भूपेश बोले- घर-घर जाकर सदस्य बनाएं, विधानसभा ही नहीं लोकसभा चुनाव भी जीतना है, केंद्र पर बरसे मुख्यमंत्री, मोदी सरकार का लगातार गिर रहा ग्राफ

0
73

रायपुर। प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, लक्ष्य 10 लाख है। पिछले समय 6 लाख थे, उसको प्राप्त करना है। कांग्रेस का सदस्य बनना सम्मान का विषय है। हमें घर बैठ कर नहीं कांग्रेसियों के घर जाकर सदस्य बनाना है। हमें विधानसभा ही नहीं लोकसभा का भी चुनाव जीतना है। उन्होंने कहा, लगातार मोदी का ग्राफ गिर रहा है। चाहे नोटबंदी की बात हो, जीएसटी की बात हो, काले कानून की बात हो, रसोई गैस की बात हो, डीजल-पेट्रोल के दाम हो यह सब जनता देख रही है।

राजीवभवन में कांग्रेस सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में उन्होंने कहा, सम्मान देने से हमारा कार्यकर्ता खुद को गौरवान्वित महसूस करता है। सदस्यता हर ब्लॉक, जोन, सेक्टर में होना चाहिए। सदस्यता अभियान जनसंपर्क का एक अच्छा अवसर है। हर जिले को दूसरे से बेहतर करने की कोशिश करना है। आपके पास अपनी सरकार की उपलब्धियों की फेहरिस्त है। उसको लेकर लोगों के पास जाना है। विपक्ष में रहते हमने तत्कालीन सरकार के खिलाफ खूब आंदोलन किया। सबने खूब कर्मठता दिखाई। अब अपने सफल कार्यक्रमों को लोगों को बताना है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा, अभी क्रूड ऑयल का दाम बढ़ा है, लेकिन चुनाव के डर से दाम नहीं बढ़ा रहे है। यूक्रेन में हमारे बच्चे फंसे है। उनको समय पर लाने की पहल मोदी सरकार ने नहीं किया। यह केंद्र की नाकामी है। हमें केंद्र की नाकामी लगातार लोगों को बताना है। भाजपा के झूठ के खिलाफ भी लोगों को बताना है।

संगठन के दम पर फिर सरकार बनाएंगे-मरकाम

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सदस्यता अभियान का विस्तृत प्रतिवेदन देते हुये बताया कि हम निर्धारित तिथि तक 10 लाख सदस्यों का लक्ष्य पूरा कर लेंगे। उन्होंने विभिन्न जिलों की सदस्यता की स्थिति की भी जानकारी दिया। उन्होंने डिजिटल सदस्यता के संदर्भ में बताया कि डाटा एनालिटिक्स विभाग के निर्देशानुसार संगठन चुनाव 2022-27 हेतु छत्तीसगढ़ प्रदेश में डिजिटल सदस्यता अभियान को गति प्रदान किया जा रहा है। हम मजबूत संगठन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर फिर से सरकार बनायेंगे।

छत्तीसगढ़ में अब 80 सीटों पर जीतेगी कांग्रेस – हुसैन

प्रदेश निर्वाचन अधिकारी हुसैन दलवई ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पूरे देश में चर्चा है। ऐसा नेता हो तो हमारे महाराष्ट्र में भी सरकार आ जायेगी। छत्तीसगढ़ में जो घोषणा में कहा, कांग्रेस ने सरकार में आने के बाद उन घोषणाओं को पूरा भी किया। सरकार ऐसे ही काम करेगी तो आने वाले चुनाव में छत्तीसगढ़ में 80 सीटें आयेगी। कांग्रेस ने आश्वासन दिया था किसानों को राहत देगें, गरीबों को राहत देंगे, आपने दिया।

मजबूत संगठन से कांग्रेस सरकार फिर लाएंगे

दलवई ने कहा, हम संगठन चुनाव के लिये हर जिलें में जायेंगे। पार्टी की सदस्यता अभियान पर विशेष ध्यान देना है। 10 लाख सदस्यता का लक्ष्य पूरा होना चाहिए। हर बूथ पर हर प्रकोष्ठ के लोग होना चाहिए। संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हो। कांग्रेस की सदस्यता अभियान के ढांचे में फर्जीवाड़े का कोई स्थान नहीं है। हमें मोदी आरएसएस के द्वेश, साम्प्रदायिकता हिंसा वाली प्रवृत्ति से देश को बचाना है। मजबूत संगठन बना कर हमें राज्य में कांग्रेस की सरकार वापस लाना है तथा लाेकसभा में 11 सांसद चुनकर संसद में भेजना है। यह देश के लिये जरूरी है।

छत्तीसगढ़ का परफार्मेंस बेहत्तर हो – यादव

छत्तीसगढ़ प्रभारी सप्तगिरि शंकर उल्का ने कहा, हमें सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करने के साथ यह भी देखना है कि जो सदस्य बने वे कांग्रेस की विचारधारा रीति-नीति में विश्वास रखते हो। डॉ. चंदन यादव ने कहा, छत्तीसगढ़ हर मामले में बेहतर कर रहा सदस्यता अभियान में भी राज्य का परफार्मेंस देश के अन्य राज्यों से बेहतर होना चाहिये। सदस्यता अभियान ऐसा संगठनात्मक कार्यक्रम है जो हमारी जड़ों को मजबूत करेगा। बैठक का संचालन प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला ने किया। प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, शहर अध्यक्ष, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ- विभागों के प्रदेश अध्यक्षों एवं डिजिटल मेम्बरशिप हेतु नियुक्त विधानसभा प्रभारी उपस्थित थे।