नारायणपुर, 15 सितंबर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़कर ग्राम सुलेंगा (गुरिया) की तुलेंद्री ठाकुर ने आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। मां संतोषी स्व-सहायता समूह की सदस्य तुलेंद्री ने समूह से मिली वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन के बल पर खेती, सब्जी उत्पादन तथा राइस मिल का व्यवसाय शुरू कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया है।वर्ष 2016 में समूह से जुड़ने से पहले उनका परिवार सीमित कृषि आय पर निर्भर था। समूह के माध्यम से मिली ऋण सुविधा और प्रशिक्षण का लाभ उठाते हुए उन्होंने आजीविका गतिविधियों का विस्तार किया। वर्तमान में राइस मिल से उन्हें प्रतिमाह लगभग 9 से 10 हजार रुपये की आय हो रही है, जबकि अन्य गतिविधियों को मिलाकर उनकी मासिक आमदनी 10 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गई है।तुलेंद्री ठाकुर ने बताया कि स्व-सहायता समूह ने उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास भी दिया है। आज वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण, ऋण और अन्य सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया जा रहा है।
दल्लीराजहरा — राजहरा परिवहन संघ दल्लीराजहरा के पदाधिकारियों ने सौरभ लुनिया जिला महामंत्री भाजपा बालोद के अगुवाई में डा रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष छ ग शासन से रायपुर निवास में सौजन्य भेंट
दल्लीराजहरा – लौह अयस्क के खदानों के बीच रहने व स्थानीयता को प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय मालवाहक वाहनों को परिवहन कार्य दिलाये जाने की मांग पर उचित पहल करने मांग पत्र सौंपा राजहरा परिवहन संघ के सदस्यों ने बताया की इतने बड़े माइंस छेत्र में निवास करने के बावजूद राजहरा परिवहन संघ विगत 20_22 वर्षो से दल्लीराजहरा में बी एस पी के संचालित माइंस से लौह अयस्क परिवहन कार्य दिए जाने की मांग की जा रही है ,किंतु बी एस पी प्रबंधन एवं शासन प्रशासन द्वारा समुचित पहल ना करने के राजहरा उजड़ने लगा है ,पूर्व में बी एस पी के अधिकारियों ने आश्वस्त किया था की निर्माणाधीन पेलेट प्लांट से निर्मित पैलेट का परिवहन कार्य साथ ही बी एस पी द्वारा उत्खनित लौह अयस्क को निजी कंपनी को बिक्री करने पर राजहरा परिवहन संघ को प्राथमिकता दिए जाने की लिखित जानकारी दी गई थी किंतु उक्त प्लांट में पैलेट का उत्पादन के साथ रेल मार्ग से परिवहन किया जा रहा है साथ हो बी एस पी प्रबंधन द्वारा निजी कंपनी को लौह अयस्क का विक्रय किया गया ,उसका भी परिवहन रेल मार्ग से से किया गया किंतु हमारी मांगों को बी एस पी अनसुना कर रही है , राजहरा परिवहन संघ के सदस्यों ने बताया की अवर खान मंत्रालय भारत सरकार उनकी मांगों के संबंध में सचिव खनिज संसाधन विभाग रायपुर छत्तीसगढ़ को पत्र जारीकर राजहरा परिवहन संघ की मांगो के संबंध में स्थानीय को बढ़ावा देने व रोजगार पैदा कर राजहरा परिवहन संघ को परिवहन कार्य देने व शहर का विकास करने का उल्लेख है ,साथ ही मुख्य महाप्रबंधक (खदान) आई ओ सी राजहरा व कलेक्टर बालोद द्वारा भी पूर्व में सचिव खनिज संसाधन विभाग रायपुर छत्तीसगढ़ को राजहरा परिवहन संघ की मांगो के संबंध पत्र भेजा गया है किंतु आज पर्यंत तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने की जानकारी देते हुए उनकी मांगों पर संज्ञान लेते हुए उचित पहल किए जाने का निवेदन किए है
युवा कांग्रेस चुनाव में बालोद कांग्रेस की गुटीय तस्वीर चर्चा मेंजिलाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर अलग-अलग पैनल आमने-सामने, शहर कांग्रेस अध्यक्ष के एक पैनल के समर्थन को लेकर भी चर्चाएं तेज
बालोद। प्रदेश में चल रहे युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर बालोद जिले की राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है। जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के साथ ही बालोद कांग्रेस के भीतर गुटीय समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर बालोद शहर कांग्रेस में दो अलग-अलग पैनल के रूप में चुनावी सक्रियता दिखाई देने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में बनी हुई है।इस पूरे चुनावी घटनाक्रम में सबसे अधिक चर्चा बालोद शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव द्वारा एक विशेष पैनल को समर्थन दिए जाने को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के एक पैनल के प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रिय होने और उनका समर्थन किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा या सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट समर्थन की पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में इसे फिलहाल राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चा और आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है।दो पैनल को लेकर बढ़ी राजनीतिक चर्चासूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लंबे समय से बालोद की युवा राजनीति में सक्रिय कार्यकर्ताओं से जुड़े बताए जा रहे एक पैनल में जिला अध्यक्ष पद के लिए साजन पटेल, विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए सुमित शर्मा, शहर अध्यक्ष पद के लिए फैज अली तथा ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए राहुल निषाद सहित अन्य प्रत्याशियों के नाम सामने आ रहे हैं।वहीं दूसरे पैनल में जिला अध्यक्ष पद के लिए आसिफ गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विषयंत सिन्हा, शहर अध्यक्ष पद के लिए इंदु यादव तथा ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए चोवा ठाकुर सहित अन्य प्रत्याशियों के मैदान में होने की जानकारी सामने आई है।राजनीतिक चर्चाओं में पहले पैनल को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समर्थक खेमे से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि दूसरे पैनल को शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के समर्थन वाले समूह से जोड़कर चर्चा की जा रही है। हालांकि, दोनों ही पैनलों को किसी वरिष्ठ नेता का आधिकारिक पैनल कहना फिलहाल स्पष्ट रूप से पुष्टि किया हुआ तथ्य नहीं है।शहर कांग्रेस अध्यक्ष की भूमिका पर उठ रहे सवालयुवा कांग्रेस चुनाव को लेकर सबसे अहम सवाल इस बात को लेकर उठ रहा है कि संगठन के चुनाव में स्थानीय कांग्रेस के पदाधिकारियों की भूमिका किस हद तक होनी चाहिए। इसी बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव पर एक पैनल के प्रत्याशियों के समर्थन में होने के आरोप राजनीतिक चर्चा का विषय बने हुए हैं।एक ओर जहां चुनाव को युवा कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक प्रतिस्पर्धा के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और मुख्य संगठन से जुड़े लोगों के किसी विशेष पैनल के पक्ष में सक्रिय होने की चर्चाओं ने चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। हालांकि, संबंधित पक्षों की ओर से यदि इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या खंडन सामने आता है तो स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।बालोद में कांग्रेस के भीतर लंबे समय से सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं और संगठन में नए चेहरों के बीच सामने आ रही चुनावी प्रतिस्पर्धा को आगामी दिनों की युवा राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव में किस पैनल को कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलता है, इसका फैसला मतदान और परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगा।फिलहाल युवा कांग्रेस चुनाव ने बालोद कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान और गुटीय समीकरणों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। शहर में पार्टी के वरिष्ठ लोगों के बीच में चर्चा शहर कांग्रेस अध्यक्ष की कथित पैनल समर्थक भूमिका को लेकर उठ रही और दो अलग-अलग समूहों में दिखाई दे रही चुनावी सक्रियता ने स्थानीय कांग्रेस की राजनीति को खासा गर्म कर दिया है।
सांसें थाम देने वाले फाइनल में कुतुल नाइट राइडर्स बनी चैंपियन, अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग का भव्य समापन5-5 की बराबरी के बाद निर्णायक मुकाबले में जीता खिताब, खेल के जरिए एकता और विश्वास का संदेश
सांसें थाम देने वाले फाइनल में कुतुल नाइट राइडर्स बनी चैंपियन, अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग का भव्य समापन5-5 की बराबरी के बाद निर्णायक मुकाबले में जीता खिताब, खेल के जरिए एकता और विश्वास का संदेशनारायणपुर खेल, उत्साह और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बन चुकी अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ABL) सीजन-3 का भव्य समापन शनिवार को रामकृष्ण मिशन आश्रम स्थित आर.के.एम. इंडोर स्टेडियम में हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन का फाइनल मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि विजेता का फैसला निर्णायक मैच से करना पड़ा। आखिरकार कुतुल नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि हांडावाड़ा रैकेटियर्स उपविजेता रही।समापन समारोह में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद सहित पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा बलों के अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।फाइनल मुकाबले में कुतुल नाइट राइडर्स और हांडावाड़ा रैकेटियर्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित छह श्रेणियों के मुकाबलों के बाद दोनों टीमों के पांच-पांच अंक बराबर रहे। इसके बाद दोनों टीमों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच खेले गए निर्णायक मुकाबले में कुतुल नाइट राइडर्स ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।प्रतियोगिता में गरपा जायंट्स ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं शानदार प्रदर्शन के आधार पर छह खिलाड़ियों को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।वीर स्मृति प्रतियोगिता में वरिष्ठ अधिकारियों ने दिखाया खेल कौशलआयोजन के तीसरे दिन आयोजित वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कुल आठ टीमों के बीच हुए मुकाबलों में डीआईजी बीएसएफ पारिश देशमुख और द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार की टीम विजेता बनी, जबकि डीआईजी कमलोचन कश्यप और निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र की टीम उपविजेता रही।खेल से विश्वास और विकास की ओर अबूझमाड़समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि “शांति, खेल और समृद्धि” की भावना के साथ आयोजित यह लीग युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें अवसर और सही मंच उपलब्ध कराने की है।तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने खेल के माध्यम से विश्वास, सौहार्द और सकारात्मक बदलाव का संदेश पूरे क्षेत्र में पहुंचाया तथा अबूझमाड़ में खेल संस्कृति को नई पहचान दी।
छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री आवास योजना की बड़ी सौगात, 3.65 लाख आवासों की स्वीकृति पर बालोद भाजपा ने जताया आभार
बालोद दिनांक 12 -09- 2026 बालोद। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान प्रदेश के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बड़ी सौगात दिए जाने पर बालोद जिला भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है। हालिया घोषणा के तहत छत्तीसगढ़ के लिए 3 लाख 65 हजार प्रधानमंत्री आवासों से संबंधित स्वीकृति की जानकारी सामने आई है।भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार का मूल मंत्र है कि देश के प्रत्येक गरीब परिवार को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना इसी संकल्प को साकार करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि पक्का मकान केवल ईंट और सीमेंट से बना भवन नहीं, बल्कि गरीब परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है।यशवंत जैन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए आवास योजना के संबंध में की गई घोषणा प्रदेश के लाखों जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और खुशी का संदेश है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार मिलकर विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।बालोद भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। जिन परिवारों के लिए वर्षों तक पक्का मकान एक सपना था, उन्हें आज सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अपने स्वयं के पक्के घर का सपना पूरा करने का अवसर मिल रहा है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए आवासों की स्वीकृति से ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के छत्तीसगढ़ आगमन और प्रदेशवासियों के हित में की गई इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए भाजपा जिला संगठन की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया।भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा संगठन निरंतर कार्य कर रहा है। आवास, शौचालय, बिजली, पेयजल, उज्ज्वला गैस और अन्य मूलभूत सुविधाओं के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।बालोद भाजपा जिला के कार्यकर्ताओ ने इस सौगात को छत्तीसगढ़ के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए विकास और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर थाना बेनूर क्षेत्र में नाबालिग को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डोंडीपारा, बेनूर निवासी एक महिला की शिकायत पर थाना बेनूर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कोटगांव निवासी जयत राम वड्डे (23 वर्ष) ने नाबालिग पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बेनूर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के बाद आरोपी को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के मार्गदर्शन में जिले में महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पार्षदों की सक्रियता लाई रंग, 17 वर्षीय दिव्यांग किशोरी को मिली ट्राई साइकिल
चिखलाकसा। वार्ड क्रमांक 11 चिखलाकसा निवासी 17 वर्षीय तंनुश्री साहू, जो मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं, को लंबे समय के प्रयास के बाद ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। तंनुश्री के माता-पिता श्रीमती सुशीला साहू एवं नेम सिंह साहू पिछले 5-6 वर्षों से अपनी बेटी के लिए ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे थे।परिवार की समस्या और जरूरत को देखते हुए वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद ताराचंद पाथोडे एवं वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद शांतनु मेश्राम ने पहल करते हुए संबंधित विभाग के समक्ष तंनुश्री के लिए ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का प्रयास किया। दोनों पार्षदों की सक्रियता एवं लगातार प्रयासों के फलस्वरूप बालोद जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के अनुमोदन से संबंधित विभाग द्वारा तंनुश्री साहू को ट्राई साइकिल प्रदान की गई।ट्राई साइकिल मिलने से तंनुश्री के परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी बेटी की सुविधा और आवागमन को आसान बनाने के लिए ट्राई साइकिल दिलाने का प्रयास कर रहे थे। अब ट्राई साइकिल मिलने से उनकी बेटी को काफी सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर परिजनों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा तथा दोनों पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, पार्षदों ने कहा कि जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बोरीद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पोला पर्व, खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
बोरीद। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक पोला पर्व का आयोजन ग्राम बोरीद में बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ सामूहिक रूप से मनाया गया। पूरे गांव के महिला, पुरुष, युवा, बालक-बालिकाओं एवं बुजुर्गों ने एकजुट होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व में सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस रहे। वहीं विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुश्री नीलिमा श्याम, हितेश साहू, टिकेंद्र साहू, सरपंच हरिचंद ठाकुर एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संजय बैस का उद्बोधनमुख्य अतिथि संजय बैस ने अपने संबोधन में कहा कि पोला पर्व केवल किसानों का पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन गांव की भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने गांव के विकास के लिए रंगमंच, डोम शेड और हाई मास्क लाइट जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। ये मांगें गांव की आवश्यकता हैं और इन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और गांव के विकास के लिए वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।उन्होंने युवाओं से खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नीलिमा श्याम ने सौंदर्यीकरण का दिया भरोसा
जिला पंचायत सदस्य सुश्री नीलिमा श्याम ने कहा कि बोरीद गांव विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए गांव के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही गांव का सर्वांगीण विकास संभव है।
खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
पोला पर्व के अवसर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गोला फेंक, रस्साकशी, आलू दौड़ और सुरीली कुर्सी जैसी प्रतियोगिताओं में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भरपूर आनंद उठाया।कार्यक्रम को सफल बनाने में जीवन रावटे, शोभा ठाकुर, पंकज, दिनेश, खिलेंद्र, दिलवर सहित समस्त ग्रामीणों की उल्लेखनीय भूमिका रही। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों का आत्मीय सम्मान किया गया तथा पूरे गांव ने सामूहिक रूप से लोक संस्कृति के इस पर्व को उत्सव के रूप में मनाया गया
दल्लीराजहरा में फिर मिला अजगर, रेलवे पुल के नीचे से किया गया रेस्क्यू
वार्ड क्रमांक 11 में अजगर मिलने से मचा हड़कंप, कुछ समय पहले वार्ड क्रमांक 2 में भी किया गया था रेस्क्यू
दल्लीराजहरा। नगर में लगातार अजगर सांप के निकलने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 11 का है, जहां रेलवे पुल के नीचे लोगों के आवागमन वाले मार्ग पर एक अजगर सांप दिखाई दिया। अजगर को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी गई।सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़कर वहां से हटाया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार अजगर का पेट असामान्य रूप से फूला हुआ और खुला-सा दिखाई दे रहा था, जिसके बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। आशंका जताई गई कि अजगर ने संभवतः कोई छोटा जानवर निगल लिया होगा। हालांकि, उसने वास्तव में क्या निगला था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।रेलवे पुल के नीचे से वार्डवासियों और अन्य लोगों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे स्थान पर अजगर के मिलने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। रेस्क्यू टीम की तत्परता से अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।पहले वार्ड क्रमांक 2 में भी मिला था अजगरगौरतलब है कि कुछ समय पूर्व दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 2 में भी इसी तरह अजगर सांप का रेस्क्यू किया गया था। लगातार अलग-अलग वार्डों में अजगर के सामने आने से लोगों में चिंता के साथ-साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर नगर के आबादी वाले क्षेत्रों में बार-बार अजगर क्यों पहुंच रहे हैं।स्थानीय लोगों ने नगर के ऐसे क्षेत्रों में, जहां झाड़ियां और सुनसान स्थान हैं, साफ-सफाई तथा नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि लोगों को इस तरह के खतरों से बचाया जा सके।
बस्तर जिले में भरी वर्षा स्कूलों में आज अवकाश
जगदलपुर समूचे बस्तर जिले में इन दिनों लगातार भारी बरसात हो रही है। ऐसे हालात में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने बस्तर जिले की समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं में आज 11 सितंबर के अवकाश की घोषणा की है।





