City Media - Page 759 of 1862 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 759

योग दिवस पर बड़े किलेपाल में विधायक बेंजाम ने किया योग

0
  • लोग अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं योगाभ्यास को : राजमन

लोहंडीगुड़ा चित्रकोट क्षेत्र के विधायक राजमन बेंजाम ने अंतर राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकासखंड बास्तानार के हायर सेकंडरी स्कूल मैदान बड़े किलेपाल में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होकर योग किया। विधायक राजमन ने कहा कि योग हमारी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यही वजह है कि लोग इसे लगातार अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। इसे करने से केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक तौर पर भी कई सारे फायदे पहुंचते हैं। योग की अहमियत को देखते हुए हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है।

यह दिन खासतौर पर योग से होने वाले कई लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के मकसद से मनाया जाता है। योग एक प्राचीन अभ्यास है, जिसकी उत्पत्ति भारत में ही हुई और इसने अपने शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के लिए दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की है। पूरे विश्व में योग का चलन तेजी से बढ़ रहा है, यह हमारे देश के लिए गर्व की बात है। बेंजाम ने उपस्थित लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील भी की।

सवा करोड़ रु. डकारने वाले डीएफओ पर सरकार मेहरबान: केदार

0
  • बेलगाम अफसर दे रहे हैं भ्रष्टाचार को अंजाम : केदार कश्यप
  • जगदलपुर वन मंडल में कैंपा मद की राशि की जमकर हुई बंदरबाट

जगदलपुर पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता केदार कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में अफसर भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैम्पा मद की राशि की बंदरबाट करने वाला जगदलपुर के डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन सरकार के संरक्षण में विकास कार्यों की राशि के बंदरबाट करने वाले अफसर पर सरकार मेहरबान है। उन्होंने कहा कि वनोपज संग्रहण करने वाले संग्राहकों की संख्या कागजों में बताकर कोचिया से वनोपज खरीदी कर संग्राहकों के मिलने वाले हक पर विभाग के अफसर डाका डाल रहे हैं। वन मंडल अधिकारी सरकारी तिजोरी में सेंधमारी कर सवा करोड़ रु. डकार गए। उन्होंने कमीशन सरकार तक पहुंचने का आरोप भी लगाया। ज्ञातव्य हो कि बस्तर वन मंडल के अफसर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर दबाव बनाकर क्रय नियम को दरकिनार करते हुए बिगड़े वनों के सुधार के नाम पर कैम्पा मद की सवा करोड़ से अधिक की राशि की बंदरबाट करने का खुलासा हुआ है। मामला उजागर होते ही जगदलपुर डीएफओ से कैम्पा मद का वित्तीय प्रभार छीन लिया गया है। मामले की जांच रिपोर्ट राजधानी में पीसीसीएफ के दफ्तर तक पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लगता है कि मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।

भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कार्रवाई हो

पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने आरोप लगाया है कि सरकार के संरक्षण में वन विभाग के अफसर केंद्र सरकार के मद की राशि की बंदरबाट करने में जुटे हैं। इस बंदरबाट का कमीशन सरकार तक पहुंचने का आरोप उन्होंने लगाया है। उन्होंने कहा कि जांच में भ्रष्टाचार उजागर होने के बाद भी डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना दर्शाता है कि सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कर्मचारी कोई गड़बड़ी करते हैं तो बड़े अधिकारी छोटे कर्मचारियों को निलंबित करने में जरा भी देर नहीं करते। तो फिर ऐसे भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कार्रवाई में विलंब क्यों?

वनोपज खरीदी में भी भ्रष्टाचार

कश्यप ने बस्तर में वनोपज खरीदी के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किए जाने का आरोप लगाते कहा कि विभाग द्वारा संग्राहकों का झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर संग्राहकों के हक पर डाका डाला जा रहा है। वनोपजों की खरीदी कोचियों से कर लक्ष्य की पूर्ति दर्शा दी जाती है और कमीशन का खेल खेला जाता है। वनोपज खरीदी में भी करोड़ों का भ्रष्टाचार किया जाता है। कांग्रेस सरकार इस पर भी नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। इससे लगता है कि यह खेल भी भूपेश बघेल सरकार के संरक्षण में चल रहा है।

हर घर तक पानी, बिजली, सड़क पहुंचाना हमारा लक्ष्य :दीपक बैज

0
  • चित्रकोट क्षेत्र का संपूर्ण विकास हमारी पहली प्राथमिकता : बेंजाम
  • लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में 10 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास

लोहंडीगुड़ा मंगलवार को विकासखंड लोहंडीगुड़ा के विभिन्न गांवों में बस्तर के सांसद दीपक बैज और चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम ने 10 करोड़ रु. से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। सांसद व विधायक क्षेत्र में लगातार जन सभाएं कर रहे हैं। सभाओं में ग्रामीणों का उत्साह देखते बन रहा है। सभा में अपने नेताओं को सुनने बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हो रहे हैं। सांसद व विधायक क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास के हेतु लगातार करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं।

इसी कड़ी में लोहंडीगुड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत चंदनपुर में 65.79 लाख रुपए, ग्राम पंचायत पारापुर में 464.06 लाख रुपए, ग्राम पंचायत गढ़िया में 474.22 लाख रुपए की लागत से नल जल प्रदाय योजना के माध्यम से घर घर तक पानी पहुंचाने के लिए निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान सांसद दीपक बैज ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमने अपने क्षेत्र में सर्वप्रथम घर- घर तक बिजली पहुंचाने का कार्य किया। साथ ही हम सभी गांवों के अंतिम घर तक सड़क बनवाने का कार्य कर रहे हैं। अब हम घर घर तक शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु करोड़ों रुपए की लागत से नल जल योजना पर काम कर रहे हैं।ताकि हमारी माता बहनों को पानी के लिए भटकना की न पड़े। पिछले 15 साल तक छत्तीसगढ़ की सत्ता में रही भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने आपका इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के रूप में किया। गांवों को सुविधाएं दिलाने के लिए कुछ नहीं किया। जब मैं विधायक था, तब हमारे क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता रहा। जब से छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनी है, हमारे मुखिया भूपेश बघेल के नेतृत्व में हम सभी जनप्रतिनिधि एकसाथ मिलकर लगातार क्षेत्र के विकास हेतु कार्य कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचना, हर गली में सड़क बनवाना और गांवों को बिजली से रौशन करना है। विधायक राजमन बेंजाम ने उपस्थित ग्रामीणों का अभिवादन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जबसे हमारी सरकार आई है, हम प्रत्येक क्षेत्र की मांग और आवश्यकता के अनुसार लगातार निर्माण एवं विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाकर भूमिपूजन कर रहे हैं। हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। हमारी सरकार बनते ही हमने किसानों का कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार देश की पहली सरकार है, जो किसानों से 2500 रु. प्रति क्विंटल की दर वाले समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी कर रही है। उसी प्रकार नल जल योजना के तहत हम गांव – गांव में पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। इस दौरान जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के अध्यक्ष महेश कश्यप, उपाध्यक्ष योगेश बैज, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लोहंडीगुड़ा लक्ष्मण कश्यप, सरपंच गढ़िया रमेश कश्यप, जयंती यादव, लखमू राम, सदन, सरपंच बुटकी कश्यप, जयंती यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष भंवर लाल मौर्य, लंबूधर पटेल, मुन्ना, ललिता पटेल, ललित, सोमारु, सरपंच पारापुर सुकड़ी मंडावी, जनपद सदस्य गोमती बघेल, पंच मंगतू राम, सुकालुराम मौर्य, जगाराम मंडावी, विष्णु बघेल,भक्तु राम, गणेश पुजारी, सुबी यादव, मांगोराम, आमोराम मंडावी, साजन कवासी, गोंचू कश्यप, सुकालुराम, बीएमओ डॉ. नारायण नाग, एसडीओ नलजल योजना सहित भारी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

मंदिर मे चोरी करने वाला शातिर चोर को गुण्डरदेही पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
  • चोरी किये चिल्लर पैसो को बडे नोटो मे बदलने तलाश रहा था ग्राहक
  • अलग – अलग थाना क्षेत्रो के मंदिरो मे करता था चोरी

दिनांक 20.06.2023 को सूचना मिला की एक व्यक्ति देशी शराब दुकान सिकोसा के पास एक गुलाबी रंग की तकिया खोल का थैला बनाकर बहुत सारा चिल्लर व नोट रूपये रखा है। तथा चिल्लर व नोट का बडे नोट भुनाने हेतु ग्राहक तलाश कर रहा है, सूचना पर हमराह स्टाफ व गवाहन के संदिग्ध व्यक्ति को रेड कार्यवाही किया तो वह अपना नाम महेश यादव पिता राधेलाल यादव उम्र 28 साल साकिन निपानी थाना व जिला बालोद (छ.ग.) का रहने वाला बताये जो घटना दिनांक 19.06.2023 के रात्रि ग्राम सांकरा (क) थाना व जिला बालोद के दुर्गा मंदिर के दान पेटी को तोडकर दान पेटी मे रखे चिल्लर पैसे व नोट एवं सोने की हार को चोरी करना बताये आरोपी की तलाशी लेकर गवाहो के समक्ष चिल्लर व नोटो को गिनती किया गया जो कुल 7,959 रूपये व एक नग सोने का मंगलसूत्र किमती 8000 रूपये कुल योग 15,959 रूपये मिला जिसे जप्त कर आरोपी को दिनांक 20.06.2023 को गिरफ्त कर किया गया है। ज्युडिशियल रिमाण्ड पर भेजा जाना है। पुलिस अधीक्षक महोदय जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन मे, अति0पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर निर्देशन, अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रीमति गीता वाधवानी के पर्यवेक्षण एवं सउनि अरविंद साहू प्रभारी थाना गुण्डरदेही के नेतृत्व मे उक्त कार्यवाही मे आर. पंकज तारम, आर.पुकेश साहू, आर. सुमित पटेल का योगदान रहा।

तिरिया मुठभेड़: एक महिला समेत दो चढ़े एनआईए के हत्थे

0

28 जुलाई 2019 को नगरनार थाना क्षेत्र में हुई थी मुठभेड़ == 18 मार्च 2021 को मामला सौंपा गया राष्ट्रीय जांच एजेंसी को

जगदलपुर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बस्तर जिले के तिरिया गांव के पास सीपीआई (माओवादी) संगठन के नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों पर 2019 में किए गए हमले के आरोप में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में छह माओवादी मारे गए थे। इस मामले को तिरिया मुठभेड़ मामले के रूप में जाना जाता है। एनआईए ने 2021 में झारखंड और छत्तीसगढ़ में आतंक और हिंसा की घटनाओं को अंजाम देने की माओवादी साजिशों से जुड़े कई अन्य मामलों के साथ इस मामले की जांच शुरू की थी। दोनों व्यक्तियों को एनआईए ने इस मामले में व्यापक जांच के बाद रविवार को हिरासत में लिया था। इस मामले में एनआईए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एनआईए की जांच में पता चला था कि 18 जून 2023 को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी देश विरोधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सीपीआई (माओवादी) के शीर्ष नेतृत्व के साथ सक्रियता से जुड़े हुए थे। एनआईए ने इससे पहले दोनों आरोपियों के आवास परिसरों पर की तलाशी के दौरान सीपीआई (माओवादी) कैडरों की गतिविधियों से संबंधित कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की थीं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक महिला की पहचान बीसीएच पद्मा उर्फ मोडेम पद्मा उर्फ ललिता बताया गया है। यह पहले भाकपा माओवादी की मंडल समिति सदस्य के रूप में सक्रिय थी और वर्तमान में अग्र संगठनों और भाकपा (माओवादी) पार्टी के बीच समन्वयक के रूप में कार्य कर रही थी। साथ ही भाकपा (माओवादी) की विचारधारा का प्रसार भी वह कर रही था।

दूसरा आरोपी करता था कुरियर का काम

दूसरा आरोपी दुबासी देवेंद्र है, जो कोर क्षेत्र में सक्रिय भाकपा (माओवादी) कैडरों से निकटता से जुड़ा हुआ हैं। वह सीपीआई (माओवादी) के लिए एक कूरियर के रूप में भी काम कर रहा था, और गुप्त रूप से उनके संचार कागज आधारित और डिजिटल दोनों का परिवहन कर रहा था। वह नक्सलियों की राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को सुविधाजनक बना रहा था।

सर्चिंग के दौरान हुई थी मुठभेड़

मुठभेड़ जुलाई 2019 में हुई थी। तब स्थानीय जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी ), विशेष कार्य बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक संयुक्त टीम ने बस्तर जिले के नगरनार थाना के तिरिया के पास वन क्षेत्र में सर्चिंग गश्त पर थी। यह संयुक्त टीम माओवादी कैडरों के एक समूह द्वारा 28 जुलाई को शहीद दिवस के रूप में मनाते हुये एक बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से इकट्ठा होने की सूचना मिलने के बाद वहां अभियान पर गया था। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से हथियार और गोला बारूद व कई आपत्तिजनक हस्तलिखित दस्तावेज, साहित्य आदि बरामद किए थे। शुरूआत में आर्म्स एक्ट और यूए (पी.) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत नगरनार थाने में 28 जुलाई 2019 को जुर्म दर्ज किया गया था। एनआईए ने 18 मार्च 2021 को आरसी -01/ 2021/ एनआईए / आरपीआर के रूप में फिर से मामला पंजीबद्ध किया था।

डायरिया से बच्चों की जान बचाने के लिए जुटा स्वास्थ्य महकमा

0
  • जगदलपुर में डायरिया नियंत्रण पखवाड़े का हुआ शुभारंम
  • आंगनबाड़ी केंद्रों में और मितानिनों को उपलब्ध कराई गई दवाइयां

जगदलपुर बस्तर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में डायरिया से शिशुओं की होने वाली मृत्यु पर रोकथाम के लिए गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा की शुरुआत 20 जून को रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड के आंगनवाड़ी केंद्र-1 नया मुंडा जगदलपुर में की गई। शहरी कार्यक्रम प्रबंधक संजीव दुबे ने बताया कि डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा 20 जून से 4 जुलाई तक चलेगा। इस हेतु शहरी क्षेत्र में पूरी तैयारी की जा चुकी है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों में और मितानिनों के पास ओआरएस तथा जिंक टेबलेट्स पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दी गई हैं। एएनएम रजनी मालगांवकर ने हाथ धोने की विधियों जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बच्चों को दी। शहरी महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी अर्चना सैमसन ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ओआरटी कॉर्नर खोलने हेतु निर्देशित किया। साथ ही डायरिया में ओआरएसऔर जिंक टेबलेट के इस्तेमाल के बारे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिनों को जानकारी दी। इस मौके पर प्रमुख रूप से रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड के पार्षद अनिता नाग, पर्यवेक्षक संध्या सिंह, निशा पांडे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुमारी यादव, मनीषा, मीना जॉन, निर्मला चौधरी, मीना रंगारी, नीलम, गीता यादव, मोहनी प्रजापति, ममता, वार्ड के मितानिनों के अलावा स्वास्थ्य विभाग से नरेश मरकाम, प्रशांत श्रीवास्तव एवं मोहन उपस्थित थे।

सांसद बैज व विधायक बेंजाम ने गांवों को दी करोड़ों की सौगात

0
  • चार गांवों में 5 करोड़ के विभिन्न निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन

लोहंडीगुड़ा बस्तर के सांसद दीपक बैज और चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम ने दरभा विकासखंड की ग्राम पंचायत केलाउर, चंद्रगिरी, छिंदावाड़ा – 1 एवं छिंदावाड़ा – 3 में लगभग पांच करोड़ रुपयों की लागत से बनने वाले विकास व निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। अपने क्षेत्र में बस्तर के सांसद दीपक बैज व क्षेत्रीय विधायक राजमन बेंजाम लगातार सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को जनता तक पहुंचाकर लाभान्वित कर रहे हैं। इसी के तहत ये दोनों सक्रिय और सजग जनप्रतिनिधि लगातार विभिन्न निर्माण कार्य गांवों में करा रहे हैं। वे गांवों में अनेक निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास कर रहे हैं। इसी तारतम्य में 20 जून को सांसद बैज और विधायक बेंजाम ने नल जल योजना के तहत विकासखंड दरभा की ग्राम पंचायत केलाउर में 301.74 लाख रु, ग्राम पंचायत छिंदवाड़ा -3 में 188.90 लाख रुपए से एकल ग्राम नलजल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया।

साथ ही सांसद दीपक बैज ने सांसद निधि से ग्राम पंचायत छिंदवाड़ा – 3 में सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य हेतु 2.86 लाख, ग्राम पंचायत चंद्रगिरी में सांसद निधि से सीसी सड़क एवं रंगमंच हेतु 7.67 लाख रुपए तथा छिंदवाड़ा -1 में महिला स्व सहायता समूह हेतु 2 लाख की लागत से शेड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया।इस दौरान सांसद दीपक बैज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को इनका लाभ मिल पाए, इस हेतु हम लगातार प्रयासरत हैं। बैज ने कहा कि प्रदेश की हमारी कांग्रेस सरकार द्वारा हर घर को बिजली व सड़कों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। प्रत्येक गांव में शुद्ध पेयजल घर घर तक पहुंचने का कार्य हमारी सरकार कर रही है। इसके अलावा जनता की मांग के अनुसार जो भी कार्य होगा उसे हम पूरा करेंगे। चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम भी लगातार छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद दीपक बैज, चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम, दरभा ब्लाक के सांसद प्रतिनिधि महादेव नाग, जनपद सदस्य मुन्नालाल कश्यप, सरपंच केलाऊर कोईबाई, सरपंच चंद्रगिरी -1 प्रफुल्ल कुमार नाग, सरपंच चंद्रगिरी- 2 शंकर कश्यप, सरपंच छिंदवाड़ा -3 मोतीराम कुंजाम, सरपंच छिंदवाड़ा -1 सुकई नाग, जयदेव नाग, पंडरू राम, भक्तु पोडियामी, कुचलू, मंगलू पुजारी, मयतर, बेलसर, अर्जुन बघेल, गणपति, नीलंबर ठाकुर, आयतुराम, बुधराम, पंच सोमारू कश्यप, चमेली ठाकुर, कर्मेंद्र सिंह ठाकुर, लक्ष्मण, मंगलू, हेमवती, सोनादेई, फगनू नाग, मानसाई बघेल, सोनसाई बघेल, मोतीराम, अर्जुन बघेल, रामधर, श्याम लाल, रमेश बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

गोंचा महापर्व पर विधायक बघेल ने बजावंड को दी बड़ी सौगात

0
  • गांव में सहकारी बैंक की एटीएम सेवा का लखेश्वर ने किया आगाज

बकावंड गोंचा महापर्व पर विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने क्षेत्र के ग्राम बजावंड में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की एटीएम सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा का लाभ 19 ग्राम पंचायतों के किसानों और बैंक के खातेदारों व ग्राहकों को मिलेगा। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष बजावंड में बैंक शाखा खुलवाने का प्रस्ताव रखा था। इसे संज्ञान में लेते हुए छत्तीसगढ़ के किसानों की सरकार ने अपने किसान भाइयों को बड़ी सौगात दी और 25 जनवरी को बजावंड में जिला सहकारी केद्रीय बैंक की शाखा का का शुभारंभ किया गया। इसका लाभ अंचल की 19 ग्राम पंचायतों के किसानों को मिल रहा है। आज 20 जून को बैंक शाखा बजावंड एटीएम का लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल द्वारा एटीएम का शुभारंभ किया गया। बस्तर जिले में 154682 कृषक परिवारों में से 67244 कृषको को केसीसी जारी किया गया है। बजावंड शाखा में 3141 सदस्य हैं।

रकम निकालने जाना पड़ता था 21 किमी दूर

किसानों को पहले 21 किलोमीटर की दूरी तय करके जिला सहकारी बैंक से संबंधित कार्यों और एटीएम से रकम निकालने के लिए बकावंड ब्लॉक मुख्यालय जाना पड़ता था। जबसे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी हैं, कृषकों की परेशानी को देखते हुए नजदीक में ही बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। बजावंड क्षेत्र के किसान विगत कई वर्षों से परेशान थे। उनकी समस्या को देखते हुए विधायक लखेश्वर बघेल ने विधानसभा क्षेत्र की मुख्य ग्राम पंचायतो में एटीएम सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।

किसान हित में काम कर रही कांग्रेस सरकार : बघेल

किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य की कर रही है। किसानों के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनेक योजनाएं शुरू की हैं।श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन दिखाई देने लगा है। सहकारिता के क्षेत्र की कठिनाइयों को दूर करते हुए इसके माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। राज्य सरकार गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ काम कर रही है। सहकारिता ग्रामीण जनजीवन का महत्वपूर्ण अंग है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने की लगातार कोशिश की जा रही है। इसी तारतम्य में एटीएम सेवा की शुरुआत हो रही है। इस अवसर पर कृषि मंडल सदस्य जानकीराम सेठिया, मछुआ संघ के जिला अध्यक्ष मधु निषाद, जनपद सदस्य सभापति नारायण बघेल, सरपंच भंवरलाल भारती, आयतुराम भारती, डोमूराम भारती, रेवती पटेल, हीरा वल्लभ पांडे, मोहन झाली, जितेंद्र तिवारी, तुलसीराम ठाकुर, राजेश कुमार, निरंग पुजारी, बृजलाल, हरि, शोभाराम पुजारी एवं बैंक के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

अच्छी जॉब और करियर के भी साधन हैं खेल : सांसद बैज

0
  • सांसद दीपक बैज और विधायक राजमन बेंजाम ने किया प्रो कबड्डी सीजन -2 का शुभारंभ

लोहंडीगुड़ा विकासखंड लोहंडीगुड़ा के ग्राम कोठियागुड़ा में प्रो कबड्डी सीजन 2 का आयोजन किया गया है। इसका उद्घाटन बस्तर के सांसद दीपक बैज और चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम ने सिक्का उछाल कर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद दीपक बैज ने कहा कि खेल हमारे जीवन का आवश्यक अंग है। खेल के माध्यम से हम अपने शरीर को तंदरूस्त रख रकते हैं और खेलों के जरिए अपना करियर भी बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में हमेशा खेल भावना और अनुशासन का परिचय देना चाहिए।

कबड्डी का खेल अनुशासित रहकर खेलने का बेहतरीन खेल है। इससे न सिर्फ शरीर में स्फूर्ति आती है, बल्कि मानसिक विकास भी होता है। सांसद बैज ने कहा कि आज खेल रोजगार का एक सशक्त माध्यम भी बन चुका है। अच्छा परफॉरमेंस दिखाने वाले खिलाड़ियों को राज्य और केंद्र सरकारों के विभिन्न विभागों और उपक्रमों में जॉब आसानी मिल जाते हैं। विधायक राजमन बेंजाम ने कहा कि कबड्डी हमारे छत्तीसगढ़ का पारंपरिक खेल है और हमारी राज्य सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए राजीव युवा मितान क्लब का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से पूरे राज्य में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जाता है। बेंजाम ने कहा कि कोठियागुड़ा के लोगों खासकर युवाओं में खेलों के प्रति जज्बा देख मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के अध्यक्ष महेश कश्यप, सरपंच कोठियागुड़ा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित रहे।

बस्तर गोंचा में नेत्रोत्सव पूजा विधान का हुआ आयोजन

0
  • पदेन पाढ़ी-पाणीग्रही ने संपन्न करवाया भव्य पूजा विधान

जगदलपुर बस्तर गोंचा पर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार 5 से 18 जून तक जगन्नाथ स्वामी के अनसर काल अवधि के बाद 19 जून को भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी के विग्रहों को श्रीमंदिर के गर्भगृह के सामने भक्तों के दर्शनार्थ स्थापित किया गया। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के पदेन पाढ़ी-पाणीग्रही द्वारा परंपरानुसार नेत्रोत्सव पूजा विधान संपन्न करवाया गया। पदेन पाणीग्रही रधाकांत पाणीग्रही ने बताया कि नेत्रोत्सव पूजा विधान की परंपरा का निर्वहन शताब्दियों से हमारे परिवार द्वारा किया जा रहा है। नेत्रोत्सव पूजा की परंपरा अनुसार भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा एवं बलभद्र के विग्रहों की साज-श्रृंगार के साथ विधि-विधान से पूजन-हवन के साथ संपन्न किया जाता है। अनसर काल अवधि के बाद भगवान को आज विशेष भोग का अर्पण किया गया। इसका अंश श्रृद्धालुओं में वितरित किया गया। 15 दिनों के बाद भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी के दर्शन एवं भोग प्रसाद का विशेष महत्व होता है।

आज निकलेगी रथयात्रा

20 जून को भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी के 22 विग्रहों को रथारूढ़ कर रथयात्रा होगी।

MOST POPULAR

HOT NEWS