर खप गए। आज से 50 साल पहले जो यहां पैदा हुए थे, आज उनके बाल पक चुके हैं, वे दादा नाना बन चुके हैं, मगर बस्ती की सड़क पक्की नहीं हो पाई। अब लगता है उनके नाती पोते भी ऎसी ही बदहाली के बीच जवान होंगे।

यह व्यथा कथा है विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छिदीगांव- 2 के डुरकाटोगा पारा बस्ती की।डुरकाटोगा बस्ती में बीते 50 साल से 80 परिवार रहते आ रहे हैं। पचास साल गुजर जाने के बाद भी एक अच्छी सड़क इस बस्ती को नसीब नहीं हो पाई है। जहां आज पूरे छत्तीसगढ़ के हर गांव की हर गली में सीसी रोड बन चुकी है, वहीं डुरकाटोगा पारा बस्ती के लोग मिट्टी वाली सड़क पर आना जाना करने मजबूर हैं। यहां सीसी रोड बनाना तो दूर सालों पुरानी कच्ची सड़क पर ग्राम पंचायत ने मुरुम तक डलवाना जरूरी नहीं समझा है। बरसात के दिनों में यहां के ग्रामीणों का दूसरे गांवों तक जाना दूभर हो जाता है। यहां तक कि ग्राम पंचायत मुख्यालय छिंदीगांव-2 जाने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम पंचायत में सड़क पर मुरूम डालने का निवेदन करने पर जवाब मिलता है कि फंड उपलब्ध नहीं है। शासन ग्राम पंचायतों को हर साल करोड़ों रुपयों का आवंटन अलग अलग मदों से करती है। जिला खनिज न्यास मद से बड़ी रकम मिलती है, 14वें एवं 15वें वित्त की भी भरपूर रकम मिलती है। केंद्र सरकार ने भी जन मन योजना के तहत आदिवासी गांवों के समग्र विकास के लिए खजाना खोल दिया है। ऐसे में यह बड़े ही ताज्जुब की बात है कि छिंदीगांव -2 ग्राम पंचायत के पास मुरुम डलवाने के लिए 4-5 हजार रुपए भी नहीं हैं? रुपए तो बहुत होंगे, मगर इस बस्ती के साथ उपेक्षा भाव के कारण उन रुपयों का उपयोग इस बस्ती के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए नहीं किया जा रहा है। ढुरकाटोगा पारा के मुरहा, लुकू, मंगल, सुरीले, लघु, सुमन, सुरेंद्र, फाल्गुनी, भारत, बोटी, चेलिया, सुकरू आदि ग्रामीणों का कहना है कि कई सरपंच आकर चले गए लेकिन हमारे पारा में कुछ भी सुधार नहीं हो पा रहा है। आने वाला समय में जो काम करेगा उसी को हम सरपंच बनाएंगे।

वर्सन

पंचायत में फंड नहीं है

ग्राम पंचायत फंड में राशि नहीं है, कहां से मुरूम डालेंगे।

बालेशर बघेल,

          सरपंच, छिंदीगांव -2

नारायणपुर और बालोद जिलों के ट्रांसपोर्टरों के बीच ‘ट्रक -युद्ध`, रोके एक दूसरे के कई ट्रक

0
  •  नारायणपुर में रोके गए दल्ली राजहरा के 20 ट्रक
  • दल्ली राजहरा में भी रोके गए नारायणपुर के ट्रक 
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले और दुर्ग संभाग के बालोद जिले के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के बीच ‘ट्रक युद्ध` छिड़ गया है। दोनों जिलों के ट्रांसपोर्टर अपने अपने जिले में प्रतिद्वंदी जिले के ट्रकों को बैन करने पर आमादा हो गए हैं। दरअसल व्यवसायिक हित लाभ की वजह से ऐसा किया जा रहा है। इस द्वंद की शुरुआत नारायणपुर जिले के ट्रांसपोर्टरों की ओर से हुई है और अब बालोद जिले के ट्रांसपोर्टर्स ने भी दल्ली राजहरा में नारायणपुर के ट्रकों को रोक लिया है। आगे चलकर हालात बिगड़ने का अंदेशा है। इससे बचने के लिए दोनों जिलों के प्रशासन को फौरी कदम उठाने होंगे।

नारायणपुर जिले के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने बालोद जिले के दल्ली राजहरा, चिखलाकसा, कुसुमकसा आदि के डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा 16 पहिया ट्रकों को रोक लिया है। पिछले तीन दिनों से दल्ली राजहरा अंचल के ये सारे ट्रक नारायणपुर जिले में खड़े हैं। जानकारी के मुताबिक दल्ली राजहरा के ये सभी ट्रक नारायणपुर के छोटे डोंगर में कच्चा माल भरने गए थे। बताते हैं कि दल्ली राजहरा के 20 से अधिक 16 पहिया ट्रकों को नारायणपुर में वहां के ट्रांसपोर्टरों ने रोक रखा है। जिसके बाद आज शुक्रवार को दल्लीराजहरा के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने भी बदला लेते हुए नारायणपुर के कई 16 पहिया ट्रकों को दल्ली राजहरा के मानपुर मोहला चौक पर रोक लिया है। वहीं दल्लीराजहरा के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने उनके ड्राइवरों को बंधक बनाने और फिर बाद में मारपीट कर ड्राइवरों को भगा देने का आरोप लगाया है। दल्ली राजहरा में नारायणपुर के 16 पहिया ट्रक मालिकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

दल्ली के ट्रक मालिक बेहाल
दरअसल बीते कुछ सालों से दल्ली राजहरा के ट्रक मालिक बदहाली के दौर से गुजर रहे हैं। एक जमाना था, जब दल्ली राजहरा में ट्रक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय काफी समृद्ध था। वहां ट्रकों की संख्या हजारों में हुआ करती थी। ट्रक मालिकों के साथ ही हजारों ड्राइवर, क्लीनर्स और मजदूरों को भरपूर काम मिल रहा था। ट्रक रिपेयरिंग गैरेज भी वहां बड़ी तादाद में थे, टायरों के पंचर बनाने वाले भी अच्छी कमाई कर लेते थे। महामाया, दल्ली राजहरा की लौह अयस्क माइंस बंद होने के बाद इन सभी ट्रक मालिकों, ड्राइवर, क्लीनर्स, मजदूरों, रिपेयरिंग गैरेज मालिकों व उनके मेकेनिक, हेल्परों और पंचर बनाने वालों के रोजी रोजगार का जरिया तबाह हो गया है। इसलिए वे नारायणपुर के छोटेडोंगर स्थित खदान में अपने ट्रक लगाने लगे हैं। अब इस पर भी संकट खड़ा हो गया है। अगर दोनों जिलों के ट्रक मालिक यूं ही लड़ते झगड़ते रहे तो नुकसान दोनों का ही होगा। वहीं दूसरी ओर आगे चलकर हालात और भी बिगड़ सकते हैं। इससे बचने के लिए दोनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित हस्तक्षेप करना होगा।

बलौदाबाजार प्रकरण में साय सरकार अपनी नाकामी और पूरे देश में हुई बदनामी को छुपाने विपक्ष के नेताओं को कर रही परेशान

0
  • विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट: लखेश्वर 
    जगदलपुर बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल ने भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए कहा है कि साय सरकार और उसकी पुलिस अपनी नाकामी और देशभर में हुई बदनामी पर पर्दा डालने के लिए विपक्ष के नेताओं को निशाना बना रही है। यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने बलौदाबाजार में न भाषण दिया और न ही कलेक्टर ऑफिस प्रदर्शन में शामिल हुए। वे भीड़ में पांच मिनट रूक कर वापस चले गए थे। कहीं भी किसी हिंसक घटना में उनकी संलिप्तता का कोई भी साक्ष्य नहीं है और न वे किसी भी प्रकार की घटना में शामिल थे। पुलिस ने उनको गलत तरीके से गिरफ्तार किया है। बघेल ने कहा कि सरकार, पुलिस बताए कि किन भाजपा नेताओं को नोटिस दिया, पूछताछ की गई? न्याय संगत कार्रवाई होनी चाहिए।भाजपा सरकार का चरित्र और व्यवहार 8 माह में ही अलोकतांत्रिक हो गया है।पत्रकारों को गलत तरीके से फंसाने उनकी गाड़ी में गांजा रखा जाता है। विपक्ष के विधायक को झूठे मुकदमे में फंसाकर गिरफ्तार किया गया। बलौदाबाजार के मामले में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को चिन्ह चिन्ह कर जेलों में डाला जा रहा है। भाजपा सरकार के इस आताताई चरित्र से कांग्रेस डरने वाली नहीं। इस प्रकार के कृत्यों से हमारा कार्यकर्ता और मजबूती से सरकार के खिलाफ जनता की आवाज उठाएगा।बलौदाबाजार में हुई आगजनी की भयावह घटना शासन प्रशासन की बड़ी लापरवाही व सरकार की इंटेलीजेंसी के फैल हो जाने के कारण हुई।

समय रहते सरकार व प्रशासन सचेत हो जाते व समाज द्वारा सीबीआई जांच की मांग को पूर्व में ही मान लेता तो प्रदेश को शर्मसार करने वाली घटना से बचा जा सकता था।लखेश्वर बघेल ने कहा कि इस पूरी घटना के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार दोषी है। लचर कानून व्यवस्था और प्रशासन की निरंकुशता व लापरवाही से बलौदाबाजार में सतनामी समाज के आंदोलन में असामाजिक तत्वों की घुसपैठ हुई और इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया, जिसके लिए प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह दोषी है। साय सरकार की अकर्मण्यता के चलते ही बलौदाबाजार में कानून व्यवस्था बिगड़ी। यदि समय रहते जैतखाम को क्षति पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की गई होती और आहत समाज से संवाद किया गया होता तो ऐसी अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं होती।

धार्मिक भावनाएं आहत होने पर आंदोलित समाज को विश्वास में लिया गया होता तो ऐसी विध्वंसक प्रतिक्रिया नहीं होती।  बघेल ने कहा हमारी मांग है कि इस पूरे आंदोलन में भाजपा के जिलाध्यक्ष सनम जांगड़े सहित अन्य भाजपा नेताओं की भूमिका की जांच हो।धरना प्रदर्शन को कलेक्टर से परमिशन दिलाने वाला कौन था? रैली में आने वाले हजारों लोगों के लिये भोजन, मंच, पंडाल, माईक के लिए रूपयों की व्यवस्था किसने की ?इतनी बड़ी घटना के बाद भड़काऊ भाषण देने वाले की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? नागपुर से 250 से अधिक लोग आए थे वो कौन थे?सरकार ने उन पर नजर क्यों नहीं रखी? रैली की शुरूआत से ही उपद्रव शुरू हो गया था उसके बावजूद लोगों को कलेक्ट्रेट क्यों जाने दिया गया? भीड़ को रोकने की कोशिश क्यों नहीं हुई? आम जनता के वाहन जलाए जा रहे थे, लोगों को दौड़ा कर पीटा जा रहा था तब पुलिस कहां थी? एसपी किसके इशारे पर शांत बैठे हुये थे? घटना को रोकने के बजाय पलायन क्यों कर गए ? प्रेसवार्ता के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू, नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स, महामंत्री सुभाष गुलाटी, दिनेश सिंह यदु, प्रेमशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, चंपा ठाकुर, जावेद खान, असीम सुता, नीलम कश्यप, शादाब अहमद, एस. नीला, मानसिंह कवासी, जितेंद्र तिवारी, तुलसीराम ठाकुर, हरदास बघेल, उस्मान रज़ा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री से अभाविप ने की छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग

0
  • जल्द हो विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चुनाव 
    जगदलपुर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कल शैक्षणिक जगत में उत्तम छात्र नेतृत्व हेतु प्रदेशभर के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर सभी जिलों के कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। पूर्व में लगातार प्रतिवर्ष छात्रसंघ चुनाव किए जाने के कारण शिक्षा के क्षेत्र में सुधार तथा विकास युवा नेतृत्व के माध्यम से संपन्न होता था। 2016 के पश्चात प्रदेश के विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगा दी गई। पिछले 2 से अधिक वर्षो से छात्रसंघ मनोनयन भी नही हुआ है। पूर्व से अभाविप लगातार छात्रसंघ चुनाव हेतु प्रदेश सरकार से मांग करती आ रही है। अभाविप के प्रदेश मंत्री  यज्ञदत्त वर्मा ने कहां की छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगा देना निश्चित रूप से युवा नेतृत्व का दमन करने वाला कदम साबित हुआ है। अभाविप सदैव से छात्रसंघ चुनाव के पक्ष में रही है।

पूर्व की सरकार से भी लगातार छात्रसंघ चुनाव की मांग अभाविप छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा की गई थी तथा छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदेश में एक आंदोलन जागृत करने का काम अभाविप छत्तीसगढ़ ने किया है। छात्रसंघ चुनाव के माध्यम से चुने हुए प्रतिनिधियों को परिसर में हो रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने हेतु प्रयास करने का अवसर प्राप्त होता है। अभाविप की मांग है कि छात्र हित को जल्द ही छात्र संघ चुनाव कराने की घोषणा की जाए। अभाविप के प्रदेश सहमंत्री एवं बस्तर जिला संयोजक शैलेष ध्रुव ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के माध्यम से छात्रों के नेतृत्व क्षमता में विकास के साथ छात्रहित में कार्य होने लगते है। प्रदेश सरकार छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्रदेश भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में प्रत्यक्ष रूप से छात्रसंघ चुनाव करवाए तथा जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषणा की जाए। इस दौरान अश्विन पिल्ले, कमला, नुशांत, कुणाल, जय, करन, मनीष, अजेंद्र, अचिंत्य, पूनव सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

व्यापारी एकता पैनल ने चुनावी घोषणापत्र किया जारी

0
  •  बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव की सरगर्मी बढ़ी
  • व्यापारिक -जनहित के कार्य कराना प्राथमिकता 
    जगदलपुर नई सोच, दृढ़ संकल्प व सार्थक प्रयास की नई थीम के साथ व्यापारी एकता पैनल के बैनर तले बस्तर चेम्बर ऑफ कामर्स के चुनाव में उतरे सदस्यों ने व्यापारी व जनहित के कार्य करने का संकल्प लिया है। इसके तहत 21 बिंदुओं का जन घोषणा पत्र जारी किया गया है। व्यापारी एकता पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी श्याम सोमानी व अन्य सदस्यों ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी एकता पैनल की कार्ययोजना व लक्ष्य को लेकर इस चुनाव में उतरे हैं। व्यापारी एकता पैनल बस्तर चेम्बर ऑफ कामर्स को दी गई भूमी पर बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कराएगा और उसमें चेम्बर सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बस्तर जिला व जगदलपुर शहर में भूमि स्वामियों को राजस्व समस्या से निजात दिलाने का प्रयास, सर्व सुविधायुक्त ऑक्सीजन, वेंटिलेटर व अन्य उपकरणों सहित सर्व सुविधायुक्त एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध होगी तो शव वाहन व मरच्युरी बॉक्स भी उपलब्ध कराई जाएगी। बाहरी व्यापारियों के लिए ट्रांजिस्ट हास्टल, आयकर व जीएसटी समस्या हेतु जिला स्तर पर कार्यशाला, स्वास्थ्य की दृष्टि से चिकित्सा शिविर, बिजनेस टूर, विभिन्न सामाजिक दायित्व, वरिष्ठ सदस्यों की निगरानी में विवाद निवारण समिति, औद्योगीकीकरण में स्थानीय भागीदारी का प्रयास सहित अन्य मुद्दों को शामिल किया गया है ‌। पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष प्रत्याशी श्याम सोमानी के साथ उपाध्यक्ष पद हेतु विमल बोथरा, कमल सेठी, महामंत्री नवरत्न जलोटा, मंत्री पद हेतु गजेंद्र चांडक, दीपक भानुशाली व कोषाध्यक्ष पद हेतु श्रीधर राव मद्दी मौजूद रहे।

वोटिंग की स्थिति निर्मित
बस्तर चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के इस चुनाव में उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव में वोटिंग की स्थिति निर्मित हो गई है। उपाध्यक्ष के दो पदों पर चुनाव हेतु तीन प्रत्याशी मैदान पर हैं। इनमें विमल बोथरा, कमल सेठी व अशोक लुक्कड़ ने ताल ठोकी है। अशोक लुक्कड़ के मैदान पर होने से दिलचस्प लड़ाई की संभावना है। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर श्रीधर राव मद्दी व श्री दीपक सोनी के मध्य मुकाबला है। यह पद भी दो नेताओं की साख का मुद्दा बन गया है।

भाजपा सदस्यता अभियान पर हुई कार्यशाला, हर बूथ में 200 नए सदस्य बनाने का दिया गया टास्क

0
  • पहली सितंबर से शुरू होगा सदस्यता अभियान
  •  अधिक से अधिक नए सदस्य बनाएं कार्यकर्ता : धरमलाल कौशिक 

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान 1 सितंबर आरंभ हो रहा है। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान की जानकारियों से अवगत कराया गया और अधिक से अधिक सदस्य बनाने कहा गया। सदस्यता अभियान कार्यशाला में विशेष रूप से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक शामिल हुए।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने सदस्यता अभियान के कार्यक्रमों की रुपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हम अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य करें। यह लक्ष्य जब संगठन व सत्ता के सामने होता है, तब वह आगे बढ़ता है। संगठनात्मक दृष्टि से सदस्यता अभियान हमें दो माह में पूर्ण करना है। 1 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य है। ऐसे भी कई बूथ हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं को ज्यादा ध्यान देना है, ताकि पार्टी को नुकसान न हो और पार्टी के वैचारिक धरातल को हमें मजबूत बनाना है। श्री कौशिक ने बताया कि 1 सितंबर को प्रधानमंत्री दिल्ली से सदस्यता ग्रहण कर अभियान शुरु करेंगे। अगले दिन 2 सितंबर को प्रदेश और 3 सितंबर को जिला मुख्यालयों में और फिर मंडल मुख्यालयों तक समारोह पूर्वक सदस्यता अभियान की शुरूआत होगी। शक्ति केंद्र संयोजक, सह संयोजक व सदस्यता सहयोगी मिलकर 30 अगस्त तक अभियान की संरचना पूर्ण करेंगे। कौशिक ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को भी सदस्यता का लक्ष्य दिया गया है|

 

ताकि सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़े और सभी कार्यकर्ताओं को 50 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। कागजी और ऑनलाइन सदस्यता का अपडेट केंद्र तक जाएगा। इसलिए सदस्यता फार्म और ऑनलाइन डाटा अपडेट रखना है। सांसदों, विधायकों जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौरों को व्यक्तिगत रूप से सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। विषय की सुगम जानकारी के लिए मंडल स्तर पर भी कार्यशाला होगी, जिसमें सभी प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। श्री कौशिक ने सदस्यता अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी निर्धारित किए गए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सदस्यता अभियान में पूरे परिश्रम से कार्य करें। कार्यशाला का संचालन रामाश्रय सिंह ने व आभार प्रदर्शन सदस्यता अभियान जिला संयोजक योगेंद्र पाण्डेय ने किया।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, बैदूराम कश्यप, संतोष बाफना, लच्छू राम कश्यप, जिला प्रभारी जी वेंकट, सह प्रभारी सेवक राम नेताम, श्रीनिवास राव मद्दी, विद्याशरण तिवारी, जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप, मनीराम कश्यप, श्रीधर ओझा, वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर सफीरा साहू, संजय पाण्डेय, नरसिंह राव, राजेंद्र वाजपेयी, सुरेश गुप्ता, फूलसिंह सेठिया, सतीश सेठिया, नरसिंह ठाकुर, मनोहर तिवारी, संग्राम सिंह राणा, अविनाश श्रीवास्तव, दीप्ति पाण्डेय, आशु आचार्य, सुरेश मिश्रा, सतीश वाजपेयी आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता शामिल रहे।

MOST POPULAR

HOT NEWS