देव – किरण’ और केदार की धरा पर देवताओं की आभा सा उजास

0
69
  •  देर रात जगह जगह हुआ दोनों नेताओं का स्वागत
  • बिखरी आतिशबाजी और रंगोली की अद्भुत छटा
    अर्जुन झा
    जगदलपुर जिस तरह देवताओं के आभा मंडल से ओजस्वी प्रकाश प्रष्फुटित होता है, वैसा ही उजास बीती देर रात देव किरण (किरण देव) एवं बाबा केदारनाथ (केदार कश्यप) की धरा पर बिखरता रहा। इन दोनों नेताओं के नगर आगमन पर उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा। आतिशबाजी की रंगीन रौशनी से मां दंतेश्वरी के दरबार का यह आंगन नहा उठा, रंगोली की अनुपम रंगीन छटा बिखर पड़ी और बस्तरिहा लोक संगीत से शहर का वातावरण मधुरिम हो उठा।
    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद जगदलपुर के विधायक किरण देव सिंह और मंत्री बनने के बाद नारायणपुर के विधायक केदार कश्यप के प्रथम नगर आगमन पर उनके स्वागत के लिए आतुर भाजपा, भाजयुमो, महिला मोर्चा व विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बस्तर संभाग की सीमा में प्रवेश करते ही दोनों नेताओं का चारामा, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, भानपुरी से लेकर जगदलपुर तक जगह – जगह अभूतपूर्व स्वागत हुआ। दोनों नेताओं का काफिला देर रात जगदल पहुंचा। रात गहरा चुकी थी, आसमान से टपकती ओस की बूदें और सर्द हवाएं शरीर में ठिठुरन पैदा कर रहीं थीं, फिर भी लोगों का जोश उबाल मार रहा था। अपने नेताओं के स्वागत के लिए बेताब लोगों को ठंड की जरा भी परवाह नहीं थी। सैकड़ों महिलाएं अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ पहुंची थीं। किरण देव और केदार कश्यप का शहर कई जगह भव्य स्वागत हुआ। महिलाओं ने मार्ग पर दर्जनों जगह आकर्षक रंगोली सजा रखी थी। आतिशबाजी की रंगीन रौशनी से पूरा शहर बार बार नहा उठता था। भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में नगर के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तथा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय के नेतृत्व में पार्षदों और नागरिकों ने तथा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में महिलाओं ने श्री देव और श्री कश्यप का ऐतिहासिक स्वागत किया। महिला पार्षदों द्वारा सजाई गई रंगोली की छटा देखते ही बनती थी। किरण देव और केदार कश्यप को बस्तर के पारंपरिक परिधान का हिस्सा माड़िया सींग और गजमाला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया गया।
  • दोनों को तौला गया लड्डुओं से
    नगर के लालबाग चौक पर भी दोनों नेताओं का भव्य स्वागत हुआ। यहां उन्हें लड्डुओं से तौला गया। जगह-जगह चौक चौराहों पर जबरदस्त आतिशबाजी भी हुई। विभिन्न समाजों के द्वारा भी किरण देव और केदार कश्यप का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नगर मंडल द्वारा स्टेट बैंक चौक पर भव्य स्वागत किया गया। बस्तर के पारंपरिक नृत्य दलों द्वारा छेड़ी जा रही बस्तरिहा लोक संगीत की मधुरिम स्वर लहरी के बीच लोग झूमते नाचते नजर आए। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और केबिनेट मंत्री केदार कश्यप के स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ अभूतपूर्व रही।