भानपुरी कारितास इंडिया के अंतर्गत संचालित खुशहाल बचपन परियोजना द्वारा सेजस चेराकुर में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं को माहवारी से संबंधित सही जानकारी प्रदान करना तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान माहवारी के समय स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा उपयोग किए गए पैड के उचित निपटान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक झिझक को दूर करने और इस विषय पर खुलकर बातचीत करने के लिए प्रेरित किया गया। किशोरी बालिकाओं को बताया गया कि माहवारी एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है, जिसके बारे में सही जानकारी होना आवश्यक है।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पी.एस. ताराम, व्याख्याता बलदेव मरकाम, मितानिन ट्रेनर जमुना कश्यप, जिला परियोजना सहायक कमलेश कुमार, कम्युनिटी एजुकेटर देवंती नाग एवं तेजेश्वर पानीग्राही सहित एकेडमिक मेंटर दुतीका, सुकमति, रूनीता, बसंती, दयावती, संगीता, नीलकुमारी, लक्ष्मी एवं सुनयना उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समाज में माहवारी से संबंधित सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया। कैरिटास इंडिया की खुशहाल बचपन परियोजना के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं समग्र विकास को बढ़ावा देना है।






