City Media - Page 447 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 447

सेजेस कुसुमकसा में बाउंड्रीवॉल निर्माण का हुआ भूमि पूजन

0

स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी /हिंदी माध्यम विद्यालय कुसुमकसा में बाउंड्रीवॉल निर्माण का भूमि पूजन माननीय देवलाल ठाकुर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बालोद के कर कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य श्रीमती सुनीता यादव ने कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि बाउंड्रीवॉल के अभाव में शाला असुरक्षित था। काफी लंबे समय से बाउंड्रीवॉल बनाने की जद्दोजहद की जा रही थी ।अंततः आज जाकर , साकार रूप में परिणित होते देखकर समस्त ग्रामवासी तथा शाला परिवार गौरांवित महसूस कर रहा है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि देवलाल ठाकुर ने कहा कि बाउंड्रीवॉल का निर्माण शाला तथा स्थानीय लोगों की लंबे समय से लंबित मांग थी जो आज जाकर पूरा हो रहा है। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार को आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि नई आहता बनने से न केवल शाला की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि शाला के कर्मचारियों को शाला के विकास के लिए और कड़ी मेहनत करनी होगी जिससे शाला में बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके । तथा विद्यार्थियों को ज्ञानी और बुद्धिमान नागरिक बनाकर देश के विकास में मदद किया जा सके। शाला के सांस्कृतिक, शैक्षणिक तथा खेल के क्षेत्र में राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य योजनाओं में भी सहयोग करने की बात कही। विशिष्ट अतिथि संजय बैस जनपद सदस्य डोडी ने कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के अंतर्गत 10 लाख रुपए की स्वीकृति की गई है जिसमें लगभग 200 मी बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। बाउंड्रीवॉल बनाते समय वास्तु के बेसिक नियम को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवॉल की ऊंचाई, मोटाई तथा डिजाइन का निर्धारण किया जाएगा। शाला के प्रदर्शन को देखते हुए शाला परिवार से अपील किया कि छात्रों को आकार देने और हमारे समाज के विकास में योगदान देने के लिए शिक्षक अपने मिशन को तत्परता से जारी रखें।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए व्याख्याता टी एस पारकर ने कहा कि शाला में भौतिक संसाधन उपलब्ध न होने के कारण शैक्षिक गतिविधियां प्रभावित होती रही है। हमें उम्मीद है कि नई आहता बनने से न केवल शाला की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि शाला के भौतिक संसाधनों के उपयोग से हमारे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक भी बनेंगी। उन्होंने बताया कि विगत शैक्षणिक सत्र 2023 – 24 में कक्षा दसवीं में खुशी विश्वकर्मा 95.88% तथा भूमिका धनकर 95.66% के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ 10 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त किया तथा कक्षा 12वीं में कु दिलेश 88.60% कुमारी रिया 87.40% के साथ 6 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक अर्जित कर शाला तथा जिला को गौरांवित किया । इसी प्रकार क्रीडा के क्षेत्र में व्यायाम शिक्षक लक्ष्मण गुरुंग के मार्गदर्शन में पांच खिलाड़ियों ने जिमनास्टिक ,एक खिलाड़ी कुश्ती तथा एक खिलाड़ी कबड्डी में राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व प्राप्त किया।

बाउंड्री वॉल निर्माण की भूमि पूजन कार्यक्रम के विशेष अतिथि ग्राम सरपंच शिवराम सिंदरामे तथा सचिव नेम सिंह अलेंद्र थे । वरिष्ठ व्याख्याता ए के सिन्हा ने आभार प्रदर्शन किया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुसुमकसा के पंचगण, वरिष्ठ नागरिक गण तथा समस्त व्याख्यातागण सुश्री गीता गुप्ता,एम जॉर्ज, यू त्रिपाठी,आर के अवाड़े,इंद्राणी मुखर्जी ,रंजना खोबरागड़े ,किरण झा,मांडवी मिश्रा ,सविता स्वर्णकार ,आशा प्रधान ,भारत नायक , सी बी डाहरे ,कृतिका साहू ,दीपमाला जोशी, देहुती कोठारी ,चंद्रकला सक्सेना,डाली मेस्राम , शीतला नायक, विजयलक्ष्मी साहू , उमेश सिंहा आदि उपस्थित थे।

पिता बलिराम कश्यप के खुलवाए स्कूल को समस्याओं से निजात दिलाएंगे मंत्री कश्यप

0
  • करपावंड हायर सेकंडरी स्कूल में 31 वर्ष पुरानी हैं समस्याएं
  • मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप से बच्चों ने लगाई गुहार

अर्जुन झा-
बकावंड जिस सरकारी स्कूल की स्थापना दिवंगत सांसद बलिराम कश्यप ने करवाई थी, उस स्कूल में उनके पुत्र वन मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप के कदम पड़े। छात्रों इन जनप्रतिनिधियों को स्कूल की समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री केदार कश्यप यह जानकर हैरान रह गए कि 31 साल बाद भी स्कूल में तीन प्रमुख विषयों के व्याख्याताओं की नियुक्ति ही नहीं हुई है। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर स्कूल में व्याख्याता नियुक्त कराने के लिए कहा।


हम बात कर रहे हैं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करपावंड की। यह स्कूल अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री रहते बलिराम कश्यप ने सन 1993 में खुलवाया था। बस्तर के सांसद रहे बलिराम कश्यप के पुत्र केदार कश्यप छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह सरकार में शिक्षा मंत्री रहे हैं तथा अभी विष्णु देव साय सरकार में वन मंत्री हैं। विधानसभा स्तरीय मतदाता आभार एवं अभिनंदन समारोह में आए वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करपावंड के भी विजिट पर गए। स्कूल प्रांगण में छात्राओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ से मंत्री केदार कश्यप एवं सांसद महेश कश्यप का स्वागत किया। इस स्कूल में गणित, भौतिकी, रसायन विषयों के विशेषज्ञ व्याख्याता नहीं हैं। छात्राओं ने व्याख्याताओं की पदस्थापना करने की मांग की। मंत्री केदार कश्यप ने तत्काल उच्च अधिकारियों को फोन कर शिक्षकों की पदस्थापना करने के लिए निर्देशित किया। छात्रों ने विधायक किरण सिंह देव के लिए भी मांग पत्र तैयार किया था। लेकिन उन्हें मांग पत्र सौंपा नहीं जा सका। छात्राओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव सिंह से भी आग्रह किया है कि मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का कष्ट करेंगे।


विदित हो कि स्वर्गीय सांसद बलिराम कश्यप के अविभाजित मध्यप्रदेश के शासनकाल में मंत्री रहते वर्ष 1993 में करपावंड हाई स्कूल खोला गया था। तब से आज 31 वर्ष हुए उक्त विषयों के शिक्षकों की पदस्थापन नहीं हो पाई है। छात्रा रिंकी मंडल ने मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप को अवगत कराया कि जबसे स्कूल प्रारंभ हुआ है, तबसे आज तक गणित, भौतिकी, रसायन विषयों के शिक्षकों व्याख्याताओं की पदस्थापना नहीं हुई है। रिंकी मंडल ने बताया कि विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के अभाव में हमें शिक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहीं-कहीं गणित, भौतिकी, रसायन एक ही विषय के दो-दो शिक्षक पदस्थ हैं। उन स्कूलों से एक एक शिक्षक हमारे स्कूल को मिल जाएं तो अनुभवी विषय शिक्षको का अध्यापन लाभ हम लोगों को भी मिल सकेगा और हमारा भविष्य चौपट होने से बच जाएगा। छात्रों ने मंत्री श्री कश्यप से कहा कि हम आपसे आशा और उम्मीद लगाकर आए हैं। आप हमारी मांग जरूर पूरी करेंगे । विभाग तो ध्यान नहीं दे रहा है। इसीलिए आपसे हमें बहुत ही आशा है। शाला संचालन प्रबंधन समिति अध्यक्ष नरेश गुप्ता, सदस्य ओमप्रकाश गुप्ता, दयालु बघेल, नवीना दास ने भी नए स्कूल भवन की मांग अगले बजट में शामिल करने के लिए रखी। यह स्कूल दो शिफ्टों में संचालित होता है। इस वजह सेअध्यापन के समय में लगभग डेढ़ घंटे नुकसान छात्रों को उठाना पड़ रहा है। मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप एवं विधायक किरण देव सिंह से विद्यार्थियों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने आग्रह किया कि भवन की मांग अतिशीघ्र पूरी कराएं। पालकों ने भी सभी जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग पूरी करने के लिए आग्रह किया।

शहीद जवानों के सम्मान में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिया अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला

0
  • कार्यकर्ताओं और समर्थकों के नाम जारी की अपील

रायपुर, 18 जुलाई बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में एसटीएफ के 2 जवान भारत साहू व सतेर सिंह शहीद हो गए और 4 जवान घायल हो गए। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस दर्दनाक घटना से आहत होकर अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। उन्होंने अपने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी अपील की है – आज जब मेरे भाई शहीद हुए हैं, मेरा मन आहत व व्यथित है आप सभी मेरे शुभचिंतक मेरा जन्मदिन न मनाएं और इस कठिन समय में शहीद जवानों और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करें।

विजय शर्मा ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और समाज और सरकार उनके अमर बलिदान को स्मरणीय रखेगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शहीद जवानों की आत्मा को शांति मिले और घायल जवान जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। उन्होंने कहा कि इस दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने हमें यह सोचने पर विवश कर दिया है कि बस्तर की सेवा के लिए हमारे जवान कितनी कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सुरक्षा बलों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की और उन्हें हर संभव सहायता और साथ देने का वचन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माओवादियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करेगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। श्री शर्मा ने कहा कि शहीद जवानों के परिवारों के साथ पूरा प्रदेश खड़ा है। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान देश के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है और हमें उनकी वीरता पर गर्व है। श्री शर्मा का जन्मदिन न मनाने का फैसला उनके गहरे मानवीय संवेदनाओं और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों की शहादत हमें हमेशा याद रखना चाहिए और उनके सम्मान में हमें एकजुट रहकर देश की सुरक्षा और विकास के लिए प्रतिबद्ध रहना है । श्री शर्मा के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला जन्मदिन था। श्री शर्मा और उनके समर्थक काफी उत्साहित थे और इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां भी की जा रही थीं। कवर्धा सहित पूरे राज्य के विभिन्न स्थानों में जन्मदिन मनाने की तैयारियां चल रही थीं। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के अपना जन्मदिन नहीं मनाने के निर्णय के बाद तैयारियों को अचानक रोक दिया गया है।

अपराधों की आग में जल रहा है छत्तीसगढ़, सीएम और गृहमंत्री बजा रहे हैं चैन की बंशी : दीपक बैज

0
  •  विधानसभा घेराव को लेकर पीसीसी चीफ बैज ने बनाई रणनीति 
  • विस्फोट में शहीद जवानों को बैज ने दी श्रद्धांजलि 

अर्जुन झा-

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद दीपक बैज ने गुरुवार को जगदलपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 24 जुलाई को प्रस्तावित विधानसभा घेराव की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान बैज ने बीजापुर जिले में आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

 

पीसीसी चीफ दीपक बैज गुरुवार को जगदलपुर आए। यहां उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पार्टी के नेताओं जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक की। बैज ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में जबसे भाजपा सरकार आई है, राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है, महिलाओं, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और अनुसूचित जाति के लोगों के खिलाफ आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा इजाफा हुआ है। राजधानी में फायरिंग होने लगी है, सरेआम आदिवासी छात्र की हत्या कर दी गई, तलवारें लहराई जाती हैं। दीपक बैज ने कहा कि बस्तर जैसे शांत इलाके में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, पूरे प्रदेश में लूट, हत्या, चोरी, युवतियों से छेड़खानी, दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ गई हैं।  बैज ने कहा कि इधर छत्तीसगढ़ अपराधों की आग में जल रहा है और भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं गृहमंत्री विजय शर्मा चैन की बंशी बजा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरप्लस बिजली वाले छत्तीसगढ़ में बेतहाशा बिजली कटौती की जा रही है। दूरस्थ गांवों के लोगों को 3-4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। कई इलाकों में पूरी रात बिजली गुल रहती है। बैज ने कहा कि खेती किसानी का समय है, बरसात ढंग से हो नहीं रही है। किसान नदी, नालों और ट्यूब वेल से पानी लेकर रोपा लगाना चाहते हैं, मगर बिजली न रहने से वे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। सरकार ने बिजली दरें बढ़ा दी हैं। घरेलू कनेक्शन वाले लोगों को दो हजार रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। श्री बैज ने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार में बिजली उपभोक्ताओं को हर तरह की राहत थी। बिजली बिल हाफ योजना और 24 घंटे बेरोकटोक बिजली आपूर्ति से से लोग खुश थे, मगर अब भाजपा सरकार ने लोगों की खुशियां छीन ली हैं।

शांतिपूर्ण रहेगा घेराव

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज विधानसभा घेराव के संबंध में पार्टीजनों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि हमारा यह घेराव पूर्णतः गांधीवादी तरीके से होगा और शांतिपूर्ण रहेगा। बस्तर से जो भी कार्यकर्ता घेराव में शामिल होने रायपुर जाएंगे, उन्हें इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा। अपनी तरफ से हमें पूरी सतर्कता बरतनी होगी। श्री बैज ने बलौदाबाजार कांड की आड़ में कांग्रेस के लोगों को फंसाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि हो सकता है हमारे घेराव के दौरान भी कुछ अपराधी तत्व भाजपा के इशारे पर घुस आएं और गलत हरकत कर दें। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस को बदनाम करने के लिए ऐसा किए जाने की प्रबल आशंका है। इसलिए हम सभी को सावधान रहना होगा।

गौहत्या और गांजा तस्करी को लेकर कोटपाड़ विधायक रुपू भतरा से मिले विहिप बजरंग दल कार्यकर्ता

0
  • गौ तस्करी, गौहत्या, गांजा तस्करी पर चर्चा हुई

जगदलपुर बस्तर जिले से लगे ओडिशा राज्य की सीमा पर स्थित कोटपाड़ के भाजपा विधायक रुपु भतरा से विहिप बजरंग दल के पदाधिकारी सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान बस्तर से ओड़िशा ले जाए जा रहे गौ वंश को गौ हत्यारों से बचाने, गांजा तस्करों पर कार्यवाही करने जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। विधायक रुपु भतरा ने बताया कि पूर्व की सरकारों के ध्यान नहीं देने की वजह से हमारे कोटपाड़ को अन्य राज्यों में बदनामी झेलनी पड़ी है, किंतु वर्तमान सरकार सजग और सक्रिय है। गौ तस्करी, गौ हत्या, गांजा तस्करों पर कठोर कार्रवाई करने विशेष योजना के तहत कार्य कर रही है।

 

विहिप प्रांत सदस्य प्रचार विभाग रोहन कुमार ने बताया कि बीते कुछ वर्षो में जिन गौ मांस तस्करों को पकड़ा गया है, उनके द्वारा कोटपाड़ का खालसाइ नामक स्थान का नाम बताया गया है, जहां गौ हत्या कर, गौ मांस भक्षकों तक पहुंचाया जाता है। निश्चित ही ओडिशा सरकार की कार्रवाई करना गौ तस्करों, गांजा तस्करों के खिलाफ एक बड़ा कदम साबित होगा। साथ ही बस्तर जिले के संबंधित विभाग मांसाहारी भोज्य पदार्थो की समय समय पर जांच करे। और साथ ही गौ की तस्करी रोकने विशेष टीम का गठन करे। बैठक में विहिप प्रांत सदस्य प्रचार प्रसार विभाग रोहन कुमार, जिला संयोजक घनश्याम नाग, जिला सह संयोजक मुन्ना बजरंगी, जिला सह संयोजक खिरेंद्र दास, नगर संयोजक भवानी सिंह चौहान, नगर साप्ताहिक मिलन प्रमुख सनी रैली, नगर सह मंत्री गौरव ठाकुर, नगर प्रचार प्रसार प्रमुख सुमीत गुप्ता, नगर विद्यार्थी प्रमुख देव यादव, नगर सह विद्यार्थी प्रमुख पवन राजा, गौ सेवक राजेश सेठिया उपस्तिथ थे।

अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण और प्रकृति की करें रक्षा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव

0
  • वन महोत्सव में शामिल हुए विधायक देव, रोपे गए 30 प्रजातियों के 600 पौधे

जगदलपुर वन विभाग द्वारा आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव शामिल हुए। उन्होंने पौधरोपण कर उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा करने की अपील की।

इंजीनियरिंग कालेज के बाॅयज़ हास्टल परिसर में समारोह पूर्वक छह सौ पौधे तीस अलग-अलग प्रजातियों के लगाए गए। पौधरोपण करने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के साथ इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्राएं व गणमान्य नागरिक भी सहभागी बने। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति ज़िम्मेदारी से अपने जीवन में एक वृक्ष लगाए, यह आवश्यक हो गया है।पर्यावरण में हो रहे बदलाव और उससे होने वाले नुकसान को गंभीरता से समझते हुए वृक्षों की हरियाली बढ़ाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस गंभीर विषय पर गहरी चिंता करते हुए समूचे देश में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम भी आरंभ किया है। हम सभी को इस पुनीत काम में बढ चढ कर सहभागी बनना चाहिए और स्वयं पौधरोपण करके अन्य लोगों को भी इसके लिये प्रेरित करना चाहिए। अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिये नि:शुल्क पौधों का वितरण संबधित विभाग द्वारा महाअभियान के रूप में किया जा रहा है। अपने घर के आंगन में, खुले सुरक्षित स्थानों में पौधरोपण करें और उनकी सुरक्षा भी करें।

कार्यक्रम में इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र छात्राओं ने पौधे लगाने व उनकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। जिला स्तरीय वन महोत्सव में सांसद महेश कश्यप ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, पद्मश्री धर्मपाल सैनी,भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, श्रीनिवास राव मद्दी, विद्याशरण तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, धरमू मंडावी, सीसीएफ आरसी दुग्गा, डीएफओ शमा फारुकी, डीएफओ उत्तम गुप्ता, नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, मनोहर तिवारी, आर्येन्द्र आर्य, आलोक अवस्थी, दयावती देवांगन, गोविन्द ईनाणी, अच्युत सामंत, मनी विक्रम, आशु आचार्य, अभिषेक तिवारी एवं जिला प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

बीजापुर जिले में शहीद हुए जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

0
  • जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्प

जगदलपुर शहर के पुलिस लाइन में बीजापुर जिले में शहीद हुए दोनों जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस लाइन में बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, महापौर सफीरा साहू, पार्षदों, अन्य जनप्रतिनिधियों, कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ के अधिकारी, शहीदों के परिजनों और पुलिस विभाग के अधिकारी-जवानों ने पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि के उपरांत शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उपस्थित सांसद, विधायक सहित अधिकारियों ने कंधा देकर गृहग्राम के लिए रवाना किया। ज्ञात हो कि जिला बीजापुर, दंतेवाड़ा एवं सुकमा के मध्य सीमावर्ती एरिया में लगातार दरभा डीवीजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन व मिलेट्री कंपनी नंबर 2 के माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर 16 जुलाई को संयुक्त अभियान पर उक्त जिलों से एसटीएफ, डीआरजी, कोबरा, सीआरपीएफ की टीमों को रवाना किया गया था। अभियान के दौरान 17 जुलाई के रात्रि 10 बजे थाना तर्रेम एरिया में मंडीमरका के जंगलों में आईईडी विस्फोट से एसटीएफ बल के 2 जवान आरक्षक सत्तेर सिंह निवासी ग्राम बम्हनी, बाकुलवाही जिला नारायणपुर और आरक्षक भरत लाल साहू, निवासी लक्ष्मीनगर मोवा जिला रायपुर शहीद हो गए। इसके अलावा 4 जवान प्रधान आरक्षक पुरषोत्तम नाग, आरक्षक संजय मंडावी, आरक्षक कोमल यादव, आरक्षक सियाराम शोरी घायल हो गए हैं। घायल जवानों का उपचार जारी है और स्थिति सामान्य है।

जनता का विश्वास सदैव भाजपा के साथ:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव

0
  • करपावंड में मतदाता आभार अभिनंदन समारोह

बकावंड भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को बस्तर विधानसभा क्षेत्र के करपावंड में मतदाता आभार एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वनमंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप शामिल हुए। तीनों नेताओं ने बस्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता व समस्त मतदाताओं का लोकसभा चुनाव में भाजपा पर विश्वास व्यक्त कर विजयी बनाने के लिए आभार माना।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जनता का विश्वास सदैव भाजपा के साथ है। जनता के आशीर्वाद से ही छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार स्थापित हुई है और केंद्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं। जनता की सेवा व देश का विकास भाजपा का संकल्प और लक्ष्य है। बस्तर को बेहतर बनाने और छत्तीसगढ़ को विकास की बुलंदियों पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार दिन रात काम कर रही है।

विकास ही लक्ष्य : केदार

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश से कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेंकने का बड़ा काम जनता ने किया है। विगत सात माह में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने जनता से किए वादों व मोदी की गारंटियों को पूरा करने का काम किया। बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का लक्ष्य लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं व प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं का पूर्ण लाभ जन जन को मिले, इस दिशा में ठोस कार्य सतत हो रहे हैं।

अग्रणी होगा बस्तर: महेश

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस वर्षों के कार्य व योजनाओं पर विश्वास की मुहर लगाई व भाजपा को विजयी बनाया। क्षेत्र की जनता, मतदाताओं व भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार है। बस्तर के निरंतर विकास व आम बस्तरिया की छोटी से छोटी समस्या का समाधान शीघ्रता से हो, इस दिशा में संकल्प के साथ कार्य होंगे। डबल इंजन की सरकार बस्तर को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए काम कर रही है। समारोह को पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मंडावी, बस्तर लोकसभा संयोजक श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व विधायक डा. सुभाऊ कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया। भाजपा के मतदाता अभिनंदन समारोह में प्रमुख रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष परिस बेसरा, धनुर्जय कश्यप, उदबो राम नाग, नारायण बिसाई, व्हीआर राजपूत, जितेंद्र पाणिग्रही, पुरूषोत्तम जोशी आदि सहित मतदाता कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।

नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में एसटीएफ के दो जवान शहीद, चार जवान घायल

0
  • तर्रेम क्षेत्र में नक्सलियों ने दिया वारदात को अंजाम
  • शहीद जवान नारायणपुर और रायपुर के थे निवासी
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा पाईप में फिट कर लगाए गए आईईडी के विस्फोट में एसटीएफ के दो जवान शहीद हो गए और चार जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया जा रहा है। शहीद जवान भरत लाल साहू रायपुर और सतेर सिंह कांगे नारायणपुर जिले के निवासी थे।
    बीजापुर जिले में सर्च अभियान से वापस लौट रहे जवानों को निशाना बनाते हुए नक्सलियों ने पाइप बम में ब्लास्ट कर दिया। पाईप बम की चपेट में आने से एसटीएफ के दो जवान शहीद हो गए हैं। वही चार अन्य जवान घायल हुए है।

फिलहाल घायल जवानों का उपचार जिला अस्पताल बीजापुर में लाहै। जानकारी के अनुसार घायलों को हेलीकॉप्टर से रायपुर ले जाने की तैयारी चल रही है। खबर के मुताबिक बीजापुर, सुकमा व दंतेवाड़ा के बीच सीमावर्ती एरिया में लगातार दरभा डिवीजन, पश्चिम डिवीजन बस्तर डिवीजन व मिलिट्री कंपनी नंबर 2 के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर मंगलवार को एसटीएफ, डीआरजी, कोबरा व सीआरपीएफ की संयुक्त टीम विशेष अभियान पर निकली थी। सर्चिंग के बाद बुधवार रात सुक्षाबल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के मंडीमरका के जंगलों में नक्सलियों ने पाइप बम ब्लास्ट कर दिया। जिसकी चपेट में आने से आरक्षक भरत लाल साहू व आरक्षक सतेर सिंह कांगे शहीद हो गए। दोनों शहीद जवान छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। वही ब्लास्ट की जद में आने से जवान पुरषोत्तम नाग, कोमल यादव, सियाराम सोरी व संजय कुमार घायल हो गए है। जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर ले जाने की तैयारी चल रही है।

स्वर्गीय पंडित विष्णु प्रसाद शर्मा, स्वाधीनता सेनानी जिन्हें अपनों ने ही भुला दिया

0

(18 जुलाई पुण्यतिथि पर विशेष) यह हमारे देश तथा समाज की विडंबना है कि यहां अपनों को भुला दिया जाता है ,अपनों का मूल्यांकन उनके देहावसान के पश्चात भी कम से कम किया जाता है। आधुनिक समाज द्वारा अपने ही लोगों के लिए मूल्यांकन के पैमाने बड़े कठोर कर दिए गए हैं। गुणों का उल्लेख कम से कम किया जाता है, दोषों का अधिक। यदि किसी के दोष ढूंढे से भी नहीं मिलते, तो समाज के कठोर पैमाने से उनके गुणों का वर्णन ही इस तरीक़े से किया जाता है कि वे दोष मालूम पड़ने लगते हैं। समाज के निकम्मे- निठल्ले आलोचकों ने काँकेर के स्वाधीनता सेनानी स्वर्गीय पंडित विष्णु प्रसाद शर्मा के साथ यही किया है, जबकि बस्तर और काँकेर के आदिवासियों ने तथा छोटे तबके के ग़रीब ,मज़दूर, किसानों द्वारा आज देहावसान के 15 वर्ष पश्चात भी वे अत्यंत आदर के साथ याद किए जाते हैं। ये भोले-भाले, सीधे-सादे लोग उनके अधिवक्ता ,कानून के ज्ञाता के रूप को ही जानते हैं जबकि विष्णु महाराज वकील के अलावा भी बहुत कुछ थे। समाजसेवी पर्यावरणविद् ,साहित्यकार, राजनीतिज्ञ, शिक्षाविद् , प्रगतिशील, ओजस्वी वक्ता, गांधीवादी मनीषी आदि उनके बहुमुखी रूप थे लेकिन दुख का विषय है कि उन्हें इन सभी रूपों मैं जानने वाले कम ही हैं और इन में भी अधिकतर ऐसे हैं जो स्वर्गीय विष्णु महाराज की बहुमुखी प्रतिभा का वर्णन करना पड़े ,तो बड़ी कृपणता के साथ करते हैं । जो लोग सच्चे दिल से उनका सम्मान करते हैं ,वह जानते हैं कि उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में कितने स्कूल खुलवाए , कितने आदिवासियों और ग़रीबों को फ़र्जी मुक़दमों से बचाया। अपने निजी विद्यालयों पर शिक्षा की दुकानों का कलंक नहीं लगने दिया। स्वयं को रामायणी तथा साहित्यकार विद्वान बताने में सदैव संकोच किया। अनेक लोग आज भी नहीं जानते कि विष्णु महाराज सात ज़िलों में निजी स्कूलों कॉलेजों का संचालन करने वाली बस्तर शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष तथा अध्यक्ष भी बरसों रह चुके थे। यही नहीं, रायपुर सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष तथा बस्तर अंचल के कांग्रेस उपाध्यक्ष भी लंबे अरसे तक रह चुके थे। इस प्रकार अनेक रूपों में उन्होंने देश- प्रदेश की सेवा की। कांकेर नगर पालिका के प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में उन्होंने शहर की जो सेवा की है ,उसके निशान आज भी पुराने कुओं के रूप में देखने को मिलते हैं। जिन मुहल्लों में ऐसे कुएँ आज भी सुरक्षित हैं, वहां के लोग बड़ी श्रद्धा के साथ महाराज को याद करते हैं। विष्णु महाराज यदि आज होते तो एक सौ एक वर्ष के होते। आज वे नहीं हैं लेकिन काँकेर वासियों के ह्रदय में उनकी यादें अमर हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS