City Media - Page 329 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 329

दूध तो गया, दुहना भी फूटा, मलाई खा रहे बाहरी लोग, स्थानीय हकदार हड़ताल करने मजबूर

0
  • जमीन ले ली, नौकरी देने का वादा नहीं निभाया
  • भूमि प्रभावित लोगों को नगरनार प्लांट में नौकरी नहीं दी एनएमडीसी ने

अर्जुन झा

नगरनार एक कहावत है – दूधो जाए, दुहना भी गयो। यानि पूरा दूध तो गिरा ही, दूध का बर्तन भी टूटकर हाथ से निकल गया। कुछ यही हाल नगरनार और आसपास के लगभग दर्जन भर गांवों के ग्रामीणों का हो गया है। बेचारे ग्रामीणों को दूध तो मिला नहीं, उनके जीने का सहारा जो खेत रूपी बर्तन थे, वे भी हाथ से निकल चुके हैं और मलाई बाहरी लोग खा रहे हैं। अब स्थानीय ग्रामीण बेचारे हाथ मलने के सिवा कुछ नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें अपने हक के लिए अनशन करना पड़ रहा है।

हम बात कर रहे हैं नगरनार में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम यानि एनएमडीसी द्वारा स्थापित इस्पात संयंत्र की। मसला इस्पात संयंत्र में स्थानीय लोगों को नौकरी से जुड़ा हुआ है। नगरनार में इस्पात संयंत्र स्थापना के लिए नगरनार समेत आसपास की दर्जन भर ग्राम पंचायतों की कृषि और गैर कृषि भूमि अधिग्रहित की गई है। भूमि अधिग्रहण के दौरान प्रशासन, एनएमडीसी और ग्राम पंचायतों के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। समझौते के अनुसार हर भूमि प्रभावित परिवार के सदस्यों को इस्पात संयंत्र में नौकरी देने, क्षेत्र के ग्रामीणों को अच्छी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल खोलने और स्थानीय बच्चों की उत्कृष्ट शिक्षा के लिए स्कूल खोलने, संयंत्र में माल परिवहन का काम स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को देने समेत कई मुद्दे थे। एनएमडीसी समझौते के ज्यादातर मुद्दों से मुकर गया है। स्थानीय लोगों को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं। ट्रांसपोर्टिंग का मसला लंबे समय तक लटका रहा, जो कुछ दिनों पहले ले देकर सुलझा है, मगर इसमें भी संशय नजर आ रहा है। प्रबंधन ने स्कूल, अस्पताल खोले ही नहीं। उल्टे संयंत्र के प्रदूषण से लोग बीमार हो रहे हैं, ध्वनि प्रदूषण से सरकारी स्कूल में पढ़ाई नहीं हो पा रही है और संयंत्र से निकलने वाले केमिकल युक्त वेस्टेज का समुचित निपटान न कर खुले में बहा दिए जाने से खेत बंजर हो रहे हैं और निस्तारी तालाब का पानी प्रदूषित हो रहा है। ग्रामीणों ने सोचा था अपने गांव में भर भर कर दूध देने वाली गाय आ रही है, सभी को पर्याप्त दूध मिलेगा। गाय तो आ गई, मगर उसने ऎसी दुलत्ती मारी कि ग्रामीणों के अरमानों का पूरा दूध बह गया उनका खेत रूपी दुहना हाथ से निकल गया। मलाई बाहरी लोग खा रहे हैं। कई वर्ष बीत जाने के बाद भी एनएमडीसी ने कई प्रभावित परिवारों के युवाओं को अब तक नौकरी नहीं दी है। प्रबंधन उन्हें बार बार गुमराह कर रहा है, जिला प्रशासन भी ध्यान नहीं दे रहा है। नौकरी के लिए कई दिनों से पीड़ित परिवारों के लोग इस्पात संयंत्र से कुछ दूर पंडाल लगाकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है, मगर उनकी चिंता किसी को नहीं है। अनशन पर योगिता बाला प्रकाश, फूलमती बघेल, अन्नपूर्णा पटनायक और अरुणा पटनायक लगातार डटी हैं। उनका कहना है कि एनएमडीसी प्रबंधन ने हमसे छल किया है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को उनके आने से पहले ही फोर्स ने दे दिया बड़ा तोहफा, फिर मार गिराए 7 नक्सली

0
  • अबूझमाड़ इलाके में 4 जिलों की फोर्स ने चलाया बड़ा आपरेशन
  • बस्तर प्रवास पर आ रहे हैं केंद्रीय गृहमंत्री शाह 

अर्जुन झा

जगदलपुर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर आने से पहले ही फोर्स ने उन्हें बड़ा तोहफा दे दिया है। नक्सलियों के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना माने वाले अनबुझे और दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में फोर्स ने सात नक्सलियों को मार गिराया है। हालांकि मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है, मगर उनके टॉप लीडर होने की संभावना जताई गई है।

केंद्रीय गृहमंत्री छत्तीसगढ़ समेत देश के राज्यों को नक्सलवाद एवं आतंकवाद मुक्त बनाने कृत संकल्पित हैं। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों में बड़े पैमाने पर केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने राज्य की पुलिस के साथ ही दूसरे सुरक्षा बलों की बड़े पैमाने पर तैनाती करवा रखी है। केंद्र और राज्य के सुरक्षा बल साझा रणनीति तथा बेहतर तालमेल के साथ एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाकर नक्सली किले को ढहाते जा रहे हैं। अभियानों में सुरक्षा बलों को उम्मीद से कहीं ज्यादा कामयाबी मिल रही है। इस साल अब तक जितने नक्सली मारे गए हैं, उतने छत्तीसगढ़ के नक्सल इतिहास में पहले कभी नहीं मारे गए थे, उल्टे नक्सली ही जवानों की लाशें बिछाते रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के दृढ़ संकल्प तथा सुरक्षा बलों के बुलंद हौसलों ने नक्सलियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। अमित शाह ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाने का टास्क राज्य के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री एवं फोर्स को देखा रखा है। इस टास्क को पूरा करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस बीच खबर है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 15 दिसंबर को बस्तर दौरे पर आने वाले हैं।उनके बस्तर प्रवास के ठीक पहले गुरुवार को फोर्स ने अबूझमाड़ इलाके में हुई मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को मार गिराया है। दो दिन पहले 10 दिसंबर को नक्सल विरोधी सर्च अभियान पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, कोंडागांव जिले की डीआरजी के साथ एसटीएफ व सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र रवाना हुई थी। गुरुवार यानि आज 12 दिसंबर को तड़के 3 बजे संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें 7 नक्सली मारे गए। उनके शवों के साथ अत्याधुनिक हथियार भी जवानों ने बरामद किए हैं। दंतेवाड़ा एसपी गौरव रामप्रवेश राय के मुताबिक इलाके की सर्चिंग जारी है। अब तक 7 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं, जिनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन उनके पास मिले घातक अत्याधुनिक हथियारों से मृतकों के बड़े नक्सली कैडर होने का अनुमान लगाया जा रहा है। एसपी ने बताता कि मुठभेड़ एवं सर्च अभियान जारी है। विस्तृत जानकारी अभियान पूरा होने के बाद ही दी जा सकती है। फोर्स की यह बड़ी उपलब्धि है। फोर्स ने अमित शाह को उनके बस्तर आने से पहले ही बड़ा तोहफा दे दिया है। अबूझमाड़ क्षेत्र नक्सलियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना माना जाता है।. बड़े नक्सली लीडर यहीं छुपकर रहते हैं और वहीं से पूरे बस्तर संभाग में फैले नक्सलियों को कमांड करते रहते हैं। यहां तक कि महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, मध्यप्रदेश के भी टॉप नक्सली लीडर अबूझमाड़ में ही पनाह लेते हैं।

आदिवासी मुख्यमंत्री के कदमों में गुहार लगाते फिर रहे हैं आदिवासी बीएड डिग्री वाले आदिवासी शिक्षक

0
  • कोर्ट के फैसले से बन आई है शिक्षकों की नौकरी पर

अर्जुन झा-

जगदलपुर यह कैसी विडंबना है कि जिस छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आदिवासी हैं और जहां शिक्षक पद पर भर्ती के लिए बीएड की योग्यता अनिवार्य कर दी गई है, उसी राज्य में बीएड डिग्रीधारी आदिवासी सहायक शिक्षक अपनी नौकरी बचाने की गुहार लगाते आदिवासी मुख्यमंत्री के पीछे पीछे भटक रहे हैं।

प्रदेश के तीन हजार से अधिक बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले ने बेचैन कर रखा है, उन्हें अपनी नौकरी जाने का डर सता रहा है। इन बीएड सहायक शिक्षकों में अधिकांश आदिवासी समुदाय से हैं। विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के पास लगातार गुहार लगाते आ रहे ये शिक्षक लगातार मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ दिन पहले बस्तर संभाग के बीएड सहायक शिक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलकर उन्हें अपनी पीड़ा सुनाई थी। इसके बाद 9 दिसंबर को बड़ा बाजार चिरमिरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रवास के दौरान कोरिया और मनेन्द्रगढ़, चिरमरी- भरतपुर जिलों के बीएड डिग्री वाले सहायक शिक्षकों ने अपनी नौकरी बचाने के लिए उन्हें ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने अपनी सेवाएं सुरक्षित रखने और उच्च कक्षाओं में समायोजन की मांग रखते हुए अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा।शिक्षकों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के हालिया फैसलों ने उनकी नौकरी पर संकट खड़ा कर दिया है, जिससे लगभग 1500 से अधिक आदिवासी सहित लभगभ 3000 बीएड उपाधि धारक सहायक शिक्षकों का भविष्य गंभीर सकंट में आ गया है। इस फैसले से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवारों पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।शिक्षकों ने अपनी सेवाओं को बचाने और न्यायपूर्ण समाधान के लिए मुख्यमंत्री जी से हस्तक्षेप करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सरकार उनकी नौकरी बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और क्षेत्रीय सांसद एवं विधायक भी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने कहा कि उनकी नौकरी समाप्त हो जाने पर न केवल उनका व्यक्तिगत नुकसान होगा, बल्कि यह आदिवासी समाज के बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार कर रही है और जल्द ही समाधान का प्रयास करेगी। यह कदम आदिवासी समाज में शिक्षा और रोजगार के प्रति विश्वास को बनाए रखने में सहायक होगा।

रतेंगा गांव में ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

0
  • 448 ग्रामीणों का किया गया शिविर में उपचार 

जगदलपुर छत्तीसगढ़ शासन और जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहिनीश साहू के निर्देशानुसार बस्तर विकासखंड के पहुंच विहीन सुदूर ग्राम रतेंगा के बाजार स्थल पर विकासखंड आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उदघाटन जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वरी मंडावी, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, जनपद सदस्य, नीलबती कश्यप, रतेंगा सरपंच शांतिबाई कश्यप भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष बघेल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भारती बघेल एवं जिला आयुष अधिकारी डां. मोहिनीश साहू द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर मे प्रातः आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुंगारपाल के योग प्रशिक्षक अनिता साहू द्वारा 156 विद्यार्थियों को योग प्राणायाम कराया गया। उसके पश्चात ग्रामवासियों का प्रकृति परीक्षण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच एवं अन्य बीमारियों की जांच कर निःशुल्क दवाएं यां प्रदान की गई। शिविर में अधिकतर वात रोग सर्दी खांसी, अम्लपित्त, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह के रोगी पाए गए। शिविर में रक्त परीक्षण नेत्र जांच आदि की सुविधा रही। कुल 448 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया 220 लोगों को निःशुल्क काढा वितरण किया गया शिविर मे शिविर प्रभारी डा. एसआर पटनायक, डा. महेंद्र साहू, डा. जितेंद्र त्रिपाठी डा. हेमंत यादव, डा. टीएस बढेई, डा. सीआर पाढ़ी डा. विनोद सिंग तथा तिरथा एवं घोटिया के स्टाँफ नर्स, नेत्र सहायक, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

माता मावली क्रिकेट में आरएस कस्तूरी टीम विजेता, रॉक स्टार रही उप विजेता

0

जगदलपुर बस्तर जिले के ग्राम कस्तूरी की स्थानीय समिति के तत्वावधान में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम पुरस्कार ट्रॉफी व 40 हजार रुपए एवं द्वितीय पुरस्कार ट्रॉफी व 30 हजार रुपए थे।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सरपंच कस्तूरी राजेंद्र बघेल थे। उन्होंने बताया कि इस क्रिकेट टूर्नामेंट भाग लेने वाली सभी टीमों ने उत्साह के साथ खेला। प्रथम पुरस्कार विजेता कस्तूरी आरएस व द्वितीय पुरस्कार विजेता रॉक स्टार कस्तूरी रही। इस दौरान मुख्य अतिथि राजेंद्र बघेल, सरपंच कस्तूरी, हरि साहू जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, कैलाश ठाकुर प्रखंड अध्यक्ष, गणेश सेठिया, मुरलीधर नाग, भगत सेठिया, देवीसिंह राणा, मदन बोयर, देवनाथ बघेल, महादेव बघेल सरपंच गरावंड, धनपति बाज, शेखर देवांगन, पदमनाथ कश्यप, विकास मुरला, सीबो कश्यप, विकास सेठिया कैप्टन कस्तूरी, सलीमधर बोयर, संजू बाज, गुप्ते, प्रभु, डीके, मंगल, संजू, गगन, सतीश, गुड्डू, सोमारू, संपत, राजेंद्र और ग्राम के समस्त गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अमित शाह से मिले बस्तर के सांसद महेश कश्यप

0

जगदलपुर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली स्थित उनके निवास में आज बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मुलाकात की। इस दौरान दोनो नेताओं के बीच नक्सलवाद के मुद्दे को ले कर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों को मिल रही सफलता के लिए बस्तर सांसद ने केंद्रीय गृह मंत्री को शुभकामनाएं दी।

धान खरीदी पर भाजपा सरकार की नीयत और नीति दोनों में है खोट, किसानों से हो रहा छल: रेखचंद जैन

0
  •  नगरनार में कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूर्व विधायक रेखचंद जैन व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बस्तर जिले के नगरनार ब्लॉक में प्रदेश के किसानो को धान बेचने में हो रही परेशानी तथा भाजपा सरकार के किसान विरोधी रवैये के विरोध व किसानों के हित में नगरनार ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं द्वारा धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर जगदलपुर के पूर्व विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन ने नगरनार धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर बताया कि बस्तर जिला सहित पूरे प्रदेश के धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था के कारण किसान बेहद निराश व परेशान हैं। भाजपा सरकार की कोशिश रही है कि कम से कम धान की खरीदी की जाए। बारदाने की कमी है, जिससे किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही है। 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचे ही नहीं है, जिसके कारण धान खरीदी बाधित हो रही है। पुराने बारदाने फटे हुए हैं जिनमें धान भरा ही नहीं जा सकता। किसानों से कहा जा रहा है कि 50 प्रतिशत बारदानों की व्यवस्था स्वंय करो उसका भुगतान किया जाएगा, लेकिन किसानों को बारदाने का पैसा भी नहीं मिल रहा है। टोकन की व्यवस्था अव्यवहारिक है। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, नंबर ही नहीं आ रहा है।टोकन कटने की तारीख से 7 से 10 दिन बाद धान बेचने के लिए किसानों को बुलाया जा रहा है। 15 दिन बाद तक का भी टोकन नहीं मिल रहा। इलेक्ट्रॉनिक कांटा में जो तौलाई हो रही है उसमें 1.5 किलोग्राम से 2.5 किलोग्राम अधिक तौला जा रहा है।खरीदी केंद्रों में धान का उठाव नहीं होने के कारण जगह की कमी है। धान के बोरे जाम हैं। जगह का अभाव हो गया है। अनावरी रिपोर्ट कम बनाई गई है। साथ ही धान खरीदी भी 21 क्विंटल के हिसाब से नहीं हो रही है। किसानों से पूरा धान नहीं खरीदा जा रहा है।अनावरी रिपोर्ट गलत बनाई जा रही है और उसी के आधार पर मात्र 9 से 12-14 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों से पूरा 21 क्विंटल धान नहीं खरीदा जा रहा है। बड़े किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।उनकी बारी ही नहीं आ रही है। कुल मिलाकर धान खरीदी को लेकर भाजपा सरकार की नियत में खोट है। भाजपा सरकार किसानों के साथ सिर्फ छल कर रही है,जिसके चलते किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगरनार ब्लॉक अध्यक्ष लेखन बघेल, जलंधर नाग व अमित पांडे ने संयुक रूप से कहा भाजपा की साय सरकार ने यह घोषणा की है कि 72 घंटे में किसानों के खाते में पैसा आ जाएगा, लेकिन जो लोग धान बेच चुके हैं, उनके खातों के रकम हफ्तो तक नहीं आई है, जो रकम आ रही है वह एकमुश्त 3100 के भाव से नहीं है। सिर्फ 2300 रू. प्रति क्विंटल ही आ रही है। भाजपा ने 3100 रू. एक मुश्त देने का वादा किया था।कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि भाजपा सरकार धान की कीमत का भुगतान 3217 रू. में करे। प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जाए। टोकन व्यवस्था को तत्काल ठीक किया जाए। साथ ही धान खरीदी की तारीख 15 दिन बढ़ाई जाए, ताकि क्षेत्र के सभी किसान सुविधापूर्ण धान बेच पाएं। इस अवसर पर शहर जिला महामंत्री जाहिद हुसैन, जलंधर नाग, घनश्याम महापात्र, अमित पांडेय, पदम् सेठिया, संतोष सेठिया, संजय मसीह, प्रभुदास, तीताराम कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष तोकापाल सहदेव नाग, विजय सिंह, साहिल हियाल, एडविन मार्क, देवीसिंह बघेल, नंदो, लिटीराम, आत्माराम निषाद, बली चालकी, समीर सेठिया, राजेश बघेल, पंकज बघेल, बुधसन, खेमराज सेठिया, नागेश बघेल, गुड्डू मुरला, एमानुएल एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पत्रकार अमित गौतम अध्यक्ष और अर्जुन झा बने छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन के पुनः प्रदेश अध्यक्ष बने अमित गौतम, अर्जुन झा उपाध्यक्ष निर्वाचित

0
  • जांजगीर में हुई आमसभा, त्रिवार्षिक चुनाव प्रक्रिया
  • डॉ. महंत ने पत्रकारों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने का किया वादा

रायपुर जांजगीर चांपा में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन का राज्य स्तरीय पत्रकार सम्मेलन एवं त्रिवार्षिक चुनाव आमसभा का आयोजन जांजगीर चांपा में किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के लगभग 25 जिलों से पदाधिकारी सदस्य पहुंचे।

कार्यक्रम यूनियन की जांजगीर-चांपा जिला इकाई के आतिथ्य में एवं जिला अध्यक्ष राजू शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। मंच पर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, जांजगीर चांपा के विधायक व्यास कश्यप, पामगढ़ की विधायक श्रीमती शेषराज हरबंस, चंद्रपुर के विधायक रामकुमार यादव, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला भाजपा के उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया, भारत स्काउट गाइड जिला मुख्य आयुक्त हितेश यादव, भाजपा नेता इंजीनियर रवि पांडेय, नगर पालिका जांजगीर के पूर्व अध्यक्ष रमेश पैंगवार, नगर पालिका जांजगीर के अध्यक्ष भगवान दास गढ़वाल, उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी, नगर पालिका चांपा के पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, यूनियन के जांजगीर चांपा जिला अध्यक्ष राजू शर्मा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा शर्मा, केदार सिंह राठौर, राजेंद्र राठौर, यूनियन के जिला महासचिव राघवेंद्र पाठक, अमरीश राठौर मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला इकाई जांजगीर चांपा की ओर से केदार सिंह राठौर ने सम्मेलन के विषय पर प्रकाश डाला। यूनियन के निर्वाचन हेतु मुख्य चुनाव अधिकारी अनिल साखरे के मार्गदर्शन में सहायक चुनाव अधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष सहित कुल 28 पदों के लिए निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की। अध्यक्ष अमित गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष एनआरके पिल्लई, उपाध्यक्ष महेश आचार्य, कमलेश सारस्वत, अर्जुन झा, मुन्नीलाल अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, महामंत्री कृष्ण कन्हैया गोयल, कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी, सचिव पीके तिवारी, तिलिका साहू, विपुल कन्हैया, सलाहकार अश्वनी पटनायक, लक्ष्मीनारायण सोनी, राजेश वैष्णव, संगठन सचिव रुपेश श्रीवास, सुशील तिवारी, विजय लाल, रवि कुमार सेन, संयुक्त सचिव विजयलक्ष्मी चौहान, सह सचिव कमल किशोर रोमी सलूजा, सचिव सुनील, सलाहकार संजय लिखितकर, संयुक्त सचिव एचडी महंत, सलाहकार शेख मकबूल, सह सचिव मनीष दयाल, सह सचिव राहुल सेन, कार्यकारिणी सदस्य चंद्रशेखर दास वैष्णव निर्वाचित हुए।

प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम ने कहा कि आप सभी के सहयोग से एवं समर्पित भावना से यूनियन ने अल्प समय मे पूरे प्रदेश में एक मजबूत संगठन तैयार किया है, तथा आने वाले समय में हम सभी मिलजुल कर इस संगठन को और अधिक ऊंचाइयों की ओर लेकर जाएंगे।वहीं कार्यक्रम के दौरान चांपा के पूर्व विधायक नारायण चंदेल ने पत्रकार जगत को चौथा स्तंभ बताते हुए सम्मेलन के आयोजकों को धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला भाजपा के उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने कहा कि आज पत्रकार साथी शासन को एवं समाज को आईना दिखाने का काम करते हैं। डॉ चरण दास महंत ने कहा कि आप सभी ने इस पत्रकार सम्मेलन में जो भी निर्णय लिया है आपके सभी निर्णय को मैं पूरी ईमानदारी के साथ राज्य शासन तक पहुंचाने का कार्य करूंगा एवं मैं सदैव आपके साथ हूं आप इसी तरह से एकजुटता के साथ कार्य करें

कार्यक्रम को जांजगीर चांपा के विधायक व्यास कश्यप ने

कहा कि आप सभी मुझे अपनी समस्याएं बताते रहें, जिससे हम सदन में आपकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रयास करें। पामगढ़ की विधायक शेषराज हरवंश ने भी कहा कि पत्रकार जगत ने सदैव राष्ट्र की तरक्की के लिए काम किया है, तथा आप सभी हमेशा जागरूक होकर कार्य करते हैं। इंजीनियर रवि पांडेय ने भी विचार रखे। इस दौरान जांजगीर चांपा जिला इकाई के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यूनियन के प्रदेश पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। आभार प्रदर्शन यूनियन के जांजगीर-चांपा जिला महासचिव राघवेंद्र पाठक ने किया।

भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया तेज, मंडल अध्यक्ष के लिए की गई कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी

0
  • नगर के मंडल अध्यक्ष पदों के लिए हलचल हुई तेज 

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी में संगठन चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है।मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जगदलपुर मंडल अध्यक्ष के लिए रायशुमारी और चर्चा करने कार्यकर्ताओं की बैठक आहूत की गई।

बैठक में जगदलपुर शहर के पूर्वी मंडल व पश्चिमी मंडल अध्यक्ष के लिए कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों ने चर्चा की। बैठक में कहा गया कि मंडल अध्यक्ष निर्वाचन के निर्धारित मापदंड के अनुसार कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष का दायित्व संभालने अपनी इच्छा जाहिर कर सकते हैं। सभी कार्यकर्ता आपस में बातचीत करके सर्व सम्मति से नाम आगे बढ़ाएं। बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने शहरी क्षेत्र के पूर्वी व पश्चिमी मंडल का अध्यक्ष बनने मंशा जाहिर की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रुपसिंह मंडावी ने कहा कि संगठन का महापर्व मनाया जा रहा है। संगठन के चुनाव में सभी कार्यकर्ता अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिवनारायण पाण्डेय ने कहा कि संगठन चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंडल अध्यक्ष के लिए तय मापदंड अनुरूप चयन होगा। बैठक के उपरांत व्यक्तिगत रूप से कार्यकर्ताओं की राय सुनने के लिए पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप को अधिकृत किया गया था। शाम तक दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष बनने की इच्छा के साथ बैदूराम कश्यप से जिला कार्यालय के बंद कमरे मे चर्चा करते रहे। बैठक का संचालन सुरेश गुप्ता ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से सुधीर पांडेय, विद्याशरण तिवारी, कमलचंद्र भंजदेव, योगेन्द्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर सफीरा साहू, रजनीश पाणिग्रही, नरसिंह राव, राजेंद्र बाजपेयी, आलोक अवस्थी आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नगर में अब दो मंडल

भाजपा की जगदलपुर नगर मंडल इकाई को दो भागों में बांट दिया गया है। अब पूर्वी व पश्चिमी जगदलपुर मंडल अस्तित्व में आ गए हैं। शहरी क्षेत्र में अब दो मंडल होंगे। पूर्ववर्ती जगदलपुर नगर मंडल को बूथों की संख्या के आधार पर दो भाग में बांट कर दो मंडल बनाए गए हैं। जो पूर्वी जगदलपुर मंडल और पश्चिमी जगदलपुर मंडल कहलाएंगे। पूर्वी जगदलपुर मंडल में निगम क्षेत्र के 25 वार्ड व 50 बूथ एवं पश्चिमी जगदलपुर मंडल में 23 वार्ड व 51 बूथ शामिल किए गए हैं। पूर्वी मंडल में अनुकूल देव वार्ड, विवेकानंद वार्ड, अब्दुल कलाम वार्ड, चंद्रशेखर आजाद वार्ड, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, सिविल लाइन वार्ड, भगत सिंह वार्ड, वीर सावरकर वार्ड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, गुरु घासीदास वार्ड, संतोषी वार्ड, महेंद्र कर्मा वार्ड, बालाजी वार्ड, मोतीलाल नेहरू वार्ड, महारानी वार्ड, रविंद्र lनाथ टैगोर वार्ड, अंबेडकर वार्ड,

बलीराम कश्यप वार्ड, मदन मोहन मालवीय, मदर टेरेसा वार्ड, शांतिनगर वार्ड, गुंडाधुर वार्ड, राजीव गांधी वार्ड, संजय गांधी वार्ड, सुंदर लाल शर्मा वार्ड शामिल किए गए हैं। इसी तरह पश्चिम मंडल में प्रवीर वार्ड, विजय वार्ड, शिव मंदिर वार्ड, भैरम देव वार्ड, सुभाष वार्ड, सदर वार्ड, प्रताप देव वार्ड, इंदिरा वार्ड,

जवाहर लाल वार्ड, सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड, गांधी नगर वार्ड, गंगानगर वार्ड, राजेंद्र नगर वार्ड, दीनदयाल उपाध्याय वार्ड, मां दंतेश्वरी वार्ड, रमैया वार्ड, दलपत सागर वार्ड, अटल बिहारी बाजपेयी वार्ड, कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड, लोकमान्य तिलक वार्ड, गुरु गोविंद सिंह वार्ड, छत्रपति शिवाजी वार्ड, महाराणा प्रताप वार्ड शामिल हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को खुली चुनौती दे रहे हैं नक्सली

0
  • बीजापुर जिले में फिर एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, दो को पहले मार चुके
  •  नक्सलियों ने शव के पेट पर पर्चा चिपकाया
    अर्जुन झा-
    जगदलपुर एक के बाद एक भाजपा कार्यकर्ताओं और निरीह महिलाओं की हत्या कर नक्सली केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को खुली चुनौती दे रहे हैं। अमित शाह के बस्तर के आगमन के पूर्व नक्सली पांच बेकसूर ग्रामीणों को मौत के घाट उतार चुके हैं। मृतकों में तीन भाजपा कार्यकर्ता और दो महिलाएं शामिल हैं।
    दरअसल नक्सलियों की यह करतूतें उनकी बौखलाहट का नतीजा हैं।मुठभेड़ों में लगातार बड़ी संख्या में अपने साथियों के मारे जाने, मैदानी नक्सलियों व सहयोगियों के भारी संख्या में हो रहे आत्मसमर्पण और गिरफ्तारियों के चलते नक्सली लीडर बुरी तरह बौखला उठे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर अपनी खीझ उतार रहे हैं। वे पुलिस और फोर्स का मुकाबला तो नहीं कर पा रहे हैं, अल्बत्ता गांवों में निवासरत भाजपा कार्यकर्ताओं को टार्गेट करने लगे हैं। चुन चुन कर भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या नक्सली कर रहे हैं। इस तरह की घटनाएं बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में ही ज्यादा हो रही हैं। मंगलवार की रात नक्सलियों ने फिर एक निर्दोष ग्रामीण भाजपा कार्यकर्ता की गला घोटकर हत्या कर दी।

बीजापुर के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सोमनल्ली निवासी 35 वर्षीय कुड़ियाम माडो पिता मुरा कुड़ियाम को 10 दिसंबर को नक्सलियों ने घर से बाहर निकाला और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना 10 दिसंबर आधी रात की है। फरसेगढ़ पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित भाकपा नक्सल संगठन नेशनल पार्क एरिया कमेटी द्वारा जारी पर्चे बरामद किए हैं। एक पर्चे को नक्सलियों ने कुड़ियाम माड़ो के पेट पर चिपका रखा था।पर्चे में नक्सलियों ने लिखा है कि माड़ो पुलिस के लिए मुखबिरी करता रहा है, इसलिए उसकी हत्या की गई है। पुलिस द्वारा शव कब्जे में लेकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। नक्सलियों की इस हत्या की एसपी जितेंद्र यादव ने पुष्टि की है। बीजापुर जिले में दस दिन के अंदर नक्सलियों ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों की हत्या कर डाली है। इनमें से तीन भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं। और दो महिलाओं को मुखबिर बताकर मार डाला गया। मृत महिलाओं में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थी और दूसरी आम गृहणी।

13 को आ रहे हैं शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास की सुगबुहाट ने नक्सलियों की बेचैनी और भी बढ़ा दी है। अमित शाह 13 दिसंबर को बस्तर संभाग के दौरे पर आ रहे हैं। वे यहां आयोजित बस्तर ओलंपिक 2024 के समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इसके साथ ही अमित शाह सुकमा जिले के धुर नक्सल प्रभावित गांव पूवर्ती भी जा सकते हैं। पूवर्ती को नक्सलियों की नर्सरी के नाम से जाना जाता है क्योंकि यहां कई कुख्यात नक्सली लीडर पैदा हुए हैं। अमित शाह की सफल रणनीति के तहत ही सीआरपीफ समेत अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस की पहुंच पूवर्ती गांव के आगे तक हो चुकी है। पूवर्ती समेत आगे के गांवों में भी सुरक्षा बलों के कैंप स्थापित हो चुके हैं। ये वो गांव हैं, जहां कभी बिना नक्सलियों की इजाजत के परिंदे भी पर नहीं मार सकते थे। ऐसे में नक्सलियों का बौखलाना लाजिमी है। आगे पंचायत चुनाव भी है और दो दिन बाद अमित शाह खुद नक्सलियों की मांद में घुसने वाले हैं। उससे पहले इस तरह की घटनाओं को अंजाम देकर नक्सली क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश में हैं और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को खुली चुनौती दे रहे हैं, मगर नक्सली शायद यह भूल गए हैं कि जिन्हें वे चैलेंज कर रहे हैं, वह फौलादी इरादों के धनी हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS