सरपंच पति और शिक्षक के खातों में पहुंची सड़क मरम्मत की राशि

0
35
  •  कागजों में सड़क मरम्मत कर राशि की बंदरबांट 
  • सतोषा-1 पंचायत में सचिव- सरपंच का खेल 

अर्जुन झा-

बकावंड बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत सतोषा-1 में कागजों पर सड़क मरम्मत कराकर लाखों रूपयों की राशि का बंदरबांट करने का मामला सामने आया है।ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी बिल लगा कर लगभग 5 लाख की – राशि सरपंच पति धरमू राम कश्यप और मोहलई के संकुल समन्वयक बलदेव कश्यप के खातें में मई 2023 में राशि भुगतान की गई है। वहीं आंगनबाड़ी मरम्मत के नाम पर भी राशि बंदरबांट करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव में कई वादे तो किये जा रहे वर्षों बाद भी सड़क पानी की समस्या से ग्रामीणों को राहत नहीं मिल पाई है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सतोषा-1 में तेतरगुड़ा से मरदामुंडा मार्ग मरम्मत एवं आंगनबाड़ी मरम्मत एवं 14वें एवं 15वें वित्त मद की राशि की बंदरबांट की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच- सचिव ने साठगांठ कर फर्जी बिल तैयार के जरिए राशि की बंदरबांट की है। कागजी सड़क मरम्मत एवं अन्य कार्यों को कागजों में कराए जाने को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया है। जो इस चुनाव में सरपंच एवं जिला-जनपद सदस्यों को सबक सिखाने का कमर कसी है। जनपद कार्यालय से सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तेतरगुड़ा से मरदामुंडा तक सड़क मरम्मत के नाम पर राशि का आहरण किया गया है। इसका जियो टैग नंबर 76324160 है। 21 मई 2023 को एक लाख रूपए पंचायत के खाते से डी.एस.सी के माध्यम से बलदेव कश्यप के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। बलदेव कश्यप पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। वे मोहलई के संकुल समन्वयक हैं। बलदेव कश्यप के नाम से दूसरी दफे भुगतान 3 जून 2023 को किया गया है जिसका टेग नं. 58810786 है। इसी प्रकार उक्त सड़क मरम्मत के नाम पर 21 मई 2023 को पंचायत खाते से डी.एस.सी के माध्यम से धरमू राम कश्यप के खाते में एक लाख 50 हजार ट्रांसफर किए गए हैं, जिसका टैग नं. 76324160 है। धरमू राम उसी पंचायत की सरपंच के पति हैं। जिनके नाम से आंगनबाड़ी में दरवाजा खिड़की मरम्मत के नाम पर 10 जून 2024 को 15 हजार ट्रांसफर किए गए हैं। उसी सड़क मरम्मत के नाम पर 21 मई को लछीम कश्यप के खाते में 50 हजार ट्रांसफर किए गए हैं।

हुई ही नहीं सड़क मरम्मत

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिस सड़क मरम्मत के नाम पर लाखों रूपयों का भुगतान किया गया है, उक्त सड़क में मुरूम डालना तो दूर क्या एक फावड़ा तक नहीं चलाया गया है। कागजी कार्रवाई पूर्ण कर शासकीय राशि की बंदरबांट कर ली गई है। सरपंच और सचिव ने सांठगांठ से फर्जी बिल तैयार कर अपने रिश्तेदारों के खातों में राशि ट्रांसफर करा ली और पंचायत के विकास कायों की राशि की बंदरबांट कर अपनी जेब गर्म की है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मोहलई संकुल समन्वयक बलदेव कश्यप ने इस बात को स्वीकार किया है कि सतोषा पंचायत-1 से उनके खाते में दो से तीन बार राशि ट्रांसफर की गई है। यह राशि लगभग 250 ट्रेक्टर मुरूम ढुलाई के एवज में दी गई है। सरपंच पति से संपर्क नहीं होने के कारण उनकी प्रतिक्रिया नहीं लिया जा सकी।

वर्सन:

ग्रामीणों के आरोप झूठे

सड़क मरम्मत एवं आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य कराया गया है, जिसके एवज में सरपंच पति, शिक्षक एवं अन्य ट्रेक्टर मालिकों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई है। चुनाव के कारण ग्रामीण झूठे आरोप लगाकर सरपंच सचिव को बदनाम कर रहे हैं।

महेश कश्यप,

     पंचायत सचिव, सतोषा 

वर्सन 

होगी मामले की जांच* मामले की जांच कराई जाएगी जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

श्री कुर्रे,जनपद सीईओ बकावंड