संयुक्त संचालक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
एक स्टॉफ नर्स का प्रभार बदलने में इतनी कोताही
जगदलपुर छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ जिला शाखा बस्तर ने महारानी अस्पताल में जारी संशोधित प्रशासनिक आदेशों का पालन नहीं किए जाने के मामले को गंभीर बताते हुए संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, बस्तर संभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
संघ ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जगदलपुर द्वारा 18 मई 2026 को जारी संशोधित आदेश के तहत स्टाफ नर्स रीमा दानी को मेल वार्ड प्रभारी के दायित्व से मुक्त कर सामान्य स्टाफ नर्स के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। काफी लंबा समय बीत जाने के बाद भी उक्त आदेश का पालन नहीं कराया गया है।संघ का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी 27 मई तथा 15 जून को पत्र एवं स्मरण पत्र देकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया था, लेकिन लगभग 45 दिन बीत जाने के बाद भी न तो आदेश का पालन सुनिश्चित किया गया और न ही किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की गई। संघ ने आरोप लगाया है कि यदि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आदेशों का पालन ही नहीं होगा, तो प्रशासनिक व्यवस्था और अनुशासन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
यह स्थिति शासन के आदेशों की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने संभागीय संयुक्त संचालक से मांग की है कि संबंधित संशोधित आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा आदेशों की अवहेलना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि अस्पताल में प्रशासनिक व्यवस्था एवं अनुशासन कायम रह सके।



