उपशीर्षक: नेवी की ट्रेनिंग पूरी कर लौटे प्रदीप सिवना का ग्रामीणों ने किया अभिनंदन, मुख्यातिथि रहे संजय बैस
कुसुमकसा, डोंडी, बालोद | 7 मई 2026 देश सेवा का जज्बा लेकर भारतीय नौसेना में भर्ती हुए ग्राम कुसुमकसा के होनहार बेटे प्रदीप सिवना के प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार गांव लौटने पर बुधवार को टोला-पारा में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। गांव के हर घर से निकलकर ग्रामीणों ने अपने वीर सपूत के लिए पलकें बिछा दीं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार अभिनंदन किया।इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि संतोष जैन शमशेर खान पुष्पजीत बैस जावेद खान जी रहे

शॉल-श्रीफल व पुष्पहार से हुआ सम्मान
सफेद नेवी यूनिफॉर्म में गांव पहुंचे प्रदीप सिवना का प्रवेश द्वार पर ही महिलाओं ने आरती उतारकर तिलक किया। इसके बाद पूरे गांव में जुलूस के रूप में उन्हें घर तक लाया गया। इस दौरान युवाओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारे लगाए। मुख्य मार्ग पर आयोजित अभिनंदन समारोह में अतिथियों ने प्रदीप को गेंदे की माला पहनाई, शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत से अभिभूत प्रदीप ने सभी का आभार जताया।

मुख्यातिथि बोले- गांव का गौरव बढ़ाया
कार्यक्रम के मुख्यातिथि पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने कहा कि “प्रदीप जैसे युवा ही असली भारत के हीरो हैं। इन्होंने न सिर्फ अपने माता-पिता, बल्कि पूरे कुसुमकसा और डोंडी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आज हर घर चाहता है कि उसका बेटा फौजी बने। प्रदीप की सफलता गांव के सैकड़ों युवाओं को प्रेरणा देगी।” समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि आमंत्रित एलआईसी अभिकर्ता एवं समाजसेवी गौरी शंकर साहू ने कहा, “मेरा सौभाग्य है कि मुझे भारत माता के ऐसे वीर सपूत भाई प्रदीप सिवना का अभिनंदन करने का अवसर मिला। यह पल जीवन भर याद रहेगा। गांव से निकलकर देश की रक्षा करने का जज्बा हर युवा में होना चाहिए।” उन्होंने प्रदीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह, उमड़ा जनसैलाब
समारोह में सरपंच, पंच, स्कूल के शिक्षक, एवम ग्रामीण जन सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। महिलाएं और बच्चे सुबह से ही प्रदीप के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। गांव के गणमान्य तुला राम ने कहा कि वर्षों बाद गांव में किसी फौजी का ऐसा स्वागत देखने को मिला है। प्रदीप के पिता ने बताया कि बेटे ने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। कार्यक्रम का संचालन ग्राम के कोषांक्ष्य जगन्नाथ सिवना ने किया व आभार प्रदर्शन युवा समिति अध्यक्ष द्वारा किया गया। अंत में सभी ने एक स्वर में कहा – “हमको है अभिमान, देश का वीर जवान”।



