शो पीस बनकर रह गया सिविल अस्पताल भानपुरी का शव वाहन

0
505
  • वाहन चालक की नहीं हो सकी है आज तक नियुक्ति, लोग परेशान
  • ऑटो या ट्रेक्टर से ले जाना पड़ता है अस्पताल से शवों को
  • यह प्रमाण है विधायक चंदन कश्यप की निष्क्रियता का : मौर्य

भानपुरी सिविल अस्पताल भानपुरी में शव वाहन तो है, मगर वह किसी का काम का नहीं रह गया है। एक अदद ड्राईवर की नियुक्ति न हो पाने से शव वाहन अनुपयोगी साबित हो रहा है। आज आलम यह है कि शवों को ऑटो या ट्रेक्टर से ढोना पड़ता है। भानपुरी मंडल भाजयुमो के महामंत्री रामप्रसाद मौर्य ने इसे विधायक चंदन कश्यप की निष्क्रियता का प्रमाण बताया है।दिसंबर 2022 में नारायणपुर क्षेत्र के विधायक चंदन कश्यप ने इस अस्पताल को विधायक निधि से शव वाहन उपलब्ध कराया था। छः माह बीत जाने के बाद भी आज तक शव वाहन के लिए चालक की नियुक्ति नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रबंधन के शेड में लाखों का शव वाहन खड़े खड़े कबाड़ में तब्दील हो रहा है।

क्षेत्र की जनता ऑटो, ट्रैक्टर और किराए के वाहन से अपने परिजनों के शव ले जाने पर विवश हैं। भाजयुमो भानपुरी मंडल के महामंत्री रामप्रसाद मौर्य ने क्षेत्र की जनता से जुड़े इस गंभीर और संवेदनशील मसले को उठाते हुए कहा कि विधायक चंदन कश्यप अस्पताल प्रबंधन को शव वाहन देते हुए फोटो खिंचवाकर बाद की अपनी जिम्मेदारी भूल गए। उन्होंने ड्राईवर नियुक्त कराने की जरूरत ही नहीं समझी। मौर्य ने इसे विधायक चंदन कश्यप की निष्क्रियता का प्रमाण निरुपित किया है। रामप्रसाद मौर्य ने कहा कि अस्पताल में शव वाहन होने के वावजूद उसका क्षेत्रवासियों को लाभ नहीं मिल पाना और वाहन चालक नियुक्त नहीं करा पाना विधायक चंदन कश्यप का क्षेत्र के जनता के प्रति असंवेदनशीलता का भी उदाहरण है। आगे उन्होंने कहा कि अस्पताल के शेड ड में खड़े खड़े लाखों का शव वाहन कबाड़ में तब्दील होता जा रहा है। मौर्य ने कहा कि विधायक अपनी जिम्मेदारी से भागें नहीं, बल्कि तत्काल वाहन चालक नियुक्त करवाकर व्यवस्था को सुचारू बनाएं।