कांग्रेस राज में धर्मान्तरण का खुला खेल : योगी आदित्यनाथ

0
47
  •  भानुप्रतापपुर पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ
  •  कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा साधा निशाना

भानुप्रतापपुर विधानसभा चुनाव का पहला फेज करीब पहुंच चुका है। दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों के दिग्गज नेताओं की विशाल आमसभा जारी है। दोनों राष्ट्रीय दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप दौर चल रहा है। शनिवार को भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे भाजपा के स्टार प्रचारक ऊत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशाल आमसभा हुई। योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का ताबड़तोड़ आरोप लगाते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताकर छत्तीसगढ़ में बेहतर सरकार देने की अपील की।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने चुनावी रण में अपना पूरा दम लगा रखा है। हर दिन बड़े- बड़े नेताओं एवं मंत्रियों की चुनावी रैलियां और सभाएं हो रही हैं। रैलियों और सभाओं में सभी दल एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांकेर के भानुप्रतापपुर में बड़ी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन एक साथी ने बिहार में चारा घोटाला किया था और छत्तीसगढ़ में एक ने गोबर घोटाला किया है। यही उनकी प्रवृति है। कांग्रेस सरकार यहां की जनता से धोखाधड़ी कर रही है। इनका विकास से कोई लेना देना नहीं है। छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता के साथ कांग्रेस सरकार ने छल किया है। कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा धर्मांतरण का खुला खेल खेला जा रहा है। कांग्रेस विकास की बात करती है। विकास तो हुआ नहीं, लेकिन विनाश जरूर हुआ है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां की कांग्रेस सरकार ने नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी जैसी योजनाओं के नाम पर जमकर भ्रटाचार किया है। नतीजा यह है की आज कांग्रेस सरकार की योजनाएं दम तोड़ती नजर आ रही हैं। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदधिकारी उपस्थित थे।

लगे बुलडोजर बाबा के नारे
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी जैसे बड़े राज्य में अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अपराधियों की अवैध अचल संपत्तियों पर बुलडोजर चलवाकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। जिसके चलते यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ देश विदेश में प्रसिद्ध हो चुके हैं। योगी आदित्यनाथ के मंच पर पहुंचते ही उपस्थित जनों ने बुलडोजर बाबा के नारे लगाए। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे।