सोशल मीडिया नेटवर्क को मजबूत बनाने की ठोस पहल की बैज ने
सोशल मीडिया टीमों से की वन-टू-वन चर्चा
अर्जुन झा-
जगदलपुर सोशल मीडिया आज जनता खासकर युवा वर्ग जिसे अब जेन-जी के नाम से पुकारा जाता है, की आवाज की सबसे बड़ी ताकत बन गई है। पलक झपकते ही हर बात पूरी दुनिया में फैल जाती है। सोशल मीडिया की इसी ताकत को महसूस किया है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने। श्री बैज अब कांग्रेस संगठन में सोशल मीडिया पर बड़ा फोकस कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस में सबसे लोकप्रिय युवा नेता के रूप में दीपक बैज अब जेन जी की पहली पसंद बन चुके हैं। युवाओं के बीच संवाद स्थापित करने की कांग्रेस की रणनीति का पहला और बड़ा चेहरा संगठन को मिला है दीपक बैज के रूप में। स्वयं जेन जी की श्रेणी में आने वाले दीपक बैज प्रदेश में जेन जी के बीच जाकर अपनी पार्टी की नीति रीति को मजबूती से रखने और एक पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए सोशल मीडिया के जरिए जेन जी को कांग्रेस से जोड़ने के अभियान में दीपक बैज जुट गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेशभर के सोशल मीडिया प्रभारियों एवं सक्रिय पदाधिकारियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की। बैठक का उद्देश्य संगठन की डिजीटल ताकत को और मजबूत करना तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना रहा।
बैठक के दौरान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की सोशल मीडिया सक्रियता पर भी विशेष चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला सचिव रिंकू गुप्ता, जिला प्रवक्ता मनोहर सेन एवं देवेंद्र तोड़े से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने अलग से चर्चा कर जिले में संगठन की गतिविधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता तथा सोशल मीडिया के माध्यम से किए जा रहे प्रचार-प्रसार की जानकारी ली। दीपक बैज ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रत्येक गतिविधि, प्रेस विज्ञप्ति, जनआंदोलन, कार्यक्रम और जनहित से जुड़े मुद्दों को जिले, ब्लॉक, शहर एवं बूथ स्तर तक सभी पदाधिकारी नियमित रूप से शेयर, लाइक करें और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज संगठन की सबसे प्रभावी ताकत बन चुका है और इसकी सक्रियता से कांग्रेस की आवाज सीधे आम जनता तक पहुंचाई जा सकती है। बैठक में डिजीटल समन्वय को मजबूत करने, सभी स्तरों पर सोशल मीडिया टीम को सक्रिय रखने तथा संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन दिलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलों से सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।



